पंजाब में बेखौफ अपराधी: हाईवे पर RTI एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह की हत्या, हमलावरों ने दिनदहाड़े बरसाई गोलियाँ

पंजाब में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच एक और वारदात ने राज्य की कानून-व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। जालंधर के RTI एक्टिविस्ट और वकील सिमरनजीत सिंह की शनिवार (30 मई 2026) सुबह अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिमरनजीत सिंह पर उस समय हमला किया गया जब वह अपनी गाड़ी से जालंधर-लुधियाना हाईवे के पास से गुजर रहे थे। हमलावर पहले से उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और मौका मिलते ही उन पर ताबड़तोड़ गोलियाँ चला दीं। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुँचे। जाँच के दौरान पुलिस ने मौके से .32 बोर की पिस्तौल और 12 बोर की राइफल बरामद की है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस विभिन्न पहलुओं की जाँच कर रही है।

पंजाब में आए दिन सामने आ रहे हत्या के मामले

सिमरनजीत सिंह की हत्या ऐसे समय में हुई है जब हाल के दिनों में पंजाब में कई गंभीर आपराधिक घटनाएँ सामने आ चुकी हैं। कुछ ही दिन पहले अमृतसर में ड्यूटी पर जा रहे पंजाब पुलिस के ASI जोगा सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब एक RTI एक्टिविस्ट और अधिवक्ता की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

इससे पहले गुरदासपुर में भी दो पुलिस अधिकारियों की हत्या कर दी गई थी। सिमरनजीत सिंह की हत्या को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जाँच की जा रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।