पंजाब और कश्मीर में मिले जिंदा बम: दिल्ली के चाँदनी चौक और लाल किले पर आतंकी हमले का अलर्ट, सुरक्षा सख्त

सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली में एक बड़े आतंकी हमले की आशंका जताते हुए हाई अलर्ट जारी किया है। इसी बीच शुक्रवार (20 फरवरी) को पंजाब और जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग जगहों पर दो जिंदा बम (IED) मिलने से हड़कंप मच गया।

खुफिया इनपुट मिले हैं कि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा चाँदनी चौक और लाल किले के पास किसी बड़ी साजिश को अंजाम दे सकता है। पंजाब के अमृतसर में पुलिस चौकी के पास एक संदिग्ध बैग मिला, जिसे बम निरोधक दस्ते ने समय रहते निष्क्रिय कर दिया।

वहीं, कश्मीर के गांदरबल इलाके में भी सेना और पुलिस ने एक खतरनाक IED बरामद कर उसे डिफ्यूज कर दिया। उत्तरी कश्मीर में पिछले एक हफ्ते में यह तीसरा बम मिला है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक, हाफिज सईद का गुट दिल्ली के मशहूर मंदिरों और पर्यटन स्थलों को निशाना बनाने की फिराक में है।

यह हमला इस्लामाबाद में हुए पिछले धमाकों का बदला लेने के लिए प्लान किया जा सकता है। सुरक्षा के मद्देनजर पुरानी दिल्ली के बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। दिल्ली के प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील जगहों पर कड़ा पहरा बिठा दिया गया है।