‘भगवंत मान के खिलाफ FIR हो, CM पद से दें इस्तीफा’: SGPC ने पारित किया प्रस्ताव, सिख गुरुओं के अपमान से जुड़े वीडियो का मामला

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के वायरल वीडियो विवाद को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अब शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने मुख्यमंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का प्रस्ताव पारित किया है।

अमृतसर में हुई SGPC की विशेष आम सभा में भगवंत मान और पंजाब पुलिस अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने का प्रस्ताव पारित किया है। कमेटी का कहना है कि मुख्यमंत्री ने इस विवाद पर अब तक कोई स्पष्ट और संतोषजनक जवाब नहीं दिया है, इसलिए उनके खिलाफ पुलिस केस दर्ज होना चाहिए।

बैठक में यह भी कहा गया कि इस पूरे मामले के बाद भगवंत मान नैतिक रूप से मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का अधिकार खो चुके हैं और उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। SGPC ने अकाल तख्त के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के वीडियो से सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं।

इसके साथ ही SGPC ने 5 जुलाई को अमृतसर के मंजी साहिब दीवान हॉल में बड़ी पंथक सभा बुलाने का ऐलान किया है। इस बैठक में अलग-अलग सिख संगठनों और धार्मिक संस्थाओं को आमंत्रित किया जाएगा। यह मामला भगवंत मान के उस कथित वीडियो से जुड़ा है जिसमें उन पर सिख गुरुओं के अपमान का आरोप है। हालाँकि, इस वीडियो को भगवंत मान ने अपने मानने से इनकार किया है।