श्रीनगर में ड्रग तस्कर शेख तसदुक की अवैध बिल्डिंग ध्वस्त, काले पैसों से बनाई थी ₹2 करोड़ की इमारत: सरकारी जमीन को प्रशासन ने कराया खाली

जम्मू-कश्मीर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ के तहत श्रीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने राजस्व विभाग के साथ मिलकर ड्रग तस्कर की करीब 2 करोड़ रुपए की तीन मंजिला इमारत को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई श्रीनगर के रैनावारी इलाके के मुमखान मोहल्ला निवासी शेख तसदुक के खिलाफ की गई।

पुलिस के अनुसार शेख तसदुक पर NDPS एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ अवंतीपोरा और बडगाम थानों में पहले से ड्रग तस्करी से जुड़े केस चल रहे हैं। वहीं उसकी बीवी शेख मारूफा के खिलाफ भी पुलवामा में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

जाँच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह तीन मंजिला मकान सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके बनाया गया था। आरोप है कि इस निर्माण में नशीले पदार्थों की तस्करी से कमाए गए पैसे का इस्तेमाल किया गया। कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपए मूल्य की सरकारी जमीन को भी अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।

पुलिस का कहना है कि सभी कानूनी प्रक्रियाएँ पूरी करने के बाद राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में इमारत को गिराया गया। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे लोगों के आर्थिक नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाएगा।