3 लेयर सुरक्षा व्यवस्था, हर सीट पर ऑब्जर्वर, CCTV से कड़ी निगरानी: बंगाल में 294 सीटों पर मतगणना की तैयारी पूरी, CEO मनोज अग्रवाल बोले- गड़बड़ी हुई तो तुरंत लेंगे एक्शन

पश्चिम बंगाल में राजनीतिक सरगरमियों के बाद आखिरकार चुनाव का अंतिम पड़ाव नजदीक है। सोमवार (03 मई 2026) को राज्य में विधानसभा चुनाव के नतीजे आएँगे। मतगणना के लिए सभी राजनीतिक दल से लेकर चुनाव आयोग और सुरक्षाबलों ने तैयारी पूरी कर ली है। मतगणना की तैयारी को लेकर बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज कुमार अग्रवाल ने आश्वासन दिया कि मतगणना पारदर्शी होगी, हर स्तर पर निगरानी की जाएगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना को लेकर कहा कि सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और हस्तर पर निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना हॉल के भीतर मौजूद सभी सरकारी कर्मचारी, चाहे वे केंद्र सरकार के हों या राज्य सरकार के, पूरी तरह जवाबदेह होंगे। इसमें रिटर्निंग ऑफिसर (RO), असिस्टेंट ऑफिसर (ARO) और अन्य अधिकारी भी शामिल हैं।

शांति बनाए रखने की अपील

मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर, असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर, मतगणना एजेंट और मतगणना पर्यवेक्षक पूरी तरह तैयार हैं। उन्हें कई बार प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कहीं भी किसी प्रकार की बाधा की कोई संभावना नहीं है और पूरी मतगणना चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार ही कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि अगर किसी प्रकार की गड़बड़ी या शरारत होती है, तो संबंधित व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, उसी तरह मतगणना भी पूर शांति और पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी।

उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों, पार्टी एजेंटों और आम जनता से अपील की कि वे मतगणना के दौरान शांति बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने दें। उन्होंने आश्वा सन दिया कि कहीं भी कोई गड़बड़ी नहीं होगी और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगी।

मतगणना के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंध

सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी देते हुए मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि मतगणना केंद्रों पर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। राज्य पुलिस, राज्य सशस्त्र पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) को सुरक्षा में तैनात किया गया है। CAPF की 200 कंपनियाँ तैनात की गई हैं। मतगणना हॉल के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और सभी जिम्मेदारियाँ स्पष्ट रूप से बाँट दी गई हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी सुरक्षा बलों और अधिकारियों को पहले ही विस्तार से ब्रीफिंग दी जा चुकी है उन्होंने भरोसा दिलाया कि मतगणना पूरी तरह पारदर्शी होगी और हर स्तर पर इसकी निगरानी की जाएगी। उन्होंने सभी से शांति, संयम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

हर सीट पर ऑब्जर्वर, संविदा कर्मचारी नहीं

बता दें कि बंगाल में 294 सीटों पर मतगणना होगी। मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि इनमें से 129 सीटें ऐसी हैं, जहाँ केवल एक काउंटिंग रूम है, इसीलिए इसमें चुनाव आयोग की ओर से नियक्त ऑब्जर्वर रहेगा। वहीं 165 सीटों पर दो काउंटिंग रूम हैं। इन दोनों केंद्रों में अलग-अलग ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि यह पहली बार है जब हर एक काउंटिंग रूम के लिए दो अलग-अलग ऑब्जर्वर हैं। इस बार सभी 295 सीटों के लिए सभी काउंटिंग सेंटर पर अलग-अलग ऑब्जर्वर हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार संविदा कर्मचारियों को ड्यूटी पर नहीं लगाया गया है, इसीलिए सारी लिस्टिंग और जोड़-घटाव का काम बूथ एजेंट को ही करना होगा।