UK में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए बैन होगा सोशल मीडिया: PM स्टार्मर बोले- डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निर्भरता बच्चों के व्यवहार को कर रही प्रभावित

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने बच्चों और किशोरों के इंटरनेट इस्तेमाल को लेकर बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि सरकार 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बैन लगाने की तैयारी कर रही है। स्टारमर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी है।

इस प्रस्ताव के तहत बच्चों की पहुँच सोशल मीडिया के साथ-साथ कुछ गेमिंग और लाइवस्ट्रीमिंग सेवाओं तक भी सीमित की जा सकती है, खासकर उन प्लेटफॉर्म्स पर जहाँ अजनबियों से सीधे बातचीत की सुविधा मौजूद है। स्टारमर ने कहा कि यह फैसला बच्चों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और उनके बेहतर विकास को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है।

उनके अनुसार, लगातार बढ़ता स्क्रीन टाइम और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निर्भरता बच्चों के व्यवहार और दिनचर्या को प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा कि माता-पिता से बातचीत के दौरान यह चिंता सामने आई कि बच्चे स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग के आदी होते जा रहे हैं।

ब्रिटिश सरकार का कहना है कि इस दिशा में शुरुआती कदम उठाने के लिए उसके पास पहले से अधिकार मौजूद हैं और वर्ष के अंत तक इससे जुड़ा नियामक ढाँचा तैयार किया जा सकता है। प्रस्तावित व्यवस्था अगले वर्ष लागू हो सकती है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया भी 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर सख्ती लागू कर चुका है।