हिंदू महिला को मुस्लिम बना 13 साल में करवाया 5 निकाह, 3 बार हलाला, नग्न कर पीटा: नवीन बनकर नावेद ने फँसाया, गाजियाबाद में 16 पर FIR

मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली हिंदू महिला का धर्मांतरण करा दिया गया और उसे 13 साल तक प्रताड़ित किया गया। पीड़िता ने बताया कि उसका 5 बार निकाह कराया गया और 3 बार हलाला कराया जा चुका है। पीड़िता ने विरोध किया तो कपड़े उतारकर उसे पीटा गया। पीड़िता ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस से शिकायत की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 31 साल की हिंदू पीड़िता ने शिकायत में बताया कि 2012 में फेसबुक पर मुजफ्फरनगर के रहने वाले युवक से दोस्ती हुई, जिसने अपना नाम नवीन राणा बताया था। 2013 में नवीन ने पीड़िता को दिल्ली बुलाया। पीड़िता को दिल्ली से मजुफ्फरनगर के फलत स्थित मदरसे में ले गया। यहाँ पीड़िता को नवीन का असली नाम नावेद पता लगा।

मौलाना अब्दुर रहमान से पहला निकाह

मदरसे में पीड़िता को बंधक बना लिया गया। फलत के मौलाना कलीम ने पीड़िता का जबरन धर्म परिवर्तन करा दिया और उसे बुर्का पहनाया गया। पीड़िता ने विरोध किया तो उसे पीटा गया। इसके बाद 6 महीने मेरठ के मदरसे में रखकर वापस फलत के मदरसे में लाया गया। यहाँ पीड़िता की 25 साल बड़े मौलाना अब्दुर रहमान से जबरन निकाह करा दिया गया।

पीड़िता ने बताया कि अब्दुर रहमान रोज उसका रेप करता था और वह विरोध करती तो न्यूड करके पीटता था। अब्दुर रहमान ने बुर्का पहनने, नमाज पढ़ने का दबाव डाला। इसके दो महीने बाद ही तीन तलाक देकर छोड़ दिया।

मुदसिर से दूसरा निकाह

अब्दुर रहमान से तीन तलाक के बाद पीड़िता को खलत के मदरसे में 3 महीने की इद्दत में रखा गया। फिर जयपुर के मदरसे में ले जाकर 5 दिन तक हलाला करके रेप किया गया। कुछ दिन बाद वहाँ से शामली ले जाया गया और यहाँ 2015 में दूसरा निकाह मुदसिर से कराया गया। निकाह के बाद पीड़िता को गुजरात ले जाया गया। लेकिन 2019 में मुदसिर का इंतकाल हो गया।

खालिद से तीसरा निकाह

इसके बाद पीड़िता को कारी असलम नाम के मौलाना ने झाँसे में लिया। वह पीड़िता को दिल्ली के शाहीन बाग स्थित मदरसे में ले गया। यहाँ से बागपत ले गया और वहाँ खालिद हुसैन से पीड़िता का तीसरा निकाह करा दिया। खालिद उसे गाजियाबाद ले आया, यहाँ खालिद के घरवालों ने पीड़िता को प्रताड़ित किया। साल 2022 में खालिद ने पीड़िता को तलाक दे दिया।

लेकिन अपनी अम्मी के कहने पर खालिद ने फिर से निकाल करने की बात कही और हलाला कराने के लिए पीड़िता को बागपत ले गया। यहाँ खालिद ने अपने जीजा फकरुद्दीन से पीड़िता का चौथा निकाह करवाया। इसके बाद खालिद और उसके भाई साकिब ने पीड़िता का गैंगरेप किया। फकरुद्दीन ने पीड़िता को तलाक दे दिया और कहा कि अब खालिद से निकाल कर ले। अब पीड़िता का खालिद के साथ पाँचवा निकाह कराया गया।

पुलिस थाने में FIR, खालिद को जेल

खालिद रोजाना पीड़िता को प्रताड़ित करता है, इसीलिए वह उसके चंगुल से छूटकर किसी तरह बीजेपी विधायक नंद किशोर के पास पहुँची। उनकी मदद से पीड़िता ने 5 मई 2026 को अंकुर विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़िता ने शिकायत में नवीन उर्फ नावेद, मौलाना कलीम सिद्दकी, उनकी बीवी और बहू, अब्दुल रहमान, मौलाना बिलाल, कारी असलम, हाफिज नवाब, मौलाना राशिद, फकरुद्दीन, मौलाना फुरकान कुरैशी, खालिद हुसैन और शाकिब समेत 16 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपित खालिद हुसैन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने अन्य आरोपितों के खिलाफ भी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।