यूपी के गाजीपुर में कारोबारी की हत्या करने वाले कमलेश बिंद के एनकाउंटर के बाद पुलिस पर पथराव: CO समेत कई घायल, 60+ उपद्रवियों के खिलाफ होगी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड के आरोपित कमलेश बिंद के एनकाउंटर के बाद गुरुवार (4 जून 2026) को जमकर हंगामा हुआ। अंतिम संस्कार के लिए ले जाए जा रहे उसके शव को रोककर परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया।

इस दौरान सीओ सिटी शेखर सेंगर समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस का आरोप है कि कुछ लोगों ने भीड़ को उकसाकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की, जबकि परिजन एनकाउंटर को फर्जी बता रहे हैं।

फुल्लनपुर क्रॉसिंग पर भड़की भीड़, 60-70 उपद्रवियों पर कार्रवाई की तैयारी

पोस्टमार्टम के बाद पुलिस सुरक्षा के बीच कमलेश बिंद का शव अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जाया जा रहा था। रास्ते में फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास महिलाओं और परिजनों ने शव को वाहन से उतारकर सड़क पर रख दिया और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

देखते ही देखते मामला तनावपूर्ण हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच पहले धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद भीड़ ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। चारों तरफ से पत्थर बरसने लगे, जिससे सीओ शेखर सेंगर, सदर कोतवाली प्रभारी प्रमोद सिंह समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

कुछ जवानों को खुद को बचाने के लिए पास की बैंक शाखा में शरण लेनी पड़ी। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों के पहुँचने पर स्थिति पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सुरक्षा घेरे में अंतिम संस्कार कराया।

पुलिस ने बताया की उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और 60 से 70 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने वालों पर जरूरत पड़ने पर रासुका (NSA) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर मृतक के परिजन एनकाउंटर को सुनियोजित हत्या बताते हुए निष्पक्ष जाँच की माँग कर रहे हैं।