UP में प्रीपेड स्मार्ट मीटर अब पोस्टपेड की तरह करेंगे काम, 10 किस्तों में जमा कर सकेंगे बिल: योगी सरकार ने दी बड़ी राहत, कहा- अब बिना रुकावट आएगी बिजली

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। बिजली उपभोक्ता अपना बकाया बिजली का बिल 10 किस्तों में भुगतान कर सकते हैं। सरकार ने यह भी फैसला किया है कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर अब पोस्टपेड मीटर की तरह काम करेंगे।

यह फैसला ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के नेतृत्व में हुई समीक्षा बैठक के बाद लिया गया। बैठक में लिए गए फैसलों को लेकर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो और बिलिंग सिस्टम को और आसान बनाया जा सके। बैठक में ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा की गई।

हर महीने की 10 तारीख को मिलेगा बिल

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि अब स्मार्ट मीटर होने के बावजूद बिलिंग सिस्टम पहले जैसा ही रहेगा। हर महीने 1 तारीख से लेकर महीने के अंत तक जितनी बिजली खर्च होगी, उसका बिल बनाया जाएगा। यह बिल उपभोक्ताओं को SMS और व्हाट्सऐप के जरिए भेजा जाएगा। जिन लोगों का मोबाइल नंबर बदल गया है, वे अपना नंबर अपडेट करवा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ताओं को हर महीने की 10 तारीख तक बिजली बिल मिल जाएगा। इसके बाद बिल जमा करने के लिए 15 दिन का समय दिया जाएगा। अगर किसी को समय पर बिल नहीं मिलता है, तो वह व्हाट्सऐप चैटबॉट या 1912 पोर्टल के जरिए अपनी कंज्यूमर संख्या डालकर बिल प्राप्त कर सकता है।

10 किस्तों में बिल का भुगतान

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए यह फैसला लिया गया है कि 30 अप्रैल तक का जो भी बकाया बिल है, उसे 10 किस्तों में में जमा किया जा सकेगा। इससे लोगों पर एक साथ ज्यादा भुगतान का दबाव नहीं पड़ेगा।

इसी के साथ जिन उपभोक्ताओं की सिक्योरिटी पहले वापस कर दी गई थी, अब पोस्टपेड व्यवस्था लागू होने पर उनसे यह राशि एक साथ नहीं ली जाएगी। उन्हें 4 किस्तों में सिक्योरिटी जमा करने की सुविधा दी जाएगी।

बिना रुकावट आएगी बिजली

बैठक में बिजली आपूर्ति की भी समीक्षा की गई। ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी क्षेत्रों में तय शेड्यूल के अनुसार बिना रुकावट बिजली दी जाए। साथ ही जहाँ ट्रांसफॉर्मर खराब हों, उन्हें तुरंत बदलने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि अगर किसी उपभोक्ता को बिल नहीं मिलता है या कोई शिकायत है, तो वह अपने क्षेत्र के जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकता है।

बिल न मिलने पर यहाँ करें संपर्क:

पूर्वांचल: +91 8010968292
मध्यांचल: +91 7669003409
पश्चिमांचल: +91 7859804803
दक्षिणांचल: +91 8010957826
केस्को (कानपुर): +91 8287835233