‘अल इत्तिहाद’ के नाम से बनाया डिजिटल नेटवर्क, युवाओं को बनाना चाहता था आतंकी: मुरादाबाद से दबोचा गया BDS का छात्र हारिश अली, UP ATS को ISIS से मिले लिंक

उत्तर प्रदेश की ‘पीतल नगरी’ एक बार फिर आतंकी गतिविधियों को लेकर सुर्खियों में है। यूपी एटीएस (ATS) ने मुरादाबाद से बीडीएस (BDS) के एक छात्र हारिश अली को गिरफ्तार किया है, जो प्रतिबंधित आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) के लिए भर्तियाँ कर रहा था।

आतंकी हारिश सोशल मीडिया के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सैकड़ों युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें आत्मघाती हमलों के लिए उकसा रहा था। ATS को उसके कब्जे से कई आपत्तिजनक डिजिटल दस्तावेज मिले हैं, जो देश की सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील हैं।

हॉस्टल छोड़ बाहर रहने लगा था

ATS की जाँच में सामने आया है कि 19 वर्षीय हारिश अली मूल रूप से सहारनपुर के मोहल्ला मानक मऊ का निवासी है। उसके अब्बू रियासत हुसैन ने जून 2024 में उसका दाखिला मुरादाबाद के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में BDS सेकंड ईयर में कराया था।

शुरुआत में वह कॉलेज के हॉस्टल में ही रहता था, लेकिन अपनी संदिग्ध गतिविधियों को छिपाने के लिए उसने जल्द ही बाहर किराए पर कमरा ले लिया। सहपाठियों के मुताबिक, वह कॉलेज में किसी से ज्यादा बात नहीं करता था और दिन-रात मोबाइल और लैपटॉप पर ही व्यस्त रहता था।

‘अल इत्तिहाद’ के नाम से बनाया था डिजिटल नेटवर्क

हारिश अली ने युवाओं को जोड़ने के लिए ‘अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन’ नाम से एक डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया था। वह इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया हैंडल के जरिए ऐसे युवाओं की तलाश करता था, जो सरकार या देश के खिलाफ पोस्ट करते थे।

इसके बाद वह उन्हें अपने ग्रुप में शामिल कर ISIS की प्रोपेगेंडा मैगजीन ‘दाबिक’ और ‘अल-नाबा’ जैसे मीडिया चैनलों की सामग्री परोसता था। वह भारत में शरिया कानून और खिलाफत शासन स्थापित करने की बात करता था।

पश्चिमी यूपी के कई जिलों में फैलाया जाल

ATS के मुताबिक, हारिश अली पिछले दो सालों में कई बार जम्मू-कश्मीर भी गया था। उसने मुरादाबाद के अलावा संभल, अमरोहा और बिजनौर समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में अपना नेटवर्क फैला लिया था।

वह न केवल भारत बल्कि पाकिस्तान में बैठे ISIS हैंडलर्स के भी सीधे संपर्क में था। जाँच एजेंसी अब उन सभी युवाओं की पहचान कर रही है जो हारिश के सोशल मीडिया ग्रुप्स का हिस्सा थे, ताकि बड़े खतरे को टाला जा सके।

मुरादाबाद का पुराना रहा है आतंकी कनेक्शन

यह पहली बार नहीं है जब मुरादाबाद में आतंकियों की मौजूदगी मिली हो। इससे पहले 2 अक्टूबर 2023 को दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने ISIS आतंकी अरशद वारसी को गिरफ्तार किया था। 27 अक्टूबर 2017 को गोधरा कांड के आरोपित और लश्कर-ए-तैयबा के सदस्य फरहान को मुगलपुरा इलाके से पकड़ा गया था।

इसके अलावा हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकी अहमद रजा और उल्फत हुसैन के तार भी इस शहर से जुड़ चुके हैं। हाल ही में ATS ने 10 मार्च को आगरा से नौसेना के एक लांस नायक को भी जासूसी के आरोप में पकड़ा था, जिससे साफ है कि एजेंसियाँ प्रदेश में फैले इस तरह के स्लीपर सेल्स और जासूसों पर पैनी नजर रखे हुए हैं।