उत्तर प्रदेश के बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद से जुड़े मामले में गिरफ्तार मौलाना तकीर रजा के करीबी डॉ नफीस के बारातघर पर बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने शनिवार (4 अक्टूबर 2025) को बुलडोजर चलाया है। BDA के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई रजा पैलेस पर की गई।
यह कदम 26 सितंबर को मौलाना तौकीर रजा खान के घर के बाहर हुए प्रदर्शन के बाद उठाया गया। प्रदर्शनकारियों ने अलाहजरत दरगाह और तौकीर रजा के घर के बाहर पोस्टर लेकर नारे लगाए थे। जुमे की नमाज के बाद हुए इस प्रदर्शन में पुलिस पर पथराव भी किया गया था।
#WATCH | Bareilly, UP | Bulldozer action on the property of Dr Nafees following his arrest in connection with the 26 September's protests by a group of people who gathered outside Ala Hazrat Dargah & IMC chief Maulana Tauqeer Raza Khan's house, holding 'I Love Mohammad' placards.… pic.twitter.com/X7WdY1nSzZ
— ANI (@ANI) October 4, 2025
पुलिस ने बरेली हिंसा के मामले में अब तक 81 लोगों को गिरफ्तार किया है। 30 सितंबर को IMC (Ittehad-e-Millat Council) के राष्ट्रीय महासचिव डॉ नफीस खान और उनके बेटे फरमान खान को भी हिरासत में लिया।
मौलाना तौकीर रजा पहले ही मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर गिरफ्तार होकर न्यायिक हिरासत में हैं। घटना के बाद बरेली प्रशासन ने 2 अक्टूबर दोपहर 3 बजे से 4 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक मोबाइल इंटरनेट और ब्रॉडबैंड सेवाएँ 48 घंटे के लिए निलंबित कर दीं।
इस बीच, नगर निगम ने भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि सड़क और नालों से अस्थायी ढाँचे हटाकर यातायात और जल निकासी को सुचारु बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

