खेड़ेश्वर महादेव मंदिर के पास बनी 500 साल पुरानी अवैध मजार पर चला बुलडोजर, कोर्ट से झटका लगते ही संभल प्रशासन ने किया जमींदोज

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में प्रशासन ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ बहुत बड़ी कार्रवाई हुई। बबराला इलाके के बाघऊ गाँव में खेड़ेश्वर महादेव मंदिर के पास बनी 500 साल पुरानी एक मजार को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ढहा दिया गया है।

कोर्ट से मजार पक्ष की अपील खारिज होने के बाद डीएम और एसपी खुद भारी पुलिस फोर्स के साथ मौका संभालते नजर आए। यह पूरा मामला बाघऊ गाँव का है। यहाँ के प्रसिद्ध खेड़ेश्वर महादेव मंदिर के पास ग्राम सभा की सरकारी ‘ऊसर’ (बंजर) जमीन है।

राजस्व विभाग की जाँच में पता चला कि इस सरकारी जमीन के एक हिस्से पर अवैध रूप से मजार बनाई गई थी। लेखपाल की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 24 वर्ग मीटर के इलाके पर यह अवैध कब्जा किया गया था।

जाँच में अवैध कब्जे की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने मजार से जुड़े लोगों को नोटिस भेजा था। इसके बाद तहसील स्तर पर सुनवाई हुई और मजार हटाने का आदेश दिया गया। मजार पक्ष ने इस फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में अपील की थी। हालांकि, कोर्ट ने उनकी अपील को खारिज कर दिया और मजार को कोई राहत नहीं मिली।

भारी पुलिस फोर्स के बीच चला बुलडोजर

अदालत से हरी झंडी मिलते ही प्रशासन ने मजार को गिराने की तैयारी पूरी कर ली। मौके पर जिलाधिकारी (DM) अंकित खंडेलवाल और एसपी केके बिश्नोई खुद मौजूद रहे। किसी भी हंगामे या विरोध से निपटने के लिए पीएसी (PAC) के जवानों के साथ चार थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। भारी सुरक्षा के बीच बुलडोजर ने कुछ ही देर में अवैध मजार को जमींदोज कर दिया।