पूर्वी भारत को बांग्लादेश के नक्शे में दिखाने वाले इस्लामी कट्टरपंथी शरीफ उस्मान हादी की गुरुवार (18 दिसंबर 2025) को मौत हो गई। हादी पर शुक्रवार (12 दिसंबर 2025) को गोलियों से हमला हुआ था, जिसके बाद से वह सिंगापुर के अस्पताल में भर्ती था। हादी की मौत की खबर पर उसके समर्थकों ने तोड़फोड़ और आगजनी की।
दरअसल, बांग्लादेश की इस्लामी संगठन ‘इंकलाब मंच’ ने हादी की मौत की जानकारी दी। हादी इस इस्लामी संगठन का प्रवक्ता है। इंकलाब मंच ने फेसबुक पोस्ट में हादी को भारत के खिलाफ संघर्ष करने वाला क्रांतिकारी बताया और उसको ‘बलिदानी’ का औदा दिया।
पोस्ट में लिखा, “भारतीय वर्चस्व के खिलाफ संघर्ष में, अल्लाह ने महान क्रांतिकारी उस्मान हादी को बलिदानी के रूप में स्वीकार किया है।”
हादी की मौत पर भीड़ ने तोड़फोड़ और आगजनी की
गुस्साई भीड़ ने सड़कों पर भी दहशत फैलाई। चौराहों पर जाम लगा दिया। भीड़ ने पोस्टर लहराते हुए अधिकारियों पर हादी की सुरक्षा न कर पाने का आरोप लगाया। पहले प्रदर्शनकारियों ने करवान बाजार स्थित प्रथम आलो के दफ्तर पर तोड़फोड़ की।
इसके बाद भीड़ भारतीय उच्चायोग की तरफ बढ़ी और कार्यालय के बाहर जमा होकर पत्तथरबाजी की। भीड़ ने ‘भारतीय आक्रमण को ध्वस्त करो’ और ‘लीग वालों को पकड़ो और मारो’ जैसे भारत-विरोधी नारे भी लगाए।
द डेली स्टार और अवामी लीग के दफ्तर पर हमला
शरीफ उस्मान हादी की मौत की खबर चलाने पर देश के सबसे बड़े मीडिया संस्थान द डेली स्टार के दफ्तर पर इस्लामी कट्टरपंथियों ने आधी रात को हमला किया। कट्टरपंथियों ने दफ्तर में तोड़फोड़ की और पूरी इमारत को आग के हवाले कर दिया। दफ्तर के कर्मचारियों को छत पर चढ़कर अपनी जान बचानी पढ़ी।
VIDEO | Dhaka, Bangladesh: Daily Star newspaper building was attacked in Dhaka following death of Sharif Osman Hadi, a prominent leader of the July Uprising and a spokesperson of the Inqilab Manch who was shot last week. Protests erupted in Dhaka as soon as the news of his death… pic.twitter.com/wJSfbc0E01
— Press Trust of India (@PTI_News) December 18, 2025
इसके अलावा भीड़ ने राजशाही में शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के दफ्तर को भी फूँक दिया।
हादी पर हमला करने वालों को रिमांड
उधर, ढाका कोर्ट ने उस्मान हादी पर हमला करने वाले मुख्य आरोपित करीम मसूद की मदद करने वाले सिबियन डिउ और संजय चिसिम को तीन दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, मुख्य आरोपित करीम मसूद मैमनसिंह में हलुआघाट सीमा के रास्ते भारत चला गया है।
उस्मान हादी पर गोलियों से हमला
दरअसल, शुक्रवार (12 दिसंबर 2025) को उस्मान हादी पर ऑटो रिक्शा में दो बाइकसवारों ने गोलियाँ चलाईं। हमले में घायल उस्मान हादी को पास के अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसका इलाज सिंगापुर में चल रहा था। यह हमला उसके बांग्लादेश के नक्शा शेयर करने के बाद हुआ, जिसमें पूर्वी भारत के हिस्से को शामिल किया गया था।

