13 साल का भी नहीं था जब ड्रग्स के धंधे में उतरा, 19 साल की उम्र में अपनी ही अम्मी को गला घोंटकर फंदे से लटका दिया: रहमान डकैत बने हैं ‘धुरंधर’ के अक्षय खन्ना

आदित्य धार की फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों चर्चा में है। फिल्म में पाकिस्तान में आतंकवाद की सच दिखाया गया है। इस फिल्म में कई किरदार वास्तविक लोगों से प्रभावित है। फिल्म के वायरल अरबी गाने से एंट्री लेते अक्षय खन्ना का किरदार रहमान डकैत का है और संजय दत्त ने चौधरी असलम का किरदार निभाया है।

कौन था चौधरी असलम?

धुरंधर फिल्म में चौधरी असलम का किरदार संजय दत्त ने निभाया है। असलम कराची पुलिस के सीनियर पुलिस ऑफिर और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट थे। वे पाकिस्तान के सबसे चर्चित पुलिस ऑफिसर में से एक थे, जिनके एक हाथ में बंदूक तो दूसरी हाथ में सिगरेट रहती थी। हालाँकि, अब वे दुनिया में नहीं हैं। 09 जनवरी 2014 को ल्यारी एक्सप्रेसवे पर चौधरी असलम खान के काफिले पर हुए आत्मघाती हमले में उनका इंतकाल हो गया।

असलम की विधवा नोरीन ने भी धुरंधर फिल्म देखी और प्रतिक्रिया भी दी है। नोरीन ने कहा कि उनके शौहर 90 के दशक में खलनायक देखने के बाद से ही संजय दत्त के फैन थे और उन्हें यकीन था कि संजय दत्त उनके शौहर के किरदार के साथ न्याय करेंगे।

कौन था रहमान डकैत?

फिल्म में सबसे ज्यादा तारीफ अक्षय खन्ना के हिस्से में आई है, जिन्होंने रहमान डकैत का किरदार निभाया है। फिल्म में रहमान डकैत अपने चचेरे भाई उजैर बलोच के साथ पूरे इलाके में आतंक फैलाता था। अगर रहमान डकैत की असली पहचान की बात करें तो उसका पूरा नाम अब्दुल रहमान बलोच था।

वह एक पाकिस्तानी गैंगस्टर था, जिसने साल 2000 के दशक में कराची के ल्यारी में आतंक मचाया था। साल 1975 में पैदा हुए रहमान ने बचपन से ही ड्रग्स बेचना शुरू कर दिया था। 13 साल की उम्र में वह अपराध की दुनिया में घुस चुका था। 19 साल की उम्र में रहमान डकैत ने अपनी अम्मी का गला घोंटकर उन्हें पंखे से लटका दिया।

90 के दशक में रहमान हाजी लालू की गैंग में शामिल हुआ। साल 2001 में हाजी लालू के गिरफ्तार होते ही वह गैंग का सरगना बन गया और ल्यारी को अपना अड्डा बना लिया। अगस्त 2009 में 34 साल की उम्र में वह कराची पुलिस के शूटआउट में मारा गया। रहमान के बाद उसके चचेरे भाई उजैर ने गैंग संभाली।

अक्षय खन्ना का एंट्री सॉन्ग वायरल

फिल्म में अक्षय खन्ना का एंट्री सॉन्ग पूरे सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस गाने पर हर कोई रील बनाने से खुद को नहीं रोक पा रहा है। सायना नेहवाल ने भी गाने पर वीडियो बनाई है। यह गाना है- ‘FA9LA या फसला।’ यह एक अरबी भाषा का गाना है, जिसे बहरीन के रैपर फ्लिपराची ने गाया है।

इस बीच अक्षय खन्ना के पिता विनोद खन्ना की एक पुरानी फिल्म का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सारे स्टेप्स अक्षय खन्ना के नए वीडियो से मैच करते हैं। नेटिजन्स दावा कर रहे हैं कि अक्षय खन्ना ने अपने पिता के डान्स स्टेप्स कॉपी किए हैं।