एकता कपूर का ‘पद्मश्री’ वापस लेने की माँग: 108 वकीलों ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र, कहा- वेब सीरिज से फैलाती है अश्लीलता

फिल्म प्रोड्यूसर एकता कपूर को दिया गया ‘पद्मश्री’ वापस लेने की माँग उठी है। भारत के अलग-अलग हिस्सों के 108 वकीलों ने पद्मश्री वापस लेने की अपील राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की है। उन्होंने इसको लेकर एक पत्र भी राष्ट्रपति मुर्मू को लिखा है।

इन वकीलों ने एकता कपूर पर वेब सीरीज के जरिए समाज में अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि एकता कपूर की बनाई वेब सीरीज नैतिक मूल्यों के पतन का काम कर रही हैं और पवित्र समझे जाने वाले रिश्तों पर भी कलंक लगा रही हैं।

उन्होंने अपने पत्र में एकता कपूर द्वारा बनाई ऐसी तमाम वेब सीरीज की जानकारी भी राष्ट्रपति को दी है। वकीलों ने आरोप लगाया है कि एकता कपूर का बनाया यह कंटेंट भारतीय युवाओं और समाज पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है।

वकीलों ने माँग की है कि इससे पद्मश्री पुरष्कार की भी गरिमा खतरे में हैं, ऐसे में इसे वापस लिया जाए। गौरतलब है कि एकता कपूर को 2021 में पद्मश्री पुरष्कार दिया गया था। यह पुरष्कार उनके टीवी एवं सिनेमा में योगदान के चलते दिया गया था।