दिल्ली में आम जनता के लिए खुलेगा ‘वन महोत्सव’, ऑनलाइन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर लोग मुफ्त में लगा सकेंगे पौधे: रेखा सरकार ने तय किया 70 लाख पौधारोपण का लक्ष्य

दिल्ली के निवासी अब जल्द ही पौधारोपण अभियान में सीधे भागीदारी कर सकेंगे। दिल्ली सरकार ने इस वर्ष वन महोत्सव को आम जनता के लिए खोलने की तैयारी की है। अगले महीने से लोग ऑनलाइन पंजीकरण कर अपने ही मोहल्लों और आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगा सकेंगे।

इसके लिए वन विभाग एक विशेष पोर्टल विकसित कर रहा है, जिसे जून के अंत तक लॉन्च किए जाने की संभावना है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि पोर्टल पर वार्डवार पौधारोपण स्थलों की जानकारी उपलब्ध होगी, जिससे लोगों को अपने नजदीकी स्थान चुनने और भाग लेने में आसानी होगी।

पौधारोपण अभियान के दौरान सरकारी अधिकारी और वन विभाग के कर्मचारी प्रतिभागियों की सहायता भी करेंगे। सरकार का उद्देश्य इस बार वन महोत्सव को बड़े स्तर पर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ना है। दिल्ली सरकार ने इस वर्ष 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है, जिनमें से लगभग 15 लाख पौधे आरक्षित वन क्षेत्रों में लगाए जाएँगे।

इसके लिए वन विभाग, डीडीए, एमसीडी, एनडीएमसी समेत कई एजेंसियों के साथ बैठकें कर स्थानों की पहचान की जा चुकी है और गड्ढे खोदने का काम शुरू हो गया है। मानसून के दौरान ‘वृक्ष रथ’ भी शुरू किए जाएँगे, जो लोगों तक मुफ्त पौधे और पौधारोपण सामग्री पहुँचाएँगे।