उत्तर प्रदेश के संभल जिले में मौसेरे भाई से निकाह की जिद पर अड़ी अपनी बहन मुस्कान की भाई सनी मोहम्मद ने गोली मारकर हत्या कर दी। चार दिन पुराने इस हत्याकांड का खुलासा संभल पुलिस ने कर दिया है। आरोपित की गिरफ्तारी भी कर ली गई है और उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद कर लिया गया है।
घटना कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के सेंजना गाँव की है। यहाँ 12 जून 2026 को सुबह खेत पर काम करके लौटी परवीन ने अपनी 20 साल की बेटी मुस्कान को चारपाई पर लहूलूहान हालत में पाया। वहीं भाई सनी मोहम्मद फरार था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
#SPSambhal @Krishan_IPS के कुशल निर्देशन व #ASPSouth सम्भल श्री मनोज कुमार रावत के पर्यवेक्षण में थाना गुन्नौर पुलिस ने हत्या की घटना का अनावरण कर 01 अभियुक्त को आलाकत्ल के साथ किया गिरफ्तार।#UPPolice #GoodWorkUPP pic.twitter.com/1O3xBIDy0V
— SAMBHAL POLICE (@sambhalpolice) June 15, 2026
पुलिस से शिकायत में मृतक मुस्कान की अम्मी परवीन ने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या उसी के भाई ने की है। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया और 15 जून 2026 को सनी मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। जाँच में सामने आया कि मुस्कान अपने मौसेरे भाई हसमत से निकाह करना चाहती थी और लंबे समय से दोनों का प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन भाई सनी मोहम्मद इसके खिलाफ था। इसीलिए सनी मोहम्मद ने सोती हुई बहन मुस्कान के सिर में गोली मारकर उसे मौत के घाट सुला दिया।
पुलिस ने सनी मोहम्मद के पास से हत्या में इस्तेमाल हुए तमंचे और कारतूस को भी कब्रिस्तान से बरामद कर लिया है। साथ ही पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।

