एक और AC ब्लास्ट… नोएडा की सोसायटी में 21वें मंजिल के फ्लैट पर लगी आग: काले धुएँ के गुबार का Video आया सामने, CM योगी ने लिया संज्ञान

उत्तर प्रदेश के नोएडा में एसी ब्लास्ट की घटना सामने आई है। यहाँ बहुमंजिला इमारत के एक फ्लैट में आग लग गई। आग लगने की वजह एसी ब्लास्ट को बताया गया। सूचना पर मौके पर पहुँचे फायर ब्रिगेड की टीम का ऑपरेशन जारी है। हालाँकि, अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक हादसे में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुँचा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार (29 जून 2026) को नोएडा के सेक्टर 119 स्थित अरान्या सोसायटी की 21वे फ्लोर पर अचानक आग लग गई। आग की लपटों ने पूरे फ्लैट को चपेट में ले लिया। सामने आए वीडियो में काले धुएँ का गुबार और आग की लपटें दिखाई दे रही हैं।

शुरुआती जाँच में सामने आया कि आग लगने की वजह AC में ब्लास्ट है। हालाँकि आग के पीछे का सही कारण जाँच के बाद ही पता लगेगा। हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया और अधिकारियों को स्थिति संभालने के सख्त निर्देश दिए।