‘खुद पूरा दिन AC के नीचे लेटी रहती हैं’: गर्मियों की छुट्टी ना मिलने पर 12 साल के बच्चे ने J&K की शिक्षा मंत्री को सुनाया, CWC ने दिए FIR दर्ज करने के निर्देश

जम्मू-कश्मीर में 12 साल के एक स्कूली बच्चे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में बच्चा शिक्षा मंत्री सकीना इटू की आलोचना करते हुए कहता है कि घाटी में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुँच चुका है लेकिन अभी तक स्कूलों की गर्मी की छुट्टियों का ऐलान नहीं किया गया।

बच्चा यह भी कहता है कि शायद मंत्री के अपने बच्चे स्कूल नहीं जाते और वह पूरा दिन खुद AC के नीचे लेटी रहती हैं। वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद सरकारी बाल कल्याण समिति (CWC) ने मामले का संज्ञान लिया।

समिति द्वारा उस न्यूज पोर्टल को नोटिस भेजा गया जिसने यह वीडियो सबसे पहले अपलोड किया था। साथ ही पुलिस को वीडियो हटाने की प्रक्रिया शुरू करने और FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। CWC का कहना है कि बच्चे का इंटरव्यू उसके माता-पिता या अभिभावक की अनुमति और स्कूल प्रशासन की जानकारी के बिना रिकॉर्ड किया गया, जो नियमों के खिलाफ है।

वहीं, मीरवाइज उमर फारूक ने भी बच्चे की भाषा को असभ्य बताया। उन्होंने कहा कि समाज को यह सोचना चाहिए कि क्या नाबालिग बच्चों को इस तरह सोशल मीडिया पर लाकर सार्वजनिक प्रतिक्रियाएँ दिलवाना सही है। CWC ने बच्चों के वीडियो रिकॉर्ड करने और प्रसारित करने को लेकर नई एडवाइजरी भी जारी की है ताकि उनकी निजता, सुरक्षा और सम्मान सुरक्षित रहे।