बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा चरम पर है। ताजे मामले में जेस्सोर जिले में हिंदू व्यापारी और पत्रकार राणा प्रताप बैरागी और हिंदू दुकानदार मणि चक्रवर्ती की हत्या के हैं। यह बांग्लादेश में पिछले 18 दिन में हिंदू को मारे जाने की पाँचवी और छठवीं घटना सामने आई है।
हिंदू पत्रकार राणा बैरागी की गोली मारकर हत्या
जेस्सोर जिले के केशबपुर उपजिला स्थित अरुआ गाँव निवासी 38 वर्षीय राणा प्रताप बैरागी की सोमवार (05 जनवरी 2026) शाम को अज्ञात हमलावरों ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बैरागी की मोनिरामपुर के कोपलिया बाजार में बर्फ बनाने की फैक्ट्री थी। इसके अलावा ने ‘दैनिक बीडी खबर’ समाचार में नरैल क्षेत्र के कार्यवाहक संपादक भी थे।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम लगभग 5.45 बजे बैरागी अपनी फैक्ट्री में थे। तभी तीन हमलावर मोटरसाइकिल पर आए और उन्हें फैक्ट्री से बाहर बुलाया और अपने साथ ले गए। रास्ते में हमलावरों ने बैरागी के सिर में तीन गोली मारी और भाग गए। बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई।
हिंदू दुकानदार मणि चक्रवर्ती की चाकू घोंपकर हत्या
वहीं नरसिंदी जिले के पोलाश उपजिला क्षेत्र में एक हिंदू दुकानदार की सोमवार (05 जनवरी 2026) को चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वे चारसिंदुर बाजार में अपनी किराना दुकान चलाते थे। सोमवार शाम को भी वह अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मणि चक्रवर्ती को इलाके में प्रतिष्ठित व्यापारी के रूप में जाना जाता था। घटना के बाद से इलाके में दहशत फैल गई है।
बांग्लादेश में अब तक 6 हिंदुओं की हत्या
बांग्लादेश में पिछले 18 दिनों में 6 हिंदुओं की निर्मम हत्या हो चुकी है। इनमें सबसे पहले दीपू चंद्र दास की ईशनिंदा के आरोप में हत्या की गई। फिर अमृत मंडल, बजेंद्र विश्वास और खोकोन दास की हत्या कर दी गई। अब हिंदू पत्रकार राणा प्रताप बैरागी और हिंदू दुकानदार मणि चक्रवर्ती को बेरहमी से मार डाला गया। आए दिन महिलाओं से गैंगरेप और हिंदुओं के घर जलाने की भी खबरें सामने आती हैं।

