‘ये नटवरलाल, बहुत साजिश करने वाला आदमी है’: खान सर को लेकर बोले उनके चाचा, गाँववालों ने भी लगाए दबंगई के आरोप; बताया- ‘कोचिंग माफिया’

बिहार की राजधानी पटना में कोचिंग के बाहर फायरिंग के मामले में घिरे खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक फैसल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक ओर उनके कोचिंग संस्थान में हुई फायरिंग को लेकर पुलिस ने उनके दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और खान सर पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटकी है।

वहीं, दूसरी ओर उनके पैतृक गाँव उत्तर प्रदेश के देवरिया में रहने वाले रिश्तेदार और चाचा इमरान अहमद ने भी उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इमरान ने खान सर को नटवरलाल और कोचिंग माफिया तक बता दिया।

चाचा इमरान ने उठाए सवाल

देवरिया के भाटपार रानी स्थित पैतृक गाँव में मीडिया से बातचीत के दौरान खान सर के रिश्तेदार इमरान अहमद ने कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि फैजल खान बेहद महत्वाकांक्षी व्यक्ति हैं और खुद को आगे बढ़ाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।

इमरान का दावा है कि परिवार के बीच पुश्तैनी संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है, जिसका मामला अदालत में लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर और उनका परिवार पैसे और प्रभाव के दम पर संपत्ति पर कब्जा करना चाहता है।

इमरान ने यह भी कहा कि खान सर शिक्षा के क्षेत्र में जितनी सफलता दिखाते हैं, वास्तविकता उससे अलग है। उन्होंने उन्हें कोचिंग माफिया बताते हुए आरोप लगाया कि वे दूसरे कोचिंग संस्थानों को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते। चाचा ने कहा, “ये नटवरलाल, बहुत साजिश (करने) वाला आदमी है। बिहार के लोगों को नौटंकी पसंद आती है, इसकी कोचिंग में जाकर देखिए ये कैसे नौटंकीबाजी करता है।”

गाँव के कई लोगों का कहना है कि लोकप्रियता और सफलता मिलने के बाद खान सर के व्यवहार में बदलाव देखने को मिला। स्थानीय पार्षद आदित्य सिंह का आरोप है कि मोहल्ले में नाला निर्माण के दौरान खान सर की ओर से आपत्ति जताई गई थी, जिसके कारण विवाद की स्थिति पैदा हुई।

आदित्य सिंह के अनुसार, इस हस्तक्षेप का असर प्रशासनिक स्तर पर निर्माण कार्य पर भी पड़ा। वहीं, कुछ स्थानीय निवासियों का दावा है कि रास्ते और जमीन से जुड़े मुद्दों को लेकर मोहल्ले के कई परिवारों के साथ उनके मतभेद सामने आए हैं।

फायरिंग विवाद के बाद बढ़ीं कानूनी मुश्किलें

खान सर का नाम उस समय विवादों में आया जब 2 जून को पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर हमला और तोड़फोड़ की घटना सामने आई।

घटना के दौरान सुरक्षा गार्डों द्वारा कथित फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस जाँच में खान सर के दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया और उनके हथियार भी जब्त कर लिए गए।

पुलिस ने मामले में प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु के संचालक रोशन आनंद को भी गिरफ्तार किया है। वहीं खान सर को नामजद आरोपित बनाए जाने के बाद उनकी भूमिका की जाँच जारी है। इस बीच गाँव के कुछ लोगों ने भी जमीन और स्थानीय विवादों को लेकर खान सर और उनके परिवार पर सवाल उठाए हैं।