भारत में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने अब तक की सबसे सख्त कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। हालिया कार्रवाई में शुक्रवार (19 दिसंबर 2025) को ED ने अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में नामी क्रिकेटरों, फिल्मी सितारों और सार्वजनिक हस्तियों की 7.93 करोड़ रुपए की संपत्तियाँ अस्थायी रूप से अटैच कर दीं।
इससे पहले भी इसी मामले में अक्टूबर 2025 में कार्रवाई हो चुकी थी। अब तक कुल मिलाकर 19.07 करोड़ रुपए की संपत्तियाँ इस केस में ED के शिकंजे में आ चुकी हैं। यह कार्रवाई सिर्फ सेलेब्रिटीज तक सीमित नहीं है बल्कि इसके तार म्यूल अकाउंट्स, शेल कंपनियों, लग्जरी शादियों और राजनीतिक कनेक्शन तक जुड़ते नजर आ रहे हैं।
क्या है 1xBet मामला और क्यों हुई ताजा कार्रवाई?
ED की जाँच के मुताबिक, 1xBet एक अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के खेल वाला प्लेटफॉर्म है, जो भारत में बिना किसी वैध लाइसेंस या सरकारी अनुमति के काम कर रहा था। भारत में ऑनलाइन सट्टेबाजी को लेकर कानून बेहद सख्त हैं और इसके बावजूद 1xBet ने क्रिकेट, फुटबॉल, ई-स्पोर्ट्स और वर्चुअल गेम्स पर बड़े पैमाने पर बेटिंग करवाई।
ED का कहना है कि इस अवैध गतिविधि से जो कमाई हुई, उसे सीधे भारत में लाने के बजाय विदेशी कंपनियों, डिजिटल वॉलेट्स और कई स्तरों में ट्रांजैक्शन करके वैध दिखाने की कोशिश की गई। इसी अवैध कमाई को कानून की भाषा में ‘प्रोसीड्स ऑफ क्राइम’ कहा जाता है। ED ने इन्हीं पैसों से खरीदी गई संपत्तियों को PMLA कानून के तहत अस्थायी रूप से अटैच किया है।
किन-किन नामी हस्तियों पर गिरी गाज?
ED की इस कार्रवाई में कई बड़े और चर्चित नाम सामने आए हैं। इनमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा शामिल हैं। इसके अलावा फिल्म और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से अभिनेता सोनू सूद, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, नेहा शर्मा, तृणमूल कॉन्ग्रेस की पूर्व सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती और अभिनेता अंकुश हाजरा का नाम भी इस केस में जुड़ा है।
इससे पहले अक्टूबर 2025 में ED ने इसी 1xBet मामले में शिखर धवन और सुरेश रैना से जुड़ी 11.14 करोड़ रुपए की संपत्तियाँ अटैच की थीं। इस तरह यह साफ हो गया है कि जाँच का दायरा लगातार बढ़ रहा है और आने वाले समय में और भी नाम सामने आ सकते हैं।
किसकी कितनी संपत्ति अटैच की गई?
ED द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, युवराज सिंह की करीब 2.5 करोड़ रुपए की संपत्तियाँ अटैच की गई हैं। रॉबिन उथप्पा से जुड़ी संपत्तियों का मूल्य 8.26 लाख रुपए बताया गया है। अभिनेत्री उर्वशी रौतेला की 2.02 करोड़ रुपए की संपत्तियाँ अटैच हुई हैं, जो उनकी माँ के नाम पर रजिस्टर्ड थीं।
अभिनेता सोनू सूद की 1 करोड़ रुपए की संपत्तियाँ, मिमी चक्रवर्ती की 59 लाख रुपए, अंकुश हाजरा की 47.20 लाख रुपए और नेहा शर्मा की 1.26 करोड़ रुपए की संपत्तियाँ इस कार्रवाई में शामिल हैं। ED का दावा है कि ये सभी संपत्तियाँ सीधे या परोक्ष रूप से 1xBet से जुड़े अवैध पैसों से खरीदी गई थीं।
सेलेब्रिटीज पर ED के आरोप क्या हैं?
ED की जाँच में सामने आया है कि इन सभी सेलिब्रिटीज ने जानबूझकर विदेशी कंपनियों और एजेंट्स के जरिए विज्ञापन और एंडोर्समेंट एग्रीमेंट किए। सीधे 1xBet का प्रचार करने के बजाय इसके सरोगेट ब्रांड्स जैसे 1xBat और 1xBat Sporting Lines को प्रमोट किया गया।
इससे भारतीय कानूनों में सीधे प्रतिबंध से बचने की कोशिश की गई। इन प्रमोशन्स के बदले मिलने वाला पैसा भारत में सीधे न आकर विदेशी एंटिटीज और कई लेयर्ड ट्रांजैक्शन्स के जरिए भेजा गया, ताकि पैसों के असली स्रोत को छिपाया जा सके। ED का कहना है कि यह पूरा नेटवर्क मनी लॉन्ड्रिंग के क्लासिक पैटर्न पर काम कर रहा था।
भारत में कैसे काम करता रहा 1xBet नेटवर्क?
ED के मुताबिक, 1xBet ने भारत में अपने यूजर्स बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, ऑनलाइन वीडियो, डिजिटल विज्ञापन और यहाँ तक कि प्रिंट मीडिया का भी इस्तेमाल किया। सीधी ब्रांडिंग पर कानूनी खतरे को देखते हुए सरोगेट विज्ञापन को हथियार बनाया गया।
सेलेब्रिटीज और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के जरिए प्लेटफॉर्म को भरोसेमंद और लोकप्रिय दिखाने की कोशिश की गई, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इससे जुड़ें और सट्टेबाजी करें।
म्यूल अकाउंट, लग्जरी शादी और राजनीतिक एंगल
जाँच के दौरान ED को मनी लॉन्ड्रिंग का एक चौंकाने वाला पहलू भी मिला। दिल्ली के एक Rapido बाइक-टैक्सी ड्राइवर के बैंक अकाउंट में सिर्फ 8 महीनों के भीतर 331.36 करोड़ रुपए के लेनदेन का पता चला। ड्राइवर की आय और जीवनशैली इस रकम से बिल्कुल मेल नहीं खाती थी।
पूछताछ में उसने इन ट्रांजैक्शन्स की जानकारी से इनकार किया। ED को शक है कि यह एक म्यूल अकाउंट था, जिसका इस्तेमाल अवैध पैसों को इधर-उधर करने के लिए किया गया। इसी अकाउंट से राजस्थान के उदयपुर में एक हाई-प्रोफाइल डेस्टिनेशन वेडिंग पर 1 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए जाने के सबूत भी मिले हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शादी में एक युवा राजनेता की मौजूदगी की भी जाँच हो रही है।
प्रॉपर्टी अटैच होने का मतलब क्या होता है?
ED द्वारा प्रॉपर्टी अटैच करने का मतलब तुरंत जब्ती नहीं होता। यह 180 दिनों की अस्थायी कार्रवाई होती है। इस दौरान संपत्ति मालिक के नाम पर ही रहती है लेकिन उसे बेचा या गिरवी नहीं रखा जा सकता। ED को इस अवधि में PMLA कोर्ट के सामने सबूत पेश करने होते हैं।
अगर कोर्ट में यह साबित हो जाता है कि संपत्ति मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी है, तो उसे जब्त कर नीलाम किया जाता है और पैसा सरकारी खजाने में जाता है। अगर आरोप साबित नहीं होते, तो संपत्ति मालिक को वापस कर दी जाती है। 1xBet का नाम सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि कई देशों में विवादों से जुड़ा रहा है।
अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, स्पेन और रूस जैसे देशों में इसके खिलाफ कार्रवाई या जाँच चल चुकी है। इस पर मनी लॉन्ड्रिंग, नाबालिगों से जुड़ी बेटिंग, यूजर्स को भुगतान न करने और वित्तीय अनियमितताओं जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। भारत में इसे किसी भी तरह की कानूनी मान्यता हासिल नहीं है।


