पाकिस्तानी रेंजर्स ने PoK में लूटा पेट्रोल पंप, CCTV फुटेज सामने आया: इलाके में सरकार-फौज के खिलाफ विद्रोह जारी

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात इतने खराब हो गए हैं कि पिछले 20 दिनों से कई इलाकों में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए हैं। इस बीच एक CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें पाकिस्तानी रेंजर्स को एक पेट्रोल पंप से सामान लूटते हुए देखा जा रहा है।

सामने आए CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि कि पाकिस्तानी रेंजर्स रावलकोट के एक पेट्रोल पंप पर पहुँचे और वहाँ काम करने वाले कर्मचारियों पर हमला करने लगे। पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों को धमकाकर ईंधन और 3 लाख पाकिस्तानी रुपया लूटकर अपने साथ ले गए। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग पाकिस्तान की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, PoK के अलग-अलग इलाकों में करीब 70,000 प्रदर्शनकारी पाकिस्तान सरकार और फौज के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे महँगाई, बेरोजगारी, बिजली संकट, प्रशासनिक भ्रष्टाचार और फौज के अत्याचारों से परेशान हैं। इसके अलावा लोगों का आरोप है कि उनकी आवाज दबाने के लिए बल प्रयोग किया जा रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि PoK में बढ़ता जनाक्रोश पाकिस्तान सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। बड़ी संख्या में लोगों का लगातार विरोध प्रदर्शन करना यह दिखाता है कि स्थानीय आबादी में असंतोष गहराता जा रहा है।