पश्चिम बंगाल में बुधवार (17 जून 2026) को TMC के वरिष्ठ नेता और ममता बनर्जी की सरकार में मंत्री रहे उदयन गुहा को कोलकाता के फूलबागान स्थित उनके फ्लैट से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस कई दिनों से उनकी तलाश कर रही थी। उन पर जबरन वसूली, धोखाधड़ी और चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े मामलों में आरोप हैं।
गिरफ्तारी के बाद उदयन गुहा को फूलबागान थाने ले जाया गया। पुलिस अब उन्हें अदालत में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर कूचबिहार ले जाने की तैयारी कर रही है। गिरफ्तारी के दौरान उदयन गुहा ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उन्हें किस वजह से हिरासत में लिया गया है।
उदयन गुहा उत्तर बंगाल में टीएमसी के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे और कूचबिहार जिले में पार्टी की संगठनात्मक जिम्मेदारियाँ भी संभाल चुके हैं। हालाँकि 2026 के विधानसभा चुनाव में दिनहाटा सीट से भाजपा उम्मीदवार रजॉय राय के हाथों हार के बाद वह ज्यादातर समय कोलकाता स्थित अपने आवास पर ही रह रहे थे।
उनके खिलाफ कई गंभीर आरोप दर्ज हैं। शिकायतकर्ता रूपम साहा का आरोप है कि सरकारी अस्पताल में बच्चों की यूनिट के नाम पर 20 से 25 करोड़ रुपए जुटाए गए, लेकिन उस राशि से कोई काम नहीं हुआ।
साथ ही पिछले साल सितंबर में उदयन गुहा पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर हमले करने का आरोप भी लगा था। उस समय ममता सरकार ने उदयन को इन आरोपों से बचाया भी था। इसके अलावा आवास योजना में कट मनी वसूली और चुनाव के बाद हिंसा में भी संलिप्तता की बात सामने आई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जाँच में जुटी हुई है।
The former TMC minister Udayan Guha was arrested in an extortion cheating and violence case

