रिया चक्रवर्ती ने इंडिया टुडे से बात करते हुए सुशांत सिंह राजपूत मामले में अपना पक्ष रखा है। रिया ने कहा यूरोप यात्रा के दौरान उन्हें पता चला कि सुशांत मानसिक रूप से अस्वस्थ्य हैं। यह साक्षात्कार 27 अगस्त 2020 को रात 9 बजे प्रसारित होगा। फ़िलहाल इंडिया टुडे समूह ने इस साक्षात्कार का एक छोटा सा हिस्सा साझा किया है।
साक्षात्कार में साफ तौर पर समझा जा सकता है कि राजदीप सरदेसाई सुशांत सिंह की कथित मानसिक बीमारी पर ज़ोर दे रहे हैं। उनकी बातों से ऐसा लग रहा है जैसे मानसिक बीमारी का आरोप वास्तविक तथ्य है। जबकि सुशांत सिंह का परिवार इस मुद्दे पर अपना पक्ष पहले ही रखा चुका है। उन्होंने कहा था कि पहले कभी सुशांत सिंह को इस तरह की कोई दिक्कत नहीं हुई थी। न ही किसी विशेषज्ञ ने उनके संबंध में ऐसा कुछ कहा था। सुशांत पर मानिसक रूप से बीमार होने का आरोप अभी तक सिर्फ और सिर्फ रिया चक्रवर्ती ने लगाया है, जिन पर खुद इस मामले के संबंध में जाँच चल रही है।
#RheaChakraborty in the hot seat. No questions spared. Rajdeep questions her on the infamous Europe trip and #Sushant‘s mental health. #IndiaTodayGrillsRhea @SardesaiRajdeep
— IndiaToday (@IndiaToday) August 27, 2020
Watch the full interview tonight at 9 PM on India Today TV. pic.twitter.com/yQEkBMcKCl
इस कड़ी में बॉलीवुड से जुड़े कुछ ऐसे लोगों ने भी सुशांत सिंह को मानसिक रूप से बीमार बता दिया, जिनका असल मायनों में सुशांत सिंह राजपूत से दूर-दूर तक कोई लेना देना ही नहीं था। रिया चक्रवर्ती के अलावा सार्वजनिक रूप से सिर्फ एक और व्यक्ति ने सुशांत सिंह को लेकर यह दावा किया था। वह सुशांत सिंह की कथित तौर पर काउंसलर थी। लेकिन उसके पास इस तरह के मामलों को देखने के लिए उचित योग्यता तक नहीं थी। उसने बरखा दत्त को दिए साक्षात्कार में इस बात का खुलासा किया था।
अपने इस साक्षात्कार में रिया चक्रवर्ती ने सुशांत सिंह राजपूत के साथ यूरोप यात्रा के बारे में बताया। रिया ने कहा कि जब हम यूरोप के लिए निकलने वाले थे तब सुशांत ने कहा था कि वह हवाई जहाज के भीतर claustrophobic महसूस करते हैं। सुशांत ने इसके लिए दवाइयाँ भी ली थी लेकिन बिना किसी परामर्श के।
सुशांत इस यात्रा के लिए शुरू से ही उत्साहित थे लेकिन वह तीन दिन तक पेरिस में अपने होटल के कमरे से बाहर नहीं निकले। रिया ने कहा “सुशांत इस यात्रा को लेकर बहुत खुश था। उसने यह भी कहा था कि इस यात्रा में ही पता चलेगा कि उसके व्यक्तित्व के बाकी पहलू क्या हैं? सुशांत ने मुझे कहा था कि हम सड़कों पर पैदल घूमेंगे, वह मेरे साथ हर ख़ुशी मनाएगा जो भारत में नहीं हो पाया था। हम असल मायनों में बहुत खुश थे।”
इसके बाद रिया ने कहा सुशांत स्विट्ज़रलैंड तक सामान्य था, लेकिन जैसे ही हम इटली पहुँचे कुछ दिक्कतें शुरू हुई। उन्होंने एक होटल का कमरा बुक किया जो Gothic (एक तरह का कबीला) था। कमरे का आकार गुम्बद जैसा था और उसमें अजीबोगरीब तस्वीरें लगी हुई थीं। रिया ने होटल बदलने की बात कही, लेकिन सुशांत ने मना कर दिया। रिया के मुताबिक़ इसके बाद सुशांत की हालत बिगड़ने लगी और बेचैनी होने लगी। इसके बाद सुशांत ने कहा कि साल 2013 में उसे अवसाद की परेशानी हुई थी। तब वह हरेश शेट्टी नाम के चिकित्सक से मिला था। उन्होंने ही सुशांत को वह दवाई लेने के लिए कहा था जो सुशांत ने हवाई जहाज में बैठने के बाद ली थी। रिया के मुताबिक़ जब सुशांत की हालत बिगड़ी तब उन्होंने यात्रा समाप्त करने का फैसला लिया।
इसके बाद राजदीप ने पूछा कि यूरोप की दूसरी यात्रा के दौरान रिया का भाई शोविक उनके साथ क्यों गया था। इस पर रिया ने कहा शोविक की सुशांत सिंह के साथ अच्छी बातचीत थी। सुशांत ने ही इस बात पर ज़ोर दिया था कि शोविक उनके साथ यूरोप की यात्रा पर जाए। वह अक्सर शोविक को ‘सौतन’ कह कर चिढ़ाते थे। रिया ने यह भी कहा कि Rhealityx नाम की जिस कंपनी में सुशांत, शोविक और वह साझेदार थे, इसका नाम भी सुशांत ने ही तय किया था। रिया के मुताबिक़ जब तक शोविक के पास कोई काम नहीं था तब तक रिया ने उसके शेयर के पैसे भी दिए थे।
रिया ने कहा कि फ़िलहाल जिस तरह की बातें की जा रही हैं कि सुशांत सिंह उनका खर्च उठा रहे थे, इस तरह के दावे पूरी तरह गलत हैं और वह एक जोड़े की तरह ज़रूर रह रहे थे। रिया ने कहा,”पेरिस की एक कपड़े की कंपनी Shein के लिए उसका शूट होना था। कंपनी ने उसे बिज़नेस क्लास का टिकट भेजा था, इस पर सुशांत ने कहा कि साथ समय बिताने का यह अच्छा मौक़ा है। इसके बाद सुशांत ने उसकी टिकट रद्द कराई और फर्स्ट क्लास टिकट बुक कराई।”
इसके बाद रिया ने यह भी कहा कि सुशांत किसी चीज़ से समझौता नहीं करता था, वह राजा की तरह रहना पसंद करता था। रिया को यूरोप की यात्रा के दौरान ऐसा लगा कि सुशांत खूब खर्च कर रहा है, लेकिन बाद में समझ आया कि वह ऐसा है ही। इसके पहले वह अपने दोस्तों के साथ थाइलैंड की यात्रा पर भी गया था। उस यात्रा के दौरान सुशांत ने लगभग 70 लाख रुपए खर्च किए थे। उसे बड़े लोगों की तरह रहना पसंद था।
राजदीप सरदेसाई का रवैया सुशांत सिंह मामले की जाँच पर बेहद आलोचनात्मक रहा है। इसके पहले राजदीप ने बयान दिया था कि सुशांत के परिजनों को शांति से शोक मनाना चाहिए। साथ ही राजदीप ने सुशांत सिंह राजपूत मामले की जाँच शुरू होते ही आपत्ति भी जताई थी। जब एक आईपीएस अधिकारी ने यह बताया था कि हर अप्राकृतिक मौत की जाँच करना कानूनी दायरे में आता है, तब राजदीप सरदेसाई ने इस मुद्दे पर अपनी असहमति जताई थी।

बाद में मामले की जाँच सीबीआई को सौंप दी गई थी। इस पर राजदीप ने ट्वीट करते हुए लिखा था, “जहाँ देश कोरोना जैसी महामारी से जूझ रहा है, बाढ़ जैसे हालत हैं। वहाँ सीबीआई को सुशांत सिंह राजपूत मामले की जाँच करने का आदेश दिया जा रहा है।“ कुल मिला कर राजदीप सरदेसाई को इस बात की चिंता थी कि सरकार के संसाधन बर्बाद हो रहे हैं, जबकि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि बाढ़ और कोरोना वायरस का सीबीआई से कोई लेना-देना ही नहीं है। लेकिन अपराध का सीबीआई से ज़रूर लेना-देना है।