युवाओं को रोजगार प्रदान करने की दिशा महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दो दिवसीय कौशल महोत्सव का आयोजन किया है, जिसकी शुरुआत मंगलवार (16 सितंबर 2025) से होगी। दो दिवसीय महोत्सव लखनऊ स्थित कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज में होगा। इस महोत्सव से जुड़ने के लिए युवा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
कौशल महोत्सव में युवाओं की शैक्षिक योग्यता और साक्षात्कार के आधार पर ₹15000 से ₹25000 तक की सैलरी पर नौकरी मिलेगी। मंगलवार (16 सितंबर 2025) से शुरू हो रहे महोत्सव का उद्घाटन स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कौशल विकास विभाग और उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी करेंगे।
भारत सरकार के माननीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के लोकप्रिय सांसद श्री राजनाथ सिंह जी की प्रेरणा से कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय द्वारा 16-17 सितम्बर को भव्य लखनऊ कौशल महोत्सव 2025 का आयोजन किया जा रहा है, जो कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज ग्राउंड, आईटी चौराहा पर प्रातः 8 बजे से… pic.twitter.com/3mfakMtSQc
— Skill India (@MSDESkillIndia) September 14, 2025
कौशल विकास विभाग और उद्यमशीलता मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में लगभग 40 हजार युवाओं को रोजगार दिलाने की योजना है। इसमें 80 से अधिक कंपनियाँ भाग लेंगी, जो कि 30 से ज्यादा सेक्टर में नौकरी के अवसर देंगी। इनमें भी ऑटोमोबाइल, रिटेल, हेल्थकेयर, IT, बैंकिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, पर्यटन, कृषि समेत 11 सरकारी कंपनियाँ हैं, जो अप्रेंटिस के लिए भर्ती करेंगी।
कौशल विभाग के मुताबिक, साल 2025 का कौशल महोत्सव विशेष है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर युवाओं को 7500 से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कौशल विभाग के अनुसार, “यह केवल एक महोत्सव नहीं बल्कि युवाओं के उज्जवल भविष्य की ओर बढ़ाया गया सशक्त कदम है।”


