परीक्षा के 5 मिनट बाद ही B.Tech का रिजल्ट जारी, कर्नाटक की VTU ने बनाया नया रिकॉर्ड: 60000+ छात्रों ने दिया था एग्जाम

कर्नाटक की विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (VTU) ने इंजीनियरिंग परीक्षाओं के रिजल्ट को लेकर नया रिकॉर्ड बना दिया है। यूनिवर्सिटी ने बीई और B.Tech छठे सेमेस्टर की आखिरी प्रैक्टिकल परीक्षा खत्म होने के सिर्फ 5 मिनट बाद ही 60856 छात्रों का रिजल्ट ऑनलाइन जारी कर दिया।

इस परीक्षा में कुल 76.84 फीसदी छात्र सफल रहे। आमतौर पर यूनिवर्सिटी परीक्षाओं के नतीजे आने में कई दिन या कई हफ्ते लग जाते हैं, लेकिन VTU ने अपनी डिजिटल व्यवस्था की मदद से यह काम कुछ ही मिनटों में पूरा कर दिखाया।

यूनिवर्सिटी के अनुसार, यह तेजी किसी जल्दबाजी का नतीजा नहीं बल्कि पहले से बनाई गई पूरी योजना का हिस्सा थी। थ्योरी परीक्षाएँ मई और जून के दौरान पूरी होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं की डिजिटल जाँच कर सभी अंक पहले ही सिस्टम में सुरक्षित दर्ज कर दिए गए थे।

इसके बाद 18 जून से 30 जून तक हुई प्रैक्टिकल परीक्षाओं में परीक्षकों को निर्देश दिए गए थे कि हर छात्र का लैब और वाइवा पूरा होते ही उसके अंक तुरंत ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किए जाएँ।

मंगलवार (30 जून 2026) की शाम आखिरी प्रैक्टिकल परीक्षा खत्म होते ही अंतिम अंक भी सिस्टम में दर्ज हो गए, जिसके बाद सॉफ्टवेयर ने थ्योरी और प्रैक्टिकल के अंकों को जोड़कर कुछ ही मिनटों में सभी छात्रों की फाइनल मार्कशीट तैयार कर दी।

यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि इस पहल का सबसे बड़ा फायदा छात्रों को मिलेगा। रिजल्ट में देरी होने से अक्सर प्लेसमेंट, उच्च शिक्षा में दाखिले और दूसरी शैक्षणिक प्रक्रियाओं पर असर पड़ता है।

इसी समस्या को देखते हुए मूल्यांकन प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया और सभी चरणों की पहले से योजना तैयार की गई। VTU पिछले कुछ वर्षों से लगातार रिजल्ट जारी करने का समय कम करती आ रही है, लेकिन इस बार महज 5 मिनट में परिणाम घोषित कर उसने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया।