Home Blog Page 1536

आजम खान की यूनिवर्सिटी-स्कूल को ब्याज का पैसा, सरस्वती शिशु मंदिर को नहीं… बैंक के DGM शकील अहमद सहित 2 अधिकारी निलंबित: योगी सरकार का एक्शन 

यूपी की योगी सरकार ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से जुड़े ट्रस्ट को अवैध रूप से ब्याज का भुगतान करने के मामले में जिला सहकारी बैंक के दो वरिष्ठ बैंक अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार (16 सितंबर, 2023) को निलंबित किए गए दो बैंक अधिकारियों में उप महाप्रबंधक शकील अहमद और सचिव उपेन्द्र कुमार सारस्वत शामिल हैं। ये दोनों जिला सहकारी बैंक रामपुर के वरिष्ठ अधिकारी हैं। वित्तीय अनियमितताओं को लेकर हुई जाँच के बाद दोनों अधिकारियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।

क्या है पूरा मामला 

रिपोर्ट के अनुसार, इन दोनों पर आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी, जौहर ट्रस्ट और रामपुर पब्लिक स्कूल को अवैध तरीके से ब्याज का भुगतान करने का आरोप है। निलंबन के बाद दोनों अधिकारियों को लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

जाँच में पता चला कि जिला सहकारी बैंक की जौहर यूनिवर्सिटी शाखा ने जौहर यूनिवर्सिटी और जौहर ट्रस्ट के नाम से संचालित बैंक खातों को बचत खाता मान लिया। इसके बाद, शाखा ने जुलाई 2022 में जौहर विश्वविद्यालय को 17.58 लाख रुपए और जौहर ट्रस्ट को 2.18 लाख रुपए का ब्याज दिया।

इसके अलावा जिला सहकारी बैंक की डिग्री कॉलेज शाखा ने भी रामपुर पब्लिक स्कूल के नाम से संचालित खाते को बचत खाता मान लिया गया। इसके बाद, पब्लिक स्कूल को भी 3.67 लाख रुपए का ब्याज दिया। दिलचस्प बात यह है कि ये तीनों अकाउंट समाजवादी पार्टी के नेता मोहम्मद आजम खान द्वारा संचालित किए जा रहे हैं।

जबकि, नियमों के मुताबिक जिला सहकारी बैंक तीनों संस्थाओं द्वारा संचालित इन खातों को न तो बचत खाता मान सकता है और न ही इन पर ब्याज दे सकता है। ताज्जुब की बात यह है कि सरस्वती शिशु मंदिर, सरस्वती विद्या मंदिर, आर्य समाज और जिला पंचायत सहित कई अन्य संस्थाओं के भी जिला सहकारी बैंक में खाते हैं लेकिन, उन्हें बैंक से आजतक कोई ब्याज भुगतान नहीं मिला है। यहीं से गड़बड़ी का पता लगता है। 

कैसे खुली पोल 

बता दें कि यह मामला जब स्थानीय विधायक आकाश सक्सेना के संज्ञान में आया तो उन्होंने अपर मुख्य सचिव को शिकायत भेजकर मामले की जाँच कराने की माँग की। वहीं जानकारी मिलने के बाद विधायक सक्सेना ने राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायत भेजी जिसके बाद एक जाँच समिति का गठन किया गया।

समिति ने अपनी जाँच में पाया कि ब्याज का भुगतान नियमों के विरुद्ध है। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली यूपी सरकार ने कार्रवाई करते हुए दोनों दोषी पाए गए बैंक अधिकारियों को निलंबित कर दिया है और उन्हें मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी आयकर (आईटी) विभाग ने पूर्व कैबिनेट मंत्री के खिलाफ टैक्स चोरी की जाँच के संबंध में रामपुर में सपा नेता आजम खान के परिसरों पर छापेमारी की थी। तीन दिनों तक चली एजेंसी की छापेमारी कथित तौर पर जौहर ट्रस्ट से जुड़ी थी। इस मामले में भी 800 करोड़ रुपए की कर चोरी का अनुमान लगाया गया है।

विशेष सत्र शुरू होने से पहले नए संसद भवन के सिंहद्वार पर उपराष्ट्रपति ने फहराया तिरंगा: कॉन्ग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे नहीं हुए शामिल

संसद के विशेष सत्र शुरू होने के एक दिन पहले 17 सितंबर 2023 को नए संसद भवन के गजद्वार पर तिरंगा फहराया गया है। इसे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने फहराया है। आज 17 सितंबर को निर्माण के देवता विश्वकर्मा पूजा है। इसके साथ ही आज हैदराबाद मुक्ति दिवस है। संयोग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आज जन्मदिन है।

जब उपराष्ट्रपति गजद्वार पर तिरंगा फहरा रहे थे, उस लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला सहित तमाम नेता मौजूद थे। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन, पीयूष गोयल, अर्जुन राम मेघवाल, कॉन्ग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी और प्रमोद तिवारी भी मौजूद रहे। 

हालाँकि, विपक्ष के नेता और कॉन्ग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल नहीं हुए। उन्होंने कहा था कि इस समारोह के लिए उन्हें देर से न्यौता मिला। खरगे ने शनिवार (16 सितंबर 2023) को राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी को पत्र लिखकर कहा कि उन्हें समारोह का न्यौता 15 सितंबर को देर शाम को मिला था। खरगे का कहना है कि वह 16-17 सितंबर को कॉन्ग्रेस कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने के लिए हैदराबाद में हैं और रविवार की रात में लौटेंगे।

दरअसल, सोमवार (18 सितंबर 2023) से शुरू होने वाले पाँच दिवसीय संसद सत्र की कार्यवाही नए भवन में होने की उम्मीद है। इसके लिए नए संसद भवन में मंत्रियों के कमरों का बंटवारा भी किया जा चुका है। नए संसद भवन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मई 2023 को किया था।

जिन कैबिनेट मंत्रियों के कमरों का बंटवारा किया जा चुका है उनमें गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, अर्जुन मुंडा, विदेश मंत्री एस जयशंकर, धर्मेंद्र प्रधान, स्मृति ईरानी, अश्विनी वैष्णव शामिल हैं। 

रिपोर्ट के मुताबिक, अपर ग्राउंड फ्लोर पर स्मृति ईरानी को कमरा नंबर जी-8, अर्जुन मुंडा को जी-9, एस जयशंकर को जी-10, नरेंद्र सिंह तोमर को जी-11, निर्मला सीतारमण को जी-12, अश्विनी वैष्णव को जी-17, पीयूष गोयल को जी-30, नितिन गडकरी को जी-31, गृह मंत्री अमित शाह को जी-33, राजनाथ सिंह को जी-34 और धर्मेंद्र प्रधान को जी-41 आवंटित किया गया है।

बता दें कि पुराने संसद भवन में इन वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों का कार्यालय ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कमरों में था। सरकार के अन्य कैबिनेट मंत्रियों को नए संसद भवन में फर्स्ट फ्लोर पर कार्यालय के लिए कमरे का आवंटन किया गया है।

पहली मंजिल पर आरके सिंह को कमरा नंबर एफ- 16, किरेन रिजिजू को एफ-17, गजेंद्र सिंह शेखावत को कमरा नंबर एफ-18, पशुपति पारस को एफ-19, ज्योतिरादित्य सिंधिया को एफ-20, गिरिराज सिंह को एफ-36, वीरेंद्र कुमार को एफ-37, सर्बानंद सोनोवाल को एफ-38 और नारायण राणे को एफ-39 आवंटन किया गया है।

बलिदानी कैप्टन तुषार महाजन के नाम से जाना जाएगा उधमपुर रेलवे स्टेशन: PM मोदी के हस्तक्षेप से 6 साल बाद पूरा हुआ सपना, पुलवामा में मिली थी वीरगति

सरकार ने उधमपुर रेलवे स्टेशन का नाम बदल दिया है। अब यह जंक्शन शहीद कैप्टन तुषार महाजन के नाम से जाना जाएगा। शनिवार (16 सितंबर, 2023) को केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में स्टेशन के इंट्री गेट का बोर्ड भी बदल दिया गया है। बोर्ड पर बलिदानी का नाम हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू भाषाओं में लिखा गया है। कैप्टन तुषार साल 2016 में कश्मीर के पम्पोर इलाके में आतंकियों से मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए थे।

बता दें कि शासन स्तर पर रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की मंजूरी इसी माह 6 सितंबर को ही मिल चुकी थी। इस कार्यक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। शनिवार को केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह के साथ रेलवे बोर्ड और विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी इस मौके पर मौजूद थे। बोर्ड के साथ स्टेशन के अंदर भी हिंदी, इंग्लिश और उर्दू भाषा में शिलापट बनाए गए हैं। इन शिलापट में कैप्टन तुषार महाजने की वीरता के बारे में बताया गया है। इस मौके पर बोलते हुए डॉ जितेंद्र सिंह ने इस बदलाव को युवाओं में देश के लिए समर्पण को बढ़ाने वाला बताया।

डॉ जितेंद्र ने आगे बताया कि साल 2017 में उन्होंने ही उधमपुर स्टेशन का नाम बदल कर बलिदानी कैप्टन की स्मृति में रखने की माँग उठाई गई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके ही व्यक्तिगत हस्तक्षेप से स्टेशन का नाम बदल पाया। केंद्रीय मंत्री के मुताबिक उन्होंने इस कदम से कैप्टन तुषार को अमर करने का प्रयास किया है।

2016 में हुए थे बलिदान

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कैप्टन तुषार महाजने के पिता एक सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल थे। तुषार बचपन से ही देश सेवा के प्रति समर्पित थे। वहीं उनके बचपन के दोस्त निशांत का कहना है कि स्कूल में एक बार उन्होंने आंतकियों पर तब निबंध लिखा था जब क्लास के अन्य छात्र ये सब जानते ही नहीं थे। इस निबंध में तुषार ने आतंकियों से लड़ने का संकल्प लिया था। पढ़ने में तेज तुषार 16 साल की उम्र में ही NDA (राष्ट्रीय रक्षा अकादमी) की परीक्षा पास कर के सेना में भर्ती हो गए थे।

साल 2016 के फरवरी महीने में तुषार 9 पैरा मिलिट्री के साथ कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियान चला रहे थे। इस दौरान पुलवामा के पम्पोर इलाके में आतंकियों से उनकी टुकड़ी की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में तुषार ने एक आंतकी को मार गिराया। साथी जवानों की मदद के दौरान तुषार को 4 गोलियाँ लगीं। हालाँकि, उन्हें अस्पताल पहुँचाया गया था लेकिन अधिक खून बह जाने के चलते इलाज के दौरान तुषार वीरगति को प्राप्त हो गए।

‘हैदराबाद में 1.4 करोड़ हिंदुओं की हड्डियाँ मिलेंगी’: रजाकारों की धमकी पर डॉ अंबेडकर ने दलितों को कहा- इस्लाम की ओर नहीं जाना, मुस्लिम लीग के मुस्लिमों पर विश्वास नुकसानदेह

आज 17 सितंबर है यानी ‘हैदराबाद मुक्ति दिवस’। आज ही के दिन 1948 में निजाम के चंगुल से निकालकर हैदराबाद का भारत में विलय किया गया था। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हैदराबाद में स्थित परेड ग्राउंड में गए और निजाम की सेना और रजाकारों (निजाम के शासन के सशस्त्र समर्थक) के खिलाफ लड़ने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

15 अगस्त 1947 को देश को आजादी मिलने के पहले से ही निजाम हैदराबाद को एक स्वतंत्र मुल्क बनाने की कोशिश में था। निजाम मीर उस्मान अली खान ने 3 जून 1947 को फरमान जारी कर हैदराबाद को आजाद मुल्क घोषित कर दिया था। इसके बाद सरदार पटेल के नेतृत्व में कार्रवाई पर हैदराबाद को भारत में मिला लिया गया।

जब हैदराबाद को भारत में मिलाने की बातचीत चल रही थी, तब हैदराबाद के निजाम मीर उस्मान अली खान ने भारत में विलय के आग्रह को खारिज कर दिया था। उसे रजाकारों के नेता कासिम रिजवी ने भरोसा दिया था कि हैदराबाद को मिलाने के लिए भारत किसी तरह की सैनिक कार्रवाई करता है तो उसके नेतृत्व में रजाकार भारती सेना का मुकाबला करेंगे।

भारतीय नेतृत्व को डराने के लिए कासिम के नेतृत्व में क्रूर रजाकारों और निजाम के सैनिकों ने राज्य के हिंदुओं पर जुल्म ढाना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, कासिम रिजवी ने धमकी दे डाली कि अगर भारत ने उस पर किसी तरह सैनिक कार्रवाई करने की कोशिश की तो उसे 1.40 करोड़ हिंदुओं की हड्डियों एवं राख के अलावा कुछ नहीं मिलेगा। वीपी मेनन ने अपनी किताब ‘द इंटीग्रेशन ऑफ स्टेट्स’ में इसका जिक्र किया है।

रजाकारों के अत्याचारों को देखतेे हुए तत्कालीन केंद्रीय गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने 13 सितंबर 1948 को ऑपरेशन पोलो शुरू किया और 17 सितंबर को हैदराबाद को भारत में मिला लिया। पाँच दिनों की कार्रवाई में 1373 रजाकार और हैदराबाद रियासत के 807 जवान मारे गए। वहीं, भारतीय सेना के 66 जवान भी वीरगति को प्राप्त हो गए।

अंत में निजाम और कट्टरपंथी मुस्लिमों के संगठन रजाकारों ने सरेंडर कर दिया। इसके बाद रिजवी को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया गया और मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन पर प्रतिबंध लगा दिया गया। लगभग एक दशक तक जेल में रखने के बाद कासिम रिजवी को इस शर्त पर रिहा कर दिया गया कि वह 48 घंटों में पाकिस्तान चला जाएगा। रिजवी को पाकिस्तान ने अपने शरण दे दी थी।

हैदराबाद मुक्ति आंदोलन को लेकर डॉक्टर भीमराव अंबेडकर ने अपने स्पष्ट विचार रखे थे। उन्होंने कहा था कि निजाम के अत्याचारी शासन में रहने वाले लोगों ने निजाम के खिलाफ के बड़े आंदोलन को शुरू किया। इसमें कई हीरो ने अपने बलिदान दिए। डॉक्टर अंबेडकर के अलावा, शेड्यूल कास्ट फेडरेशन ने भी निजाम का खुलकर विरोध किया था।

उस समय फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष भाऊसाहेब मोरे ने दलित समुदाय को लेकर निजाम के खिलाफ पम्फलेट बाँटा था। उसमें कहा गया था, निजाम को उखाड़ फेंका जाना चाहिए और उसकी जगह एक लोकतांत्रिक सरकार बनाई जानी चाहिए। यह अंबेडकर के हर अनुयायी की नीति होनी चाहिए। दलितों को रजाकारों के साथ भी शामिल नहीं होना चाहिए।” यहाँ तक कि दलित नेता मोरे ने दलितों को मुस्लिम इलाके में भी जाने से मना किया था।

डॉक्टर अंबेडकर ने भी हैदराबाद के दलितों से अपील की थी। उन्होंने कहा था, “मैं एक ही बात कहना चाहता हूँ कि पाकिस्तान, निजाम और मुस्लिम लीग के मुस्लिमों पर विश्वास करना दलित समुदाय को नुकसान पहुँचाएगा। पाकिस्तान या हैदराबाद के दलितों को इस्लाम की ओर नहीं जाना चाहिए। उनका प्राथमिक उद्देश्य अपनी जीवन की सुरक्षा करना होनी चाहिए है।”

डॉक्टर अंबेडकर ने कहा कि हैदराबाद के दलित समुदाय को निजाम को स्वीकार नहीं करना चाहिए। डॉक्टर अंबेडकर ने आगे कहा था, “हमें भारत विरोधियों का साथ देकर अपने समुदाय के मुँह पर कालिख नहीं पोतना चाहिए।” डॉक्टर अंबेडकर के इस बयान का जिक्र धनंजय कीर ने अपनी पुस्तक ‘बायोग्राफी ऑफ डॉक्टर बाबासाहेब अंबेडकर’ में किया है।

निजाम के खिलाफ डॉक्टर अंबेडकर ने पहली रैली 30 दिसंबर 1938 को कन्नड़ जिले के मक्रणपुर में आयोजित की गई थी। औरंगाबाद की इसी रैली में भाऊसाहब मोरे ने डॉक्टर अंबेडकर के पहले ‘जय भीम’ का नारा दिया था। इस रैली ने हैदराबाद मुक्ति आंदोलन में बड़ी भूमिका निभाई थी।

दरअसल, निजाम दलितों पर जुल्म की सीमा पार कर चुका था। निजाम का शासन हिंदुओं के प्रति अत्याचार के कुख्यात हो चुका था और उसके शासन को लेकर लोगों को विद्रोह पनपने लगा था। इसके कारण निजाम ने शेड्यूल कास्ट फेडरेशन के कई नेताओं की हत्या करवा दी। इसके विरोध में दलित नेताओं के समर्थन में डॉक्टर भीमराव अंबेडकर भी आए।

दलितों पर अत्याचार और उनके धर्मांतरण से बाबा साहेब को ठेस पहुँची। निजाम के शासन के अंतर्गत आने वाले मराठवाड़ा में दलितों की हालत और भी बदतर थी। दलितों के साथ बड़े पैमाने पर भेदभाव होता था और उन्हें शिक्षा से भी वंचित रखा गया था। डॉक्टर अंबेडकर और सरदार पटेल के प्रयास मराठवाड़ा निजाम के चंगुल से मुक्त हो गया। इसके बाद वहाँ बड़े पैमाने पर स्कूल-कॉलेज खुले।

बताते चलें कि ये वही मराठवड़ा है जिसकी मुक्ति का विरोध असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के नेता करते है। मराठवाड़ा मुक्ति दिवस पर AIMIM के सांसद तिरंगा फहराने के कार्यक्रम से भी अनुपस्थित रहे। यह वही AIMIM है, जो रजाकारों की MIM से संबंधित है और ओवैसी के पूर्वज इससे जुड़े थे। इस तरह दलितों से अंतर्मन से घृणा करने वाले राजनीति के लिए ‘जय भीम जय मीम’ की बात कर रहे हैं।

अनजान बुजुर्ग महिला के लिए बस कंडक्टर से भिड़ गए थे नरेंद्र मोदी, सहायता के लिए बीच में रुकवाई थी गाड़ी: बस में सवार यात्री ने सुनाई पूरी कहानी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज अपना 73वाँ जन्मदिन मना रहे हैं। 17 सितंबर, 1950 को गुजरात के वडनगर में दामोदरदास मूलचंद मोदी और हीराबेन के घर पैदा हुए नरेंद्र मोदी के गुणों के चर्चे बचपन से ही सुनने में आए हैं। अभी दो दिन पहले ही आए मॉर्निंग कंसल्ट एक ताजा सर्वे में वे दुनिया में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले नेता के रूप में शुमार किए गए हैं। सर्वे में 76% लोगों ने PM मोदी के नेतृत्व का लोहा माना है और उन्हें सबसे ज़्यादा अप्रूवल रेटिंग दी है। वहीं आज उनके जन्मदिन के अवसर पर भाजपा कई कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है।

PM मोदी के जन्मदिन को भाजपा सेवा पखवाड़े के तौर पर मना रही है। इसके अलावा देश के विभिन्न हिस्सों में कई कार्यक्रम मनाए जा रहे हैं। बता दें कि नरेंद्र मोदी अपने माता-पिता की छह संतान में तीसरे नंबर पर हैं। उनकी शुरुआती शिक्षा वडनगर के भागवताचार्य नारायणाचार्य स्कूल में हुई थी।

जब एक बुजुर्ग महिला के लिए कंडक्टर से भिड़ गए नरेंद्र मोदी 

पीएम मोदी के जन्मदिन पर हर साल उनके साथ रहे लोग उनसे जुड़े कई किस्से और कहानियाँ शेयर करते रहे हैं। ऐसे ही इस बार जो कहानी सामने आई है उसे गुजरात की आरएसएस कार्यकर्ता नीता सेवक ने शेयर किया है कि कैसे नरेंद्र मोदी एक बुजुर्ग महिला के लिए बस कंडक्टर से भिड़ गए थे। 

नीता सेवक ने यह खास किस्सा शेयर करते हुए बताया, “तब मोदी जी हमारे प्रचारक थे। यह 80 के दशक की बात होगी। मैं एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बस में उनके साथ जा रहा था। तभी एक बुजुर्ग महिला बस में चढ़ी। कंडक्टर टिकट लेकर उनके पास आया। इस दौरान बुजुर्ग महिला ने कंडक्टर को उस जगह के बारे में बताया जहाँ वह जाना चाहती थी। लेकिन पता चला कि वह गलत बस में चढ़ गई थी, लेकिन कंडक्टर ने बस रोककर महिला को उतारने से मना कर दिया।” उन्होंने कहा कि कंडक्टर उल्टा बुजुर्ग महिला पर आरोप लगा रहा था।

नरेंद्र मोदी ये सब देख रहे थे। नीता ने कहा कि तभी मोदी जी खड़े हुए और उस आदमी से भिड़ गए। उन्होंने उसे डाँटा और तब तक उससे भिड़े रहे जब तक कि बस रोक नहीं दी गई। इसके बाद वृद्ध महिला बस से उतर गईं। बुजुर्ग महिला को बस से उतारने के बाद, नरेंद्र मोदी ने कंडक्टर से फिर बात की। उन्होंने कहा, “क्यों, हीरो, कुछ समझ आया। मुझे उम्मीद है कि जो मैंने कहा वो तुम्हें अच्छे से समझ आ गया होगा। यह सब दोबारा नहीं होना चाहिए। बेसहारा लोगों के प्रति सम्मान दिखाओ।”

लगातार कीर्तिमान गढ़ रहे हैं PM मोदी

यहाँ भी उनके उस व्यक्तित्व और नेतृत्व की झलक मिलती है जिसकी आज पूरी दुनिया दीवानी है। संघ प्रचारक से लेकर भारत के प्रधानमंत्री बनने तक पीएम मोदी की जिंदगी से जुड़े ऐसे अनेकों किस्से हैं। जिनमें से अधिकांश कई बार सुनी और सुनाई गई है। लेकिन हार बार जब भी उनसे जुडी कोई नई कहानी आती है तो प्रेरणा के स्रोत समेटे होती है। 

बता दें कि अपनी युवावस्था से ही पीएम मोदी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के सदस्य और प्रचारक रहे हैं। उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1970 के दशक से हुई। हालाँकि, 1990 से पहले तक उनके राजनीतिक करियर ने ज्यादा रफ्तार नहीं पकड़ी थी लेकिन जब पकड़ी तो फिर पीछे लौटकर नहीं देखना पड़ा। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर आज प्रधानमंत्री के सफर में वे लगातार कीर्तिमान गढ़ रहे हैं। 

‘सनातन खत्म होना ही चाहिए’: अब शरद पवार की पार्टी के नेता ने खोला हिन्दू विरोधी घृणा का पिटारा, पूछा – अचानक कहाँ से हो गया इस धर्म का जन्म?

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे राज्य सरकार में मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म को डेंगू-मलेरिया के मच्छर की तरह खत्म करने की अपील की थी। इसके बाद से सनातन धर्म के खिलाफ बयान देने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। अब शरद पवार की पार्टी के नेता और उद्धव ठाकरे सरकार में मंत्री रहे जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि सनातन धर्म को खत्म हो जाना चाहिए। उन्होंने पूछा है कि सनातन धर्म अचानक से कहाँ से पैदा हुआ है?

एनसीपी (शरद पवार गुट) नेता जितेंद्र आव्हाड ने मीडिया से बात करते हुए कहा है, “सनातन धर्म खत्म होना ही चाहिए। यह तो बाबा साहब आंबेडकर की माँग थी। इसलिए ही तो उन्होंने मनुस्मृति जलाई। इतने दिन कहाँ था सनातन धर्म। हमारे प्रधानमंत्रियों के पिछले कई सालों के भाषण निकालिए, वह तो हिंदू धर्म की ही बात करते थे। अचानक से सनातन धर्म का कहाँ से जन्म हो गया?”

उन्होंने आगे कहा है, “सनातन धर्म के लोग सिर्फ और सिर्फ धर्म की ही राजनीति करते हैं। अपने धर्म में ही दो शाखाएँ तैयार कर दीं। हम तो मोहन भागवत जी का समर्थन करते हैं। इस मामले में आरएसएस का समर्थन कर रहा हूँ मैं। वह कहते हैं कि यहाँ पर कुछ लोगों ने कुछ लोगों को पिछड़ा रखा। अब उन पिछड़े लोगों को आगे लाने के लिए हमें हिम्मत दिखानी चाहिए। इसके लिए हमें काम करना चाहिए। इन लोगों को पीछे रखने वाले लोग सनातनी थे।”

महाराष्ट्र के स्थानीय मीडिया पोर्टल ‘लय भारी’ के अनुसार, जितेंद्र आव्हाड ने यह भी कहा, “सनातन धर्म का समर्थन करने वाले लोगों के कुछ सवाल हैं, उन्हें इनका जवाब देना चाहिए। चार्वाक को किसने मारा? छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक को किसने अस्वीकार कर दिया? हत्यारों को महात्मा ज्योतिराव फुले के पास किसने भेजा?”

आव्हाड ने आगे कहा, “सती प्रथा के खिलाफ लड़ने वाले राजा राममोहन राय के खिलाफ तलवार उठाने वाला कौन था? राजर्षि शाहू महाराज को बदनाम करने और उनकी हत्या करने वाले षड्यंत्रकारी कौन थे? वे कौन थे जिन्होंने एक विशेष जाति समूह को पानी पीने से रोका? इन सभी चीजों के अपराधी सनातनी धर्म के अनुयायी थे। हम उनका विरोध जारी रखेंगे।”

बता दें कि इससे पहले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे और राज्य सरकार में मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म को डेंगू-मलेरिया के मच्छर की तरह खत्म करने की अपील की थी। उदयनिधि ने कहा था, “मच्छर, डेंगू, मलेरिया, कोरोना ये सभी चीजें हैं जिनका हम विरोध नहीं कर सकते, हमें इन्हें मिटाना है। सनातन ​​भी ऐसा ही है। विरोध करने की जगह सनातन ​​को ख़त्म करना हमारा पहला काम होना चाहिए।”

उन्होंने सवालिया लहज़े में पूछा, “सनातन ​​क्या है? सनातन ​​नाम संस्कृत से आया है। सनातन ​​समानता और सामाजिक न्याय के खिलाफ है। सनातन ​​का अर्थ ‘स्थायित्व’ के अलावा और कुछ नहीं है, जिसे बदला नहीं जा सकता। कोई भी सवाल नहीं उठा सकता। सनातन ​​का यही अर्थ है।”

उदयनिधि के बयान का कॉन्ग्रेस ने भी समर्थन किया था। तमिलनाडु कॉन्ग्रेस की महासचिव लक्ष्मी रामचंद्रन ने सनातनियों को जातिवादी और नफरत फैलाने वाला बता दिया। उन्होंने कहा था कि हिंदुत्व और सनातन आदि उत्तर भारत की उपज है। दक्षिण भारत के लोग शांतिप्रिय हैं। लक्ष्मी रामचंद्रन ने कहा था, “नफरत फैलाने वाले सनातन जातिवादी हिंदुत्व का दूसरा नाम है, जिसकी उत्पत्ति उत्तर में हुई है। दक्षिण में हमारा हिंदू धर्म शांतिप्रिय है और समावेशी होने का प्रयास करता है। रामानुजार, वल्लालर और नारायण गुरु प्रकार का हिंदू धर्म ही हमारा हिंदू धर्म है।”

‘खालिस्तानियों के लिए देश में कोई जगह नहीं’: कनाडा के गायक के पोस्टर फाड़े गए, बोले प्रदर्शनकारी – मुंबई में नहीं करने देंगे शो

महाराष्ट्र के मुंबई में कनाडा में रहने वाले गायक और खालिस्तान समर्थक शुभनीत सिंह उर्फ शुभ का एक कार्यक्रम आयोजित होना है। भाजपा की यूथ विंग भाजयुमो पोस्टर फाड़कर इस कार्यक्रम का विरोध कर रही है। भाजयुमो का कहना है कि किसी भी खालिस्तान समर्थक के लिए इस देश में जगह नहीं है। इसके अलावा, भारत का अधूरा नक्शा शेयर करने के आरोप में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की भी माँग हो रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सिंगर शुभ का कार्यक्रम मुंबई के कार्डेलिया क्रूज में 23 से 25 सितंबर तक होना है। इस कार्यक्रम का विरोध कर रहे महाराष्ट्र भाजयुमो के अध्यक्ष तजिंदर सिंह तिवाना ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने कहा है, “भारत की एकता और अखंडता के शत्रु खालिस्तानी समर्थकों का भारत में कोई स्थान नहीं है। देश को तोड़ने की साजिश रचने वाले कैनेडियन सिंगर शुभ को हम छत्रपति शिवाजी महाराज की इस पावन धरती पर मुंबई में परफॉर्म नहीं करने देंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक शिष्टमंडल ने शांतिपूर्वक तरीके से मुंबई पुलिस और आयोजकों को कार्यक्रम रद्द करने का ज्ञापन दिया है। यदि उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आयोजकों को हमारे विरोध का सामना करना पड़ेगा। मैं मुंबई के युवाओं से अपील करता हूँ कि इस देशद्रोही कैनेडियन सिंगर को सुनने से अच्छा आप अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएँ और इस शो का बायकॉट करें।”

इसके अलावा तजिंदर सिंह तिवाना ने पुलिस को दिए गए ज्ञापन की फोटो भी इंस्टाग्राम पर शेयर की है। इस ज्ञापन में उन्होंने शुभ पर सोशल मीडिया में भारत का अधूरा नक्शा शेयर करने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की माँग की है। तिवाना का आरोप है कि शुभ ने 23 मार्च 2023 को इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाई थी। इसमें उसने जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों के बिना भारत का नक्शा शेयर किया था। यही नहीं, उन्होंने इंस्टाग्राम पर शुभ द्वारा लगाई स्टोरी भी शेयर की है।

सनातन विरोधी बयानों से विपक्षी गठबंधन की हालत पस्त, भोपाल में होने वाली रैली रद्द: कमलनाथ ने किया ऐलान, बोले – ये देश सनातन धर्म का है

सनातन विरोधी बयानों के कारण बैकफुट पर आए I.N.D.I. गठबंधन ने आगामी दिनों में होने वाली भोपाल रैली को रद्द कर दिया है। इस बात का ऐलान मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने किया है। इससे पहले I.N.D.I. गठबंधन की बैठक से यह बात सामने आई थी कि चुनावी राज्य मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा सरकार के विरुद्ध रैली का आयोजन किया जाएगा जिसमें विपक्षी के कई बड़े नेता शामिल होंगे।

यह रैली अक्टूबर के पहले सप्ताह में आयोजित की जानी थी, जिसकी तैयारियाँ चालू हो गई थीं लेकिन अब कमलनाथ ने इसके निरस्त होने की घोषणा की है। कमलनाथ ने कहा, “रैली कैंसल हो गई है।” इस रैली के निरस्त होने के पीछे सबसे बड़ा कारण I.N.D.I. गठबंधन के घटक दलों डीएमके और राजद के नेताओं द्वारा सनातन पर दिए गए बयान माने जा रहे हैं।

ऐसा प्रतीत होता है कि कमलनाथ ने सनातन को डेंगू-मलेरिया जैसा बताने वाले बयानों से होने वाले नुकसान को भी भाँप लिया है, इसलिए वह अब इन बयानों से किनारा भी कर रहे हैं। कमलनाथ में हाल ही में अंग्रेजी समाचार चैनल ‘इंडिया टुडे’ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बयान देते हुए कहा, “ये सब जानते हैं कि अपना देश सनातन धर्म का है, सनातन धर्म कहता है कि सबको जोड़कर रखो, कोई कुछ कहे या डीएमके वाला कुछ भी कहता रहे। इस पर राय की कोई आवश्यकता नहीं हैं।”

लोकसभा चुनावों से पहले देश के तीन बड़े राज्यों – मध्य प्रदेश राजस्थान और छतीसगढ़ में चुनाव होने वाले हैं जो कि I.N.D.I. गठबंधन के लिए पहला टेस्ट होंगे। इसको ध्यान में रखते हुए ही पहली रैली के लिए भोपाल को चुना गया था लेकिन इस बीच सनातन पर बयानबाजी के कारण विपक्षी दलों को इस नीति में बदलाव करना पड़ गया है।

वहीं इस रैली के रद्द होने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है, “इन्होंने जो सनातन धर्म का अपमान किया है, उससे देश व मध्य प्रदेश की जनता के मन में रोष है, इनको डर था कि वह रोष कहीं प्रकट न हो जाए, इसलिए गठबंधन की एमपी में रैली ही निरस्त कर दी।”

भोपाल में रद्द होने के बाद अब इस रैली के नागपुर में आयोजन की संभावनाएँ हैं। हालाँकि, इस विषय में कुछ भी स्पष्ट नहीं है। कॉन्ग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा है कि अब अगली रैली के लिए कॉन्ग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे के साथ बैठक करके निर्णय लिया जाएगा।

शहवाज और अरबाज ने दुपट्टा खींचा, फैसल ने बाइक से कुचल दिया… स्कूल से घर लौट रही छात्रा की मौत, CCTV में कैद हुई घटना

उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में छेड़खानी के कारण एक लड़की की मौत हो गई। मृतक छात्रा शुक्रवार (15 सितंबर, 2023) की शाम साइकिल से स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार शहवाज और अरबाज नामक युवकों ने उसका दुपट्टा खींच दिया। इससे वह गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे फैसल ने लड़की को बाइक से कुचल दिया। इससे उसकी जान चली गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला अंबेडकर नगर जिले के हँसवर थाना के हीरापुर बाजार क्षेत्र का है। यहाँ के रामराजी इंटर कॉलेज में 12वीं में पढ़ने वाली 17 वर्षीय लड़की स्कूल खत्म होने के बाद रोज की तरह घर लौट रही थी। इसी दौरान शहवाज और अरबाज उसका पीछा करते हुए आए और उसका दुपट्टा खींच दिया। लड़की साइकिल पर थी। इसलिए उसका संतुलन बिगड़ा और वह बीच सड़क में जा गिरी।

इसी बीच फैसल नामक बाइक सवार भी वहाँ से गुजर रहा था। लड़की के गिरते ही फैसल भी पीछे से आ गया और उस पर बाइक चढ़ा दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पाकर लड़की के परिजन भी मौके पर पहुँचे और आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई। इसका फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इस मामले में मृतक लड़की के पिता का कहना है कि छेड़खानी के चलते हुई सड़क दुर्घटना में उनकी बेटी का सिर और जबड़ा फट गया था। इससे ही उसकी मौत हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बेटी ने उनसे कुछ लड़कों द्वारा परेशान और छेड़छाड़ करने की बात कही थी। छेड़छाड़ करने वाले लड़के शहवाज और अरबाज हैं।

पीड़ित परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शहवाज, अरबाज और फैसल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपितों से पूछताछ कर जाँच की जा रही। घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई है। 

केदारनाथ में धरने पर बैठे पुरोहित, स्थानीय लोग और होटल-लॉज मालिक भी साथ: कहा – अब तक नहीं मिले घर और जमीन, 2013 की आपदा में सब हो गया था तबाह

उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में पुरोहितों और स्थानीय लोगों ने अपनी माँगों को लेकर अपनी दुकानें बंद कर दी हैं और धरने पर बैठ गए हैं। ये लोग वर्ष 2013 में आई आपदा के बाद उठाए गए क़दमों को लेकर संतुष्ट नहीं है। इस विरोध प्रदर्शन में पुरोहितों के साथ स्थानीय लोग, दुकानदार और होटल तथा लॉज मालिक भी शामिल हैं।

यह सभी सरकार से माँग कर रहे हैं कि उनके जो भवन 2013 की आपदा में बहे थे, उनके स्थान पर बनाए गए भवनों का कब्जा उन्हें दिया जाए और जमीन का अधिकार भी दिया जाए। इन लोगों को आपदा के 10 वर्षों के बाद भी जमीन का अधिकार नहीं मिल पाया है। इसके अतिरिक्त, केदारनाथ के पुरोहितों ने परिसर में चल रहे विकास कार्यों के विषय में भी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।

इस बंद के कारण केदारनाथ आने वाले श्रद्धालुओं को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लॉज और होटल बंद होने से रुकने का स्थान भी नहीं मिल रहा है जबकि भोजन की भी समस्या हो रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि आपदा में बहे भवनों पर भूमिधारी अधिकार के तहत उनको भवन मिलने चाहिए थे।

विरोध प्रदर्शन करते पुरोहित एवं समाज के अन्य लोग केदारनाथ
विरोध प्रदर्शन करते पुरोहित एवं समाज के अन्य लोग

इसके अतिरिक्त उनका कहना है कि जो भवन बच गए थे वह भी तोड़े जा रहे हैं। इन लोगों ने यह भी शिकायत की है कि धाम में चलने वाले कामों में उनकी कोई राय नहीं ली जा रही है और नए बनने वाले भवनों को मंदिर की ऊँचाई से अधिक बनाया जा रहा है जो कि परम्परा के विरुद्ध है।

केदारनाथ में आई 2013 की आपदा

वर्ष 2013 में उत्तराखंड के केदारनाथ, बद्रीनाथ समेत एक बड़े इलाके में भारी आपदा आई थी। एकाएक आई बाढ़ और भारी बारिश के कारण बड़ी संख्या में श्रृद्धालु फँस गए थे जबकि बड़ी संख्या में लापता हो गए थे। केदारनाथ मंदिर परिसर के पास एक शिला आ जाने से मंदिर को नुकसान नहीं पहुँचा था, लेकिन आसपास की सभी दुकानें और भवन बह गए थे। इस आपदा में हजारों व्यक्तियों की मृत्यु भी हो गई थी।