Home Blog Page 2204

क्या Google को खा जाएँगे एलन मस्क: आम आदमी की जुबान भी पकड़ लेता है ChatGPT, जानिए इसके बारे में सबकुछ

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रिसर्च ग्रुप OpenAI ने चैटबॉट ‘चैटजीपीटी’ (ChatGPT) लॉन्च किया है। यह चैट बॉट संवाद आधारित है जो मानवीय भाषा और व्यवहार को समझकर जवाब देने में सक्षम है। इसकी विशेष क्षमताओं के कारण यह भी कहा जा रहा है कि आने वाले समय में यह गूगल (Google) को कड़ी टक्कर देते हुए उसकी जगह भी ले सकता है।

ChatGPT क्या है

आसान शब्दों में चैट जीपीटी को समझें तो यह एक ऐसा चैट बॉट है, जिससे यूजर्स सवाल पूछ सकते हैं। हालाँकि, अब तक सामने आए कई अन्य चैट बॉट्स भी जवाब देने में सक्षम हैं। लेकिन, वे सिर्फ कुछ खास सवालों (जिस विषय के लिए उसे बनाया गया हो) के जवाब ही दे सकते हैं। वहीं, ChatGPT इन सब से काफी अलग है, जो AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का उपयोग करके सभी तरह के सवालों का जवाब देने में सक्षम है। इसमें टेक्निकल और नॉन टेक्निकल दोनों ही तरह के सवालों के जवाब शामिल हैं।

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क की कंपनी Open AI द्वारा बनाया गया ChatGPT 3.5 लैंग्वेज मॉडल पर आधारित है। इसे कुछ इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह लिखने-पढ़ने से लेकर अन्य सभी तरह के कार्यों में यूजर्स का सहयोग करेगा। साथ ही, यह अनावश्यक या काल्पनिक सवालों को भी समझता है। यानी कि चैट जीपीटी की सेल्फ सेंसरिंग भी बेहतरीन है।

कैसे काम करता है ChatGPT

ChatGPT को AI और मशीन लर्निंग द्वारा तैयार किए गए, सिस्टम को संवादात्मक इंटरफ़ेस के माध्यम से जानकारी प्रदान करने और सवालों के जवाब देने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह सामान्य चैट बॉट की तरह ही है, जिन्हें कुछ विशिष्ट कीवर्ड और वाक्यों को समझने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। समय के साथ-साथ बॉट अधिक से अधिक प्रश्नों को समझने के लिए स्वयं को ट्रेंड कर लेते हैं। सीधे शब्दों में कहें तो कोई भी बातचीत करने वाला AI चैटबॉट अनुभव से सीखता और ट्रेंड होता है।

इसी प्रकार, ChatGPT को भी कुछ शब्द नहीं, बल्कि कई लाख शब्दों और वाक्यों के लिए AI के माध्यम से ट्रेंड किया गया है। इसी ट्रेनिंग के द्वारा अब यह सभी सवालों के जवाब देने में सक्षम है।

ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI का कहना है इसे इसलिए बनाया गया था ताकि AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग में आसानी हो। OpenAI ने कहा है कि चैटजीपीटी सवालों के जवाब देता है, अपनी गलतियों को स्वीकार करता है और अनुचित अनुरोधों या सवालों को नकार देता है। यानी, यदि ChatGPT को लगता है कि सवाल गलत है या काल्पनिक है तो वह इस बारे में भी यूजर को बता देता है।

फिलहाल OpenAI ने ChatGPT को जाँच और बीटा टेस्टिंग के लिए ही लॉन्च किया है। लेकिन अगले साल एपीआई एक्सेस की भी उम्मीद की जा रही है। एपीआई एक्सेस मिलने के बाद सॉफ्टवेयर डेवलपर्स इस चैट बॉट को अपने सॉफ्टवेयर में इनबिल्ड करने में सक्षम होंगे।

ChatGPT की विशेषताएँ

ChatGPT की ऐसी कई विशेषताएँ जिनके कारण यह कहा जा रहा है कि यह बॉट गूगल को कड़ी टक्कर देने में सक्षम है। उदाहरण के लिए देखें तो, यह सवालों के जवाब देने के अलावा गणित के समीकरणों को भी हल कर सकता है। यही नहीं, इसे टॉपिक बताने पर उसके बारे में बड़े-बड़े लेख या पूरी पुस्तक भी लिखने के साथ ही फिल्मों की कहानियाँ भी लिखने में सक्षम है।

विभिन्न प्रकार की कम्यूटर लैंग्वेज की समझ भी इस बॉट में विकसित की गई है, जिससे यह कोडिंग के दौरान डेवलपर्स को यह बता सकता है कि क्या-क्या गलतियाँ हो रहीं हैं। कम्प्यूटर की लैंग्वेज के बाद मानवीय भाषाओं में भी इसकी अच्छी पकड़ है यही कारण है कि यह एक भाषा को दूसरी भाषा में ट्रांसलेट कर सकता है।

कैसे करें ChatGPT का उपयोग

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा संचालित चैट बॉट चैटजीपीटी का उपयोग करना बेहद आसान है। इसके लिए, https://chat.openai.com पर जाकर लॉग इन/साइन अप करने के बाद दिखाई देने वाली चैट विंडो से, यूजर ChatGPT का उपयोग कर सकते हैं।

सोशल मीडिया पर ऐसे कई कंटेंट हैं जिनमें ChatGTP से बात करने के बाद उसके द्वारा दिए गए जवाबों के बारे में बताया गया है। लेखक जेफ़ यांग ने ट्वीट कर बताया है कि उन्होंने चैटजीपीटी को बिल्ली की शैली में जीरो पॉइंट ऊर्जा के बारे में विस्तार से बताने के लिए कहा था।


इस पर, ChatGTP ने जवाब दिया, “म्याऊँ, म्याऊँ, म्याऊँ, म्याऊँ! जीरो पॉइंट ऊर्जा, ऊर्जा की उस मात्रा की तरह है जो हमेशा मौजूद रहती है, यहाँ तक ​​कि तब भी जब वस्तु स्थिर या शांत अवस्था में हो।” इसका मतलब यह था कि ChatGTP ने बेहतरीन अंदाज में जीरो पॉइंट एनर्जी को समझा दिया।

ChatGPT कितना लाभकारी

यूँ तो चैटजीपीटी का उपयोग कर बहुत सारी ऐसी जानकारियाँ हासिल की जा सकतीं हैं। लेकिन, सबसे बड़ी बात यह है कि इसे बनाने वाली कंपनी OpenAI का कहना है कि ChatGPT कभी-कभी गलत जानकारी भी दे सकता है। साथ ही, इसका नॉलेज साल 2021 से पहले हुई वैश्विक घटनाओं तक ही सीमित है। इसके अलावा, आपके मन में यह सवाल जरूर होगा कि क्या यह Google (गूगल) की जगह ले सकता है? तो इसका उत्तर हाँ और नहीं दोनों हो सकते हैं।

दरअसल, Google एक सर्च इंजन है जिससे करेंट न्यूज से लेकर फोटोज, वीडियोज, सोशल मीडिया कंटेंट इत्यादि सर्च किया जा सकता है। वहीं, ChatGPT में फिलहाल ऐसा संभव नहीं है। लेकिन, यह गूगल से बेहतर तरीके से काम करने में सक्षम है और चीजों को अच्छे ढंग से समझकर उसके बारे में विस्तार से बताता भी है, जबकि गूगल में ऐसा नहीं होता है। इसलिए, कुछ मामलों में यह Google से बेहतर भी साबित हो सकता है।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ में स्वरा भास्कर को पैसे के बदले मिला ‘अली का टिश्यू पेपर’, कहा- झुकती नहीं, इसलिए नहीं मिलता काम: राहुल गाँधी का भी असर माना

बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर (Swara Bhasker) हाल ही में मध्य प्रदेश के उज्जैन में कॉन्ग्रेस सांसद राहुल गाँधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं। सोशल मीडिया पर उनकी राहुल के साथ कई तस्वीरें सामने आई हैं। स्वरा भास्कर ने ‘टाइम्स आफ इंडिया’ से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होने और कथित रूप से ‘बोलने की कीमत चुकाने’ समेत कई मुद्दों पर बातचीत की।

‘भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra)’ में शामिल होने के सवाल पर अभिनेत्री ने कहा, “इस यात्रा का जो संदेश है, उससे मैं बहुत ज्यादा प्रभावित हुई। इसमें कुछ भी गुप्त नहीं है।” वह यह भी कहती हैं कि पिछले 8 वर्षों में सार्वजनिक संस्कृति और राजनीतिक संस्कृति बिगड़ी है। उन्होंने दावा किया कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ नफरत का विरोध करने का एक क्रांतिकारी तरीका है और समाज में जिस तरह से नफरत फैल रही है, उससे वह बहुत चिंतित हैं।

स्वरा भास्कर का ये भी आरोप है कि इस दौरान मेनस्ट्रीम मीडिया ने भी अपेक्षित भूमिका नहीं निभाई है। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से राहुल गाँधी से काफी प्रभावित हैं।

राहुल गाँधी की प्रशंसा करते हुए वह कहती हैं कि कौन कहता है कि वह एक अनिच्छुक नेता हैं? बकौल स्वरा, वह 3600 किलोमीटर से ज्यादा पैदल चल रहे हैं और आम लोगों से मिल रहे हैं, जो उन्हें अपनी तरह-तरह की समस्याएँ बता रहे हैं। स्वरा भास्कर ने कहा, “वह मुझे बिल्कुल भी अनिच्छुक नेता नहीं लगते। वह मुझे ऐसे नेता लगते हैं, जिसकी भारत को आज सबसे अधिक आवश्यकता है। स्वरा ने कहा, “हम एक ऐसे समय में जी रहे हैं, जहाँ जो लोग झुकते नहीं हैं, उन्हें हर तरह से बदनाम किया जाता हैं। यह मेरे साथ पिछले 8 साल से हो रहा है। सत्ता पर सवाल उठाने वालों को हमेशा बदनाम करने की कोशिश होती रहेगी।”

क्या आपने कभी राजनीति में शामिल होने के बारे में सोचा है? इसके जवाब में स्वरा कहती हैं, “नहीं। लेकिन हर कोई सोचता है कि मैं राजनीति में शामिल होना चाहती हूँ। मुंबई में कई निर्माता हमेशा कहते हैं कि उसे कास्ट मत करो, वह वैसे भी राजनीति में शामिल होने जा रही है। लेकिन मुझे नहीं पता कि आप राजनीति से क्या मतलब रखते हैं। अगर आपका मतलब चुनावी राजनीति से है, तो फिलहाल मेरी कोई योजना नहीं है।”

भाजपा के मुताबिक, कॉन्ग्रेस राहुल गाँधी के साथ चलने के लिए बॉलीवुड हस्तियों को पैसे दे रही है। बीजेपी ने इसके लिए ‘पेड पीआर’ शब्द का इस्तेमाल किया है। क्या आपको पैसे मिले, या आपने पैसे दिए? इस पर वह कहती हैं, “नहीं। मैं पैसे क्यों दूँगी? मेरा मतलब है, मैं किसी को तब तक पैसे नहीं देती, जब तक कोई मेरे बाल नहीं बनाता और मेकअप नहीं करता।”

इसके बाद वह एक किस्सा बताती हैं कि एक बार वो एक कॉफी शॉप में बैठी थी, तभी एक लड़का आया और उसने उन्हें एक टिश्यू पेपर थमाते हुए कहा, “मेरे जाने के बाद आप इसे पढ़ना।” उसने इसमें लिखा था, “हाय, स्वरा, मेरा नाम अली है। मेरी इच्छा बस आपको धन्यवाद कहने की है। क्योंकि भारत में रहने वाले एक मुस्लिम के रूप में, आपको पता नहीं है कि आप जैसे लोगों से हमें कितनी ताकत और एकजुटता की भावना मिलती है।” स्वरा के शब्दों में, “मुझे लगता है कि यह मेरा भुगतान है।”

‘300 साल भी गुजर जाएँ, लेकिन मस्जिद वहीं तामीर करेंगे’: इस्लामवादियों ने विध्वंस के 30 साल पूरे होने पर चलाया ‘बाबरी ज़िंदा है’ ट्रेंड, नेहरू को भी पड़ रही ‘गाली’

बाबरी ढाँचे के विध्वंस (Babri Demolition) को मंगलवार (6 दिसंबर, 2022) को 30 वर्ष पूरे हो गए। कई मुस्लिम ट्विटर यूजर्स सोशल मीडिया साइट पर ‘बाबरी ज़िंदा है’, ‘6 दिसंबर’, ‘बाबरी मस्जिद’ जैसे हैशटैग ट्रेंड करा रहे हैं, ताकि हिंदू समुदाय के खिलाफ घृणित टिप्पणियाँ पोस्ट की जा सकें। 6 दिसंबर, 1992 को सैकड़ों कारसेवकों ने अयोध्या में राम जन्मभूमि पर विवादित ढाँचे को गिरा दिया था।

बसेरी फैजल नाम के एक ट्विटर यूजर ने उस दिन को ‘ब्लैक डे’ करार दिया और कहा कि ‘बाबरी मस्जिद’ को वहाँ मंदिर बनाने के लिए ढहा दिया गया था। उसने कहा, “6 दिसंबर को भारत में उस जगह को बाबरी मस्जिद के रूप में याद किया जा रहा है। इसकी हमेशा बहुत गहरी छाप रहेगी और इसे इतनी आसानी से नहीं मिटाया जा सकता है।”

मोहम्मद नईम नाम के एक अन्य व्यक्ति ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी का एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मुस्लिम कभी जमीन के लिए नहीं लड़ा, बल्कि अपने अधिकारों के लिए लड़ा। इसमें वो कहते दिख रहे हैं, “हमारा जो हक है वह हमें दो। अलग जमीन देकर हमारी तौहीन की गई।” वीडियो में ओवैसी को भीड़ को हिंदुओं के खिलाफ भड़काते हुए भी देखा जा सकता है। नईम ने वीडियो को कैप्शन में लिखा, “बाबरी मस्जिद हम आपको कभी नहीं भूल सकते! इंशाअल्लाह, 6 दिसंबर 1992 एक काला दिन था।”

AIMIM नेता अख्तरुल इमान ने 1992 में हुई इस घटना की कुछ तस्वीरें साझा कीं और कहा कि कथित तौर पर हिंदुओं द्वारा दिए गए घाव अभी भी ताजा है। उन्होंने कहा, “मस्जिद में मूर्ति रखवाने वाला नेहरू था, बाबरी का ताला खुलवाने वाला राजीव गाँधी था, बाबरी शहीद कराने वाला नरसिम्हा राव था! बाबरी मस्जिद ज़िंदा है और क़यामत तक हमारे दिलों में ज़िंदा रहेगा।”

इस बीच, कई और मुस्लिम यूजर्स ने बाबरी के विवादित ढाँचे की तस्वीर शेयर की और धमकाया कि ‘गिरा हुआ ढाँचा एक दिन उठ खड़ा होगा।’ कई लोगों ने हिंदू समुदाय के खिलाफ घृणित टिप्पणियाँ भी पोस्ट कीं और कहा कि ‘मस्जिद’ को अवैध रूप से गिराया गया था।

एक मुस्लिम ट्विटर यूजर इलियास ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सदस्यों ने अवैध रूप से विवादित ढाँचे को ध्वस्त किया था। उसने तत्कालीन भाजपा सदस्यों को ‘आतंकवादी’ भी कहा। उसने ट्वीट कर कहा, “6 दिसंबर 1992। 30 साल पहले, आरएसएस और भाजपा के आतंकवादियों की भीड़ ने बाबरी मस्जिद पर हमला किया और इसे अवैध रूप से ध्वस्त कर दिया। दोषियों को कभी दंडित नहीं किया गया, बल्कि उन्हें भारतीय समाज के बहुमत द्वारा महिमामंडित किया गया था।”

खुद को ‘एंटी इस्लामोफोबिया सोशल मीडिया एक्टिविस्ट’ बताने वाले मोहम्मद साकिब अनवर ने ट्वीट किया, “30 साल गुज़र गए हैं और 300 साल भी गुज़र सकते है लेकिन बाबरी मस्जिद इंशाअल्लाह उसी जगह तामीर की जाएगी, गुरबा के हाथों ही सही।”

मोहम्मद सादाब शेख नाम के एक व्यक्ति ने भी ट्वीट किया और हिंदू कारसेवकों के खिलाफ घृणित टिप्पणियाँ पोस्ट कीं। उसने कहा, “बाबरी मस्जिद सिर्फ एक मस्जिद नहीं थी, उस पर इतिहास खुदा हुआ था। और 6 दिसंबर, 1992 को हिंदू कारसेवकों द्वारा इसके विध्वंस ने एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र के रूप में भारत के भविष्य के बारे में एक सवाल खड़ा कर दिया। बाबरी मस्जिद विध्वंस के 30 साल। हम कभी नहीं भूलेंगे, कभी माफ नहीं करेंगे।”

बाबरी ढाँचा इस्लामी आक्रांताओं केअत्याचार का प्रतीक था। यह अत्याचार और बर्बरता का प्रतीक था। 6 दिसंबर 1992 को, अयोध्या में विवादित ढांचे को विभिन्न हिंदू कार्यकर्ताओं ने ढहा दिया था। इस्लामी समुदाय इस दिन को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाते हैं, जबकि हिंदू पक्ष इसे ‘शौर्य दिवस’ के रूप में मनाते है।

तेलंगाना से भाजपा नेता टी राजा सिंह ने उन कारसेवकों को सलाम किया, जिनकी बलिदान की नींव पर अयोध्या में ‘श्री राम जन्मभूमि मंदिर’ पूरी भव्यता के साथ आकार ले रहा है। उन्होंने ट्वीट किया, “6 दिसम्बर 1992 शौर्य दिवस पर प्रथम शहीद राम कोठारी – शरद कोठारी एवं कारसेवा में अपना बलिदान देने वाले कोटि-कोटि जनों को श्रद्धांजलि! उन सभी कारसेवकों को कोटिशः नमन, जिनकी बलिदानी नींव पर अयोध्या में ‘श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर’ सम्पूर्ण भव्यता के साथ आकार ले रहा है। जय श्री राम।”

हिंदू कार्यकर्ताओं में से एक समित ठक्कर ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है, “कोई पछतावा नहीं, कोई पश्चाताप नहीं, कोई दुख नहीं, कोई शोक नहीं।”

9 नवंबर, 2019 को, भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने राम लला विराजमान के पक्ष को सही माना और अपने ऐतिहासिक फैसले में विवादित भूमि हिंदुओं को सौंप दी। कोर्ट ने केंद्र सरकार से एक ट्रस्ट बनाने को कहा था जो भव्य राम मंदिर के निर्माण का काम संभाले। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन फरवरी 2020 में किया गया था। 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई अन्य नेताओं और संतों की उपस्थिति में मंदिर निर्माण शुरू करने के लिए राम जन्मभूमि में भूमिपूजन किया गया था। मंदिर का निर्माण दिसंबर 2023 तक पूरा होने की उम्मीद है।

अलीगढ़ की जिस लड़की की ‘हत्या’ में जेल में बंद है एक विधवा का बेटा विष्णु, वह 7 साल बाद आगरा में ‘जिंदा’ मिली: पति और 2 बच्चे भी साथ

साल 2015। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले की एक नाबालिग लड़की मंदिर गई। गायब हो गई। फिर एक लाश मिली जो इसी लड़की की बताई गई। अपहरण कर हत्या का आरोप एक विधवा के बेटे विष्णु गौतम पर लगा। वह जेल में बंद है। साल 2022 में अब वही लड़की जिंदा मिली है। शादीशुदा है। दो बच्चे भी हैं। आगरा में रहती है।

लड़की के जीवित होने की खबर सामने आने के बाद विष्णु की रिहाई की आवाज उसके परिजनों ने उठाई है। लड़की को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है। पुलिस ने जाँच के बाद सामने आए तथ्यों पर कार्रवाई का भरोसा दिया है।

इस मामले की शुरुआत 17 फरवरी 2015 को हुई थी। 17 वर्षीया एक नाबालिग लड़की के पिता ने थाना गौंडा थाने ने बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया था कि मंदिर में जल चढ़ाने गई उनकी बेटी अचानक ही गुम हो गई। 18 फरवरी को पुलिस ने इस मामले में IPC की धारा 363 और 366 के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की।

6 अप्रैल 2015 को लड़की के घर वालों ने इस मामले में अपने ही गाँव ढाटौली के विष्णु गौतम को आरोपित किया। दावा किया कि मेले में विष्णु को लड़की के साथ देखा गया था। 24 मार्च 2015 को पुलिस ने लावारिस हालत में एक लड़की की लाश बरामद की। नाबालिग लड़की के घर वालों ने उसे अपनी बेटी का बताया। इसके बाद विष्णु पर हत्या की धारा 302 और सबूत मिटाने की धारा 201 भी लगा दी गई।

25 सितंबर 2015 को पुलिस ने इस केस में विष्णु गौतम के खिलाफ चार्जशीट लगा दी। FIR के दौरान इस केस के विवेचक सब इंस्पेक्टर खालिद खान थे। लगभग 2 साल जेल में रहने के बाद विष्णु गौतम की जमानत 11 अप्रैल 2017 को इलाहबाद हाई कोर्ट में न्यायमूर्ति विपिन सिन्हा की अदालत से मंजूर हुई। इस दौरान विष्णु को सबूतों से छेड़छाड़ न करने, कोर्ट में तय तारीख पर हाजिर रहने और गवाहों को न धमकाने की हिदायत मिली थी। पुलिस कार्रवाई के साथ कोर्ट की सुनवाई तक विपिन खुद को निर्दोष बताता रहा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिला अदालत में विष्णु के केस का ट्रायल शुरू हो गया। इसके चलते लड़की के घर वालों ने उसे फिर से जेल भेजने की माँग की। विष्णु को फिर से जेल भेज दिया गया। इस दौरान उसकी माँ अपने स्तर से बेटे की बेगुनाही के सबूत तलाशती रही। आखिरकार उन्हें जानकारी मिली कि जिस लड़की के अपहरण और हत्या के केस में उनका बेटा जेल काट रहा है, वो जीवित है और आगरा के एत्माद्दौला इलाके में अपने पति और 2 बच्चों के साथ रह रही है।

जानकारी पुख्ता कर लेने के बाद विष्णु की माँ वृन्दावन के एक भगवाचार्य के साथ अलीगढ़ के एसएसपी कलानिधि नैथानी से मिलीं। उन्होंने अपने बेटे के लिए न्याय माँगा। SSP अलीगढ़ ने फ़ौरन ही मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए और लड़की को हाथरस गेट से गिरफ्तार कर लिया गया। विपिन की माँ ने अब कोर्ट से अपने बेटे की रिहाई की गुहार लगाई है। SHO गौंडा का कहना है कि लड़की के कोर्ट में दिए बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। DSP राघवेंद्र सिंह के मुताबिक लड़की के DNA की जाँच करवाई जाएगी।

‘पश्चिमी मीडिया चला रहा झूठ’: ईरानी पत्रकार ने ‘मोरालिटी पुलिस’ खत्म किए जाने की खबरों पर NYT को लताड़ा, कहा – मौलानाओं की सरकार को जाना ही होगा

ईरान में सितंबर 2022 के मध्य में महासा अमीनी नामक महिला को वहाँ की मोरालिटी पुलिस ने प्रताड़ित कर के मार डाला। इसके बाद ही वहाँ हिजाब के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन जारी है। इसी बीच मीडिया में खबर चली कि विरोध प्रदर्शन के आगे झुकते हुए इस्लामी मुल्क ने ‘Morality Police’ को ख़त्म कर दिया है। हालाँकि, ईरान की पत्रकार मसीह अलीनेजाद का इस संबंध में कुछ और ही कहना है। उन्होंने ‘न्यूयॉर्क टाइम्स (NYT)’ पर फेक न्यूज़ फैलाने का आरोप लगाया है।

ईरानी-अमेरिकी मूल की पत्रकार से ‘ABC News’ ने जब पूछा कि क्या ‘मोरालिटी पुलिस’ को खत्म किया जाना महिला प्रदर्शनकारियों की जीत है, तो उन्होंने जवाब में कहा कि इस खबर उन्हें और ईरानियों में खासी चोट पहुँची है, क्योंकि NYT में इस खबर की हेडिंग देख कर वो हैरान थे। उन्होंने पूछा कि ये किस किस्म की जीत है? उन्होंने इसे एक कोरा झूठ और भ्रामक सूचना करार दिया। मसीह अलीनेजाद ने कहा कि मात्र 2 महीनों में ईरान की सरकार ने 500 से अधिक लोगों को मार डाला है।

उन्होंने जानकारी दी कि मृतकों में 62 बच्चे हैं। साथ ही 18,000 से भी अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार भी किया गया है। ‘मोरालिटी पुलिस’ को ख़त्म किए जाने की खबर को उन्होंने ईरान की सरकार का प्रोपेगंडा वाला कदम करार दिया। महिला पत्रकार ने कहा कि जब किसी तानाशाह की गद्दी हिलती है तो वो भ्रामक सूचनाओं का इस्तेमाल कर के बाकी दुनिया को भरमाता है। उन्होंने कहा कि समाज में विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए भी ऐसा किया जाता है।

उन्होंने ये जानकारी भी दी कि जिस दिन मीडिया ने ‘मोरालिटी पुलिस’ को खत्म करने की खबर चलाई, उसी दिन ईरान के एक एम्यूजमेंट पार्क को सिर्फ इसीलिए बंद कर दिया गया, क्योंकि वहाँ एक महिला ने हिजाब नहीं पहन रखा था। उक्त महिला की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई। महिला पत्रकार ने बताया कि 7 साल की बच्चियाँ भी बिना हिजाब के स्कूल तक नहीं जा सकती हैं। साथ ही सवाल दागा कि ऐसे में लड़कियाँ कॉलेज-यूनिवर्सिटी कैसे पहुँचेंगी?

मसीह अलीनेजाद ने कहा कि ‘Morality Police’ को खत्म किया जाना ईरान में चल रहे विरोध प्रदर्शन का मुद्दा ही नहीं है, बल्कि लिंगभेद को रोकना है। उन्होंने याद दिलाया कि किस तरह 5 साल पहले भी पश्चिमी मीडिया ने खबरें चलाई थीं कि ईरान की ‘मोरालिटी पुलिस’ अब हिजाब न पहनने वाली महिलाओं को गिरफ्तार नहीं करेगी, बल्कि ‘शैक्षिक प्रशिक्षण’ के लिए भेजेगी। उन्होंने कहा कि अब इसी पुलिस ने महासा अमीनी को मार डाला, जिसके बाद मुल्क भर में विरोध प्रदर्शन शुरू हुए।

ईरानी-अमेरिकी पत्रकार ने इंटरव्यू में कहा, “ईरान में निहत्थे लोग गोली-बन्दूक का सामना कर रहे हैं। लोगों ने इस्लामी गणतंत्र को ‘ना’ कह दिया है। हाल ही में FIFA वर्ल्ड कप में जब अमेरिका के हाथों ईरान की हार हुई तो ईरानियों ने जश्न मनाया। लोग अब इस सरकार को सरकार समझते ही नहीं हैं। ये हत्यारी सरकार है। ईरान सरकार कुछ भी कहे, इस्लामी गणतंत्र का अंत होने से ही समस्या का समाधान होगा, क्योंकि तब इस सरकार को भी जाना पड़ेगा।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि ये 21वीं सदी है और ईरान के नागरिक एक धर्मनिरपेक्ष गणतंत्र चाहते हैं, न कि इस्लामी तानाशाही। उन्होंने कहा कि मजहब लोगों के घरों में रहे और उन्हें आज़ादी व सम्मान मिले, यही इस आंदोलन का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी मीडिया ‘मोरालिटी पुलिस’ को खत्म किए जाने को जीत बता रहा है, जबकि असली जीत तब होगी जब मौलानाओं की सरकार जाएगी। उन्होंने कहा कि लोग आशावान हैं और जीत ज़रूर मिलेगी।

फर्जी स्क्रीनशॉट, फर्जी नंबर… गुजरात पुलिस ने TMC नेता साकेत गोखले को गिरफ्तार किया, PM मोदी के मोरबी दौरे पर फैलाया था झूठ

तृणमूल कॉन्‍ग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय प्रवक्ता साकेत गोखले (Saket Gokhle) को गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया है। टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन (Derek o’Brien) ने ट्विटर पर यह जानकारी साझा की है। उन्होंने दावा किया है कि नई दिल्ली से सोमवार (5 दिसंबर 2022) रात 9 बजे की फ्लाइट लेकर गोखले जयपुर पहुँचे थे, जहाँ गुजरात पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गुजरात पुलिस गिरफ्तार करने के लिए वहाँ पहले से मौजूद थी।

उन्होंने मंगलवार (6 दिसंबर 2022) को ट्वीट कर बताया कि प्रवक्ता को पुलिस उठा कर ले गई। ब्रायन ने कहा कि सोमवार (5 दिसंबर 2022) की देर रात गोखले ने अपनी माँ को फोन करके बताया कि पुलिस उसे अहमदाबाद ले जा रही है और वह मंगलवार को दोपहर तक शहर पहुँच जाएँगे।

ब्रायन ने दावा किया कि गोखले ने अपनी माँ को फोन किया था, जिसके बाद पुलिस ने उसका मोबाइल और सामान जब्त कर लिया। उन्होंने दावा किया कि यह गिरफ्तारी मोरबी पुल ढहने के संबंध में गोखले के ट्वीट के कारण हुई है।

गोखले एक पूर्व आरटीआई एक्टिविस्ट हैं और वर्तमान में तृणमूल कॉन्‍ग्रेस के प्रवक्ता हैं। उन्होंने एक मनगढ़ंत समाचार रिपोर्ट साझा की थी। गुजराती समाचार पत्र की कथित क्लिपिंग साझा करते हुए दावा किया था कि पीएम मोदी की मोरबी यात्रा पर 30 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। जो क्लिपिंग साझा की थी, वह कथित तौर पर ‘गुजरात समाचार’ का था। भाजपा ने इसे मनगढ़ंत बताते हुए कहा था कि ऐसी कोई रिपोर्ट प्रकाशित नहीं हुई है। साथ ही बताया था कि ऐसा कोई आरटीआई जवाब भी नहीं है। ‘गुजरात समाचार’ ने भी कहा था कि उन्होंने ऐसी कोई रिपोर्ट प्रकाशित ही नहीं की है।

गोखले का फर्जी न्यूज फ़ैलाने वाला ट्वीट

तथाकथित रिपोर्ट का हवाला देते हुए, गोखले ने दावा किया था कि 5.5 करोड़ रुपए विशुद्ध रूप से ‘स्वागत, कार्यक्रम प्रबंधन और फोटोग्राफी’ के लिए खर्च हुए थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि मोदी के इवेंट मैनेजमेंट और पीआर की लागत 135 लोगों के जीवन से अधिक है। गोखले ने कहा कि आपदा में मारे गए 135 पीड़ितों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी गई, जो कुल मिलाकर 5 करोड़ रुपए होती है। हालाँकि गोखले ने जैसा दावा किया है, ऐसी कोई आरटीआई और ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं है।

सरकार की फैक्ट चेक यूनिट ने भी 1 दिसंबर 2022 को गोखले के उस ट्वीट को पिनपॉइंट किया था, जिसमें उन्होंने न्यूजपेपर के कुछ कटआउट्स को शेयर कर फर्जी न्यूज फैलाई थी। PIB ने गोखले के ट्वीट का स्क्रीनशॉट शेयर कर बताया था कि ट्वीट में किया गया दावा फर्जी है।

PIB ने भी गोखले के ट्वीट को बताया था फर्जी

दरअसल गोखले ने 1 दिसंबर 2022 को सुबह करीब साढ़े 8 बजे फर्जी ट्वीट किया था और उसी दिन शाम साढ़े सात बजे के आसपास PIB ने इसे फर्जी करार दिया था।

‘इमाम करते थे छेड़छाड़, उनके चेले-चपाटे करते रेप का प्रयास’: देवबंद के मौलाना ने बताया मुस्लिम औरतें ने मस्जिद जाना क्यों किया बंद

अहमदाबाद जामा मस्जिद के शाही इमाम शब्बीर अहमद सिद्दीकी ने मुस्लिम औरतों को चुनावी टिकट मिलने पर एतराज जताते हुए कहा था कि यदि उनका सबके सामने आना जायज होता तो उन्हें मस्जिद में नहीं रोका जाता। उनके इस बयान का विरोध करते हुए देवबंद के मौलाना राव मुशर्रफ ने बताया है कि आखिर औरतें मस्जिद में क्यों नहीं जाती हैं। मौलाना मुशर्रफ मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के जिला संयोजक हैं।

मौलाना राव मुशर्रफ के मुताबिक मुस्लिम औरतें मस्जिद में जा सकती हैं। उन्होंने मुस्लिम महिलाओं के मस्जिद न जाने की वजह इमामों द्वारा छेड़खानी और उनके शागिर्दों द्वारा रेप की कोशिश करना बताया है। इस दौरान राव मुशर्रफ ने शेख हसीना और बेनजीर भुट्टो के भी उदाहरण दिए। देवबंद के ही एक अन्य उलेमा कारी इशहाक ने भी जामा मस्जिद के इमाम के बयान को चुनाव के वक्त कही गई बात करार दिया है।

पिछले दिनों शाही इमाम मौलाना शब्बीर अहमद सिद्दीकी ने मस्जिद में औरतों के आने को हराम बताया था। इसके जवाब में मौलाना राव मुशर्रफ ने कहा है कि मस्जिद में मुस्लिम महिलाओं की एंट्री पर कभी रोक नहीं रही है। मुशर्रफ के मुताबिक जब औरतें पुरुषों के साथ हज कर सकती हैं तो वो मस्जिद क्यों नहीं जा सकतीं।

शाही इमाम शब्बीर के बयान की आलोचना करते हुए राव मुशर्रफ ने कहा कि कुरान और हदीस में कहीं भी औरतों को मस्जिद में जाने से मना नहीं किया गया है। दैनिक भास्कर के मुताबिक राव मुशर्रफ ने कहा, “मुस्लिम महिलाओं ने मस्जिद में जाना इसलिए बंद कर दिया था, क्योंकि मस्जिद के इमाम महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करते थे और उनके चेले-चपाटे महिलाओं के साथ बलात्कार करने का प्रयास करते थे।” उन्होंने बेनजीर भुट्टो और शेख हसीना का उदाहरण देते हुए बताया कि अगर इस्लाम में औरतों को बराबर अधिकार न मिले होते तो ये दोनों महिलाएँ प्रधानमंत्री के पद तक कैसे पहुँच पातीं।

राव मुशर्रफ ने इमाम शब्बीर के बयान को भड़काऊ बताते हुए उसे रूढ़िवादी और अलगाववादी करार दिया। उन्होंने कहा कि इमाम शब्बीर जैसे लोगों की बयानबाजी पर रोक लगनी चाहिए। मुशर्रफ के मुताबिक भारत का क़ानून भी औरतों को बराबरी का हक देता है। मुस्लिम महिलाओं को वोट डालने से लेकर चुनाव लड़ने तक का अधिकार है।

वहीं देवबंद से ही जुड़े कारी इश्हाक गोरा ने शाही इमाम शब्बीर के बयान को बेतुका बताया है। उन्होंने कहा कि बेहतर होगा कि इमाम शब्बीर कोई भी इस्लामी जानकारी किसी के बयानों के बजाए मुफ्तियों से लिखित तौर पर हासिल करें। कारी इश्हाक के मुताबिक इमाम के ऐसे बयानों ने बेवजह की बहस खड़ी होती है। इश्हाक जमीयत दावातुल मुसलीमीन के संरक्षक भी हैं।

दवा-अनाज देकर लुभाना बेहद गंभीर, चैरिटी के नाम पर धर्म परिवर्तन नहीं कर सकते: सुप्रीम कोर्ट, केंद्र-राज्यों को एफिडेविट दाखिल करने का निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने जबरन धर्मांतरण को ‘गंभीर मुद्दा’ बताया है। कहा है कि यह संविधान के विरुद्ध है। शीर्ष अदालत ने कहा है कि चैरिटी के नाम पर किसी का धर्म परिवर्तन कराने की इजाजत नहीं दी जा सकती। इस संबंध में केंद्र और राज्यों को विस्तृत हलफनामा दायर करने के निर्देश दिए हैं।

चैरिटी की आड़ में धर्मांतरण करने वाले मिशनरीज और गैर सरकारी संस्थानों (NGO) की नीयत पर सवाल उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार (5 दिसंबर 2022) को यह बात कही। अदालत ने कहा कि दवा और अनाज देकर लोगों को लुभाना और उनका धर्म परिवर्तन करना बेहद गंभीर मसला है। हर अच्छे काम का स्वागत है, लेकिन उसके पीछे की नीयत की जाँच जरूरी है। अदालत वकील अश्विनी कुमार उपाध्याय की याचिका पर सुनवाई कर रही थी।

उपाध्याय ने सुप्रीम कोर्ट से अनुरोध किया है कि वह केंद्र को इस बाबत कड़े कदम उठाने का निर्देश दे ताकि डरा-धमकाकर, उपहार या रुपए-पैसों का लालच देकर धर्मांतरण को रोका जा सके। जस्टिस शाह की अध्यक्षता वाली 2 जजों की पीठ इस मामले पर सुनवाई कर रही है। पिछली सुनवाई (14 नवंबर 2022) में कोर्ट ने जबरन धर्म परिवर्तन को देश की सुरक्षा के लिए खतरनाक बताया था। केंद्र ने भी इससे सहमति जताते हुए कहा था कि 9 राज्यों ने इसके खिलाफ कानून बनाया है। केंद्र भी ज़रूरी कदम उठाएगा।

सॉलिसिटर जनरल (एसजी) तुषार मेहता ने पीठ को बताया कि वे सभी राज्यों से जबरन धर्मांतरण पर डेटा इकट्ठा कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने कोर्ट से एक हफ्ते का समय माँगा। मामले की अगली सुनवाई 12 दिसंबर 2022 को होगी। सॉलिसिटर जनरल ने कहा, “धर्म परिवर्तन के मामलों को देखने के लिए एक कमेटी होनी चाहिए, जो तय करे कि वाकई हृदय परिवर्तन हुआ है या लालच और दबाव में धर्म बदलने की कोशिश की जा रही है।”

पीठ ने कहा, “यह बहुत गंभीर मामला है। दान और समाज सेवा अच्छी चीजें हैं, लेकिन धर्मांतरण के पीछे कोई गलत मकसद नहीं होना चाहिए।” एक वकील की तरफ से इस याचिका की मान्यता पर सवाल उठाए जाने पर पीठ ने कहा कि इतना टेक्निकल होने की जरूरत नहीं है। हम यहाँ पर उपाय खोजने के लिए बैठे हैं। हम यहाँ एक मकसद के लिए हैं। हम चीजों को ठीक करने आए हैं। अगर इस याचिका का मकसद चैरिटी है, तो हम इसका स्वागत करते हैं। लेकिन यहाँ नीयत पर ध्यान देना जरूरी है।

याचिकाकर्ता अश्विनी उपाध्याय ने माँग की है कि धर्म परिवर्तनों के ऐसे मामलों को रोकने के लिए अलग से कानून बनाया जाए या फिर इस अपराध को भारतीय दंड संहिता (IPC) में शामिल किया जाए। याचिका में यह भी कहा गया है कि यह मुद्दा किसी एक जगह से जुड़ा नहीं है, बल्कि पूरे देश की समस्या है जिस पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है।

दोस्त बनाया, कर्जा लिया, फिर मारकर अनाज की टंकी में डाल दिया: नितिन भंडारी की हत्या में नौशाद ब्रदर्स एंड अम्मी गिरफ्तार

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में 27 नवंबर 2022 को हुई नितिन भंडारी की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। तीन सगे भाई गिरफ्तार किए गए हैं। इनकी पहचान आजाद और नौशाद के तौर पर हुई है। तीसरा नाबालिग है। अम्मी गुलशन सहित इनकी गिरफ्तारी 5 दिसंबर को हुई। पता चला है कि उधार का पैसा माँगने के चलते इन्होंने नितिन की हत्या की थी।

मिली जानकारी के मुताबिक 35 वर्षीय नितिन मूल रूप से पौड़ी जिले के पाबो ब्लॉक के गाँव चोड़िख का रहने वाला था। वह हरिद्वार में एक फैक्ट्री में काम करता था। नितिन के घर से कुछ ही दूरी पर भगवानपुर थाना क्षेत्र के ईदगाह कॉलोनी में गुलशन अपने तीन बेटों के साथ रहती है। नौशाद की नितिन से दोस्ती थी। एक दिन नौशाद ने प्लॉट खरीदने के नाम पर नितिन से ढाई लाख रुपए उधार ले लिए। बाद में पैसे लौटाने में आनाकानी करने लगा। इसके चलते नितिन और नौशाद के रिश्तों में तल्खी आ गई।

27 नवंबर को भी नितिन पैसे माँगने नौशाद के घर गया था। गर्मागर्म बहस के बाद मामला हाथापाई तक पहुँच गया। इसके बाद नौशाद ने नितिन को जमीन पर पटक उसका गला गमछे से घोंट दिया। नौशाद के परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उसका साथ दिया। नितिन की हत्या के बाद उसकी लाश के साथ नौशाद का पूरा परिवार रात भर सोया। अगले दिन आरोपितों ने बाजार से अनाज की टंकी खरीदी और उसमें नितिन की लाश को रख उसे ठिकाने लगाने के लिए सही समय का इंतजार कर रहे थे।

2 दिनों तक नौशाद का पूरा परिवार नितिन की लाश के साथ रहा। लेकिन जब अनाज की टंकी से खून निकलने लगा तो आरोपित शव को वहीं छोड़ और घर में ताला लगा भाग निकले। बाद में घर की तलाशी के दौरान पुलिस को नितिन की लाश बरामद मिली थी। लाश की जेब में मिली पर्ची से उसकी कम्पनी और कम्पनी से मिली जानकारी से नितिन के घर वालों को सम्पर्क किया गया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर जाँच शुरू कर की। इस दौरान पुलिस ने उस पिकअप चालक को खोज निकाला जो आरोपितों का सामान लेकर गया था। पिकअप चालक ने अपनी बुकिंग के लिए आए एक बुलेट का नंबर बताया जो आरोपितों की निकली। इसी नंबर से पुलिस आरोपितों तक पहुँची।

जाँच के दौरान पुलिस ने पाया कि गुलशन और उसके परिवार को किराए पर रखने वाले मकान मालिक ने सत्यापन नहीं करवाया था। इस बावत जल्द ही मकान मालिक पर कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस ने जाँच के दौरान कुछ मोबाइल नंबर जुटाए जिनकी लोकेशन नोएडा, बुलंदशहर और राजस्थान दिखा रही थी। पुलिस ने इन लोकेशनों पर छापेमारी करते हुए अलग-अलग दिनों में सभी 4 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। उनके पास से गैस सिलेंडर, फ्रिज, बुलेट, मोबाइल फोन, मृतक नितिन का पैन कार्ड और ATM कार्ड के साथ 1 लाख 10 हजार रुपए कैश बरामद किए गए हैं। मामले में शामिल 3 आरोपितों को जेल और एक अन्य नाबालिग को बाल सुधर गृह भेजा गया है। नितिन की शादी साल 2018 में हुई थी। वह लगभग 6 साल से हरिद्वार की एक दवा कम्पनी में काम करता था। उसके पिता को 2019 में लकवा मार चुका है। घर में माँ के साथ 2 बहनें हैं।

गुजरात में भूपेंद्र तोड़ेंगे नरेंद्र का रिकॉर्ड तो हिमाचल में कड़ी टक्कर में BJP आगे: देखें किस चैनल का एग्जिट पोल क्या कहता है, MCD में चल सकती है झाड़ू

गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा तथा दिल्ली में नगर निगम (MCD) चुनाव के लिए मतदान हो चुके हैं। गुजरात और हिमाचल प्रदेश का चुनाव परिणाम गुरुवार (8 दिसंबर 2022) को सामने आएँगे। वहीं, दिल्ली नगर निगम चुनाव के परिणाम बुधवार (7 नवंबर 2022) को घोषित किए जाएँगे। इन तीनों ही चुनावों को लेकर एग्जिट पोल्स सामने आ चुके हैं। आइये देखें, एग्जिट पोल्स में किसकी सरकार बनते हुए दिख रही है।

गुजरात में फिर एक बार भाजपा सरकार

गुजरात विधानसभा चुनावों को लेकर सामने आए एग्जिट पोल्स (Gujarat EXIT Poll) में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के आसार नजर आ रहे हैं। आज तक के एग्जिट पोल के अनुसार, गुजरात की कुल 182 सीटों में भाजपा को 129-151 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, कॉन्ग्रेस को 16-30 सीटें मिलने का अनुमान है।

TV9 के एग्जिट पोल के अनुसार, गुजरात में सत्ताधारी भाजपा को 125-130 सीटें तो वहीं कॉन्ग्रेस के खाते में 40-45 सीटें जाती दिख रहीं हैं। TV9 के एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी को पाँच सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।

इसके अलावा, गुजरात न्यूज एक्स-जन की बात के एग्जिट पोल में भी बीजेपी 117-140 सीटों के साथ वापसी करती हुई दिख रही है। जबकि, कॉन्ग्रेस 34-51 सीटें व आम आदमी पार्टी के खाते में, 6-13 सीटें जा सकतीं हैं।

एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार, गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को 140 सीटें कॉन्ग्रेस को 23 आप को 15 और अन्य को 4 सीटें मिलने का अनुमान है।

दिल्ली यूनिवर्सिटी के एग्जिट पोल के अनुसार, गुजरात में कॉन्ग्रेस का लगभग सूफड़ा साफ हो सकता है और बीजेपी को कुल 182 में से 167 सीटें मिल सकतीं हैं। जबकि कॉन्ग्रेस को महज 4 सीटें ही मिलने का अनुमान है। यदि वास्तव में होता है तो यह गुजरात के इतिहास में कॉन्ग्रेस की अब तक की सबसे बड़ी हार होगी।

हिमाचल में भी बनती दिख रही है भाजपा की सरकार, कुछ सीटों के परिणाम बदल सकते हैं खेल

हिमाचल प्रदेश चुनाव की बात करें तो अब तक सामने आए एग्जिट पोल (Himachal EXIT Poll) में यहाँ भी बीजेपी बहुमत के साथ सरकार बनाती दिख रही है। हालाँकि, कुछ पोल्स में भाजपा और कॉन्ग्रेस में कड़ी टक्कर दिखाई गई है। यदि, दोनों ही राजनीतिक दलों को पूर्ण बहुमत नहीं मिलता है तब अन्य दलों या निर्दलीय प्रत्याशी सरकार बनाने का फैसला कर सकते हैं।

ज़ी न्यूज़ और बार्क के एग्जिट पोल के अनुसार, हिमाचल प्रदेश की 68 सीटों में से बीजेपी कक 38 सीटें तो वहीं, कॉन्ग्रेस को 28 और आम आदमी पार्टी को 2 सीटें मिलने का अनुमान है। इंडिया टीवी के एग्जिट पोल में, भाजपा 35-40 सीटें प्राप्त कर सकती है। वहीं, कॉन्ग्रेस को 26-31 सीट मिलने का अनुमान है। जबकि, AAP का खाता खुलता नहीं दिख रहा है।

इसके अलावा, टाइम्स नाउ नवभारत के एग्जिट पोल में भी हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के आसार हैं। यहाँ भाजपा को 34-42 सीटें मिलने का अनुमान जताया जा रहा है। वहीं, कॉन्ग्रेस को 24-32 सीटें मिल सकती हैं। अन्य को 3 सीटें मिलने की बात कही गई है।

‘न्यूज 24’ और ‘चाणक्य टुडे’ के एग्जिट पोल में, भाजपा और कॉन्ग्रेस के बीच काँटे की टक्कर देखने को मिल रही है। इस एग्जिट पोल के अनुसार, भाजपा और कॉन्ग्रेस दोनों के बीच 42-42% वोट शेयर मिला है। इस प्रकार, दोनों ही पार्टियाँ 33-33 सीटें प्राप्त कर सकती हैं। हालाँकि, यह भी कहा गया है कि 7 सीटें कम या ज्यादा हो सकतीं हैं।

दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत

दिल्ली नगर निगम चुनाव में अब तक कब्जा करती आई भाजपा को बड़ा नुकसान हुआ है। एग्जिट पोल्स (Delhi MCD EXIT Poll) के पोल यानी पोल ऑफ पोल के अनुसार, दिल्ली में आम आदमी पार्टी को कुल 250 में से 146-156 सीटें मिलती दिख रहीं हैं। वहीं, भाजपा को 89-94 और कॉन्ग्रेस को महज 6-10 सीटें मिलने का अनुमान है। यानी गुजरात, हिमाचल प्रदेश औए दिल्ली तीनों जगह कॉन्ग्रेस वोटों के लिए तरसती नजर आ रही है।

टाइम्स नाउ नवभारत ईटीजी के एग्जिट पोल के अनुसार, दिल्ली MCD के चुनाव में, AAP को 146-156 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, बीजेपी को 89-94 सीटें मिलती दिख रहीं हैं व कॉन्ग्रेस के खाते में 6-10 सीटें जा सकतीं हैं। जी न्यून-बार्क के एग्जिट पोल में भी आप की सरकार बनती दिख रही है। इस पोल के अनुसार दिल्ली MCD में, AAP को 134-146 सीट, वहीं बीजेपी को 82-94 और कॉन्ग्रेस को 8-14 सीट मिलने की बात कही गई है।

इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में दिल्ली MCD की कुल 250 सीटों में से आप को 149-171 सीट, बीजेपी को 69-91 तथा कॉन्ग्रेस को 3-7 सीटें मिलने के आसार जताए जा रहे हैं।