दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक महिला ने बताया कि बजिंदर सिंह ने उसे नशा देकर रेप किया और उसका वीडियो बना कर ब्लैकमेल करने लगा। बजिंदर ने कहा कि अगर वह उसके पास नहीं गई तो वीडियो वायरल कर देगा। इतना ही नहीं उसे श्मशान भेजा और तंत्र-मंत्र के लिए जलती चिता की राख और खोपड़ी लाने का आदेश दिया। वह 4 बार श्मशान गई और जलती हुई राख और खोपड़ियाँ लेकर आई। पूरी रात वह मंत्र पढ़ता था और तांत्रिक पूजा करता था। इस दौरान महिला को उसके साथ बैठना पड़ता था।
महिला ने तंग आकर उसके खिलाफ पुलिस कंप्लेन करने की धमकी दी। इसके बाद महिला पर चोरी का इल्जाम लगाया गया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। हालाँकि पुलिस को उसके पास से कुछ नहीं मिला और उसे छोड़ दिया गया। महिला के मुताबिक उसने 2018 में सबसे पहले पादरी बजिंदर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी, वो गिरफ्तार भी हुआ लेकिन 3 महीने में ही जेल से बाहर आ गया।
केस खत्म करने के लिए उसने महिला को 10 लाख रुपए ऑफर किए थे, लेकिन महिला नहीं मानी। इसके बाद उसके पति को झूठे रेप केस में फँसाया। यहाँ तक कि महिला पर रेप में मदद करने का आरोप भी लगाया। इस मामले में दोनों पति-पत्नी अभी बेल पर हैं। महिला और उसके पति को परेशान करने का सिलसिला थमा नहीं है।
महिला के मुताबिक बजिंदर को रेपिस्ट करने पर जालंधर में उनदोनों के खिलाफ केस दर्ज हुआ। ये केस चर्च के प्रधान ने कराया। इसमें दोनों बरी हो गये। एक और केस चंडीगढ़ में किया गया। इसमें महिला के पति पर नशा देकर रेप करने का आरोप है।
एक और मामला हिमाचल प्रदेश के मंडी में दर्ज किया गया है। इसमें आरोप लगाया गया कि महिला ने लड़की का किडनैप किया। महिला के पति और ड्राइवर ने मिलकर रेप किया। इस केस में महिला के तरफ से फर्जी वकील भी कोर्ट में खड़ा था। उसके बेल की अर्जी रिजेक्ट भी हो गयी।
एक दूसरी महिला अनीशा (बदला हुआ नाम) ने फरवरी 2025 में बजिंदर सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। महिला के मुताबिक बजिंदर सिंह प्रोफेट या पादरी नहीं है बल्कि शैतान है जो फर्जी चमत्कार की बात करके लोगों को बरगलाता है। अनीशा के मुताबिक, ” 2017 में बजिंदर ने उसे गंदे तरीके से छुआ। उस वक्त वह मात्र 13 साल की थी। मुझे लगा कि शायद ये गलती से हुआ है। 2020 से वह बहाने बनाकर अकेले अपने ऑफिस बुलाने लगा। मेरे साथ सब कुछ हुआ,
बस रेप नहीं हुआ”
दरअसल 2017 में अनीशा अपने माँ के साथ चर्च जाने लगी थी। एक साल बजिंदर ने उसकी माँ को अपनी टीम में शामिल कर लिया। वह हमेशा अनीशा को सेवा के लिए बुलाने का दबाव डालता। अनीशा के मुताबिक उसकी माँ ने 2020 में उसे सेवा के लिए पहली बार भेजा। उसे फिर अकेले बजिंदर बुलाने लगा। उसे बैड टच के बाद गंदे मैसेज भी करने लगा। बात बैड टच से आगे बढ़ गई और अनीशा को डिप्रेशन होने लगा। अनीशा कहती है कि जब भी उसे बुलावा आता, वह पैनिक हो जाती, लेकिन मजबूरन जाना पड़ता था।
अनीशा की माँ बजिंदर के बुलावे को यीशू का संदेश समझती और उसे भेज देती। अनीशा को बजिंदर ने धमकी दी कि अगर उसने मुँह खोला तो उसके पूरे परिवार को मार देगा।
अनिशा के मुताबिक बजिंदर कहता,” मैंने बहुत लोगों को मारा है, तुम्हें भी मार दूँगा और कोई मेरा कुछ नहीं कर पाएगा।”
बजिंदर ने अनीशा की माँ को धमकी दी कि अगर किसी से कुछ कहा तो परिवार की बेइज्जती करेंगे। अनीशा के पिता को लड़की की छेड़छाड़ के आरोप में फँसाया।
अनीशा कहती है कि चर्च में कई लड़कियों के साथ बजिंदर ने जोर जबरदस्ती की। एक लड़की के माता-पिता अभी भी चर्च में काम करते हैं। उन्हें बजिंदर के करतूतों के बारे में सब पता है लेकिन वे डरते हैं।
अनिशा के मुताबिक चर्च से कई लड़के-लड़कियाँ गायब भी हुए। अनीशा ने 7 साल तक बजिंदर के साथ काम किया है। वह कहती हैं कि ” वह कोई चमत्कार नहीं करता, सबकुछ योजनाबद्ध तरीके से होता है। उसकी टीम आगे की लाइन में बैठती है। जो भी मंच तक पहुँचते हैं सब पहले से तय होता है। मेरी तो आँखों के सामने ये सब होता था।”
कौन है पादरी बजिंदर सिंह?
पादरी बजिंदर सिंह हरियाणा के करनाल का रहने वाला है। उसका जन्म यमुनानगर में हुआ था। उसके चर्च की देशभर में करीब 260 शाखाएँ हैं। मोहाली के न्यू चंडीगढ़ में सबसे बड़ा चर्च है। जालंधर के ताजपुर में पादरी बजिंदर सिंह एक चर्च चलाता है, जिसे ग्लोरी ऑफ विजडम चर्च कहा जाता है।
करीब 15 साल पहले एक हत्या के मामले में उसे सजा मिली। वह जेल से निकला और ईसाई धर्म स्वीकार कर लिया। वह बीमारियों का इलाज करने का दावा करता है। उसकी सभाओं में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ती है। उसके यूट्यूब चैनल पर करीब 37 लाख सब्सक्राइबर हैं। अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, इजरायल, मॉरिशस, मलयेशिया तक में शाखाएँ हैं और उसके अनुयायी उसे ‘पापा जी’ कहते हैं।