उत्तर प्रदेश के कानपुर में ‘I Love Muhammad’ के बैनर को लेकर शुरू हुआ बवाल अब देश के दूसरे हिस्सों में पहुँच रहा है। ‘आई लव मोहम्मद’ लिखने पर FIR दर्ज करने का दावा कर इस्लामी कट्टरपंथी देश में अलग-अलग जगहों पर हिंसक प्रदर्शन कर रहे हैं। रविवार (21 सितंबर 2025) को कट्टरपंथियों की भीड़ ने उन्नाव में जमकर हंगामा किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्नाव में 100 से अधिक मुस्लिम समुदाय के लोग बिना अनुमति के कानपुर की घटना के विरोध में जुलूस निकालने लगे। इसमें ना केवल पुरुष बल्कि बड़ी संख्या में महिलाएँ भी शामिल थीं।
इस दौरान जुलूस में ‘सर तन से जुदा’ जैसे नारे खुलेआम लगाए गए, पुलिस पर हमला और उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। गंगाघाट कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह की वर्दी फाड़ दी गई। पुलिस ने समझाने की कोशिश की तो कट्टरपंथी भीड़ ने पुलिस पर ही पथराव करना शुरू कर दिया।
हालात इतने बिगड़ गए कि मजबूरन पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके चलते मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। हंगामे के बाद दंगा नियंत्रण वाहन और PAC केे जवानों की तैनाती की गई, कई थानों से फोर्स मँगवाई गई जिसके बाद हालातों पर काबू पाया जा सका। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस ने इस मामले में बवाल करने वाले 6 लोगों को हिरासत में लिया है, इसके बाद जिन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया उनके परिजन और समर्थकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस की शुरुआती जाँच में सामने आया है कि जुलूस से पहले सोशल मीडिया पर ‘I Love Muhammad’ से जुड़े भड़काऊ पोस्ट भी किए गए थे। पुलिस की साइबर सेल अब इन पोस्ट की जाँच कर रही है। वहीं, पुलिस ने हंगामा करने वाले लोगों की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई की जा रहा है।
30 लोगों के खिलाफ FIR
उन्नाव पुलिस ने इस घटना के बाद 8 नामजद समेत 30 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि जिले में धारा 163 लागू थी जिसके चलते लोगों को इकट्ठा होना मना था फिर भी बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए हैं। साथ ही, उपद्रवियों द्वारा किए गए पथराव से ना केवल दुकानों को बल्कि कई घरों को भी नुकसान पहुँचा है।
कानपुर में सिर्फ ‘I Love Muhammad’ को लेकर नहीं हुई FIR
देशभर में प्रदर्शन कर रहे लोगों का दावा है कि कानपुर में ‘I Love Muhammad’ का बैनर लगाने को लेकर FIR दर्ज की गई है। इस कथित FIR के चलते ही मुस्लिम समाज के लोग देशभर में प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन असली कहानी कुछ और ही है।
दरअसल, इस महीने की शुरुआत में कानपुर में बारावफात के जुलूस के दौरान मुस्लिम कट्टरपंथियों ने हिंदुओं के एक धार्मिक बैनर को फाड़ दिया था। जो FIR की मुख्य वजह बना था। इस तथ्य को नजरअंदाज कर इस्लामी कट्टरपंथियों की देशभर में हंगामा करने पर आमादा नजर आ रही है।


