इंद्रप्रस्थ विश्व संवाद केंद्र की ओर से दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब के स्पीकर हॉल में रविवार (16 जून 2026) को देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 12 पत्रकारों और कंटेन्ट क्रिएटर्स को नवाजा गया। इनमें ऑपइंडिया की वरिष्ठ सह संपादक पूजा राणा को ‘उत्कृष्ट युवा पत्रकार’ की उपाधि से सम्मानित किया गया।
देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान 2026 से सम्मानित हुए पत्रकारों का चयन प्रक्रिया में निर्णायक मंडल में डीडी न्यूज की महानिदेशक ममता वर्मा, अमर उजाला समूह के वरिष्ठ सलाहकार संपादक राज किशोर, एनडीटीवी इंडिया के प्रबंध संपादक रोहित विश्वकर्मा, नेटवर्क 18 के समूह संपादक (कन्वर्जेंस) ब्रजेश कुमार सिंह, आईटीवी नेटवर्क की मैनेजिंग डायरेक्टर ऐश्वर्या पंडित और ब्लू क्राफ्ट फाउंडेशन के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हरीश चंद्र बर्णवाल शामिल रहे। जूरी ने सभी प्रविष्टियों का मूल्यांकन करने के बाद 12 श्रेणियों के विजेताओं का चयन किया।
इन पत्रकारों को मिला सम्मान:
- ऑपइंडिया की वरिष्ठ सह संपादक पूजा राणा को उत्कृष्ट युवा पत्रकार
- नो द नेशन की संपादक गरिमा उप्रेती को उत्कृष्ट स्त्री सरोकार/महिला संवेदना पत्रकारिता
- किसान तक की हिमानी दीवान को उत्कृष्ट ग्रामीण/पर्यावरण पत्रकारिता
- द पेम्फलेट के प्रभात रंजन मिश्रा को उत्कृष्ट साहसिक पत्रकार
- प्रभासाक्षी के संपादक नीरज कुमार दुबे को उत्कृष्ट डिजिटल पत्रकार
- दैनिक जागरण के निहाल सिंह को उत्कृष्ट पत्रकार (प्रिंट)
- पीटीआई वीडियो के डॉ. राम किंकर सिंह को उत्कृष्ट पत्रकार (टीवी)
- शाश्वत पाणिग्राही को उत्कृष्ट स्तंभकार
- हिंदुस्तान समाचार के संपादक रामानुज शर्मा को उत्कृष्ट अभिनव पत्रकार
- पूब्लिक मित्र के विमल त्यागी को उत्कृष्ट कंटेन्ट क्रिएटर (यूट्यूब)
- मयंक बालियान को उत्कृष्ट कंटेन्ट क्रिएटर (एक्स)
- मनोज्ञा तिवारी को उत्कृष्ट कंटेन्ट क्रिएटर (इंस्टाग्राम)
इस समारोह में एनडीटीवी के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अपने संबोधन में राहुल कंवल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में भी पत्रकारिता की मूल भावना को कोई तकनीक प्रतिस्थापित नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि देवऋषि नारद की तरह पत्रकारों को लोगों के बीच जाकर उनकी बात सुननी चाहिए और घटनाओं के संदर्भ को समझना चाहिए। यही मानवीय संवेदनाएँ पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत हैं।
साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने मुख्य वक्ता के तौर पर कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का दायित्व समाज की सच्चाई को सामने लाना है ताकि सकारात्मक और जागरूक समाज का निर्माण हो सके। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे हर समस्या को केवल राजनीतिक नजरिए से न देखें और खबरों के माध्यम से राष्ट्रीय हितों तथा मानवता के मूल्यों को मजबूत करने का प्रयास करें।
इसके अलावा संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर, दिल्ली प्रांत प्रचारक विशाल और दिल्ली प्रांत सह कार्यवाह राजेश कुमार भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।


