तुर्किये के तटीय शहर अंताल्या में 9 नवंबर से चल रहा संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन COP31 आखिरकार बिना किसी आम सहमति या पक्के समझौते के खत्म हो गया है। तय कार्यक्रम के मुताबिक यह बैठक शुक्रवार (20 नवंबर 2026) को खत्म होनी थी, लेकिन करीब 200 देशों के प्रतिनिधियों के बीच खींचतान इतनी गहरी रही कि बातचीत दो दिन और खिंची और रविवार (22 नवंबर 2026) को समापन सत्र में यह टूट गई। इसके साथ ही अंताल्या सम्मेलन इतिहास की सबसे लंबी COP बैठक बन गया, लेकिन इसका मुख्य राजनीतिक प्रस्ताव यानी ‘अंताल्या पैक्ट’ मंजूर नहीं हो सका। साल 2009 में डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में हुए सम्मेलन के बाद यह पहला मौका है जब दुनिया के देश जलवायु संकट से निपटने के किसी साझा दस्तावेज पर दस्तखत किए बिना लौटे हैं।
इस पूरी कवायद के बीच सबसे कड़वी सच्चाई यह सामने आई है कि जलवायु परिवर्तन की मार झेल रहे भारत और दूसरे विकासशील देशों को इस संकट से लड़ने के लिए अपनी ही जेब ढीली करनी पड़ रही है, जबकि अमीर और विकसित देश अपनी ऐतिहासिक जिम्मेदारी से बचते दिखे।
सम्मेलन के आखिरी दौर में आए समझौते के मसौदे से कोयला, तेल और गैस यानी जीवाश्म ईंधन (Fossil Fuels) को चरणबद्ध तरीके से खत्म करने या उनसे दूर जाने का साफ जिक्र तक हटा दिया गया। इतना ही नहीं, 2035 तक विकासशील देशों को अनुकूलन यानी हालात के हिसाब से खुद को ढालने (Adaptation) के लिए हर साल 120 अरब डॉलर की मदद देने का तय आंकड़ा भी मसौदे से गायब कर दिया गया। यूरोपीय संघ, ब्रिटेन और जलवायु संकट से सबसे ज्यादा प्रभावित छोटे द्वीपीय देशों ने इस मसौदे को कम महत्वकांक्षी बताते हुए खारिज कर दिया। वहीं भारत ने इसे न तो स्वीकार किया और न ही खारिज, बल्कि साफ कहा कि वह बहुपक्षीय बातचीत का हिस्सा बना रहेगा, लेकिन अपने विकास और नागरिकों के अधिकारों से समझौता नहीं करेगा।
बातचीत के आखिरी हफ्ते में जब मामला तकनीकी जानकारों के हाथ से निकलकर मंत्रियों तक पहुँचा, तो मतभेद और बढ़ गए। रविवार, 22 नवंबर को जब अंताल्या पैक्ट का आखिरी मसौदा सामने आया, तो समापन सत्र में हंगामा मच गया। इस मसौदे में जीवाश्म ईंधन से दूरी का जिक्र न होने के बजाय कार्बन कैप्चर, यूटिलाइजेशन एंड स्टोरेज (Carbon Capture, Utilisation and Storage) यानी कार्बन को हवा में फैलने से रोककर उसका इस्तेमाल करने और जमीन के नीचे दबाने की तकनीक को 2035 तक बड़े पैमाने पर बढ़ाने की बात कही गई।
वहीं गरीब देशों के लिए 120 अरब डॉलर सालाना की तय रकम हटाकर सिर्फ बिना बाध्यता वाला ‘अंताल्या-से-अदीस अबाबा अनुकूलन वित्त रोडमैप’ रख दिया गया। यूरोपीय संघ की ओर से बोलते हुए आयरलैंड के मंत्री डारा ओ’ब्रायन ने इस समझौते को ‘ग्रीनवॉशिंग’ यानी दिखावटी हरियाली करार देते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “हम अपने नागरिकों की ओर से यह बात कह रहे हैं। ये फैसले जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए जरूरी महत्वाकांक्षा के स्तर के आसपास भी नहीं हैं। यह स्वीकार नहीं किया जा सकता कि किसी जलवायु समझौते में जीवाश्म ईंधन का नाम तक न हो।” दूसरी तरफ अरब लीग देशों की ओर से सऊदी अरब के प्रतिनिधि मोहम्मद अयूब ने बचाव करते हुए कहा कि कई मुद्दों को बातचीत से बाहर रखे जाने के बावजूद अरब देशों ने सद्भावना से चर्चा जारी रखी और मसौदे में ऐसे कई हल हैं जिनसे जमीन पर काम आगे बढ़ सकता है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने रविवार को बयान जारी कर गहरी निराशा जताई। बड़ी तेल-गैस कंपनियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ये कंपनियां “बड़ी तंबाकू कंपनियों की चाल अपना रही हैं। वे वैज्ञानिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करती हैं, नीतिगत फैसलों में देरी करती हैं, कार्रवाई को रोकती हैं और भारी मुनाफा कमाती हैं, जबकि दुनिया भर के लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़ती है।” गुटेरेस ने चेतावनी दी कि “भले ही बातचीत के कमरे में आम सहमति न हो, लेकिन विज्ञान में कोई अस्पष्टता नहीं है” और अमीर देशों से जलवायु कोष देने का वादा पूरा करने की अपील की।
इस पूरे गतिरोध के बीच भारत का रुख बेहद साफ और अपने हितों की रक्षा करने वाला रहा। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सम्मेलन के उच्चस्तरीय सत्र में कहा कि जलवायु कार्रवाई का रास्ता समानता, न्याय और ‘कॉमन बट डिफरेंशिएटेड रिस्पॉन्सिबिलिटीज’ यानी साझा लेकिन अलग-अलग जिम्मेदारियों (Common but Differentiated Responsibilities) के सिद्धांत पर आधारित होना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि दो सौ साल तक औद्योगिक विकास और आर्थिक समृद्धि के नाम पर प्राकृतिक संसाधनों का भारी दोहन कर ग्रीनहाउस गैसें छोड़ने वाले अमीर देशों के बजाय विकासशील देशों पर ज्यादा दबाव डालना कितना न्यायसंगत है। भूपेंद्र यादव ने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के खिलाफ नहीं हैं और गरीब देशों को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सम्मानजनक जीवन की उम्मीदों से समझौता करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।
इससे पहले, 22 अक्टूबर 2026 को बर्लिन ग्लोबल डायलॉग में केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी यूरोपीय संघ के कार्बन बॉर्डर टैक्स यानी कार्बन बॉर्डर एडजस्टमेंट मैकेनिज्म (Carbon Border Adjustment Mechanism) को एकतरफा व्यापार बाधा बताते हुए सख्त चेतावनी दी थी। पीयूष गोयल ने आँकड़ों के जरिए बताया था कि दुनिया की 17 प्रतिशत आबादी वाले भारत का ऐतिहासिक वैश्विक कार्बन उत्सर्जन में हिस्सा 3 प्रतिशत से भी कम है, जबकि आज भी एक औसत भारतीय के मुकाबले औसत यूरोपीय नागरिक करीब ढाई गुना ज्यादा कार्बन उत्सर्जन करता है।
अंताल्या के वातानुकूलित कमरों में भले ही अमीर देश शब्दों और मसौदों में उलझे रहे हों, लेकिन भारत की जमीन पर जलवायु परिवर्तन रोज नई तबाही लिख रहा है। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (centre for science and environment) और डाउन टू अर्थ की 4 नवंबर 2026 को जारी ‘क्लाइमेट इंडिया 2026’ रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2026 के पहले नौ महीनों (जनवरी से सितंबर) के 273 दिनों में से 251 दिन देश के किसी न किसी हिस्से में चरम मौसमी घटना (extreme weather event) दर्ज की गई। इन नौ महीनों में 3,220 लोगों की मौत हुई, 42.5 लाख हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई, 1,28,334 घर पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए और 47,244 पशुओं की जान गई।
अमीर देशों की मदद के नाम पर कर्ज के जाल की तस्वीर भी चौंकाने वाली है। आर्थिक सहयोग और विकास संगठन यानी ओईसीडी (Organisation for Economic Co-operation and Development) की 21 मई 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में विकसित देशों ने विकासशील देशों के लिए 136.7 अरब डॉलर का जलवायु वित्त दिया या जुटाया, लेकिन इसमें 67 प्रतिशत यानी 68.5 अरब डॉलर कर्ज के रूप में थे, जबकि बिना लौटाने वाली सीधी मदद यानी अनुदान (Grants) सिर्फ 29 प्रतिशत यानी 29.7 अरब डॉलर थी। भारत सरकार के आर्थिक सर्वेक्षण 2025–26 के आंकड़े बताते हैं कि भारत में शमन वित्त यानी उत्सर्जन घटाने से जुड़े खर्च का 83 प्रतिशत और अनुकूलन वित्त यानी जलवायु मार से बचाव के खर्च का 98 प्रतिशत हिस्सा देश के अपने घरेलू संसाधनों से आता है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्रोतों से महज करीब 2 प्रतिशत फंड ही मिल पाता है। नीति आयोग के फरवरी 2026 के अनुमान के मुताबिक, 2070 तक नेट-जीरो (Net-Zero) का लक्ष्य पाने के लिए भारत को 2025 से 2050 के बीच करीब 8 ट्रिलियन डॉलर की जरूरत होगी, जिसमें से 5 ट्रिलियन डॉलर सिर्फ बिजली क्षेत्र के लिए चाहिए।
सुंदरबन, ओडिशा तट, असम और राजस्थान जैसे संवेदनशील इलाकों में जमीनी हकीकत भी यही बताती है कि बाहरी मदद नाकाफी है। पश्चिम बंगाल में सुंदरबन डेल्टा की सुरक्षा परियोजनाओं में विश्व बैंक के कर्ज का बड़ा हिस्सा शामिल है, ओडिशा में तटीय सुरक्षा की बड़ी योजनाएं विदेशी कर्ज पर टिकी हैं, जबकि असम में बाढ़ राहत और राजस्थान में सूखे से निपटने का बड़ा बोझ राज्य और केंद्र के घरेलू खजाने पर ही पड़ता है। यही हाल पड़ोसी देशों पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल का भी है, जहाँ आपदाओं के बाद की जरूरतों के मुकाबले मिलने वाली मदद बेहद कम और ज्यादातर कर्ज के रूप में रही है।
अंताल्या सम्मेलन की विफलता का सबसे खतरनाक पहलू यह है कि धरती के तापमान को पूर्व-औद्योगिक स्तर से 1.5 डिग्री सेल्सियस ऊपर जाने से रोकने का पेरिस समझौते का लक्ष्य भी फिसलता दिख रहा है। अब दुनिया 2027 में इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में होने वाले COP32 की ओर देखेगी। बड़ा सवाल यही है कि अदीस अबाबा पहुँचने तक क्या अमीर देशों का रवैया बदलेगा, या फिर महाराष्ट्र और राजस्थान के सूखा प्रभावित किसान, असम के बाढ़ पीड़ित, सुंदरबन के द्वीपवासी और शहरों में तपती धूप में काम करने वाले गरीब मजदूर अपने देश के सीमित खजाने और अपनी मेहनत की कमाई के सहारे इस वैश्विक संकट की कीमत चुकाते रहेंगे।
मूल रूप से ये रिपोर्ट Chapter1Mag पर प्रकाशित है। मूल रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।


