Home Blog Page 1693

लालू जी ने सही कहा है, PM-CM बाल-बच्चेदार ही अच्छे; क्योंकि चाराखोरी का आनंद अकेले-अकेले में नहीं है

बिहार के सजायाफ्ता पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव वैसे स्वच्छंद तो स्वास्थ्य के आधार पर हैं, लेकिन आजकल अपने स्वास्थ्य से ज्यादा राजनीतिक बयानों को लेकर चर्चा में हैं। अचानक से फेसबुक फीड में उनके पुराने भाषण दौड़ रहे हैं। ट्विटर पर वीडियो धड़ाधड़ शेयर किए जा रहे हैं। मानो लालू जी कह रहे हों;

वो पुराने दिन
वो सुहाने दिन
आशिकाने दिन
ओस की नमी में भीगे
वो पुराने दिन
दिन गुजर गए
हम किधर गए
पीछे मुड़ के देखा पाया
सब ठहर गए…

जब देश में आम चुनाव नजदीक हो तो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर अपने नेता को प्रमोट करने के लिए कैंपेन चलाना बनता है। भले सजायाफ्ता हो, पर नेता तो नेता है, सो उसका सक्रिय होना भी बनता है। खुद मीडिया से बातचीत करते हुए लालू यादव कह भी चुके हैं कि अब वे पूरी तरह फिट हैं। अब इसे उनकी फिटनेस का सर्टिफिकेट मान अदालत ने उनकी कारागार वापसी के आदेश नहीं दिए तो 2024 के आम चुनाव जितने करीब आते जाएँगे लालू यादव की पॉलिटिकल फिटनेस आपको उतनी ही बढ़ती दिखेगी।

पटना में विपक्षी दलों के प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी फिटनेस का ऐलान करने वाले लालू यादव 6 जुलाई 2023 को दिल्ली में थे। मेडिकल चेकअप करवाने। व्हील चेयर पर बैठे-बैठे ही मीडिया से बतिया भी रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कहा कि पीएम जो भी हो, उसे बिना पत्नी के नहीं रहना चाहिए। कोई भी प्रधानमंत्री बिना पत्नी के नहीं रहना चाहिए। बिना पत्नी के जो लोग पीएम आवास में रहते हैं, वह गलत है।

इसके अलावा भी लालू यादव ने महाराष्ट्र से लेकर विपक्षी राजनीति तक कई सारी बातें की। पर उनका यह बयान चर्चा में आ गया। ठीक उसी तरह, जैसे पटना में विपक्षी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कॉन्ग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी से शादी करने के लिए कहा गया उनका ‘दुल्हा बनिए’ वाला बयान आया था।

लालू यादव के इस बयान की कई तरह से व्याख्या भी होगी। स्वनामधन्य राजनीतिक विश्लेषक इसमें भी कोई राजनीतिक दूरदर्शिता खोज लेंगे। कुछ इसे लालू जी का चुटीला अंदाजा बता नजरंदाज कर देंगे। कुछ सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर व्यक्तिगत हमला। पर दरअसल यह लालू जी का अनुभव है, जिसके आधार पर उन्होंने यह संदेश देना चाहा है कि नेताओं को चाहे वह प्रधानमंत्री हो या मुख्यमंत्री ही क्यों न हों, उन्हें बाल-बच्चेदार होना चाहिए।

जब पत्नी होगी तभी तो आप जेल जाते समय उसे अपनी कुर्सी दे सकते हैं। उसे एक राज्य की छाती पर बिठा सकते हैं। जैसे लालू जी ने राबड़ी देवी जी को बिठाया था। परिवार हो तभी तो आप पशुओं के आहार में भी घोटाले की संभावना खोज सकते हैं। जैसे लालू जी के राज में हुआ चारा घोटाला। जिससे जुड़े मामलों में वे दोषी करार भी दिए जा चुके हैं। परिवार होगा तभी तो आप उनके नाम पर जमीन लेकर जनता को नौकरी देंगे। जैसा लालू जी के रेल मंत्री रहते रेलवे में हुआ।

परिवार होता है तभी किसी व्यक्ति का साला सामानांतर सरकार बन जाता है। परिवार होता है तभी किसी की बेटी के ब्याह में शोरूम से गाड़ियाँ उठाई जाती हैं। परिवार होता है तभी राजनीतिक विरासत आगे बढ़ती है। जितना बड़ा परिवार करने को लेकर उतनी ही संभावनाएँ। ऐसे में यदि कोई ऐसा व्यक्ति पीएम या सीएम बन जाए, जिसके लिए कहा जा सके कि आगे नाथ न पीछे पगहा तो करने की सारी संभावनाएँ मृत हो जाती हैं। नील बट्टे सन्नाटा। फिर वह पीएम-सीएम कहेगा कि मेरा खुद का क्या। जो है देश के लिए है। देश की जनता के लिए है। जो है देश का है। देश की जनता का है। जिस दिन उनका आदेश होगा झोला उठाकर प्रस्थान कर जाऊँगा।

जैसा आज के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं। जबकि पहले वालों के साथ पत्नी होती थीं तो नौसेना के जहाजों पर पार्टी भी हो जाती थी। भ्रष्टाचार की फाइलें भी खुलती थी। एक पत्नी के प्रधानमंत्री आवास में न होने ने ही कई संभावनाओं को मृत कर रखा है। लालू जी सही कहते हैं, बिना पत्नी के प्रधानमंत्री आवास में किसी को नहीं होना चाहिए। उनका होना खाने की प्रेरणा है। खाने का आनंद है। जब तक पत्नी नहीं होगी प्रधानसेवक कहता रहेगा न खाऊँगा, न खाने दूँगा। इसलिए लालू जी के दर्द को समझिए। नहीं खा पाने की तड़प को बूझिए।

दलित के मुँह में गंदगी भरी, जूतों की माला पहना घूमाया: शिव’राज’ में अब इस्लाम-आरिफ सहित 7 के घर पर चला बुलडोजर, NSA की भी हो रही डिमांड

मध्य प्रदेश के सीधी में अनुसूचित जनजाति समाज के व्यक्ति पर पेशाब करने के आरोपित प्रवेश शुक्ला पर कार्रवाई के बाद राज्य में शिवपुरी कांड के आरोपितों के घरों पर भी बुलडोजर चला है। दलितों के साथ अमानवीय व्यवहार करने वाले अजमत खान, वकील खान, आरिफ खान, शाहिद खान, इस्लाम खान, रईसा बानो और साइना बानो के घरों को गुरुवार (6 जुलाई 2023) को तोड़ दिया गया।

मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ट्वीट कर कहा, “शिवपुरी के नरवर में दलित व्यक्ति के साथ हुई तालिबानी घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। घटना में शामिल अजमल, आरिफ, शाहिद सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ NSA की कार्रवाई करने के साथ अतिक्रमण पर बुलडोजर भी चलाया जाएगा।”

कॉन्ग्रेस पर आरोप लगाते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा, “इस घृणित कार्य को दबाने के लिए कॉन्ग्रेस के लोगों द्वारा प्रशासन को फोन किए गए। पीड़ित दलित व्यक्ति को जूते की माला पहनाई गई, उसके मुँह में मलबा भरा गया और उसके साथ अमानुषिक अत्याचार किए गए।”

दरअसल, 30 जून 2023 को जिले के नरवर थाना क्षेत्र के वरखाड़ी गाँव में लड़कियों से छेड़छाड़ और चोरी के शक में आरोपितों ने दो दलित युवकों से मारपीट की थी। उनके गले में जूते-चप्पलों की माला डाल दी थी। उनके मुँह में गंदगी भरके मुँह को काला कर दिया था। उनके कपड़ों को आग लगा दी गई थी और फिर जुलूस निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया गया था।

मगरौनी चौकी प्रभारी ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर 7 आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें 2 आरोपित महिलाएँ हैं। आरोपितों के नाम अजमत खान, वकील खान, आरिफ खान, शाहिद खान, इस्लाम खान, रहीशा बानो और साइना बानो हैं। पुलिस ने आरोपित वकील खान को छोड़कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वकील खान की तलाश की जा रही है।

पीड़ित के भाई ने 3 जुलाई 2023 को जिले के पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी और उनके अतिक्रमण वाले मकान तोड़ने और वन भूमि को मुक्त कराने की माँग की थी। पीड़ित के भाई का कहना कि आरोपित वन भूमि पर अतिक्रमण किए हुए हैं। इसी के करीब से उनका गुजरने का रास्ता भी है।

पीड़ित के भाई ने कहा के आरोपित इस रास्ते को बंद करना चाहते हैं। इसके लिए वे षड्यंत्र रचते हैं और तरह-तरह के आरोप लगाते हैं। पीड़ित के भाई का कहना है कि आरोपित पहले भी जमीन की बाउंड्री पर करंट डालकर कई जानवरों की जान ले चुके हैं।

वन विभाग के SDO एलविन वर्मन ने बताया कि तीन लोगों ने लगभग तीन हेक्टेयर वन भूमि पर अतिक्रमण किया हुआ था। इसके विरुद्ध 19 सितंबर 2022 को केस दर्ज किया गया है। वन मंडलाधिकारी ने बेदखली का आदेश देते हुए कहा था कि वे अपने मन से अतिक्रमण हटा लें, लेकिन इन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। इसके बाद कार्रवाई की गई।

टिकटॉक, स्नैपचैट कॉपी करने के बाद अब ट्विटर की बारी: ‘Threads’ की लॉन्चिंग पर उड़ा मार्क जुकरबर्ग का मजाक, 11 साल बाद मीम ट्वीट करके की थी वापसी

ट्विटर को टक्कर देने के लिए मेटा कंपनी ने थ्रेड्स को लॉन्च किया। इसी के साथ मार्क जुकरबर्ग की ट्विटर पर 11 साल बाद वापसी हुई है। उन्होंने ट्विटर पर आते ही एक मीम शेयर किया जिसमें स्पाइडर मैन की ड्रेस में खड़े दो लोग एक दूसरे को हैरानी से देख रहे हैं।

जाहिर सी बात है ये ट्विटर को और एलन मस्क को ट्रोल करने के लिए मार्क जुकरबर्ग ने किया था क्योंकि थ्रेड्स के फीचर वही है जो ट्विटर देता है। ऐसे में थ्रेड्स की लॉन्चिंग, मार्क जुकरबर्ग का आना और एक मीम शेयर होना…अब ट्विटर पर ही चर्चा का विषय बन गया है।

सोशल मीडिया यूजर्स इसपर बहुत मीम बना रहे हैं। कोई मीम के जरिए दिखा रहा है कि कैसे एक ओर एलन मस्क अपनी प्लेटफॉर्म पर लगातार चेंज लगाने की कोशिशें कर रहे हैं तो वही जुकरबर्ग भी उनकी देखा-देखी थ्रेड्स ले आए हैं।

कई यूजर कहते हैं कि मार्क जुकरबर्ग ने 11 साल में पहली बार ट्वीट किया वो भी ट्विटर को ट्रोल करने के लिए…।

जुकरबर्ग के ट्वीट को अब तक 1 करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं। कुछ लोग तो मार्क जुकरबर्ग पर हर चीज कॉपी करने का इल्जाम भी लगा रहे हैं। एक यूजर कहता है कि जुकरबर्ग ने टिकटॉक से रील का फीचर कॉपी किया। स्नैपचैट से स्टोरी का फीचर कॉपी किया। पेड ब्लू टिक आइडिया एलन मस्क से लिया और अब पूरी ट्विटर एप की कॉपी करने के लिए थ्रेड्स को बना दिया है।

जुकरबर्ग ने इस प्लेटफॉर्म को रिलीज करते हुए कहा कि उनका विजन इंस्टाग्राम की सर्वोत्तम चीजों को लेकर एक ऐसा अनुभव तैयार करना है जहाँ लोग अपने विचारों को भी टेक्स्ट के माध्यम से डिस्कस कर पाएँ जो उनके दिमाग में चल रही हैं। जुकरबर्ग ने इसे लॉन्च करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि वर्ल्ड को फ्रेंडली माहौल की जरूरत है। मुझे खुशी है जो लोग थ्रेड्स का पहले ही दिन से पार्ट बने। अब ये ऐप एप्लीकेशन स्टोर पर उपलब्ध है।”

स्वीडन में अब 50 साल की महिला ने माँगी कुरान जलाने की इजाजत, इजरायली दूतावास के बाहर बाइबिल और टोरा जलाने के लिए भी आवेदन

स्वीडन में स्टॉकहोम की मस्जिद के सामने बकरीद पर कुरान जलाने के एक सप्ताह बाद फिर से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर प्रदर्शन की अनुमति माँगी गई है। कथित फ्री-स्पीच कार्यकर्ताओं ने यहूदियों की धार्मिक पुस्तक टोरा और ईसाइयों की धार्मिक पुस्तक बाइबिल को को जलाने की अनुमति के लिए पुलिस के समक्ष तीन आवेदन दिए हैं।

स्थानीय पुलिस ने बुधवार (5 जुलाई 2023) को स्वीडन के सरकारी ब्रॉडकास्टर को बताया कि उसे 30 साल के एक व्यक्ति ने 15 जुलाई को स्टॉकहोम में इज़राइल के दूतावास के बाहर यहूदी और ईसाई धर्मग्रंथों को जलाने का आवेदन प्राप्त हुआ था। यह प्रदर्शन ‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की प्रतीकात्मक सभा’ के रूप में आयोजित करने के बारे में बताया गया।

पुलिस ने बताया कि स्टॉकहोम में कुरान को ‘जल्दी-से-जल्दी’ जलाने का एक और अनुरोध 50 वर्ष की एक महिला द्वारा किया गया है। पुलिस का कहना है कि उसने किसी भी अनुरोध को तुरंत खारिज नहीं किया। पुलिस का कहना है कि प्रत्येक आवेदन की व्यक्तिगत आधार पर समीक्षा की जाती है।

स्वीडन में इज़राइल के राजदूत ज़िव नेवो कुलमन ने इस पर अनुरोध पर निराशा व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया, “मैं स्वीडन में और अधिक पुस्तकों को जलाने की आशंका से स्तब्ध और भयभीत हूँ। चाहे वह कुरान हो, टोरा हो या कोई अन्य पवित्र पुस्तक हो। यह स्पष्ट रूप से घृणा का कार्य है, जिसे रोका जाना चाहिए।”

बताते चलें कि स्वीडन के स्टॉकहोम शहर की सबसे बड़ी मस्जिद के बाहर कुरान जलाया गया था। प्रदर्शन इराकी मूल का था। उसने प्रदर्शन के लिए पुलिस से इजाजत माँगी थी, लेकिन पुलिस ने इजाजत नहीं दी। इसके बाद वह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हवाला देते कोर्ट से इजाजत माँगी गई और कोर्ट ने इसकी इजाजत दे दी।

इस घटना के बाद इस्लामी दुनिया में बवाल हो गया और इस्लामी मुल्कों ने इसकी निंदा की। 57 देशों का इस्लामी संगठन (OIC) इस मामले पर जल्दी ही बैठक करने वाला है। वहीं, पाकिस्तान ने इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र में उठाया है।

मंदिर जा रही 60 साल की महिला को ऑटो ड्राइवर ने किया किडनैप, जंगल में साथी के साथ मिलकर रेप; मरा समझ छोड़कर भाग गए

चंडीगढ़ में 60 साल की एक महिला के साथ बलात्कार का मामला सामने आया। पीड़ित महिला मंदिर जा रही थी। इसी दौरान ऑटो चालक और उसके साथी ने उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद जंगल ले जाकर मारपीट कर बलात्कार किया। घायल होने के चलते महिला बेहोश हो गई। आरोपित उसे मरा हुआ समझ छोड़कर भाग गए। घटना सोमवार (3 जुलाई, 2023) की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला चंडीगढ़ के कैंबवाला इलाके से पैदल ही साकेत्री मंदिर जा रही थी। तभी वहाँ एक ऑटो आकर रुका, जिसमें दो लोग सवार थे। उन लोगों ने महिला से बातचीत कर कहा कि वे उसे मंदिर तक छोड़ देंगे। ऑटो वालों के बार-बार कहने के बाद महिला ऑटो में बैठ गई। 

इसके बाद ऑटो चालक उसे साकेत्री मंदिर की जगह किसी अन्य धार्मिक स्थल ले गया और कहा कि यह वही मंदिर है, जहाँ वह आना चाहती थी। लेकिन महिला समझ गई कि वे उसे कहीं और लेकर आ गए हैं। उसने विरोध किया। इसके बाद दोनों आरोपित उसे पास के जंगल में ले गए। वहाँ बलात्कार करने की कोशिश करने लगे। जब महिला ने इसका विरोध किया तो दोनों आरोपित उसके साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद दोनों ने उसके साथ बलात्कार किया।

आरोपितों की मारपीट के चलते महिला बेहोश हो गई थी। ऐसे में बलात्कार करने के बाद आरोपितों को लगा कि उसकी मौत हो चुकी है। इसलिए उसे मौके पर छोड़कर भाग गए। करीब 7-8 घंटे बाद महिला को होश आया तो वह किसी तरह अपने घर पहुँची और घटना के बारे में बताया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने पीड़िता को हॉस्पिटल में भर्ती कराया। महिला के बयान और मेडिकल जाँच के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

जिस ‘मुस्लिम बोर्डिंग’ की राजश्री साहू महाराज ने की थी स्थापना, उसकी ₹3500 करोड़ की संपत्ति पर अब वक्फ ने जमाया हक: पंजीकरण से संगठन के अधिकारी नाराज

महाराष्ट्र के कोल्हापुर की मोहम्मदेन एजुकेशन सोसायटी और उसकी 3500 करोड़ रुपए की संपदा पर राज्य वक्फ बोर्ड ने अपना कब्जा कर लिया है। ये सोसायटी राजश्री साहू महाराज ने साल 1906 में स्थापित की थी जिसे किंग एडवर्ड मोहम्मदेन एजुकेशन सोसायटी उर्फ मुस्लिम बोर्डिंग भी कहा जाता है।

23 जून को इसी सोसायटी के ट्रस्टी को वक्फ बोर्ड ने कहा कि उन्होंने ध्यानपूर्वक सारे दस्तावेजों को छाना और ये पता चला कि ये संस्थान वक्फ का है। वहीं सोसायटी ये बात कहती रही कि इस संस्थान को वक्फ बोर्ड नहीं चलाता है।

बता दें कि वक्फ संपत्तियाँ वो होती हैं जिन्हें किसी शख्स ने अल्लाह के नाम पर दान में दे दिया हो और वक्फ उसका उपयोग विभिन्न उद्देश्यों के लिए करता हो। इस मामले में टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित रिपोर्ट बताती है, मुस्लिम बोर्डिंग को वक्फ बोर्ड से रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और रजिस्ट्रेशन नंबर भी मिल गया है। संगठन को पहले राज्य चैरिटी आयुक्त द्वारा अधिकृत किया गया था।

वक्फ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एमबी तहसीलदार ने इस संबंध में बताया कि वो उन्हें वो सबूत संतोषजनक लगे जो ये साबित करने के लिए दिखाए गए थे कि मोहम्मदेन एजुकेशन सोसायटी हकीकत में वक्फ की संपत्ति है और उसे वक्फ एक्ट 1995 के तहत संचालित होना चाहिए। उन्होंने बताया कि इन सबूतों में साहू महाराज द्वारा जारी सनद भी थे। इसमें वक्फ संपत्तियों की बिक्री और खरीद पर सख्त प्रतिबंध कानून द्वारा लगाए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि एक अध्यक्ष की देखरेख में एक समिति मुस्लिम बोर्डिंग के लिए दैनिक व्यवसाय का संचालन करती है। मजहब और शिक्षा से जुड़ी गतिविधियाँ संस्था की देखरेख में होती हैं। ऐसे में अधिकारियों की इच्छा नहीं है कि ये संस्थाएँ वक्फ बोर्ड के कड़े नियमों के तहत चलें। अधिकारी इसे स्वतंत्र रखना चाहते हैं क्योंकि शाह महाराज ने शैक्षिक लक्ष्यों को देखते हुए इसकी स्थापना की थी।

संगठन के उपाध्यक्ष आदिल फरास का भी कहना है, “सामान्य कानून के अनुसार, वक्फ बोर्ड को इस बदलाव के संबंध में नोटिस जारी करना चाहिए था। हमें तो ऐसा कोई नोटिस ही नहीं मिला। हम अपना स्टैंड लेंगे तब सोसायटी के अध्यक्ष और प्रशासक हज यात्रा से लौट आएँगे।” टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट, बताती है कि मुस्लिम बोर्डिंग को वक्फ संपति बताते हुए वक्फ बोर्ड ने मुस्लिम बोर्डिंग से उनके सदस्यों की एक लिस्ट, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य जानकारी भी माँगी है। इसमें पंजीकरण में बदलाव के बारे में राज्य चैरिटी आयुक्त कार्यालय को भी सूचित किया गया है। साथ ही कहा गया है कि अब से संपत्ति का मालिकाना हक उसके पास होगा।

ओडिशा में 11 नाबालिग हिंदुओं के धर्मांतरण पर NCPCR सख्त, कलेक्टर से माँगी रिपोर्ट: जनजाति समाज के लोगों को ईसाई बनाने में लगा था कनाडाई नागरिक

ओडिशा (Odisha) के जगतसिंहपुर क्षेत्र के काटेसिंहपुर गाँव में कनाडाई नागरिक द्वारा धर्मांतरण की कोशिश की जा रही थी। इस मामले में ऑपइंडिया की रिपोर्ट के बाद राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने संज्ञान लिया है। NCPCR ने आरोपित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए जगतसिंहपुर प्रशासन को पत्र लिखा है।

NCPCR ने जगतसिंगपुर के कलेक्टर पारुल पटवारी को लिखे पत्र में कहा है कि 11 नाबालिग हिंदू बच्चों को एक कार्यक्रम में अवैध रूप से धर्मांतरित किया जा रहा था। इस कार्यक्रम को कनाडाई नागरिक एपेन मोहन किडंगलील (Eapen Mohan Kidangalil) ने तिर्तोल की दो अन्य मिशनरियों के साथ मिलकर आयोजित किया था।

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने पत्र में आगे कहा, “आयोग इस मामले की गहन जाँच और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध करता है। यह पत्र मिलने के 3 दिन के भीतर बच्चों की जानकारी और अन्य सभी आवश्यक दस्तावेज आयोग के सामने प्रस्तुत किए जाएँ।”

एपेन मोहन किडंगलील पर ओडिशा पुलिस ने 24 जून 2023 को मामला दर्ज किया था। किडंगलील पर प्रार्थना सभा आयोजित करने के नाम पर अनुसूचित जनजाति (ST) समाज के गरीब लोगों को लालच देकर ईसाई बनाने की कोशिश का आरोप है। इन लोगों में बच्चे भी शामिल हैं। इसके बाद उसे पकड़कर VHP के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सौंप दिया।

22 जून 2023 को VHP कार्यकर्ताओं को जगतसिंहपुर क्षेत्र के काटेसिंहपुर गाँव में धर्मांतरण कार्यक्रम की जानकारी मिली थी। जब वे मौके पर पहुँचे तो पाया कि कनाडा की नागरिकता रखने वाला एपेन मोहन करीब 33 स्थानीय निवासियों को ईसाई बनने के लिए उकसा रहा था। इनमें महिलाओं सहित 11 नाबालिग भी थे।

VHP कार्यकर्ता सूर्यकांत नंदा का कहना है कि आरोपित के पास से कैश, कागजात, बाइबिल, टूरिस्ट वीजा और कुछ दवाएँ बरामद हुई हैं। कडंगलील की मदद क्षेत्र में सक्रिय ईसाई मिशनरी के 2 अन्य सदस्य कर रहे थे। प्रार्थना सभा में ये सभी लोग बिना नंबर प्लेट वाले वाहन से आए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, VHP कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन पर हमले किए गए।

मामले का संज्ञान स्थानीय कानूनी कार्यकर्ता समूह कलिंगा राइट्स फोरम ने लिया है। कनाडाई नागरिक पर पर्यटक वीजा के कानूनों का उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कलिंगा राइट्स फोरम ने विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों पर मिशनरी सदस्यों द्वारा किए गए हमले की निंदा की है।

कलिंगा राइट्स फोरम के मुताबिक, किडंगलील पर्यटक वीजा पर भारत आया हुआ है, लेकिन उसने नियमों के विपरीत 22 जून को प्रार्थना सभा का आयोजन किया। ऑपइंडिया के पास मौजूद FIR की कॉपी के मुताबिक, आरोपित पर ओडिशा धर्म स्वतंत्रता अधिनियम, 1967 की धारा 4 के तहत कार्रवाई की गई है।

मिशनरियों की तरफ से हिन्दू संगठनों पर जवाबी FIR

इस घटना के बाद ईसाई मिशनरियों की तरफ से हिन्दू संगठन के कुछ लोगों पर जवाबी FIR दर्ज करवाई गई है। FIR में मिशनरियों ने VHP कार्यकर्ताओं पर अपने ‘व्यक्तिगत कार्यक्रम’ में बाधा डालने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के तौर पर लक्ष्मीप्रिया मलिक का नाम सामने आया है।

लक्ष्मीप्रिया की शिकायत पर VHP सहित हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 448, 294, 323, 506 और 34 के तहत केस दर्ज किया गया है। शिकायत में महिला ने बताया है कि नाबालिग बच्चे उसके बेटे के जन्मदिन में आए थे। उसने आरोप लगाया है कि सुबह लगभग 11 बजे उनका परिवार पूजा कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके घर में घुस कर दुर्व्यवहार किया।

हिन्दू संगठनों पर दर्ज FIR

महिलाओं ने भगवान जगन्नाथ भगवान की पूजा बंद की

ऑपइंडिया से बात करते हुए VHP सदस्य सूर्यकांत नंदा ने बताया कि बजरंग दल के सदस्यों को बेरहमी से पीटा गया था, क्योंकि उन्होंने प्रार्थना के नाम हो रहे धर्मान्तरण को रोकने का प्रयास किया। उन्होंने आगे बताया कि घटना के दिन बिना नंबर की सफेद बोलेरो गाड़ी देखकर जब पड़ताल की गई तो उसमें कनाडा के नागरिक के आने की जानकारी मिली।

नंदा ने आगे बताया कि थोड़ी देर बाद एक घर की तरफ जनजातीय समाज के करीब 40-50 गरीब हिन्दुओं को जाते देखा गया। जमावड़े की बजरंग दल सदस्यों ने जाकर पड़ताल की तो उन्हें वहाँ प्रार्थना के नाम पर धर्म परिवर्तन का प्रयास होता दिखा।

VHP नेता नंदा ने कहा कि हिन्दू संगठन के सदस्यों को देख कर लक्ष्मीप्रिया नाम की महिला ने इस कार्यक्रम में हुए जमावड़े को घर में जन्मदिन का आयोजन बताया। बजरंग दल के सदस्यों ने प्रार्थना में बैठी कुछ महिलाओं से बातचीत की। महिलाओं ने बताया कि उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा करना बंद कर दी है, क्योंकि उनका धर्म परिवर्तित हो गया है।

ऑपइंडिया से बातचीत के दौरान VHP नेता सूर्यकांत नंदा ने स्थानीय पुलिस पर भी एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले तो पुलिस ने सब कुछ जानते हुए भी कनाडा के नागरिक को छोड़ दिया और अब हिन्दू संगठनों से भी पूछताछ करने जा रही है।

कनाडा के नागरिक को छोड़ने पर SHO की सफाई

ऑपइंडिया ने इस घटना पर SHO शुभ्रांशु परिदा से बात की। SHO ने बताया कि कनाडाई व्यक्ति एपेन मोहन किडंगलील के पास OCI (ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया) कार्ड पाया गया है। उन्होंने किडंगलील को मूल रूप से केरल का निवासी और जन्मजात ईसाई बताया।

बकौल SHO एपेन मोहन किडंगलील को भारत में अपने धर्म का पालन करने का अधिकार है, क्योंकि वो पर्यटक वीजा पर नहीं है। पुलिस के मुताबिक, किडंगलील ने नियमों को नहीं तोड़ा है, इसलिए उसे धारा 41 का नोटिस जारी करके रिहा किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी संज्ञेय अपराध पाए जाने पर ही की जाती है।

पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं

ऑपइंडिया ने SHO से यह जानना चाहा कि OCI कार्ड धारक को क्या मिशनरी गतिविधि में शामिल होने का अधिकार है? इस सवाल के जवाब पर SHO ने कहा कि पुलिस को मौके से ऐसा कोई भी सबूत नहीं मिला, जिससे यह कहा जा सके कि घटनास्थल पर धर्मान्तरण जैसा कुछ चल रहा था।

OCI के कानून

थाना प्रभारी शुभ्रांशु के मुताबिक, मामले में आगे की जाँच चल रही है। हालाँकि कलिंगा राइट फोरम पुलिस की दलीलों से संतुष्ट नहीं है। फोरम ने पुलिस पर आरोपितों को बचाने का आरोप लगाते हुए ऑपइंडिया को बताया कि वह पूरी साजिश का पर्दाफाश करेगी।

दोषी पर सख्ती ऐसी जो नजीर बने, पीड़ित के घाव पर मरहम ऐसा जो मिसाल बने: यूँ ही नहीं कोई बन जाता है जनता का मामा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की लोकप्रियता, सहृदयता और प्रशासन चलाने का तरीका ऐसा है कि जनता के लिए वे ‘मामा’ हैं। सीधी पेशाब कांड का जो वीडियो वायरल हुआ है, उस मामले में भी एक तरफ उनके भीतर का सख्त प्रशासक दिखता है, दूसरा ऐसा मुख्यमंत्री जिसके लिए ‘जनता ही भगवान’ है। आरोपित की गिरफ्तारी हुई, एनएसए लगा, घर पर बुलडोजर चला। सजा की ऐसी लीक खींची जा रही है कि अपराधियों के लिए नजीर बन जाए। दूसरी तरफ पीड़ित को मुख्यमंत्री आवास लाए। चरण पखारे। माफी माँगी। शाल ओढ़ाया। साथ मिलकर पेड़ लगाए। सम्मान की ऐसी मिसाल पेश की है कि कोई पीड़ित खुद को कभी अकेला न महसूस करे।

गुरुवार 6 जुलाई 2023 को सीधी पेशाब कांड के पीड़ित दशमत रावत मुख्यमंत्री आवास आए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद हाथ पकड़कर अनुसूचित जनजाति से आने वाले पीड़ित को घर के भीतर ले गए। कुर्सी पर बैठाया। चरण पखारे। आरती उतारी। तिलक लगाया। शाल ओढ़ाया। अपने राज्य में उसके साथ हुई घटना के लिए माफी माँगी। इसका वीडियो साझा करते हुए सीएम ने ट्वीट में लिखा है, “यह वीडियो मैं आपके साथ इसलिए साझा कर रहा हूँ कि सब समझ लें कि मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान है, तो जनता भगवान है। किसी के साथ भी अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य के हर नागरिक का सम्मान मेरा सम्मान है।”

इसके बाद दशमत के साथ मुख्यमंत्री राजधानी भोपाल में स्थित स्मार्ट सिटी पार्क पहुँचे। यहाँ दोनों ने मिलकर वृक्षारोपण किया। साथ मिलकर फावड़े से मिट्टी डाली। कहा कि उनके लिए गरीब पूज्य हैं। गरीबों का अपमान सबका अपमान है। 

न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में CM ने कहा, “मेरे लिए दरिद्र ही नारायण है। जनता ही भगवान है। जनता की सेवा हमारे लिए भगवान है। हम ये मानते हैं कि हर इंसान में भगवान निवास करता है। भाई दशमत के साथ अन्याय हुआ। मेरा मन दर्द-पीड़ा और व्यथा से भर गया। इसलिए मैंने इन्हें यहाँ बुलाया। मन गहरी वेदना से भरा हुआ था। मन में बहुत तकलीफ थी। हमारे भाई के साथ एक अमानवीय घटना घटी। मैं अन्तर्रात्मा से मानता हूँ कि गरीब मेरे लिए पूज्य है। उसका अपमान हम सबका अपमान है।”

इस बीच दैनिक भास्कर ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि पेशाब कांड का वीडियो पुलिस के अनुसार एक साल पुराना है। प्रवेश शुक्ला के चाचा विद्याकांत शुक्ला का दावा है कि वीडियो तीन साल पुराना है। इसके जरिए उनके भतीजे को ब्लैकमेल किया जा रहा था। इससे वह मानसिक तौर पर परेशान था। कुबरी गाँव के आदर्श शुक्ला और दीनदयाल साहू पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसा माँगने का आरोप लगाया है। भास्कर ने सीधी की एएसपी अंजूलता पटेल के हवाले से बताया कि वीडियो पुराना है। सोशल मीडिया में इसे वायरल करने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि पेशाब वाला वीडियो 24 जून 2023 को भी सीधी जिले के कुछ सोशल मीडिया ग्रुप में डाला गया था। बाद में डिलीट कर दिया गया। इस बीच अचानक 29 जून को प्रवेश शुक्ला घर से गायब हो गया। जब परिजनों ने उसका लापता होने की शिकायत पुलिस से की तो 3 जुलाई को फिर से इस वीडियो को वायरल किया गया।

MP के सिवनी में मिले गायों के कटे हुए 10 सिर, हिंदू संगठनों का प्रदर्शन: कहा- सावन में ऐसी घटनाएँ हिंदुओं की भावनाओं से खिलवाड़, आरोपितों पर लगे NSA

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में 10 गायों को काटकर उनके सिर को सड़क के किनारे और खेतों में फेंक दिए गए हैं। वहीं, एक सिर गाँव के कुएँ में भी मिला है। हिंदू संगठनों का कहना है कि दंगे कराने की साजिश के तहत यह सब किया गया है। वहीं, इस घटना का संबंध बकरीद से होने की बात भी कही जा रही है।

मामला सिवनी जिले के बरघाट तहसील अंतर्गत अरी गाँव के अमराई टोला का है। मंगलवार (4 जुलाई 2023) की सुबह स्थानीय ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें सड़क किनारे गायों के सिर कटे हुए दिखाई दिए। इसके बाद यह बात पूरे गाँव में फैल गई। इसी दौरान गाँव के ही गोवर्धन साहू नामक व्यक्ति के कुएँ में भी गाय का कटा हुआ सिर मिला।

मामले की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुँच गए। कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पुलिस स्टेशन जाकर आरोपितों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की माँग की। इसके साथ ही हिंदू संगठनों ने एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि सावन माह के पहले दिन हुई इस तरह की घटना से हिंदुओं की भावनाएँ आहत हुईं हैं।

इस मामले में ऑपइंडिया ने VHP नेता दिग्विजय सिंह राजपूत से बात की। उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र की सीमा से सटे इस इलाके में बड़े पैमाने पर गौ-तस्करी हो रही है। गौ-तस्करों को पुलिस प्रशासन का संरक्षण प्राप्त है। यहाँ कई ऐसे ढाबे हैं, जहाँ गौमांस की बिक्री होती है। गौवंश की हत्या करके उनके सिर लोगों के खेतों और सड़कों पर फेंक कर हिंदुओं को खुली चुनौती दी जा रही है। इस तरह की हरकतें सांप्रदायिक दंगे भड़काने की मंशा से की जा रही हैं।”

दिग्विजय सिंह राजपूत ने यह भी कहा, “बरघाट थाना क्षेत्र के बोरिकला गाँव के सलाई कोसनी में हर रोज गौ-हत्या करके गौ-मांस बेचा जा रहा है। यह गौ-मांस उन रेस्टोरेंट में बेचा जा रहा है, जहाँ विदेशी पर्यटक ठहरते हैं। मध्य प्रदेश में गौ-हत्या पर कड़ी सजा का प्रावधान न होने के चलते ऐसी घटनाएँ सामने आ रही हैं। जिस दिन गौ-हत्या पर मृत्यु दंड का प्रावधान हो जाएगा, उस दिन से गौ-तस्करी और ऐसी सभी घटनाएँ बंद हो जाएँगी।”

वहीं, बजरंग के दल प्रखंड सह-संयोजक रवि रहांगडाले ने ऑपइंडिया से कहा, “इसका संबंध बकरीद से भी हो सकता है। ऐसी आशंका है कि बकरीद पर गौ-हत्या कर सिर छिपाकर रखे गए थे, लेकिन अब सड़ने और बदबू आने के चलते इन्हें हिंदुओं के खेतों के सामने फेंक दिया गया। पुलिस को आरोपितों की तलाश कर उन्हें कड़ी सजा देनी चाहिए। घटना के विरोध और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए गुरुवार (6 जुलाई 2023) को बरघाट बंद बुलाया गया है।”

‘ऑफिस में गलत तरीके से रोका, निकाह का झाँसा दे किया सेक्स’: बंगाल के MLA पर केस, फुरफुरा शरीफ दरगाह के पीरजादा भी हैं नौशाद सिद्दीकी

पश्चिम बंगाल के एक विधायक के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया गया है। ये विधायक हैं- नौशाद सिद्दीकी। सिद्दीकी इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF MLA Naushad Siddiqui) के राज्य में इकलौते विधायक हैं। 2021 के विधानसभा चुनावों में उन्होंने दक्षिण 24 परगना के भांगड़ सीट से जीत हासिल की थी। वे हुगली जिले के श्रीरामपुर स्थित फुरफुरा शरीफ मजार के पीरजादा भी हैं।

सिद्दीकी पर एक महिला ने निकाह का झाँसा देकर ‘यौन संबंध’ बनाने के आरोप लगाए हैं। कहा है कि डेढ़ साल में विधायक कई बार उसके साथ संबंध बनाए। लेकिन जब उसने शादी की बात की तो वे मुकर गए। इसके बाद विधायक ने अपने लोगों के साथ मिलकर उसे धमकी भी दी। सिद्दीकी पर मामला ऐसे समय में दर्ज कराया गया है, जब पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव होने हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला भांगर विधानसभा के बाउबाजार थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि नौशाद सिद्दकी ने उसे अपने बीबी गांगुली स्ट्रीट इलाके में बने ऑफिस में करीब डेढ़ साल गलत तरीके से रोका। फिर निकाह का वादा करके उसके साथ ‘यौन संबंध’ बनाए। इसके बाद लंबे समय तक उसके साथ शरीरिक संबंध बनाए रखा। लेकिन जब वह शादी करने की बात करने लगी तो नौशाद सिद्दीकी अपनी बात से मुकर गए और उसे दूर करने की कोशिश करने लगे। पीड़िता अपनी जिद्द पर अड़ी रही तो कथित तौर पर सिद्दीकी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उसे डराया-धमकाया।

इसके बाद महिला और उसके भाई ने TMC नेता सब्यसाची दत्ता को पूरे मामले की जानकारी दी। दत्ता ने पीड़िता को लेकर न्यू टाउन पुलिस स्टेशन पहुँचे। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बयान दर्ज करते हुए आरोपित विधायक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। मामला बाउबाजार थाना क्षेत्र का है। ऐसे में न्यू टाउन पुलिस ने बाउबाजार थाने को महिला द्वारा दर्ज शिकायत की कॉपी भेजी गई। इसके अलावा, डीसी न्यू टाउन से भी बाउ बाजार पुलिस को एक पत्र भेजा गया है।

वहीं, आरोपित विधायक नौशाद सिद्दीकी ने खुद को निर्दोष बताते हुए इस पूरी घटना को अपने खिलाफ साजिश करार दिया है। इस मामले में ऑपइंडिया से बात करते हुए बंगाल BJP के मीडिया पैनलिस्ट आशुतोष झा ने कहा, “नौशाद सिद्दीकी ने गलत किया है तो उसे कड़ी सजा होनी ही चाहिए। लेकिन पीड़िता के साथ TMC नेता के होने से राजनीति की भी बू रही है। ममता बनर्जी ने बंगाल के पुलिस थानों को तृणमूल कॉन्ग्रेस के कार्यालय की तरह बना दिया है। यहाँ TMC नेताओं के साथ गए बिना कोई कार्रवाई नहीं होती।”