Home Blog Page 1694

पेशाब कांड पीड़ित के CM शिवराज ने पखारे चरण, प्रवेश शुक्ला को धकियाते हुए ले गई MP पुलिस: रिपोर्ट में बताया- वीडियो पुराना, पैसों के लिए किया वायरल

मध्य प्रदेश के सीधी में अनुसूचित जनजाति (ST) व्यक्ति के ऊपर पेशाब करने के आरोपित प्रवेश शुक्ला (Pravesh Shukla) से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। इसमें पुलिस उसे धकियाते और पीटते हुए दिख रही है। एक दावा भी। इस दावे के अनुसार पेशाब का जो वीडियो वायरल (Pravesh Shukla Video) है, वह काफी पुराना है। ​पुलिस के अनुसार एक साल तो आरोपित के परिजन के अनुसार तीन साल। यह भी कि यह वीडियो प्रवेश शुक्ला से पैसे की उगाही करने के मकसद से अब वायरल किया गया है।

कुछ तस्वीरें भी सामने आई है जिसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पेशाब कांड के पीड़ित जनजातीय व्यक्ति का चरण पखारते दिख रहे हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा है, “मन दु:खी है। दशमत जी आपकी पीड़ा बाँटने का यह प्रयास है, आपसे माफी भी माँगता हूँ, मेरे लिए जनता ही भगवान है।”

दैनिक भास्कर ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि पुलिस के अनुसार यह वीडियो एक साल पुराना है। प्रवेश शुक्ला के चाचा विद्याकांत शुक्ला का दावा है कि वीडियो तीन साल पुराना है। इसके जरिए उनके भतीजे को ब्लैकमेल किया जा रहा था। इससे वह मानसिक तौर पर परेशान था। कुबरी गाँव के आदर्श शुक्ला और दीनदयाल साहू पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसा माँगने का आरोप लगाया है। भास्कर ने सीधी की एएसपी अंजूलता पटेल के हवाले से बताया कि वीडियो पुराना है। सोशल मीडिया में इसे वायरल करने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि पेशाब वाला वीडियो 24 जून 2023 को भी सीधी जिले के कुछ सोशल मीडिया ग्रुप में डाला गया था। बाद में डिलीट कर दिया गया। इस बीच अचानक 29 जून को प्रवेश शुक्ला घर से गायब हो गया। जब परिजनों ने उसका लापता होने की शिकायत पुलिस से की तो 3 जुलाई को फिर से इस वीडियो को वायरल किया गया।

वैसे वीडियो नया हो या पुराना, यह घिनौना कृत्य है। दोषी को उसकी सजा होनी ही चाहिए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर आरोपित को गिरफ्तार कर एनएसए लगाया गया है। उसके घर पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त भी किए गए हैं। लेकिन भास्कर की रिपोर्ट से कुछ सवाल खड़े होते हैं। वीडियो कब का है? यदि वीडियो पुराना है तो उसे वायरल करने के पीछे कौन हैं? वायरल करने वाले लोगों की मंशा क्या है? आरोपित के पक्ष में पीड़ित ने एफि​डेविट क्यों दी है? इन सवालों के जवाब इसलिए भी जरूरी हैं क्योंकि यह मामला राजनीतिक रूप ले चुका है। प्रवेश शुक्ला को कॉन्ग्रेस बीजेपी से जुड़ा बता रही है। बुलडोजर कार्रवाई के बाद अब उसके पूरे घर को गिराने की माँग कर रही है। वहीं बीजेपी प्रवेश शुक्ला से किसी जुड़ाव से इनकार कर रही है।

इस बीच प्रवेश शुक्ला का एक वीडियो सामने आया है। इसमें पुलिसकर्मी उसका कॉलर पकड़े दिख रहे हैं। उसे धकियाते हुए ले जाया जा रहा है। बीच-बीच में उसकी पिटाई भी हो रही है। एनबीटी की रिपोर्ट के अनुसार यह वीडियो 5 जुलाई 2023 का है, जब प्रवेश शुक्ला को पुलिस थाने से पेशी पर कोर्ट ले जा रही थी।

2 जुलाई को डिप्टी CM बने अजित पवार, लेकिन 30 जून को ही NCP अध्यक्ष पद से हटा दिए गए थे शरद पवार: बैठक से पहले दिल्ली में पोस्टर उतारे

राष्ट्रवादी कॉन्ग्रेस पार्टी (NCP) में टूट की खबर 2 जुलाई 2023 को तब सामने आई, जब अजित पवार (Ajit Pawar) ने महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री (Maharashtra Deputy CM) पद की शपथ ली। लेकिन अब यह बात सामने आई है कि इससे दो दिन पहले ही यानी 30 जून को ही उन्होंने चुनाव आयोग के सामने पार्टी और चुनाव चिह्न पर दावा ठोक दिया था। आयोग को बता दिया था कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वे हैं न कि उनके चाचा शरद पवार (Sharad Pawar)।

चुनाव आयोग को बताया गया था कि पार्टी विधायक दल और संगठन के सदस्यों ने भारी बहुमत के साथ अजित पवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना है। अजित पवार गुट ने 5 जुलाई को आयोग को जो 43 विधायकों, विधान पार्षदों और सांसदों के समर्थन वाला हलफनामा दिया है, उसमें भी 30 जून की तारीख अंकित होने की बात कही जा रही है। इससे जाहिर होता है कि दुनिया को खबर लगने से पहले ही अजित पवार ने एनसीपी पर कब्जे की तैयारी शुरू कर दी थी। इतना ही नहीं शरद पवार या उनके गुट के किसी नेता को इसकी भनक तक नहीं लगने दी।

आज तक ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि 30 जून को एनसीपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई थी। यह बैठक पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने बुलाई थी। गुपचुप तरीके से हुई इस बैठक में आम राय से शरद पवार को हटाकर अजित पवार को पार्टी का नया अध्यक्ष चुनने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में प्रस्ताव पास होते ही अजित पवार के गुट ने उसी दिन चुनाव आयोग को पत्र लिख पार्टी पर चुनाव चिह्न पर अपनी दावेदारी जता दी।

प्रफुल्ल पटेल को जून में ही शरद पवार ने अपनी बेटी सुप्रिया सुले के साथ पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। लेकिन अब वे पहले ही दिन से अजित पवार के साथ दिख रहे हैं। गौरतलब है कि 5 जुलाई को चाचा और भतीजा दोनों ने अपने शक्ति का प्रदर्शन भी किया था। इस दौरान भी शरद पवार कमजोर नजर आए थे। उनकी बैठक में 13 विधायक और 4 सांसद ही मौजूद थे। महाराष्ट्र में एनसीपी विधायकों की संख्या 53 है।

इधर पार्टी पर कब्जा बचाए रखने की जुगत में लगे शरद पवार गुट की 6 जुलाई को दिल्ली में बैठक होनी है। उससे पहले न्यूज एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें दिल्ली में लगे शरद पवार गुट के होर्डिंग को एनडीएमसी के कर्मचारी उतारते दिख रहे हैं।

पीटा, पेशाब पिलाया, कर ली आत्महत्या… मंदिर में माता की पूजा करने गए थे विकास शर्मा, प्रवेश शुक्ला काण्ड के बाद MP के एक और मामले में न्याय की माँग

सोशल मीडिया पर एक खबर वायरल हो रहा है, जिसमें दलित समाज के कुछ लोगों द्वारा पेशाब पिलाने के कारण विकास शर्मा नाम के लड़के ने फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लोगों का कहना है कि एक साल बीत जाने के बाद भी अभी भी मृतक के परिजनों को न्याय नहीं मिला।

सोशल मीडिया पर इसको लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं। इसके वायरल वीडियो पर सुप्रीम कोर्ट के वकील और भाजपा नेता अश्विनी उपाध्याय ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को टैग किया है।

शुभम शुक्ला नाम के एक ट्विटर यूजर ने लिखा, “विकास शर्मा को दलित समाज के लोगों ने पेशाब पिलाया, मारपीट की, मानसिक प्रताड़ना दी। इससे तंग आकर विकास ने फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ये वीडियो भी वायरल हुआ था। 2020 शिवपुरी की इस घटना पर मृतक को अभी न्याय नहीं मिला। स्वच्छ समाज के लिए मनोज कोली और प्रवेश शुक्ला जैसे लोग कलंक हैं।”

सौरभ तिवारी नाम के यूजर ने लिखा, “इस पर मामा का एक्शन क्यू नहीं? क्या ये अपराध के श्रेणी में नही आता या फिर इसमें पीड़ित ब्राह्मण है और अपराधी दलित है इसलिए? न ही nsa लगाया न ही घर गिराया और न ही कोई करवाई हुई। मामा का यह चरित्र बहुत ही घटिया है और बेहूदा है।”

बबलू शुक्ला नाम के एक यूजर ने लिखा, “इस विषय मे सबके मुँह सिल जाएँगे, क्योंकि सब मानते है गलत सिर्फ ब्राह्मण है, बाकी सब गंगा जी के कर कमलों से पैदा हुए है।”

दरअसल, मई 2020 में मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले साजोर गाँव में 20 साल के विकास शर्मा से मनोज कोली और उसके घर की दो महिलाएँ- तारावती कोली और प्रियंका कोली ने मारपीट की थी और बाद में में उसे पेशाब पिला दी थी। इससे क्षुब्ध होकर विकास शर्मा ने आत्महत्या कर लिया था। विकास शर्मा ने अपने सुसाइड नोट में लिखा था कि वह अपवित्र हो गया, इसलिए वह आत्महत्या कर रहा है।

सुसाइड नोट में विकास ने लिखा था, “सुबह वह अपने घर के पास स्थित माता के मंदिर पर जल चढ़ाने गया था। इस दौरान गाँव के हैंडपंप पर पानी भर रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने अपने बर्तनों पर पानी के छींटे पड़ने से नाराज होकर मारपीट की। मेरे पूजा के लोटे में मनोज कोली ने पेशाब कर मुझे जबरन पिलाया और आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर दिया।”

पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपितों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना), धारा 323 (मारपीट), धारा 505 (विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य की भावनाएँ पैदा करना) और धारा 34 लगाई थीं। साथ ही तीनों को गिरफ्तार भी कर लिया था। 

बताते चलें कि मध्य प्रदेश में ऐसी ही घटना सामने आई है, जिसमें प्रवेश शुक्ला नाम के एक व्यक्ति ने अनुसूचित जनजाति समुदाय के एक व्यक्ति पर शराब के नशे में पेशाब कर दिया। पीड़ित व्यक्ति मानसिक रूप से कमजोर है। वहीं, प्रवेश शुक्ला भाजपा विधायक केदारनाथ शुक्ला का प्रतिनिधि बताया जा रहा है।

इस घटना को लेकर हंगामा होने के बाद मध्य प्रदेश की पुलिस ने प्रवेश शुक्ला के घर के बाउंड्री वॉल सहित अतिक्रमण वाले हिस्से को बुलडोजर चलाकर गिरा दिया है। इसके साथ पर उस पर NSA के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

कर्नाटक में ‘वन्दे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेन पर फिर से पत्थरबाजी: क्षतिग्रस्त हुआ एक डब्बा, PM मोदी ने दिखाई थी हरी झंडी

कर्नाटक में राजधानी बेंगलुरु से धारवाड़ के बीच चलने वाली ‘वन्दे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थरबाजी की गई है। इससे पहले भी देश के कई इलाकों में ‘वन्दे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की घटनाएँ सामने आ चुकी हैं। ताज़ा मामले की जानकारी खुद भारतीय रेलवे ने आधिकारिक रूप से दी है। इस जानकारी में बताया गया है कि ट्रेन संख्या 20661 पर सुबह के 8:40 बजे पत्थरबाजी की गई है। ये घटना कदुर स्टेशन से गुजरने के बाद हुई है।

उस समय ‘वन्दे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेन कर्नाटक में कदुर-बिरूर खंड के बीच में थी। किन लोगों ने ट्रेन पर पत्थरबाजी की है, इस संबंध में अब तक कुछ खास पता चल नहीं सका है। हालाँकि, भारतीय रेलवे ने इस संबंध में जाँच शुरू किए जाने की जानकारी दी है। इस पत्थरबाजी में ट्रेन का डब्बा C-4 क्षतिग्रस्त हो गया है। राहत की बात ये रही कि पत्थरबाजी की इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ है।

पथराव की ये घटना कृष्णराजपुर और बेंगलुरु कैंटोनमेंट के बीच घटित हुई है। ज्ञात हो कि कुछ ही दिनों पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से देश भर में 5 नई ‘वन्दे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखा कर उनका शुभारंभ किया था। कर्नाटक को मिलने वाली ये दूसरी ‘वन्दे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेन है। पत्थरबाजी की ताज़ा घटना बुधवार (5 जुलाई, 2023) को घटित हुई है।

बता दें कि कर्नाटक में हाल ही में कॉन्ग्रेस पार्टी की सरकार बनी है और सिद्धारमैया फिर से मुख्यमंत्री बनाए गए हैं, वहीं डीके शिवकुमार बतौर डिप्टी CM काम कर रहे हैं। इससे पहले भी शनिवार को बेंगलुरु-धारवाड़ के बीच चलने वाली इसी ट्रेन पर पत्थरबाजी की गई थी, जिससे इसकी एक खिड़की क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे पहले ये घटना देवांगरे स्टेशन के पास हुआ था। इन ट्रेनों की सुरक्षा के लिए उन पर RPF जवानों को भी तैनात किया गया है।

ब्लैकमेल कर 5 साल से हिंदू लड़की का रेप कर रहा था अपराधी निजाम शेख, पुलिस ने पकड़ने के बाद रस्सी में बाँधकर घुमाया, महिलाओं न थाली पीटकर स्वागत किया

गुजरात की नवसारी पुलिस ने एक हिंदू युवती को ब्लैकमेल कर पाँच साल से अधिक समय से उसका बलात्कार करने आरोप में 37 साल के बाल-बच्चेदार असीम निजाम शेख को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार (5 जुलाई 2023) को बताया कि शेख को लव जिहाद के एक मामले में मुंबई के वसई से को गिरफ्तार किया गया।

निजाम शेख आपराधिक पृष्ठभूमि का व्यक्ति है। पुलिस ने मंगलवार (3 जुलाई 2023) को गिरफ्तार करने के बाद उसे रस्सी से बाँधकर इलाके में घुमाया। इस दौरान आरोपित ने घुटनों पर बैठकर माफी माँगी। इस दौरान महिलाओं ने थाली बजाकर पुलिस कार्रवाई का स्वागत किया।

पुलिस ने बताया कि शेख ने पाँच साल पहले पीड़िता की उम्र जब 16 साल थी, तब उसने पहली बार बलात्कार किया था। इस दौरान शेख ने लड़की का अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। इसके बाद इस वीडियो का इस्तेमाल वह पीड़िता को ब्लैकमेल कर रेप करने के लिए करता था।

इतना ही नहीं, शादीशुदा और कई बच्चों का बाप निजाम शेख ने बचने के लिए पीड़िता की शादी अपने दोस्त रौनक पटेल से जबरन करा दी। कागज में पीड़िता का पति रौनक पटेल था, लेकिन उससे शारीरिक संबंध निजाम शेख बनाया करता था। पीड़िता जब आपत्ति करती तो वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर चुप करा देता।

उधर, रौनक पटेल आपराधिक प्रवृति का व्यक्ति है। वह हत्या के एक मामले में जेल में बंद था। हाल ही में वह परोल पर बाहर आया है। इस मामले में पुलिस ने रौनक पटेल को भी आरोपित किया है। हालाँकि, रौनक पटेल अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है।

नवसारी के पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश उपाध्याय ने बताया कि रिकॉर्ड किए गए वीडियो के आधार पर शेख और पटेल पीड़िता एवं उसके घरवालों को पाँच सालों तक ब्लैकमेल करते रहे। इतना ही नहीं, पीड़िता का अश्लील वीडियो उसके मंगेतर को भेजकर उसकी मंगनी भी तुड़वा दी।

नवसारी पुलिस का कहना है कि शेख अवैध रूप से शराब बेचने का काम करता है और उस पर 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, उसके अब्बू निजाम और तीन अन्य भाइयों पर भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इलाके में उसका और उसके परिवार का खौफ है।

शेख और उसके परिवार का खौफ कम करने के लिए पुलिस ने उसे रस्सी में बाँधकर इलाके में घुमाया। इस दौरान उसने दंडवत होकर माफी माँगी। पुलिस की कार्रवाई का मुस्लिम महिलाओं ने भी थाली बजाकर स्वागत किया।

पीड़िता की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण कानून (POCSO) और भारतीय दंड संहिता की बलात्कार एवं आपराधिक धमकी देने से जुड़ी धाराओं 376 (2) (एन) और 506 (2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी कानून के तहत मामला दर्ज किया था। पीड़िता ने 23 जून को खेरगाम पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

एसपी ने कहा, “प्राथमिकी दर्ज होने के बाद शेख और पटेल छुप गए थे। हमें पता चला कि शेख जयपुर से मुंबई गया है और वसई के एक होटल में रह रहा है। हमने मंगलवार को उसे वसई से पकड़ लिया और उसे यहाँ लेकर आए। यहाँ पॉक्सो की एक अदालत ने शेख को 9 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है।”

बागेश्वर बाबा की कथा से पहले 11000 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा: दिल्ली में उमड़ रहा श्रद्धालुओं का हुजूम, धीरेन्द्र शास्त्री के क्रेज के सामने भीषण गर्मी भी फेल

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में 11,000 महिलाओं के साथ IP एक्सटेंशन मंडावली से कलश यात्रा निकाली गई है। मध्य प्रदेश स्थित छतरपुर के बाबा धीरेन्द्र शास्त्री द्वारा होने वाले हनुमंत कथा के लिए दिल्ली के लोगों में बेहद उत्साह नजर आ रहा है। कलश यात्रा के दौरान पुष्प वर्षा ही हुई और और विभिन्न प्रकार की झाकियाँ निकाली गईं। दिल्ली में बाबा धीरेन्द्र शास्त्री के दरबार लगने की पूरी तैयारी शुरु हो गई है।

बाबा धीरेन्द्र शास्त्री द्वारा उद्घोषित कथा 5 से 8 जुलाई, 2023 तक उत्सव मैदान IP एक्सटेंशन, दिल्ली में होनी तय हुई है जिसका बुधवार (5 जुलाई, 2023) को पहला दिन था। लगभग 11,000 महिलाओं के साथ कलश यात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा IP एक्सटेंशन मंडावली थाने के निकट से शुरू होकर कथा स्थल तक गई। इस कलश यात्रा में शामिल लोगों का उत्सव देखते बनता था।

कलश यात्रा जिस गली और रास्ते से होकर गुजरा, पूरे रास्ते में विभिन्न सोसाइटी द्वारा पुष्प वर्षा की गई और जो 11,000 महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई वो दृश्य बहुत मनमोहक था। बाबा धीरेन्द्र शास्त्री को लेकर उत्साहित लोगों के उत्साह के आगे भीषण गर्मी को भी मात दे दी। कलश यात्रा के दौरान विभिन्न प्रकार की झाकियाँ भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही जिसने लोगों के उत्साह और श्रद्धा को दोगुना किया।

कलश यात्रा का समापन कथा स्थल पर हुआ और साथ ही कथा समापन के बाद लोगों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। कलश यात्रा आयोजक के संयोजक रजत रस्तोगी और रवि गुप्ता ने शुरुआत की और कथा स्थल पर आयोजन समिति से ललित गोयल और नवीन कुमार जिंदल ने सभी कलश धारण करने वाली बहनों का अभिवादन किया। सावन के पावन महीने में आराध्य देव भगवान शिव जी का ही रूप श्री हनुमान जी की कथा का आयोजन एक ऐसा सपना है।

उन्होंने कहा कि बागेश्वर धाम सरकार जी के आशीर्वाद व सभी आयोजक समिति के सदस्यों की मेहनत से शुरू हुई है। लोगों में बाबा के कार्यक्रम में भाग लेने की इच्छा इतनी है कि श्रध्दालु अभी से अपना स्थान सुनिश्चित करने में लगे है।

रनआउट विवाद के बाद स्टीव स्मिथ की माँ को गालियाँ बक रहे इंग्लैंड के फैंस: ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की माँग की, PM ऋषि सुनक भी बिफरे

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज खेली जा रही है। जॉनी बेयरस्टो के रन आउट के चलते सीरीज का दूसरा मैच काफी विवादास्पद रहा। इसको लेकर कई तरह की बातें हो रहीं हैं। लेकिन इंग्लैंड के फैंस ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों और सपोर्ट स्टॉफ की फैमिली को टारगेट कर रहे हैं। इसको लेकर लेकर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों ने अपने परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की माँग की है। 

दरअसल, जॉनी बेयरस्टो के रन आउट होने के बाद इंग्लैंड के फैंस काफी नाराज थे। ऑस्ट्रेलियाई टीम जब डग आउट पर वापस लौट रही थी, तब मेलबर्न क्रिकेट क्लब (MCC) के कुछ सदस्यों ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा और डेविड वार्नर के साथ तीखी बहस की थी। इसको लेकर एमसीसी ने अपने सदस्यों को सस्पेंड भी कर दिया था। लेकिन बात बिगड़ती जा रही थी। 

इंग्लैंड के फैंस ने स्टीव स्मिथ को भला-बुरा कहने के साथ ही उनकी माँ को गालियाँ देना शुरू कर दिया। इससे दुःखी होकर स्टीव स्मिथ की माँ को बीच मैच में ही ग्राउंड छोड़कर जाना पड़ा। यही नहीं, इंग्लैंड के फैंस की स्लेजिंग के चलते सपोर्ट स्टाफ के एक व्यक्ति का 11 वर्षीय बेटा रोता हुआ दिखाई था। हालाँकि बाद में ऑस्ट्रेलियाई टीम के प्लेयर्स ने उसे संभालते हुए शांत करा दिया था।

इंग्लैंड में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों की जमकर आलोचना हो रही है। फैंस से लेकर मीडिया तक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को खेल भावना का ध्यान रखने की बात कर रहा है। यहाँ तक कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने भी ऑस्ट्रेलिया की आलोचना की है। सुनक के एक प्रवक्ता ने आधिकारिक बयान में कहा था, “प्रधानमंत्री सुनक इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स की बात से सहमत हैं। ऑस्ट्रेलिया ने जिस तरह से मैच जीता हम उस तरह से जीतना नहीं चाहते।”

चूँकि, अब मामला हद से आगे निकल चुका है। एक तो इंग्लैंड एशेज सीरीज में 2-0 से पीछे है। वहीं, दूसरी ओर बेयरस्टो का रन आउट विवाद ने आग में घी डालने का काम किया है। इसलिए इंग्लैंड के फैंस गुस्से में है। इसके चलते ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर अपने परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की माँग कर रहे हैं।

क्या है मामला

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच सम्मान की लड़ाई कहे जाने वाली एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया। मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम 371 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। पाँचवें दिन 52वें ओवर में गेंदबाजी करने आए कैमरून ग्रीन की बाउंसर को बाउंसर को छोड़ने के बाद जॉनी बेयरस्टो क्रीज से बाहर निकल गए। उन्होंने यह ध्यान नहीं दिया कि गेंद डेड हुई है या नहीं। 

फिर क्या था, विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने मौके का फायदा उठाते हुए उन्हें रन आउट कर दिया। ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर्स खुशी से झूमते हुए रन आउट की अपील कर रहे थे। मामला थर्ड अंपायर के पास पहुँचा और जॉनी बेयरस्टो नियम के तहत आउट करार दिए गए। लेकिन इंग्लैंड के फैंस को ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों का इस तरह से आउट करना नागवार गुजरा। इसलिए वे लगातार उनका विरोध कर रहे हैं।

NCP के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने अजित पवार, चुनाव आयोग को दी शरद पवार को हटाने की जानकारी: भतीजे ने पूछा- 83 के हुए, अब रिटायर कब होंगे

शिवसेना (Shiv Sena) की कहानी राष्ट्रवादी कॉन्ग्रेस पार्टी (NCP) के साथ ही दोहराई जाती हुई दिख रही है। विधायकों के साथ अपने चाचा शरद पवार से अलग होने के बाद अजित पवार (Ajit Pawar) ने चुनाव आयोग में हलफनामा दाखिल करके खुद को NCP का अध्यक्ष और पार्टी पर दावा ठोका है।

अजित पवार के गुट ने 31 विधायकों और पाँच विधान पार्षदों के समर्थन का दावा किया है। वहीं, शरद पवार गुट की बैठक में 13 विधायक, 3 विधान पार्षद और 5 सांसद मौजूद रहे। बताते चलें कि यही हाल शिवसेना के साथ हुआ था, जब एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में पार्टी के 40 विधायकों ने उद्धव ठाकरे से किनार कर लिया था।

बताते चलें कि महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कॉन्ग्रेंस पार्टी के कुल 53 विधायक हैं। इनमें 31 विधायक अजित पवार की बैठक में और 13 विधायक शरद पवार की बैठक में शामिल हुए। वहीं, 9 विधायक किसी भी गुट की बैठक में शामिल नहीं हुए।

अजित पवार गुट ने बुधवार (5 जुलाई 2023) को चुनाव आयोग के समक्ष एक हलफनामा दाखिल किया है। उन्होंने कहा है कि NCP के सदस्यों ने 30 जून 2023 को भारी बहुमत के साथ एक प्रस्ताव पारित किया था, जिसमें शरद पवार को हटाकर अजित पवार को NCP का अध्यक्ष चुना गया था।

हलफनामा में यह भी बताया गया है कि प्रफुल्ल पटेल राष्ट्रवादी कॉन्ग्रेस पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष थे और वे अभी भी उस पद पर बने हुए हैं। एनसीपी ने अजित पवार को महाराष्ट्र विधानसभा में NCP विधायक दल का नेता नियुक्त करने का भी फैसला किया है।

इसके पहले शरद पवार गुट के नेता जयंत पाटिल ने 3 जुलाई 2023 को चुनाव आयोग को एक ई-मेल भी भेजा था। इस ई-मेल में एक कैविएट दायर की थी। उन्होंने आयोग को महाराष्ट्र विधानसभा के 9 सदस्यों को अयोग्य ठहराने की कार्यवाही के बारे में भी बताया।

महाराष्ट्र के नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने बुधवार (5 जुलाई 2023) को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि शरद पवार ने NCP को इस स्तर पर पहुँचाया। वे कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा मार्गदर्शक बने रहेंगे। इसके साथ ही अजित पवार ने उन्हें अब राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी।

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार कहते हैं, “आपने मुझे सबके सामने खलनायक के रूप में चित्रित किया। मेरे मन में अभी भी उनके (शरद पवार) लिए गहरा सम्मान है…लेकिन आप मुझे बताएं, आईएएस अधिकारी 60 साल की उम्र में रिटायर हो जाते हैं…राजनीति में भी

  • अजित पवार ने कहा, “आईएएस अधिकारी 60 साल की उम्र में रिटायर हो जाते हैं…राजनीति में भी बीजेपी नेता 75 साल की उम्र में रिटायर हो जाते हैं। आप लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी का उदाहरण देख सकते हैं। इससे नई पीढ़ी को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। आप (शरद पवार) हमें अपना आशीर्वाद दें। आप 83 वर्ष के हैं। क्या आप रुकने वाले नहीं हैं?”

उधर बैठक के दौरान अपने गुट के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शरद पवार ने कहा, “पार्टी का चुनाव चिह्न हमारे पास है, वह कहीं नहीं जाएगा। जो लोग और पार्टी कार्यकर्ता हमें सत्ता में लाए, वे हमारे साथ हैं। जिन विधायकों ने अलग होने का फैसला किया, उन्होंने हमें विश्वास में नहीं लिया। अजित पवार गुट ने किसी भी प्रक्रिया का पालन नहीं किया है।”

शरद पवार की बैठक में जो 13 विधायक शामिल हुए, उनमें विधायक अनिल देशमुख, रोहित पवार, राजेंद्र शिंगणे, अशोक पवार, किरण लाहामाटे, प्राजक्त तानपुरे, बालासाहेब पाटिल, जितेंद्र आव्हाड, चेतन विट्ठल, जयंत पाटिल, राजेश टोपे, संदीप और देवेंद्र भूयर शामिल हैं।

मर गया सिख फॉर जस्टिस वाला खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू? ट्विटर पर कार एक्सीडेंट में मरने के लग रहे कयास, ‘द खालसा टुडे’ के संपादक ने किया इनकार

सोशल मीडिया पर कई लोग कह रहे हैं कि खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की अमेरिका में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। हालाँकि, न तो खालिस्तानियों और न ही अमेरिकी सरकार की तरफ से इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं की गई है। ‘MJ क्लब’ नामक ट्विटर यूजर ने इसे बड़ा ब्रेकिंग न्यूज़ बताते हुए सूत्रों के हवाले से ये दावा किया। हैंडल ने दावा किया कि पिछले 2 महीनों में मारे गए 3 खालिस्तानी आतंकियों हरदीप सिंह निज्जर, अवतार सिंह खांडा और परमजीत सिंह पंजवार की मौतों के बाद वो छिपा हुआ था।

रिटायर्ड मेजर जनरल हर्ष काकर ने भी इस खबर को ट्वीट किया, लेकिन साथ ही लिखा कि वो इसकी पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर ये सच है तो ये खालिस्तानी आतंकी अभियान के लिए एक बड़ा झटका होगा। लोगों ने इसका जश्न मनाना भी शुरू कर दिया है। एक व्यक्ति ने लिखा कि जिन्होंने भी ऐसा किया है उन्हें दिल से धन्यवाद। एक अन्य ने लिखा कि खालिस्तानी आतंकियों का ’72 हूर’ दिखाने के लिए वन वे टिकट काटा है रहा है।

हालाँकि, कई लोगों को आशंका है कि जैसे भारत विरोधी अरबपति जॉर्ज सोरोस की मौत की अफवाह उड़ी थी, वैसे ही ये फेक भी हो सकता है। वहीं कुछ अति-उत्साहित लोग तो भारतीय एजेंसी R&AW को जम कर धन्यवाद दे रहे हैं। ये भी हो सकता है कि ‘The Alternate Media’ नामक YouTube चैनल पर आए एक वीडियो के बाद ये खबर उड़ी हो, जिसकी हेडिंग है ‘पन्नू को ठोका’। इसमें संस्थान की गायत्री देवी मेजर जनरल (रिटायर्ड) एसपी सिन्हा से बात करती हुई दिखती हैं।

इस वीडियो में एसपी सिन्हा ने अंदेशा जताया कि अचानक से कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका में खालिस्तानी गतिविधियाँ शुरू होने के पीछे कोई वजह हो सकती है और उन्हें लगता है कि कहीं पन्नू की मौत के कारण तो ऐसा नहीं हो रहा। उन्होंने पूछा कि क्या कार दुर्घटना हुई, उसकी मौत हुई या फिर वो गंभीर रूप से घायल है। पत्रकार आदित्य राज कौल ने भी एक पोस्टर शेयर किया, जिसके बारे में कहा जा रहा है कि ये वायरल हो रहा है।

इस पोस्टर में खालिस्तानी आतंकियों की तस्वीरें और नाम हैं, साथ ही उनके जन्म और मौत का साल लिखा हुआ है। इसमें गुरपतवंत सिंह पन्नू का भी नाम है और उसकी मौत का साल नहीं लिखा है। बाकियों पर ‘Deceased (मृत)’ का ठप्पा लगा हुआ है। लिखा है कि ये वॉन्टेड हैं, ज़िंदा या मुर्दा। अभिजीत अय्यर मित्रा ने भी तंज कसते हुए लिखा कि अगर ये खबर सही है तो भारत को 25 दिनों का शोक मनाना चाहिए। उन्होंने लिखा कि वो पुरुष राखी सावंत था, जिसने खालिस्तान को लेकर मजाकिया वीडियोज बनाए।

कई लोगों ने तो ‘इक दिन मर जाएगा कुत्ते की मौत’ वाला वीडियो शेयर करना भी शुरू कर दिया है। गुरपतवंत सिंह पन्नू ने ही ‘सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ)’ नामक आतंकी संगठन की स्थापना की थी और वो अक्सर भड़काऊ वीडियो बनाता रहता था।

‘द खालसा टुडे’ के मुख्य संपादक सुखी चहल ने इन खबरों पर दावा किया है कि कैलिफोर्निया में उनके पड़ोस में हुई कार दुर्घटना के बारे में वो बताना चाहते हैं कि गुरपतवंत सिंह पन्नू की मौत की खबर झूठ है, फर्जी है।

स्वीडन में कुरान जलने पर मुंबई की मीनारा मस्जिद के बाहर जुटी इस भीड़ के खतरे बड़े, क्योंकि इसके पीछे है रजा अकादमी

लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध अधिकार है। इसलिए पहली नजर में मुंबई की मीनारा मस्जिद के बाहर 5 जुलाई 2023 को हुए इस जुटान की तस्वीर में कोई खतरा नहीं दिखता। लेकिन घंटी तब बजती है जब पता चलता है कि स्वीडन में कुरान जलाए जाने की घटना के विरोध में हुए इस प्रदर्शन के पीछे रजा अकादमी (Raza Academy) है।

नाम से रजा अकादमी भले अकादमिक संस्था होने का आभास देता हो, पर यह कुख्यात अपने कट्टरपंथी इस्लामी विचारों को लेकर है।करतूतें इस संगठन की हिंसक मंशा की गवाह हैं। कई राज्यों में इस्लामी भीड़ की हिंसा के पीछे इस संगठन की भूमिका संदेहास्पद रही है। दुनिया के किसी भी कोने में हुई घटना पर मुस्लिमों को उकसाने के लिए यह कुख्यात रहा है।

मुंबई के ही आजाद मैदान में अगस्त 2012 में हुआ दंगा देश अब तक भूला नहीं है। तब म्यामांर में रोहिंग्या मुस्लिमों पर कथित अत्याचार के विरोध के नाम पर भीड़ जुटा गई थी। सऊदी अरब में सिनेमा हॉल खुलने का विरोध हो या फ्रांस के राष्ट्राध्यक्ष के खिलाफ फतवा जारी करने की माँग, CAA और NRC का विरोध हो या COVID प्रोटोकॉल को लचीला बनाकर मस्जिद खोलने की माँग… रजा अकादमी की भूमिका आपको हर जगह दिख जाएगी। नवंबर 2021 में महाराष्ट्र के मालेगाँव, नांदेड़ और अमरावती जिलों में प्रदर्शन के नाम पर मुस्लिमों की भीड़ ने जो कुछ किया था, वह भी पूरे देश ने देखा है। उसके बाद रजा एकेडमी के दफ्तरों पर महाराष्ट्र पुलिस की छापेमारी और गिरफ्तारियों के बारे में भी हम जानते हैं।

अतीत की ये तमाम घटनाएँ हमें बताती हैं कि बकरीद के दिन स्वीडन की एक मस्जिद के बाहर कुरान जलाए जाने की घटना के विरोध के नाम पर हुए इस छोटे जुटान को सामान्य विरोध प्रदर्शन मानकर नजरंदाज नहीं किया जाना चाहिए। वैसे भी इस घटना के बाद वैश्विक स्तर पर जो इस्लामिक गुटबंदी दिख रही है, खुद को कुरान का सबसे बड़ा रखवाला साबित करने की जो होड़ लगी है, वह खतरे को और भी बढ़ा देता है। इसी घटना के विरोध के नाम पर इराक में स्वीडिश दूतावास पर हमला हो चुका है। 57 इस्लामी मुल्क सऊदी अरब में बैठक कर चुके हैं। तुर्की ने नाटो में स्वीडन के प्रवेश को रोकने के लिए एड़ी-चोट का जोर लगा रखा है। शिया मुस्लिमों के खिलाफ बर्बरता के लिए कुख्यात आतंकी संगठन लश्कर-ए-झांगवी पाकिस्तान में चर्चों और ईसाइयों पर हमला कर बदला लेने की धमकी दे रहा है। कंगाली पर खड़े पाकिस्तान का प्रधानमंत्री जुमे पर देशभर में प्रदर्शन का ऐलान कर रहा है। यह सब तब हो रहा है जब स्वीडन का राजनीतिक नेतृत्व से लेकर ईसाई नेता तक इस घटना की निंदा कर चुके हैं।

अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर स्वीडन की मस्जिद के सामने एक इराकी के कुरान जलाने के बाद दुनियाभर के अलग अलग हिस्सों में हो रही इन तमाम गतिविधियों में एक ही चीज साझा है। वह है मजहब। वह मजहब जिसका हवाला देकर भीड़ हिंसा के लिए ही जुटाई जाती है। ऐसे में अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर, लोकतांत्रिक अधिकार के नाम पर, स्वीडन में हुई घटना के विरोध में भारत के शहरों में जुटान करने, प्रदर्शन होने के भी खतरे बड़े है। खासकर तब जब इसके पीछे रजा अकादमी जैसा वह संगठन हो जिसका रिकॉर्ड भीड़ जमा कर उसे अनियंत्रित छोड़ने का पुराना और बदनाम रहा हो।

जरूरी नहीं है कि हर बार हम हिंसा के बाद ही जगे। हर बार दंगों के बाद ही इन संगठनों के दफ्तरों पर छापे पड़े। मुस्लिमों को उकसाने और हिंसा की साजिश रचने वालों की गिरफ्तारी हो। आदर्श व्यवस्था तो वह है जो जुमे की पूर्वसंध्या पर ऐसी कहानियों की पटकथा लिखने का ही मौका न दे। उम्मीद की जानी चाहिए महाराष्ट्र में उफान मारती सियासत के बीच मुंबई पुलिस की नजर मीनारा मस्जिद के बाहर जुटी उस भीड़ पर भी रही होगी जिसने कुरान जलाने वाले को तुरंत फाँसी देने की माँग करते हुए उस देश में प्रदर्शन किया है, जिस देश में आतंकी अजमल कसाब को फाँसी भी कबाब खिलाने के बाद ही मिली थी।