Home Blog Page 1712

अमेजन का डिलीवरी बॉय उस्मान निकला प्रगति मैदान टनल लूटकांड का मास्टरमाइंड, भाई इरफ़ान भी दबोचा गया: ₹5 लाख, पिस्टल, बाइक, कारतूस बरामद

दिल्ली पुलिस ने प्रगति मैदान सुरंग सुरंग लूट की गुत्थी सुलझा ली है। इस लूटकांड का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में 7 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से लूट की 4.98 लाख रुपए की रकम बरामद की गई है। 2 बाइक, 1 पिस्तौल और 2 कारतूस भी बरामद हुए हैं। 5 आरोपितों को जहाँ दिल्ली पुलिस की 2 टीमों ने दबोचा, वहीं उत्तरी जिला और नई दिल्ली जिले की संयुक्त टीमों ने 2 अन्य को दबोचने में कामयाबी पाई।

दिल्ली पुलिस ने इस मामले की CCTV फुटेज की भी जाँच की थी, जिसमें पता चला था कि मोटरसाइकिल सवार 4 लोगों ने कार को रोका और चाँदनी चौक स्थित ओमिया एंटरप्राइजेज के डिलीवरी एजेंट और उसका सहयोगी से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपितों में उस्मान, उसका चचेरा भाई इरफ़ान, अनुज मिश्रा, कुलदीप, सुमित, प्रदीप और बाला शामिल है। दिल्ली पुलिस ने मामले के सामने आते ही अलग-अलग टीमों को काम पर लगाया।

उस्मान अली उर्फ़ कल्लू ने ही इस काण्ड की साजिश रची थी। वो बुराड़ी स्थित कौशिक एन्क्लेव का रहने वाला है। 25 वर्षीय उस्मान ही सूचना देता था कि किस गाड़ी में पैसा है और किसमें नहीं। उस्मान ने 7 साल अमेजन कंपनी में बतौर डिलीवरी बॉय काम किया है। कुरियर का काम करने के कारण उसे मालूम होता था कि इस इलाके में कैश आता-जाता है। कई IPL सट्टा हार चुके उस्मान पर बैंक का भी कर्ज था।

वहीं उसका चचेरा भाई इरफ़ान नाई की दुकान पर काम करता था। इन दोनों ने ही लूटपाट की साजिश रच कर लोनी और बागपत के कुछ लड़कों को अपने साथ जोड़ा। इन लोगों ने चोरी की बाइक की व्यवस्था की और कई दिनों तक रेकी के लिए उसका इस्तेमाल किया। इन्होंने लूटकांड से 1 दिन पहले टनल में रेकी की थी। लूट में इस्तेमाल की गई चोरी की बाइक भी जब्त कर ली गई है।

वीडियो में देखा जा सकता था कि इन्होंने सबसे पहले गाड़ी रुकवा कर उसका शीशा खुलवाया, उसके बाद फिर पिस्टल दिखा कर रुपयों से भरे बैग को लूट लिया और फरार हो गए। 3 दिन की रेकी के बाद इस घटना को अंजाम दिया गया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि इस मामले को सुलझाने के लिए कई माध्यम से एनालिसिस और प्रयास किया गया। फ़िलहाल सभी आरोपितों से पूछताछ भी कर ली गई है।

अरविंद केजरीवाल के ‘शीशमहल’ की जाँच अब CAG के जिम्मे: उप-राज्यपाल की सिफारिश पर अमित शाह के मंत्रालय का फैसला, कोरोना काल में मरम्मत के नाम पर खड़ी कर दी नई इमारत

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी बंगले की मरम्मत पर हुए खर्च की अब CAG जाँच होगी। उप-राज्यपाल की सिफारिश के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह फैसला लिया है। केजरीवाल पर सरकारी बंगले की मरम्मत में करोड़ों रुपए की अनियमितता करने का आरोप है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली के उप-राज्यपाल सचिवालय ने 24 मई, 2023 को केंद्रीय गृह मंत्रालय को एक पत्र लिखा था। इस पत्र में अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास के रिनोवेशन में गंभीर रूप से वित्तीय अनियमितता का जिक्र करते हुए CAG जाँच कराने की सिफारिश की थी। उपराज्यपाल सचिवालय ने अपने पत्र में यह भी कहा था कि केजरीवाल के सरकारी बंगले की मरम्मत में बहुत अधिक पैसा खर्च किया गया है। केजरीवाल ने यह सब तब किया जब देश कोरोना वायरस महामारी से जूझ रहा था। 

उपराज्यपाल ने गृह मंत्रालय को लिखे पत्र में दिल्ली के मुख्य सचिव की रिपोर्ट का हवाला दिया है। मुख्य सचिव ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत के नाम पर केजरीवाल के लिए नए बंगले का निर्माण कर दिया। इस आवास के निर्माण को लेकर दिए गए शुरुआती प्रस्ताव में अतिरिक्त आवास देने की बात कही गई थी। लेकिन बाद में लोक निर्माण मंत्री ने पुरानी बिल्डिंग को गिराकर नया बंगला बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

यही नहीं, बिल्डिंग की मरम्मत के लिए शुरुआत में 15-20 करोड़ रुपए का प्रस्ताव रखा गया था। लेकिन, बाद में इस राशि को बढ़ाते-बढ़ाते करीब 53 करोड़ रुपए खर्च कर दिए गए। यह लागत शुरुआती प्रस्ताव की कीमत से तीन गुनी अधिक है। 

बता दें कि दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास की पुरानी बिल्डिंग को गिराकर नई बिल्डिंग बनाने को लेकर अब तक कई बड़े खुलासे हो चुके हैं। इसको लेकर टाइम्स नाउ नवभारत ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि CM आवास में 8-8 लाख रुपए के पर्दे लगाए गए। केवल पर्दों पर ही 1 करोड़ रुपए खर्च कर दिए गए। कुल 23 पर्दों का ऑर्डर दिया गया था, जिनमें से कुछ अभी लगने बाकी हैं और कुछ लगाए दिए गए हैं। शुरुआत में 8 पर्दे लगाए गए, जिनकी कीमत 45 लाख रुपए थी। दूसरे चरण में 15 पर्दों का ऑर्डर दिया गया, जो 51 लाख रुपए के थे।

इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री आवास में लगाने के लिए वियतनाम से मार्बल मँगाया गया। इसे ‘डियोर पर्ल मार्बल’ बोला जाता है, जो सुपीरियर क्वालिटी का होता है। इसकी कीमत 15 लाख रुपए होती है। साथ ही इसे लगाने के लिए भी अलग तरीके से फिटिंग की जाती है। AAP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने इस पर सफाई देते हुए कहा था कि अरविंद केजरीवाल आंदोलन से निकले नेता हैं और कोई फकीर नहीं है। उन्होंने कहा कि वो बँगला 1942 का बना है, वहाँ छत से पानी टपकती थी और बुजुर्गों को परेशानी होती थी।

‘हिंदुओं की सहिष्णुता की बार-बार परीक्षा क्यों’: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ‘आदिपुरुष’ पर फटकारा, पूछा- डायलॉग बदल दोगे पर दृश्यों का क्या

भगवान श्रीराम और हनुमान जी को आपत्तिजनक रूप से प्रदर्शित करने के लिए इलाहाबद उच्च न्यायालय ने ‘आदिपुरुष’ फिल्म के निर्माताओं को खरी-खरी सुनाई है। हाईकोर्ट ने पूछा कि आखिर एक समुदाय की सहिष्णुता के स्तर की बार-बार क्यों परीक्षा ली जा रही है? जजों ने कहा कि अगर कोई सभ्य है तो इसका मतलब है आप उसे दबा कर रखेंगे? क्या ऐसा ही होता है? हाईकोर्ट ने कहा कि ये अच्छा है कि ये एक ऐसे धर्म का मामला है, जिसके अनुयायी किसी प्रकार की सार्वजनिक समस्या पैदा नहीं करते।

जस्टिस राजेश सिंह चौहान और जस्टिस श्रीप्रकाश सिंह की बेच ने कहा, “हमने देखा कि कुछ लोग सिनेमा हॉल्स में गए थे जब ये फिल्म दिखाई जा रही थी। उन्होंने सिर्फ हॉल को बंद रखने के लिए ही दबाव बनाया। वो कुछ और भी कर सकते थे। सेंसर बोर्ड को सर्टिफिकेट देने समय ध्यान रखना चाहिए था। अगर हम इस पर भी आँख बंद कर लें क्योंकि ये कहा जाता है कि इस धर्म के लोग बड़े सहिष्णु हैं, तो क्या उसका टेस्ट लिया जाएगा?”

दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट में दायर की गई 2 जनहित याचिकाओं (PIL) पर सुनवाई करते हुए जजों ने ये टिप्पणी की। हाईकोर्ट ने कहा कि जो धार्मिक साहित्य लोगों के लिए संवेदनशील हैं, उन्हें नहीं छुआ जाना चाहिए और उनका अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। उच्च न्यायालय ने कहा कि कुछ धार्मिक ग्रन्थ इतने पवित्र हैं कि लोग उनकी पूजा करते हैं, जैसे कई लोग घर से निकलने से पहले रामचरितमानस की चौपाइयाँ पढ़ते हैं।

जजों ने कहा कि भगवान श्रीराम, माँ सीता और हनुमान जी को ऐसे दिखाया गया जैसे वो कुछ हों ही नहीं। फिल्म में डिस्क्लेमर जोड़े जाने की जानकारी पर अदालत ने पूछा कि क्या ऐसा करने वाले इस देश के युवाओं को बिना दिमाग का समझते हैं? हाईकोर्ट ने कहा कि आप राम, सीता और हनुमान को दिखा कर ये कह रहे हो कि ये रामायण नहीं है? हाईकोर्ट ने कहा कि डायलॉग बदले जाने से कुछ नहीं होगा, दृश्यों का आप क्या करेंगे?

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा भारत के डिप्टी सॉलिसिटर जनरल से कहा कि वो इस मामले में संबंधित अथॉरिटी से इंस्ट्रक्शंस लें, उसके बाद देखा जाएगा क्या करना है। साथ ही टिप्पणी की कि अगर फिल्म का प्रदर्शन रुक जाएगा तो जिनकी भावनाएँ आहत हुई हैं उनलोगों को राहत मिलेगी। हाईकोर्ट को बताया गया कि ऐसी चीजें ‘PK (2014)’, ‘मोहल्ला अस्सी (2018)’ और ‘हैदर (2014)’ जैसी फिल्मों में भी किया जा चुका है।

मुरादाबाद में बुलेट चुराई, ₹1.90 लाख भी… बीवी को ले गया घुमाने कुल्लू मनाली, लौटा तो पकड़ा गया मोहम्मद हाशिम

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में पुलिस ने एक ऐसे चोर को गिरफ्तार किया है जो खुद के और अपनी बीवी के शौक पूरे करने के लिए चोरियाँ करता था। आरोपित का नाम मोहम्मद हाशिम है। हाशिम के पास से पुलिस ने कैश, अवैध तमंचा और बुलेट बाइक बरामद की है। ताजा मामले में हाशिम ने कुल्लू मनाली घूमने के लिए 2-2 चोरियों को अंजाम दिया था। उसकी गिरफ्तारी सोमवार (26 जून 2023) को हुई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मामला मुरादाबाद के थाना क्षेत्र कटघर का है। 4 जून 2023 को अमरोहा जिले के दवा व्यापारी सलमान मुरादाबाद के कोतवाली क्षेत्र में खरीदारी के लिए आए थे। उसी शाम को उन्होंने थाने में अपना बैग चोरी होने की तहरीर दी। सलमान ने बैग में 1 लाख 90 हजार रुपए होने की बात कही थी। CCTV फुटेज खँगालने पर काले रंग की टी शर्ट में एक व्यक्ति चोरी करता दिखा था। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ IPC की धारा 379 के तहत केस दर्ज कर जाँच शुरू कर दी।

जाँच के दौरान पुलिस को मोहम्मद हाशिम के बारे में पता चला। उसके अब्बा नाम शमीम है जो मुरादाबाद के ही कटघर क्षेत्र का रहने वाला है। हाशिम के पास से अवैध तमंचा, जिन्दा कारतूस, एक बुलेट बाइक और 86 हजार रुपए कैश बरामद हुआ है। पुलिस की पूछताछ में हाशिम ने बताया कि वह अपने शौक पूरे करने के लिए चोरियाँ करता है। जो बुलेट बाइक उसके पास से बरामद की गई वह उसने 3 जून 2023 को मुरादाबाद के ही मझोला थाना क्षेत्र से चोरी की थी।

पूछताछ में हाशिम ने बताया कि बुलेट और कैश चुरा कर वह अपनी बीवी के साथ कुल्लू मनाली घूमने निकल गया था। कुल्लू मनाली से वह 9 जून को वापस लौटा। कुल्लू मनाली की यात्रा में हाशिम ने लगभग 45 हजार रुपए खर्च किए थे। बाकी पैसे उसने अपने अन्य शौक पूरे करने के लिए रखे थे। लेकिन उससे पहले ही वो गिरफ्तार हो गया।

डेढ़ कमरे के घर में रहने वाला लड़का, जिसने यूपी की नेगेटिव छवि को बदल दिया… तमिलनाडु के बच्चों के बीच पहुँचा CM योगी पर ग्राफिक उपन्यास, चेन्नई में किया गया लॉन्च

बेस्ट-सेलर ग्राफिक उपन्यास ‘अजय टू योगी आदित्यनाथ’, उत्तर प्रदेश से लम्बा सफ़र तय करके तमिलनाडु पहुँचा। मंगलवार (27 जून, 2023) को लेखक शान्तनु गुप्ता ने चेन्नई के ‘चिन्मय हेरिटिज सेंटर’ में 800 से भी ज़्यादा बच्चों के साथ, एस गुरुमूर्ति, शहज़ाद पूनावाला व स्वामी मित्रानंद की उपस्थिति में एक भव्य कार्यक्रम में इस पुस्तक को लॉन्च किया। प्रसिद्ध लेखक, शांतनु गुप्ता, जिन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर दो बेस्टसेलर शीर्षक लिखे हैं, ने युवा पाठकों के लिए अपना नया ग्राफिक उपन्यास – ‘अजय टू योगी आदित्यनाथ’ को तमिलनाडु में लॉन्च किया। 

जून के पहले ही हफ़्ते में योगी आदित्यनाथ के 51वें जन्मदिन यानी 5 जून को उत्तर प्रदेश के 51+ स्कूलों में इस ग्राफिक उपन्यास लॉन्च किया गया था । लेखक स्वयं लखनऊ के एक स्कूल में सैकड़ों बच्चों सहित उपस्थित थे। साथ ही इस रिकॉर्ड लॉन्च में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के 51+ स्कूलों में 5१00 से अधिक बच्चों ने किताब लॉन्च की थी । यह पहली बार था कि एक किताब को कई स्थानों पर एक साथ इतने प्रतिभागियों के साथ लॉन्च किया गया, और वो भी बच्चों ने। इस व्यापक लॉन्च ने ‘एशिया बुक ओफ रिकॉर्ड्स’ क़ायम किया। 

जब हमारी टीम ने लेखक शांतनु से संपर्क किया, तो लेखक ने अपने नए ग्राफिक उपन्यास के बारे में बारीक जानकारी साझा की। शांतनु ने बताया कि ‘अजय से योगी आदित्यनाथ तक’, उत्तराखंड के सुदूर गाँव में पैदा हुए एक युवा लड़के अजय सिंह बिष्ट की यात्रा है। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट एक जूनियर वन अधिकारी थे और माता सावित्री देवी एक गृहिणी थीं। अजय को बचपन से ही परिवार की गायों की देखभाल करने, स्वतंत्रता सेनानियों की कहानियाँ सुनने और स्कूल की बहस में भाग लेने का शौक था। वे सभी आज के उत्तराखंड में पंचूर नाम के एक सुदूर गाँव में डेढ़ कमरे के घर में रहते थे। यहीं से आगे चलकर अजय गोरखनाथ मठ के महंत बने, भारत की संसद के सबसे कम उम्र के सदस्य और भारत के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। लेखक ने आगे कहा कि ‘अजय टू योगी आदित्यनाथ’ हर छात्र के अनुसरण करने और प्रेरणा लेने के लिए धैर्य, दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत की कहानी है।

लेखक ने बताया कि वह इस कहानी को उन प्रेरक क़िस्सों व उपाख्यानों के माध्यम से बता रहा हैं, जिन्हें उन्होंने अलग-अलग लोगों के साथ अपनी बातचीत के दौरान सुना और आलेखित किया। ये वो लोग हैं जो योगी आदित्यनाथ के जीवन का वर्षों तक हिस्सा रहे। इनमें, उनके पिता स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट, उनकी माँ सावित्री देवी, पंचूर गाँव के उनके दोस्त, कोटद्वार और ऋषिकेश में उनके कॉलेज के सहपाठी और शिक्षक और उनके साथ के विभिन्न साथी संत और नेता शामिल हैं। लेखक ने कहा की मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूँ जिन्होंने योगी आदित्यनाथ की जीवन-कथा को आप सभी के सामने लाने में मुझे सक्षम बनाया।

साहित्य प्रेमियों के लिए, शांतनु ने विस्तृत साहित्यिक और कलात्मक यात्रा के बारे में बताया, जिससे ग्राफिक उपन्यास पिछले एक साल में गुजरा है। पहले लेखक ने अपने प्राथमिक शोध के आधार पर सभी पृष्ठों की स्टोरीबोर्डिंग की। संवादों के साथ-साथ उन्होंने कलाकारों को संभावित रूपरेखा का सुझाव दिया। वहां से कलाकारों और डिजाइनरों की टीम  – नितेश कुशवाहा, आकाश जायसवाल और पल्लवी सक्सेना ने काम संभाला। पहले कलाकारों ने पृष्ठ लेआउट के अनुमान के लिए थंबनेलिंग की, फिर उन्होंने सावधानीपूर्वक पेंसिल कला का काम किया, फिर उन्होंने इसे बाउंड्री दी, पैनलिंग की, संवाद जोड़े और फिर रंग। टीम के सदस्यों के बीच प्रत्येक पैनल, प्रत्येक पृष्ठ और प्रत्येक संवाद के लिए विस्तृत समीक्षा और फीडबैक लूप चलाए पुस्तक को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए पुस्तक के अंत में योगी आदित्यनाथ पर कई पहेलियाँ और खेल भी हैं। पुस्तक में क्यूआर कोड पाठकों को एक वेबसाइट पर ले जाएगा, जहाँ युवा पाठक योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश के बारे में अधिक जानने के लिए 100+ गेम और पहेलियाँ खेल सकते हैं।

चेन्नई लॉन्च पर बोलते हुए, ‘तुगलक’ के संपादक एस गुरुमूर्ति ने कहा कि यह पहली बार है कि वह एक जीवित राजनेता की पुस्तक लॉन्च के लिए अपवाद बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने यह अपवाद चार कारणों से किया है – पहला यह कि यह योगी आदित्यनाथ पर एक किताब है, जिन्होंने उत्तर प्रदेश पर नकारात्मक धारणा को एक परिवर्तनकारी विकास कहानी में बदल दिया। दूसरा, वह शहजाद पूनावाला जैसे युवा राजनीतिक नेताओं से मिलना चाहते हैं, तीसरा – शांतनु के निमंत्रण को ना कहना बहुत मुश्किल है, जिनके बच्चों को घर पर स्कूली शिक्षा देने के विचार ने उन्हें वास्तव में प्रभावित किया और आखिरकार, क्योंकि यह कार्यक्रम चिन्मय मिशन और स्वामी मित्रानंद का के आशीर्वाद से हो रहा है। 

इस भव्य लॉन्च के लिए शहर में मौजूद भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने छात्रों को संबोधित किया कहा  कि यह पुस्तक और योगी आदित्यनाथ का जीवन हम सभी को चरित्र निर्माण की कला सिखाता है। शहजाद ने उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ द्वारा लाए गए बुनियादी ढांचे और शासन परिवर्तन के बारे में भी बात की। पूनावाला ने बच्चों का ध्यान इस ओर भी दिलाया कि योगी आदित्यनाथ कितने बड़े पशु और प्रकृति प्रेमी हैं।

चिन्मय मिशन के स्वामी मित्रानंद ने छात्रों का आह्वान किया और उन्हें ग्राफिक उपन्यास के पृष्ठ संख्या 5 की ओर इशारा किया, जिसमें दिखाया गया है कि कैसे योगी आदित्यनाथ को एक कमरे के घर में सात भाई-बहनों के साथ पले और अपनी कड़ी मेहनत, दिव्यता और समर्पण से आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। 

शांतनु ने योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश पर क्विज का आयोजन किया और सैकड़ों बच्चों से सीधे जुड़े। शान्तनु अपनी किताबों को सभी भारतीय भाषाओं में लाने के लिए विख्यात हैं और इसी श्रृंखला में उन्होंने इस ग्राफ़िक नोवेल के तमिल कवर का भी अनावरण किया। उत्तर प्रदेश से हाई आए स्पीड आर्टिस्ट अमित वर्मा ने कुछ हाई मिनटो में योगी आदित्यनाथ का एक भव्य चित्र बनाकर बच्चों का माँ मोह लिया। सोशल मीडिया पर भी तमिलनाडु लॉंच को लेकर भारी उत्साह दिखा – पूरे भारत में ट्विटर पर कई घंटो तक #YogiBookRocksChennai ट्रेंड होता रहा। 

पूर्व में शांतनु गुप्ता ने योगी आदित्यनाथ पर दो बेस्टसेलिंग टाइटल लिखे हैं- द मोंक हू बिकेम चीफ मिनिस्टर और द मॉन्क हू ट्रांसफॉर्मेड उत्तर प्रदेश। और अब उन्होंने विशेष रूप से बच्चों के लिए यूपी के मुख्यमंत्री पर एक प्रेरणादायक ग्राफिक उपन्यास लिखा है- ‘अजय टू योगी आदित्यनाथ’। कार्यक्रम की पूर्व संध्या में शान्तनु गुप्ता, ने सुप्रीम कोर्ट में रामजन्मभूमि के वरिष्ट वक़ील के. पारासरन को पुस्तक भेंट करके आशीर्वाद लिया। शाम को उन्होंने चेन्नई के प्रसिद्ध बुक स्टोर – हिग्गीन-बोथिम में अपनी पुस्तकें पर हस्ताक्षर किए और नन्हें पाठकों से संवाद साधा। किताब पहले से ही अमेज़न पर बेस्टसेलर सूची में रैंकिंग कर रही है।

पृथ्वी शॉ ने नहीं की छेड़छाड़, इंस्टाग्राम माॅडल ने फँसाने के लिए बोला झूठ: मुंबई पुलिस ने कोर्ट को बताया, क्रिकेटर पर मारपीट के भी लगाए थे आरोप

भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शाॅ पर इंस्टाग्राम माॅडल सपना गिल (Sapna Gill) ने शराब के नशे में होने, गलत तरीके से छुने और मारपीट करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। लेकिन इस मामले में मुंबई पुलिस ने कोर्ट में जो जाँच रिपोर्ट में दाखिल की है उससे पता चलता है कि ये आरोप झूठे थे। इसके मुताबिक पृथ्वी शाॅ (Prithvi Shaw) ने कोई छेड़छाड़ नहीं की थी। उन्हें फँसाने के लिए झूठे आरोप लगाए गए थे।

पुलिस ने सोमवार (26 जून 2023) को कोर्ट को बताया कि पृथ्वी शॉ पर लगे आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई पुलिस ने कोर्ट से कहा है कि पब में लगे सीसीटीवी फुटेज की जाँच से पता चला है कि सपना गिल और उसका दोस्त शोभित ठाकुर नशे में धुत हो डांस कर रहे थे। जब पृथ्वी शॉ वहाँ पहुँचे तो शोभित ठाकुर ने अपने मोबाइल से उनका वीडियो बनाने की कोशिश की। लेकिन पृथ्वी ने उसे रोक दिया। 

पुलिस ने आगे कहा है कि सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद यह साफ है कि पृथ्वी शॉ और उनके साथियों ने सपना गिल के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं की। पुलिस ने पब में मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए थे। उन बयानों से भी स्पष्ट है कि पृथ्वी ने छेड़छाड़ नहीं की थी।

पुलिस ने कोर्ट से यह भी कहा है कि उन्होंने घटनास्थल के पास लगे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टॉवर के सीसीटीवी फुटेज की भी जाँच की। इस फुटेज में सामने आया कि सपना गिल हाथ में बेसबॉल बैट लेकर पृथ्वी शॉ की कार का पीछा कर रही थी। इसके बाद उन्होंने पृथ्वी की कार का काँच तोड़ दिया। इसके अलावा मौके पर रहे CISF अधिकारियों ने भी अपने बयान में कहा था कि सपना गिल के हाथ में बेसबॉल बैट था और वहाँ मौजूद किसी ने भी उस पर हमला नहीं किया था। पुलिस के बयान सुनने के बाद कोर्ट ने घटना के सभी सीसीटीवी फुटेज सौंपने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई बुधवार (28 जून 2023) को होगी।

क्या है मामला

यह पूरा मामला 15 फरवरी 2023 की रात का है। मुंबई के सांताक्रूज इलाके में स्थित एक होटल में पृथ्वी शॉ डिनर के लिए गए थे। यहाँ सपना गिल और शोभित ठाकुर ने शॉ के साथ सेल्फी लेने की बात कही। इस पर पृथ्वी तैयार हो गए। लेकिन कुछ देर बाद फिर सपना गिल और शोभित ठाकुर कुछ और लोगों के साथ सेल्फी लेने के लिए पहुँच गए। पृथ्वी ने इस बार मना कर दिया। लेकिन सेल्फी लेने आए लोग मानने को तैयार नहीं थे। इस पर पृथ्वी शॉ ने मैनेजर बुलाकर उन्हें होटल से बाहर करा दिया।

इसके बाद पृथ्वी अपनी कार लेकर होटल से निकल गए। कथित तौर पर सपना गिल और शोभित ठाकुर ने अपने साथियों के साथ उनका पीछा किया। रेड लाइट पर जब पृथ्वी ने कार रोकी तो आरोपितों ने उनकी कार पर हमला कर दिया। आरोप है कि सपना और उसके साथियों ने पृथ्वी से 50 हजार रुपए ऐंठने की भी कोशिश की। झूठे केस लगाने की धमकी भी दी थी। पृथ्वी शॉ के साथ हुई इस घटना को लेकर उनके दोस्त आशीष यादव ने ओशिवारा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद सपना और उनके साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। जमानत मिलने के बाद सपना गिल ने 21 फरवरी 2023 को पृथ्वी शॉ और उनके दोस्तों के खिलाफ मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे।

पानी में आग लगानी है, कुँवारा नहीं मरना… अयोध्या में राम की पैड़ी पर नहाते हुए लड़की ने बनाया रील, सरयू नदी का वीडियो देख लोगों ने की कार्रवाई की माँग

अयोध्या में पवित्र सरयू नदी पर एक लड़की ने फिल्मी गाने पर डांस करने का मामला सामने आया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लड़की बॉलीवुड के भद्दे गाने पर डांस करती नजर आ रही है। मामला सामने आने के बाद पुलिस लड़की की तलाश कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वायरल वीडियो अयोध्या स्थित राम की पैड़ी का है। वीडियो में लड़की काले कपड़ों में बॉलीवुड फिल्म ‘जान’ के गाने ‘कुँवारा नहीं मरना’ पर डांस बोल्ड डांस करती नजर रही है। वीडियो में गाने के बोल ‘पानी में आग लगानी है..इस दिल पर चोट नहीं खानी है, शादी के बाद मर जाऊँ तो गम नहीं…कुँवारा नहीं मरना” सुना जा सकता है।

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कमेंट्स किए जा रहे हैं। साथ ही, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, यूपी और अयोध्या पुलिस को टैग कर लड़की के खिलाफ कार्रवाई की माँग की जा रही है। वहीं, इस मामले में पुलिस का कहना है, “प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अयोध्या को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।” बताया जा रहा है कि पुलिस लड़की की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।

बता दें कि इससे पहले ऐसा ही मामला वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर से सामने आया था। जहाँ लड़के-लड़कियों ने डांस कर रील्स बनाई थी। ये रील्स किसी भक्ति गाने या लोकगीत पर नहीं, बल्कि बॉलीवुड के गाने ‘हुआ छोकरा जवाँ’ गाने पर शूट हुई।

बताया जा रहा है कि यह सब सामाजिक विज्ञान संकाय के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम के नाम पर किया गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लड़के-लड़कियाँ बैठ कर ताली बजा रहे हैं। वहीं एक लड़की और लड़का बॉलीवुड गानों पर डांस कर के रील्स बना रहा है। पीछे मंदिर के शिखर भी दिखाई पड़ते हैं। इसी संकाय कुछ लड़कियों और लड़कों द्वारा एक और अश्लील रील्स शूट किए जाने की तस्वीरें सामने आई थी। इसका यूनिवर्सिटी के छात्रों ने ही कड़ा विरोध किया था।

ओडिशा में कनाडा का ‘मोहन’, महिलाओं ने बंद कर दी भगवान जगन्नाथ की पूजा: ईसाई धर्मांतरण की साजिशों पर ऑपइंडिया की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

कनाडा की नागरिकता रखने वाले एक व्यक्ति पर ओडिशा पुलिस ने 24 जून 2023 को मामला दर्ज किया था। इस व्यक्ति का नाम एपेन मोहन किडंगलील (Eapen Mohan Kidangalil) है। उस पर प्रार्थना सभा के नाम पर अनुसूचित जनजाति (ST) समाज के गरीब लोगों को लुभाने और उन्हें ईसाई बनाने की कोशिश का आरोप है। कलिंगा राइट्स फोरम के मुताबिक एपेन मोहन पर्यटक वीजा पर भारत आया हुआ है। लेकिन उसने नियमों के विपरीत 22 जून को प्रार्थना सभा का आयोजन किया। इसके बाद उसे पकड़कर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सौंप दिया।

ऑपइंडिया के पास इस मेल में दर्ज FIR की कॉपी मौजूद है। FIR के मुताबिक आरोपित पर ओडिशा धर्म स्वतंत्रता अधिनियम, 1967 की धारा 4 के तहत कार्रवाई की गई है। मामला जगतसिंहपुर क्षेत्र का कटेसिंहपुर गाँव का है। यहाँ 22 जून को विश्व हिंदू परिषद के एक सदस्य को धर्मान्तरण के कार्यक्रम की जानकारी मिली। हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता जब मौके पर पहुँचे तो पाया कि कनाडा की नागरिकता रखने वाला एपेन मोहन करीब 33 स्थानीय निवासियों को ईसाई बनने के लिए उकसा रहा था। इनमें महिलाओं सहित 11 नाबालिग भी थे।

FIR Copy

VHP कार्यकर्ता सूर्यकांत नंदा का आरोप है कि आरोपित के पास से कैश, कागजात, बाइबिल, टूरिस्ट वीजा और कुछ दवाएँ बरामद हुई। एपेन मोहन की मदद स्थानीय स्तर पर क्षेत्र में सक्रिय ईसाई मिशनरी के 2 अन्य सदस्य कर रहे थे। प्रार्थना सभा में ये सभी लोग बिना नंबर प्लेट वाले वाहन से आए थे। बताया जा रहा है कि प्रार्थना सभा को रोकने का प्रयास करने वाले हिन्दू संगठन के सदस्यों से न सिर्फ दुर्व्यवहार किया गया, बल्कि उन पर हमला भी हुआ।

मामले का संज्ञान स्थानीय कानूनी कार्यकर्ता समूह कलिंगा राइट्स फोरम ने लिया है। कनाडाई नागरिक पर पर्यटक वीजा के कानूनों का उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कलिंगा राइट्स फोरम ने विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों पर मिशनरी सदस्यों द्वारा किए गए हमले की निंदा की है।

मिशनरियों की तरफ से हिन्दू संगठनों पर जवाबी FIR

इस घटना के बाद ईसाई मिशनरियों की तरफ से हिन्दू संगठन के कुछ लोगों पर जवाबी FIR दर्ज करवाई गई है। FIR में मिशनरियों ने VHP कार्यकर्ताओं पर अपने ‘व्यक्तिगत कार्यक्रम’ में बाधा डालने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के तौर पर लक्ष्मीप्रिया मल्लिक का नाम सामने आया है। लक्ष्मीप्रिया की शिकायत पर IPC की धारा 448, 294, 323, 506 और 34 के तहत हिन्दू संगठन से जुड़े सदस्यों पर केस दर्ज किया गया है। शिकायत में महिला ने बताया है कि नाबालिग बच्चे उसके बेटे के जन्मदिन में आए थे। उसने आरोप लगाया है कि सुबह लगभग 11 बजे उनका परिवार पूजा कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके घर में घुस कर दुर्व्यवहार किया। हालाँकि पुलिस ने मौके पर पहुँच कर दोनों पक्षों को शांत करवाया।

हिन्दू संगठनों पर दर्ज FIR

महिलाओं ने भगवान जगन्नाथ भगवान की पूजा बंद की

ऑपइंडिया से बात करते हुए VHP सदस्य सूर्यकांत नंदा ने बताया कि बजरंग दल के सदस्यों को बेरहमी से पीटा गया था, क्योंकि उन्होंने प्रार्थना के नाम हो रहे धर्मान्तरण को रोकने का प्रयास किया। उन्होंने आगे बताया कि घटना के दिन बिना नंबर की सफेद बोलेरो गाड़ी देखकर जब पड़ताल की गई तो उसमें किसी कनाडा के नागरिक के आने की जानकारी मिली। नंदा ने आगे बताया कि थोड़ी देर बाद एक घर की तरफ जनजातीय समाज के करीब 40-50 गरीब हिन्दुओं को जाते देखा गया।

नंदा ने आगे बताया कि इस जमावड़े की बजरंग दल सदस्यों ने जाकर पड़ताल की तो उन्हें वहाँ प्रार्थना के नाम पर धर्म परिवर्तन का प्रयास होता दिखा। हिन्दू संगठन के सदस्यों को देख कर लक्ष्मीप्रिया नाम की महिला ने इस कार्यक्रम में हुए जमावड़े को घर में जन्मदिन पर हुआ जुटान बताया। बजरंग दल के सदस्यों ने प्रार्थना में बैठी कुछ महिलाओं से बातचीत की। VHP नेता नंदा का दावा है कि इस बातचीत में महिलाओं ने बताया कि उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा करना बंद कर दी है, क्योंकि उनका धर्म परिवर्तित हो गया है।

ऑपइंडिया से बातचीत के दौरान VHP नेता सूर्यकांत नंदा ने स्थानीय पुलिस पर भी एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले तो पुलिस ने सब कुछ जानते हुए भी कनाडा के नागरिक को छोड़ दिया और अब हिन्दू संगठनों से भी पूछताछ करने जा रही है।

नाबालिग बच्चों के मामले का NCPCR ने लिया संज्ञान

कनाडा के आरोपित द्वारा नाबालिग बच्चों के धर्मान्तरण की साजिश की शिकायत कलिंगा राइट्स फोरम ने राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) को पत्र लिख कर की है। पत्र का संज्ञान NCPCR ने लिया है। मामले की गहनता से जाँच का भरोसा दिया है।

कनाडा के नागरिक को छोड़ने पर SHO की सफाई

ऑपइंडिया ने इस घटना पर SHO शुभ्रांशु परिदा से बात की। SHO ने बताया कि कनाडाई व्यक्ति एपेन मोहन के पास OCI (ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया) कार्ड पाया गया। उन्होंने एपेन मोहन को मूल रूप से केरल का निवासी और जन्मजात ईसाई बताया। बकौल SHO एपेन मोहन को भारत में अपने धर्म का पालन करने का अधिकार है, क्योंकि वो पर्यटक वीजा पर नहीं है। पुलिस के मुताबिक एपेन मोहन ने नियमों को नहीं तोड़ा है, इसलिए उसे धारा 41 का नोटिस जारी कर के रिहा किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी संज्ञेय अपराध पाए जाने पर ही की जाती है।

पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं

ऑपइंडिया ने SHO से यह जानना चाहा कि OCI कार्ड धारक को क्या मिशनरी गतिविधि में शामिल होने का अधिकार है? इस सवाल के जवाब पर SHO ने कहा कि पुलिस को मौके से ऐसा कोई भी सबूत नहीं मिला जिससे यह कहा जा सके कि घटनास्थल पर धर्मान्तरण जैसा कुछ चल रहा था। थाना प्रभारी शुभ्रांशु के मुताबिक मामले में आगे की जाँच चल रही है।

OCI के कानून

हालाँकि कलिंगा राइट फोरम पुलिस की दलीलों से संतुष्ट नहीं है। फोरम ने पुलिस पर आरोपितों को बचाने का आरोप लगाते हुए ऑपइंडिया से बताया कि वो पूरी साजिश का पर्दाफाश करेंगे।

अगले 3 साल तक तेजी से दौड़ती रहेगी भारत की अर्थव्यवस्था, 4% के आसपास सिमटा रहेगा चीन: अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी S&P की रिपोर्ट

अगले 3 वर्षों में भारत का विकास दर 6.7% रहने की संभावना है, यानी भारत सबसे तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्था बना रहेगा। सोमवार (26 जून, 2023) को ‘S&P ग्लोबल रेटिंग्स’ ने अपनी रिपोर्ट में ये कहा है। संस्था का मानना है कि इस साल जहाँ भारत 6% की विकास दर से बढ़ेगा, वहीं 2025 और 2026 के वित्तीय वर्षों में इसका विकास दर उछाल कर 6.9% पहुँच जाएगा।। बता दें कि 2022-23 में भारतीय अर्थव्यवस्था ने 7.2% की विकास दर के साथ उड़ान भरी है।

वहीं तुलना के लिए एशिया-पैसिफिक देशों की बात करें तो संस्था ने फिलीपींस के 5.9% और वियतनाम का विकास दर 5.5% रहने की संभावना जताई है। ‘इकोनॉमिक रिसर्स: इकोनॉमिक आउटलुक एशिया-पैसिफिक Q3 2023’ नामक रिपोर्ट में ये आँकड़े दिए गए हैं। यानी, इन सभी में विकास की विकास दर सबसे ज्यादा रहेगी। जहाँ तक चीन की बात है, संस्था ने अंदाज़ा लगाया है कि ये 2024 में 4.4% की विकास दर से आगे बढ़ेगा।

वो भी तब, जब मॉनेटरी परिस्थितियाँ इसके अनुरूप होंगी और वैश्विक विकास भी तेज होगा। बता दें कि भारतीय रिजर्व बैंक ने भी 2023-24 के लिए 6.5% की विकास दर का अनुमान लगाया है। साथ ही S&P ने भारत में महँगाई के कम होने की बात भी कही है। जहाँ अभी महँगाई दर 6.7% है, संभावना जताई गई है कि ये घट कर 5% पर आ जाएगी। कच्चे तेलों के दामों के कम होने और डिमांड में बदलाव होने से ईंधन के दाम कम होंगे।

भारत की महँगाई दर 25 महीने के सबसे धीमे पर पहुँची है। ये मई में 4.25% तक गई थी, जबकि अप्रैल में ये 4.7% पर थी। ये लगातार तीसरा महीना है जब CPI रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के अनुमानों के हिसाब से 4-6% के बीच में है। S&P का कहना है कि कच्चे तेल के दाम घटने से एशियाई देशों को फायदा हुआ है। सबसे बड़ी बात है कि भारत, चीन के मुकाबले काफी तेजी से आगे बढ़ेगा। वो 3 वर्षों तक दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना रहेगा।

स्कूटी पर 7 बच्चों को लादकर चल रहा था मुनव्वर शाह, मुंबई पुलिस ने गैर इरादन हत्या का केस दर्ज कर किया गिरफ्तारः Video वायरल

मुंबई में एक व्यक्ति 7 बच्चों को बैठाकर स्कूटी चला रहा था। राह चलते लोगों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान मुनव्वर शाह के रूप में हुई है। वीडियो 20 जून 2023 का बताया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वायरल वीडियो मुंबई के ताड़देव थाना क्षेत्र का है। वीडियो में मुनव्वर शाह को स्कूटी पर 7 बच्चों को बैठाकर जाते हुए देखा जा सकता है। स्कूटी पर एक बच्चा आगे बैठा हुआ है। वहीं कुछ बच्चे बीच में बैठे हैं और शेष लटके हुए दिखाई दे रहे हैं। बच्चे अपने साथ बैग अन्य सामान लिए हुए भी नजर आ रहे हैं। इनमें से 4 बच्चे आरोपित मुनव्वर शाह के हैं। वहीं, 3 उसके पड़ोसी के हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या के प्रयास की धारा 308 के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद स्कूटी नंबर के आधार पर पहचान कर शाह को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट किया है। इस ट्वीट में लिखा है, “हम इस तरह से बाइक चलाने का समर्थन नहीं करते। बाइक सवार ने पीछे बैठे लोगों समेत अन्य लोगों की जान खतरे में डाल दी थी। आरोपित के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की कोशिश करने के आरोप में IPC की धारा 308 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।”

बता दें कि इससे पहले अप्रैल 2023 में भी मुंबई से ऐसा ही एक वीडियो सामने आया था। वीडियो में फैयाज कादरी नामक व्यक्ति लड़कियों के साथ बाइक पर खतरनाक स्टंट करते देखा गया था। फैयाज कादरी बाइक पर बीच में बैठा था। वहीं, एक लड़की उसकी आगे वाली सीट पर और दूसरे लड़की पीछे वाली सीट पर बैठी हुई थी। इनमें से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना हुआ था। वीडियो में फैयाज बाइक को एक पहिए से कई मीटर तक काफी तेज स्पीड में चलाते नजर आया था। वहीं साथ बैठी लड़कियाँ उसे रोकने के बजाए उसके इस खतरनाक स्टंट पर हँस रही थी।

वीडियो वायरल होने के बाद मुंबई पुलिस ने फैयाज कादरी और दोनों लड़कियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 336  के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। लड़कियों के खिलाफ IPC की धारा 114 के संबंध में भी मामला दर्ज हुआ था।