Home Blog Page 1713

आसमान में लाॅन्च हुई वर्ल्ड कप 2023 की ट्रॉफी, 5 अक्टूबर को पहला मैच-19 नवंबर को फाइनलः नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला

वनडे क्रिकेट के वर्ल्ड कप 2023 (ODI World Cup 2023) का इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने शेड्यूल जारी कर दिया है। 5 अक्टूबर को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबले से इसकी शुरुआत होगा। फाइनल 19 नवंबर को होगा। भारत का पहला मुकाबला 8 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से होगा। पाकिस्तान और भारत की टक्कर 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगी। इससे पहले ICC ने विश्व कप ट्रॉफी को अंतरिक्ष में भेजकर इसकी लॉन्चिंग की। अब इस ट्रॉफी को दुनियाभर के 18 देशों में भेजा जाएगा।

भारत की मेजबानी में होने वाला इस टूर्नामेंट में 46 दिनों में 48 मुकाबले होंगे। वर्ल्ड कप की ट्रॉफी भी लॉन्च कर दी गई है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में शानदार लैंडिंग से पहले ट्राॅफी को पृथ्वी की सतह से 120000 फीट की ऊँचाई पर लाॅन्च किया गया। अब इस ट्रॉफी को दुनियाभर के 18 देशों में भेजा जाएगा।

विश्व क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी ऑफिशियल ट्रॉफी को अंतरिक्ष में भेजकर उसकी लॉन्चिंग की गई हो। ट्रॉफी लॉन्चिंग की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया में क्रिकेट फैंस के बीच तेजी से वायरल हो रही हैं। अब इस ट्रॉफी को दुनिया भर के 18 देशों में भेजा जाएगा। यह किसी भी ICC ट्रॉफी का सबसे लंबा टूर होगा।

बीसीसीआई सचिव जय शाह है ट्रॉफी लॉन्चिंग का वीडियो शेयर करते हुए लिखा है,  “क्रिकेट जगत के लिए यह एक अनोखा पल है। क्रिकेट विश्व कप ट्रॉफी को अंतरिक्ष में भेजा गया है। यह अंतरिक्ष में भेजी जाने वाली पहली आधिकारिक ट्रॉफी है। वास्तव में भारत में होने आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप ट्रॉफी टूर की बेहद शानदार शुरुआत हुई है।”

वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का शेड्यूल

ICC वनडे वर्ल्ड कप 2023 के मैच भारत के 10 शहरों में खेले जाएँगे। ये शहर हैं- अहमदाबाद, हैदराबाद, धर्मशाला, दिल्ली, चेन्नई, लखनऊ, पुणे, बेंगलुरु, मुंबई और कोलकाता। टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के साथ 8 अक्टूबर को पहला मैच खेलकर अपने विश्व कप के सफर आगाज करेगी। इसके बाद, दूसरा मैच 11 अक्टूबर को अफगानिस्तान के साथ होगा। वहीं, तीसरा और सबसे बड़ा मुकाबला 15 अक्टूबर को पाकिस्तान के साथ होगा। चौथे मैच में भारत बांग्लादेश से भिड़ेगा। यह मैच 19 अक्टूबर को खेला जाएगा।

5वाँ मैच 22 अक्टूबर को न्यूजीलैंड और छठवाँ मुकाबला इंग्लैंड के साथ 29 अक्टूबर को होगा। इसके अलावा, 7वें मैच में 2 नवंबर को क्वालीफायर खेलकर आने वाली दूसरी टीम से होगा। वहीं, 8वाँ मैच दक्षिण अफ्रीका के साथ 5 नवंबर को तथा 9वाँ और आखिरी लीग मैच 11 नवंबर को क्वालीफायर जीतकर आने वाली पहली टीम से होगा। क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट के सेमीफाइनल 15 और 16 नवंबर को मुंबई के वानखेड़े और कोलकाता के ईडन गार्डन में खेले जाएँगे। फाइनल मुकाबला 19 नवंबर 2023 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।

PM मोदी के 3 तीर- पसमांदा, तीन तलाक और UCC: 17 मुस्लिम जातियों के नाम गिना बताया शोषक कौन, कहा- घर में भी नहीं चलता अलग-अलग कानून

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (27 जून, 2023) को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से देश को 5 नई ‘वन्दे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात दी। ये ट्रेनें भोपाल-जबलपुर, भोपाल-इंदौर, बेंगलुरु-धारवाड़, गोवा-मुंबई और पटना-राँची की होंगी। इसके बाद पीएम मोदी ने भाजपा के बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि कैसे भाजपा AC कमरों से फतवा निकलने वालों की पार्टी नहीं है, बल्कि जमीन पर काम करती है।

इस दौरान पीएम मोदी ने समान नागरिक संहिता (UCC), तीन तलाक और पसमांदा मुस्लिमों के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा कि जो भी तीन तलाक के पक्ष में बात करते हैं, जो भी इसकी वकालत करते हैं, वो वोट बैंक के भूखे लोग मुस्लिम बेटियों के साथ बहुत बड़ा अन्याय कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘तीन तलाक’ से केवल बेटियों पर अन्याय नहीं होता, पूरे परिवार तबाह हो जाते हैं। उन्होंने पूछा कि अगर तीन तलाक इस्लाम का जरूरी अंग है तो कतर, जॉर्डन, इंडोनेशिया जैसे देशों में क्यों इसको बंद कर दिया?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत के मुस्लिम भाई-बहनों को ये समझना होगा कि कौन से राजनीतिक दल उनको भड़का कर उनका राजनीतिक फायदा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम देख रहे हैं कि ‘यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC)’ के नाम पर ऐसे लोगों को भड़काने का काम हो रहा है। साथ ही सवाल किया कि एक घर में एक सदस्य के लिए एक कानून हो और दूसरे के लिए दूसरा तो घर चल पाएगा क्या? ऐसी दोहरी व्यवस्था से देश कैसे चल पाएगा?

पीएम मोदी ने याद दिलाया कि सुप्रीम कोर्ट ने बार बार कहा है कि ‘कॉमन सिविल कोड’ लाओ लेकिन ये वोटबैंक के भूखे लोग, वोट बैंक की राजनीति करने वालों ने पसमांदा मुसलमानों का शोषण किया है लेकिन उनकी कभी चर्चा नहीं हुई। उन्हें आज भी बराबरी का हक़ नहीं मिलता। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि इन पार्टियों के पास घोटालों का ही अनुभव है और इसीलिए इनकी अगर कोई गारंटी है तो वो है- घोटालों की गारंटी।

पीएम मोदी ने कहा कि नागरिकों के समान अधिकारी की बात भारत के संविधान में भी है। उन्होंने कहा कि जो लोग मुसलमान-मुसलमान करते हैं अगर वो सही मायने में मुसलमानों के हितैषी होते तो मेरे मुस्लिम भाई-बहनों के अधिकांश परिवार शिक्षा-रोजगार में पीछे नहीं रहते और मुसीबत में जीवन नहीं जी रहे होते। उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति करने वालों ने पसमांदा मुस्लिमों का जीना मुश्किल कर रखा है, उनके ही मजहब के एक वर्ग ने उनका इतना शोषण किया है लेकिन इस पर देश में कभी चर्चा नहीं हुई।

पीएम मोदी ने कहा कि पसमांदा मुस्लिमों को आज भी बराबरी का अधिकार नहीं मिला है, वो काफी कष्ट में रहते हैं और उन्हें कोई फायदा नहीं मिला। प्रधानमंत्री ने कहा कि पसमांदा मुस्लिमों को नीचा और अछूत समझा जाता है, मुस्लिमों में ही। उन्होंने कहा कि पसमांदा मुस्लिमों में मोची, जुलाहा और मदारी सहित कइयों की बात करते हुए कहा कि उनमें कितनी ही जातियाँ होती हैं। उन्होंने पसमांदा मुस्लिमों की 17 जातियाँ (मोची, भटियारा, लालबेगी, जोगी, मदारी, जुलाहा, लंबाई, बेजा, लहरी, हलदर, सिकदर, मेरासी, डफाली, मुकेरी, बामणिया…) गिनाते हुए कहा कि ये सब इतने पिछड़े रहे हैं और इनके साथ इतना भेदभाव हुआ है, जिसका नुकसान उनकी कई पीढ़ियों को भुगतना पड़ा लेकिन भाजपा देश के हर नागरिक के लिए ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से काम कर रही है।

उन्होंने घोटालेबाजों पर करवाई की गारंटी भी दी। प्रधानमंत्री ने कहा, “कोई गरीब ये नहीं चाहता कि उसके बच्चों के नसीब में भी गरीबी रहे। परिवार के नाम पर वोट माँगने वालों ने अपने परिवार का ही भला किया। अब आपको सोच समझ कर यह तय करना है कि आप किसका भला होते देखना चाहते हैं। आज भारत दुनिया के उन देशों में है जहाँ विकास तेजी से हो रहा है और महंगाई दर नियंत्रण में है। कोरोना के बावजूद, इतने समय से चले जा रहे युद्ध के बावजूद भारत में हमने महँगाई को बेकाबू नहीं होने दिया है।”

‘अंडकोष शरीर का महत्वपूर्ण हिस्सा, पर लड़ाई में उसे दबाना हत्या का प्रयास नहीं’: कर्नाटक हाई कोर्ट ने सजा घटाई, पीड़ित को करानी पड़ी थी सर्जरी

कर्नाटक हाई कोर्ट ने कहा है कि झगड़े के दौरान किसी व्यक्ति का अंडकोष दबाना हत्या का प्रयास नहीं माना जा सकता। साथ ही ट्रायल कोर्ट का फैसला बदलते हुए दोषी की सजा घटाकर 3 साल कर दी है। इससे पहले ट्रायल कोर्ट ने अंडकोष दबाने के आरोपित को दोषी ठहराते हुए 7 साल की सजा सुनाई थी।

कर्नाटक हाई कोर्ट के जस्टिस नटराजन ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा है कि आरोपित और पीड़ित व्यक्ति के बीच झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान ही आरोपित ने पीड़ित का अंडकोष दबा दिया। इसलिए, यह नहीं कहा जा सकता है कि आरोपित पीड़ित की हत्या करने के इरादे से या तैयारी के साथ आया था। अगर वह हत्या की तैयारी या हत्या का प्रयास करने के इरादे से आया होता तो वह अपने साथ घातक हथियार ला सकता था। 

हाई कोर्ट ने कहा कि आरोपित ने पीड़ित के अंडकोष को दबाकर उसे गंभीर चोट पहुँचाई। यह पीड़ित के शरीर का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इससे मौत भी हो सकती थी। चोट के चलते पीड़ित व्यक्ति की सर्जरी कर उसके अंडकोष को हटाना पड़ा। यह बेहद गंभीर चोट है। लेकिन फिर भी इसे हत्या करने की कोशिश नहीं कहा जा सकता। यह पूरा मामला शरीर के महत्वपूर्ण हिस्से को दबाकर गंभीर चोट पहुँचाने का है। इसके बाद हाई कोर्ट ने आरोपित को IPC की धारा 324 का दोषी मानते हुए 3 साल की सजा सुनाई।

क्या है मामला

इस मामले में पीड़ित ओंकारप्पा ने अपनी शिकायत में कहा था कि साल 2010 में वह अन्य लोगों के साथ गाँव के मेले में ‘नरसिंह स्वामी’ जुलूस के सामने नाच रहा था। तभी परमेश्वरप्पा बाइक से वहाँ आया और झगड़ा करने लगा। इसके बाद हुई लड़ाई में परमेश्वरप्पा ने ओंकारप्पा के अंडकोष दबा दिए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले की सुनवाई करते हुए ट्रायल कोर्ट ने साल 2012 में परमेश्वरप्पा को IPC की धारा 307, 341, 504 के तहत 7 साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद परमेश्वरप्पा ने कर्नाटक हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। हाई कोर्ट ने उसे राहत देते हुए सजा चार साल काम कर दी ही।

मणिपुर में सुरक्षा बलों को रोक रही महिलाओं की भीड़, हथियारबंद दंगाइयों के साथ ट्रकों में साथ चलती हैं: भारतीय सेना, कहा- हमारी मानवता को कमजोरी न समझें

मणिपुर में दंगाइयों ने महिलाओं का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। ये महिलाएँ न सिर्फ सुरक्षा बलों को काम करने से रोक रही हैं, बल्कि उनके रास्ते को भी जाम कर के उन्हें आगे बढ़ने से रोक रही हैं। महिलाओं की भीड़ जमा कर कर ऐसी-ऐसी हरकतें की जा रही हैं, जिससे भारतीय सेना को उत्तर-पूर्वी राज्य में शांति बहाली में खासी परेशानी आ रही है। भारतीय सेना ने इसे गैर-कानूनी करार दिया है। भारतीय सेना के स्पीयर कॉर्प्स ने एक वीडियो शेयर कर इस बारे में बताया है।

स्पेयर कॉर्प्स ने बताया है कि ये महिलाएँ जानबूझकर भारतीय सेना के मूवमेंट को ब्लॉक कर रही हैं और उनके कामकाज को बाधित कर रही हैं। साथ ही बताया कि भारतीय सेना समय और परिस्थिति के हिसाब से इस तरह के व्यवधानों का जवाब देने के लिए बाध्य है। भारतीय सेना ने आग्रह किया है कि मणिपुर की जनसंख्या के सभी समुदाय के लोग राज्य में शांति की बहाली में सुरक्षा बलों की मदद करें। वीडियो में महिला भीड़ की करतूतों को साफ़ देखा जा सकता है।

हंगामा करती महिलाओं की भीड़ का वीडियो शेयर करते हुए भारतीय सेना ने स्पीयर कॉर्प्स ने कहा कि मानवीय होने का ये अर्थ नहीं है कि हम कमजोर हैं। वामपंथी दावा कर रहे हैं कि महिलाओं ने शांतिपूर्ण ढंग से सड़कें काम की हुई हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। इम्फाल ईस्ट जिले के ईठाम जिले में शनिवार (24 जून, 2023) को महिलाओं ने दंगाइयों को भागने में मदद की। याएंगागोपकी में भारतीय सेना को गोलीबारी करनी पड़ी। वहाँ महिलाओं को हथियारबंद दंगाइयों के साथ देखा गया।

इतना ही नहीं, गाड़ी में हथियारबंद दंगाई चलते हैं और साथ में ट्रांसपोर्ट में बड़ी संख्या में महिलाओं को साथ ले कर जाया जाता है ताकि सुरक्षा बलों को रोका जा सके। दंगाई जहाँ भी जा रहे हैं, बड़ी संख्या में महिलाओं को साथ रख रहे हैं। खामानलोक में जब दंगे शुरू हुए, उससे पहले ही भारतीय सेना को रोकने के लिए भीड़ को लगा दिया गया था। दिन हो या रात, ये महिलाएँ सुरक्षा बलों के आवागमन को रोक देती हैं और रास्ते जाम कर देती हैं।

हाल ही में भारतीय सेना को 12 दंगाइयों को छोड़ना पड़ा था, क्योंकि महिलाओं की भीड़ ने उन्हें घेर लिया था। इतना ही नहीं, राहत सामग्रियाँ और सुरक्षा बलों के साजोसामान के आवागमन को भी महिलाओं की भीड़ को माध्यम बना कर रोका जा रहा है। इसी तरह, ‘असम राइफल्स’ के बेस की एंट्री और एग्जिट के रास्तों को बुलडोजर मँगा कर खोद डाला गया। भारतीय सेना ने चेताया है कि ऐसा करना गैर-कानूनी है और शांति बहाली के लिए ठीक नहीं है।

‘BJP आई तो राजस्थान में लागू होगा मनुस्मृति’: ब्राह्मण महासभा ने कही-दैनिक भास्कर ने छापी, AAP वर्कर की ‘मंडल आर्मी’ ने फैलाया; जानिए सच

सोशल मीडिया में दैनिक भास्कर के नाम से एक स्क्रीनशाॅट घूम रहा है। इसमें अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के हवाले से कहा गया है कि बीजेपी की सरकार बनने पर मनुस्मृति लागू करने वाला राजस्थान पहला राज्य बनेगा। इस स्क्रीनशाॅट को फैलाने का काम किया है मंडल आर्मी दिल्ली (@MandalArmyDelhi) नाम के ट्विटर हैंडल ने। दैनिक भास्कर ने इस स्क्रीनशॉट को फर्जी करार दिया है। मीडिया संस्थान ने अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेशाध्यक्ष सुनील मुद्गल के हवाले से भी इस तरह के दावों को खारिज किया है।

ब्राह्मणों और बीजेपी को बदनाम करने के मकसद से गढ़े गए इस स्क्रीनशाॅट को मंडल आर्मी दिल्ली (@MandalArmyDelhi) ने 24 जून 2023 को ट्वीट किया। इस फर्जी स्क्रीनशाॅट में कहा गया है कि अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा का कहना है वे समानता में विश्वास नहीं करते। ब्राह्मण श्रेष्ठ हैं और बाकी सब नीच। कहा गया है कि महासभा ने मंदिरों को अपनी कमाई का साधन बताते हुए गैर ब्राह्मण जातियों की पुजारी के तौर पर नियुक्ति का विरोध किया है।

फर्जी स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए मंडल आर्मी दिल्ली ने ट्वीट में लिखा है, ” जय मंडल साथियों। आज तो इन्होंने खुद ही कबूल कर लिया कि मंदिर इनका धंधा है। अब तो मंदिरों में दान देना बंद करो। मित्रों फिर कह रहा हूँ एक टाइम मत खाओ, लेकिन अपने बच्चों को खूब पढ़ाओ। पढ़ाई सिर्फ एक नौकरी के लिए नहीं होती। शिक्षा आपको तार्किक बनाती है। आपको सोचने-समझने की शक्ति देती है।”

दैनिक भास्कर ने बताया फर्जी

दैनिक भास्कर ने बाकायदा एक खबर प्रकाशित करते हुए इस स्क्रीनशॉट को एडिटेड और फर्जी करार दिया है। भास्कर ने कहा कि उन्होंने ऐसी कोई भी खबर प्रकाशित नहीं की। साथ ही बताया है कि उनकी खबर की हेडिंग उस तरह के फॉन्ट और कलर में नहीं होती जैसा फर्जी स्क्रीनशॉट में है। साथ अखिल भारतीय ब्राह्मण महसभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील मुद्गल के हवाले से बताया है कि उनके संगठन ने भी ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। मुद्गल समाज के सभी तबकों को पुजारी बनाने के कदम का स्वागत किया है। कहा है कि इस कदम से सामाजिक समरसता मजबूत होगी।

इससे पहले 20 जून 2023 को दैनिक भास्कर में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक उदयपुर में पुजारी परिषद ने हिन्दू मंदिरों के मामले में राजस्थान सरकार पर सामाजिक और धार्मिक मापदंडों के खिलाफ जाने का आरोप लगाया था। तब विप्र फॉउंडेशन नाम के संगठन ने राज्यपाल कलराज मिश्र से मिल कर माँग की थी कि मंदिरों की परम्परा को बरकरार रखा जाए जिसके तहत अब तक ब्राह्मण पुजारी नियुक्त होते आए हैं।

ब्राह्मण घृणा फैलाने के पीछे AAP आप वर्कर?

जिस मंडल आर्मी दिल्ली (@MandalArmyDelhi) नाम के ट्विटर हैंडल ने इस फर्जी स्क्रीनशॉट को शेयर किया है उसे आम आदमी पार्टी (AAP) का कार्यकर्ता ओंकार यादव चलाता है। ओंकार यादव का पर्सनल ट्विटर हैंडल @OmkarAap है। उसने AAP के कई नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें शेयर कर रखी है। इन्हें मंडल आर्मी दिल्ली ने रीट्वीट कर रखा है।

ओंकार यादव दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी मर्लेना के साथ
मंडल आर्मी ने आतिशी का जताया आभार

बताते चलने कि मंडल आर्मी दिल्ली ने अपने ट्विटर हैंडल से ओंकार यादव को टैग भी किया है। इस टैग में ओंकार यादव को मंडल आर्मी का संयोजक बताया गया है।

‘हम AC कमरों में बैठ कर फतवे नहीं निकालते’: PM मोदी ने 5 नई ‘वन्दे भारत’ ट्रेनों की दी सौगात, MP के अलावा गोवा-मुंबई, पटना-राँची और बेंगलुरु-धारवाड़ का सफर भी आसान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 5 नई ‘वन्दे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये ट्रेनें आर्थिक कनेक्टिविटी को और मजबूत करेंगी। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर मंगलवार (27 जून, 2023) को आयोजित कार्यक्रम के बाद उन्होंने भाजपा के बूथ कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी किया। उन्होंने मध्य प्रदेश की जनता को बधाई देते हुए कहा कि अब भोपाल से जबलपुर तक की यात्रा और सुगम हो जाएगी।

ये यात्रा ज्यादा सुविधानजक और फास्ट भी होगी। जिन ‘वन्दे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेनों का शुभारंभ हुआ है, उनमें से जो भोपाल और जबलपुर के बीच चलेगी वो महाकौशल क्षेत्र को केंद्रीय क्षेत्र से जोड़ेगी। ये सफर मात्र ढाई घंटे में तय होगा, जो इस रूट में सबसे ज्यादा फ़ास्ट होगा। इससे इलाके के पर्यटन और तीर्थाटन को भी गति मिलेगी। इसी तरह राँची से पटना के बीच ‘वन्दे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेन बिहार-झारखंड जो जोड़ेगी और डेढ़ घंटे के समय बचाएगी।

धारवाड़-बेंगलुरु के बीच भी ये सेवा शुरू की गई है। इससे कर्नाटक की सिलिकन सिटी से धारवाड़, हुबली और दावेंगेरे सीधे जुड़ जाएगा। इसी तरह गोवा-मुंबई के बीच भी 586 किलोमीटर के रूट पर ‘वन्दे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी, जो गोवा के मडगाँव और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल को जोड़ेगी। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं से पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर देश भर में जो कार्यक्रम हो रहे हैं और उसमें आप लोग (कार्यकर्ता) जो मेहनत कर रहे हैं उसकी जानकारियाँ लगातार उन तक पहुँच रही हैं।

उन्होंने कहा, “मैं जब अमेरिका और मिस्र में था, तो भी आपके प्रयासों के बारे में लगातार जानकारी मिलती रहती थी। वहाँ से लौट कर आप लोगों से मिलना मेरे लिए ज्यादा सुखद है, आनंदायक है। आप सिर्फ बीजेपी ही नहीं देश के संकल्पों की सिद्धि के भी मजबूत सिपाही हैं। भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए देशहित सर्वोपरि है, दल से बड़ा देश है। जहाँ दल से बड़ा देश हो – ऐसे कर्मठ कार्यकर्ताओं से बात करना मेरे लिए भी एक मंगल उत्सव है। मैं भी बड़ा उत्सुक हूँ।”

पीएम मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री अगर कोई सफल नीति बनाता है तो मान लेना कि इसमें बूथ स्तर की जानकारी की बहुत बड़ी ताकत होती है। उन्होंने कहा कि हम उनमें से नहीं है जो AC वाले कमरों में बैठ कर पार्टियाँ चलाते हैं और फतवे निकालते हैं। हम तो वो लोग हैं जो गाँव-गाँव जा कर हर मौसम, हर परिस्थिति में जनता के बीच खुद को खपाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की बूथ कमेटी की पहचान सेवा से होनी चाहिए, सेवा भाव से होनी चाहिए। बूथ के अंदर संघर्ष की ज़रूरत नहीं होती है, सेवा ही एक मात्र माध्यम होता है।

UP STF ने मोहम्मद गुफरान को मार गिराया: सवा लाख का इनामी था मोस्ट वांटेड अपराधी, कौशाम्बी में हुआ एनकाउंटर

उत्तर प्रदेश पुलिस की STF (स्पेशल टास्क फ़ोर्स) टीम ने एक मुठभेड़ में सवा लाख के मोस्ट वांटेड अपराधी मोहम्मद गुफरान को मार गिराया है। गुफरान पर हत्या, हत्या के प्रयास और लूट सहित कई संगीन केस दर्ज थे। मंगलवार (27 मई 2023) को मुठभेड़ प्रयागराज के पास कौशाम्बी जिले में हुई है। कई जिलों की पुलिस को गुफरान की तलाश थी।

कौशाम्बी जिले के पुलिस अधीक्षक IPS ब्रजेश श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार की सुबह कौशाम्बी के समदा क्षेत्र में STF टीम की एक मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लगी, जिसे मंझनपुर अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान बदमाश की मौत हो गई। मृतक को सवा लाख रुपए का इनामी और शातिर अपराधी बताते हुए SP ने उसकी पहचान प्रतापगढ़ जिले के गुफरान के तौर पर बताई। अकेले प्रतापगढ़ में गुफरान पर हत्या और हत्या के प्रयास सहित कुल 13 केस दर्ज हैं।

STF के डिप्टी SP धर्मेश शाही ने मीडिया को बताया कि सटीक सूचना पर STF की टीम ने गुफरान को घेरा और सरेंडर करने के लिए कहा। गुफरान ने सरेंडर के बजाय पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें गुफरान घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। गुफरान के पास से STF को 32 बोर की एक स्टार सीरीज पिस्टल, 9 mm की एक कार्बाइन और एक अपाचे बाइक बरामद हुई है।

माफिया अतीक अहमद से गुफरान के रिश्ते को लेकर पूछे जाने पर DSP STF ने कहा कि मृतक के कई बड़े अपराधियों से रिश्ते थे। इसकी जाँच की जा रही है। गुफरान की गैंग के कई लोग जेल में हैं। उनके बारे में भी जानकारियाँ जुटाई जा रही है। उस पर पुलिस के अलग-अलग जिले और जोन से इनाम घोषित था।

मृतक गुफरान के अब्बा का नाम रिज़वान है। वह प्रतापगढ़ जिले के थाना कोतवाली नगर के गाँव पूरनपुर का रहने वाला था। उस पर भी प्रतापगढ़, सुल्तानपुर आदि जिलों में केस दर्ज हैं।

इलाज कराने क्लीनिक आई महिला, नशे का इंजेक्शन लगा किया गैंगरेप: डाॅक्टर शाकिब गिरफ्तार-जकी फरार, Video वायरल करने धमकी भी दी

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के खोड़ा स्थित एक क्लीनिक में इलाज कराने गई महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। कथित तौर पर नशे का इंजेक्शन लगाकर डाॅक्टरों ने उसके साथ दरिंदगी की। आरोपित डाॅक्टरों में से एक शाकिब को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथी डाॅक्टर जकी की तलाश की जा रही है। घटना 19 जून 2023 की है। लेकिन 25 जून को पीड़िता द्वारा इस संबंध में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद मामला सामने आया। आरोपितों ने शिकायत करने पर पीड़िता को वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खोड़ा थाना क्षेत्र में अलीगढ़ से BHMS की डिग्री लेने वाले डॉक्टर शाकिब ने फैमिली क्लीनिक खोल रखी है। बुखार, मलेरिया, दाद, खाज आदि के इलाज का दावा करता है। काफी समय से बीमार चल रही दिल्ली के रोहिणी इलाके की एक महिला को किसी ने डॉक्टर शाकिब के बारे में बताया। महिला ने डॉक्टर शाकिब को फोन किया तो उसने इलाज का भरोसा दिया और 7 जून 2023 को उसे क्लीनिक पर बुलाया।

बताया जा रहा है कि पहली बार दी गई दवा से महिला को फायदा नहीं हुआ। 19 जून 2023 को महिला शाकिब के बुलाने पर दुबारा खोड़ा स्थित उसके फैमिली क्लीनिक में गई। आरोप है कि इस दिन शाकिब ने महिला को नशे का इंजेक्शन लगाया। बाद में अपने साथी डॉक्टर जकी के साथ मिलकर रेप किया। होश आने पर पीड़िता ने खुद को निर्वस्त्र पाया। इस दौरान शाकिब ने पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाने का दावा करते हुए मुँह खोलने पर उसे वायरल करने की धमकी दी।

शुरुआत में पीड़िता डर के कारण चुप रही। लेकिन रविवार (25 जून) को उसने हिम्मत कर शाकिब और जकी के खिलाफ खोड़ा थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने गैंगरेप सहित अन्य धाराओं में FIR दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की। केस दर्ज होने की भनक लगते ही दोनों आरोपित फरार हो गए। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 26 जून 2023 (सोमवार) को खोड़ा से ही डॉ. शाकिब को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दूसरा आरोपित जकी अभी फरार चल रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले बरेली के डाॅक्टर एम खान हाॅस्पिटल में जीभ का इलाज कराने के लिए भर्ती कराए गए तीन साल के हिंदू बच्चे का डाॅक्टर जावेद द्वारा खतना कराए जाने का मामला सामने आया था। ऑपरेशन के बाद बच्चे को जब वार्ड में लाया गया तब उसके परिजनों को इसकी भनक लगी। बरेली जिला प्रशासन मामले की जाँच कर रहा है। प्रथम दृष्टया जाँच कमेटी ने हिंदू बच्चे के खतना मामले में अस्पताल को दोषी पाया है। इसी आधार पर अस्पताल का लाइसेंस निरस्त किया गया है।

बस से खींच RSS नेता की पिटाई, शेख तनवीर गिरफ्तार: 8-10 की संख्या में थे हमलावर, महाराष्ट्र के वर्धा की घटना

महाराष्ट्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के एक नेता पर हमले की घटना सामने आई है। घटना वर्धा जिले की है। संघ नेता जेठानंद राजपूत पर हमला रविवार (25 जून 2023) को हुआ। कथित तौर पर समुदाय विशेष के 8-10 युवकों ने बस से खींचकर उनकी पिटाई की। इस मामले में 21 साल के शेख तनवीर की गिरफ्तारी की बात मीडिया रिपोर्टों में कही गई है। राजपूत पर हमले की खबर सामने आते ही शहर में तनाव फैल गया। आरोपितों पर कार्रवाई की माँग को लेकर हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राजपूत रविवार की शाम नंदगाँव के रास्ते वर्धा से हिंगनघाट जा रहे थे। वे महाराष्ट्र परिवहन निगम की बस में सवार थे। बस में अलग-अलग समुदाय के युवकों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ता देख संघ नेता ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने दोनों पक्षों को समझा कर मामले को खत्म करने का प्रयास किया। कथित तौर पर इसी बीच विवाद में शामिल समुदाय विशेष के एक युवक ने राजपूत को गाली दी और फिर कर अपने साथियों को नंदगाँव बुला लिया।

बताया जा रहा है कि बस के नंदगाँव पहुँचते ही 8 से 10 की संख्या में युवक अंदर घुसे। उन्होंने जेठानन्द राजपूत को बस से बाहर खींच लिया और बेरहमी से उनकी पिटाई की। घायल RSS नेता को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस घटना की जानकारी जब आसपास के लोगों को लगी तो वो भड़क गए। सैकड़ों की संख्या में भाजपा और हिंदूवादी कार्यकर्ता थाने पहुँच गए और आरोपितों की गिरफ्तारी की माँग की।

तनाव को देखते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन भी हिंगनघाट पहुँचे। घटनाक्रम की समीक्षा कर आरोपितों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। अस्पताल जाकर घायल संघ नेता का हाल जाना। संघ नेता पर हमले के विरोध में सोमवार (26 जून) को शहर बंद रहा। हालत तनावपूर्ण देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। आधिकारिक तौर पर हालत को नियंत्रण में बताया गया है। पुलिस ने इस मामले में जेठानन्द राजपूत की तहरीर पर 8-10 हमलावरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। अब तक शेख तनवीर की गिरफ्तारी हुई है। बाकी की तलाश जारी है।

सिकंदर ने सोनू बन हिंदू लड़की को फँसाया, संबंध बनाने से मना किया तो बलात्कार कर उतारा मौत के घाट, बोला- 3 साल से फोन पर कर रहा था बात

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में लव जिहाद, बलात्कार और हत्या का मामला सामने आया। आरोप है कि सिकंदर ने खुद को सोनू बताते हुए हिंदू लड़की से दोस्ती की। बीते 3 साल से उसे प्रेम जाल में फँसाए रखा। इसके बाद वह लड़की के साथ जबरदस्ती संबंध बनाना चाहता था। लड़की के मना करने पर उसने बलात्कार कर उसकी हत्या कर दी। घटना गुरुवार (22 जून 2023) की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला फतेहपुर के बिंदकी थाना क्षेत्र का है। यहाँ अक्शा मैरिज लॉन में शादी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मृतका अपने परिवार के साथ अहमदाबाद से यहाँ आई हुई थी। लेकिन रात में वह अचानक वहाँ से गायब हो गई। परिजनों ने तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी। इस बीच लड़की कार्यक्रम स्थल से करीब 400 मीटर दूर एक निर्माणाधीन मकान में खून से लथपथ हालत में मिली।

इसके बाद उसे फतेहपुर के जिला हॉस्पिटल ले जाया गया। लड़की की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे कानपुर के हैलट हॉस्पिटल रेफर कर दिया। जहाँ इलाज के दौरान सोमवार (26 जून, 2023) को उसकी मौत हो गई। 

कैसे पकड़ा गया आरोपित

मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू की। लेकिन कोई पुख्ता जानकारी न होने के बाद सर्विलांस टीम से मदद माँगी गई। इसके बाद सामने आया कि लड़की के नंबर पर एक नंबर से कई बार कॉल किया गया है। लड़की के गायब होने से पहले भी उस नंबर से बात हुई थी। इसके बाद पुलिस ने जाँच को आगे बढ़ाते हुए बहदग्राम से आरोपित सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया। सिकंदर का अब्बा इस्लाम अहमद ट्रेवल एजेंसी चलाता है।

इस मामले में पुलिस का कहना है कि पहले तो सिकंदर कुछ भी बताने से इनकार करता रहा। लेकिन सख्ती से पूछताछ होने पर उसने पूरी सच्चाई उगल दी। सिकंदर ने कहा है कि उसने 3 साल पहले खुद को सोनू बताते हुए लड़की से दोस्ती की थी। दोनों तब से फोन पर बात कर रहे थे। लड़की को यह नहीं पता था कि वह जिससे बात कर रही है वह सिकंदर है। उसने लड़की से मिलने के लिए कई बार कहा था। लेकिन वह गुजरात में रहती थी। इसलिए उसकी मुलाकात नहीं पाती थी। एक दिन लड़की ने उसे बताया कि वह मौसी की लड़की की शादी में फतेहपुर आ रही है।

आरोपित ने आगे कहा है कि इसके बाद वह शादी के दिन उससे मिलने मैरिज हॉल पहुँच गया। उसे बाहर ले जाकर वह उसे दूर ले जाकर उसके साथ संबंध बनाना चाहता था। लेकिन लड़की उसके साथ जाने को तैयार नहीं हुई। इस पर वह उसे जबरदस्ती ले गया और वहाँ उसका बलात्कार किया। इस दौरान लड़की जान गई थी कि वह सोनू नहीं सिकंदर है। सच्चाई सामने आने के डर से उसने पास में पड़ी ईंट कई बार उसके सिर पर मारी। इसके बाद उसे मरा हुआ समझकर वहाँ से भाग गया।

इस मामले में एसपी राजेश सिंह का कहना है कि आरोपित सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर खून से सने कपड़े भी बरामद हुए हैं। लड़की की मौत के बाद धाराएँ बढ़ाई जा रहीं हैं। इस मामले में अन्य लोगों के शामिल होने की संभावना है। आगे की जाँच की जा रही है।