Home Blog Page 5401

क़बूलनामा: कमलेश तिवारी के सिर को धड़ से अलग कर बनाना चाहते थे वीडियो, हत्या से पहले पढ़ी थी नमाज़

हिन्दू महासभा के पूर्व अध्यक्ष और हिन्दू समाज पार्टी के अध्यक्ष रहे कमलेश तिवारी की हत्या के मुख्य आरोपित अशफ़ाक़ और मोइनुद्दीन को गुरुवार (24 अक्टूबर) को मुख्य न्यायायिक मजिस्ट्रेट सुदेश कुमार के आदेश पर दो दिन के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। क़रीब छ: घंटे तक चली पुलिस पूछताछ में हत्यारों ने अपने ज़ुर्म पर बिना किसी ख़ौफ़ के बयान दिया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार (18 अक्टूबर) को सुबह क़रीब 10:30 बजे जब वो हत्या के मक़सद से भगवा कपड़े पहनकर खुर्शीदाबाद के लिए निकले थे, तो रास्ते में दरगाह में उन्होंने नामज़ पढ़ी थी।

इसके आगे उन्होंने बताया कि कमलेश तिवारी के कार्यालय का पता पूछते-पूछते वो आगे बढ़े। रास्ते में उन्हें लाल कपड़े पहने महिला मिली जिससे दोनों ने तिवारी का पता पूछा। भगवा कपड़े देखकर महिला को भ्रम हो गया और उसने कहा कि चलो मेरे साथ चुनाव प्रचार करो। महिला ने ख़ुद को अल्पसंख्यक मोर्चा का पदाधिकारी बताया था।

महज़ डेढ़ मिनट के अंदर हत्या की इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपितों ने अपना ज़ुर्म क़बूलते हुए कि वो लोग कमलेश तिवारी का सिर धड़ से अलग करना चाहते थे। इसके बाद सिर को हाथ में लेकर वीडियो बनाकर दहशत फैलाना चाहते थे। ऐसा करके वो लोगों को चेताना चाहते थे कि अब कोई धार्मिक विवादित टिप्पणी न करे। लेकिन, वहाँ घायल होने और पकड़े जाने के डर से वो कमलेश तिवारी का गला पूरी तरह से नहीं रेत पाए थे।   

आरोपित चाहते थे कि उनका नाम सामने आए, गर्दन पर सामने से किया था वार

अशफ़ाक़ ने बताया कि कमलेश के कार्यालय में पहुँचने पर उन्होंने देखा कि नीचे उनका गार्ड सो रहा था। नीचे कोई नहीं था, वो जीना चढ़ने लगे। कमलेश ने अपने कर्मचारी सौराष्ट्र को बता रखा था कि, कुछ मेहमान आने वाले हैं। इसलिए सौराष्ट्र ने उन्हें नहीं रोका। आरोपितों ने इस बात को नकारा है कि वे पिस्टल व चाकू मिठाई के डिब्बे में लेकर आए थे। उन्होंने बताया कि अशफ़ाक़ के पास पिस्टल थी, जबकि दोनों चाकू पैंट में रख रखा था। आधा किलो वाले मिठाई के डिब्बे में सिर्फ़ रसीद थी। इसकी वजह थी कि वो ख़ुद चाहते थे कि जाँच में उनका नाम सामने आए। इसीलिए दोनों हर जगह असली आईडी लगा रहे थे और सबूत छोड़ते हुए जा रहे थे।

अशफ़ाक़ ने बताया कि गोली उसे ही चलानी थी। इसलिए जब हमला किया तो उन्हें अचेत करने के लिए चाकू से गर्दन पर सामने की तरफ़ से सीधा वार किया। इस हमले से तिवारी की धीमी सी आवाज़ निकली, इसके बाद मोइनुद्दीन ने तिवारी का मुँह दबाया और अशफ़ाक़ ने गोली चलाई। यह गोली मोइनुद्दीन के हाथ से होकर गुज़री और फिर कमलेश तिवारी को लगी। इस दौरान तिवारी का गला भी रेता गया, इससे मोईनुद्दीन का हाथ भी छिल गया।

चोट लगी होने की वजह से दोनों लोगों ने चोटिल हाथ को जेब में डाला और चौराहे की तरफ भाग निकले। चौराहे पर ही एक मेडिकल स्टोर से अशफ़ाक़ ने डेटॉल, मरहम-पट्टी ख़रीदी। यहाँ से होटल गए और कपड़े बदल कर 16 मिनट में ‘चेक-आउट’ किए बिना बाहर आ गए।

कमलेश तिवारी के फोन पर बात करने से भी थे खफ़ा

आरोपितों ने बताया कि जब वो कमलेश से मिलने कमरे में गए तो वह उनसे ठीक से बात नहीं कर पा रहे थे। वे लोग बात शुरू करते, तो बीच में ही कभी किसी का फोन आ जाता, तो कभी वो किसी से बात करने लगते थे। बीच-बीच में कई बार कमलेश तिवारी ने उन्हें कहा कि काम बहुत बढ़ गया है। पार्टी का बड़ा सम्मेलन करना है। उनकी इस बात से आरोपित झुँझला भी रहे थे।

कुल चार लोग थे निशाने पर

अशफ़ाक़ ने बताया कि हिन्दू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी के अलावा यूपी अध्यक्ष गौरव गोस्वामी, सूरत के ही एक नेता और लखनऊ में विवादित बयान देने वाले उसके सम्प्रदाय के ही एक व्यक्ति निशाने पर थे।

2-2 बार सीएम को धूल चटाई, राहुल गाँधी के करीब आते ही 10 महीने में 2 बार हारे

कॉन्ग्रेसी हर वक्त गॉंधी परिवार और उसके युवराज राहुल गॉंधी की करीबी हासिल करने के तीन-तिकड़म में लगे रहते हैं। सोनिया गॉंधी जब से पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष बनीं हैं, तब से राहुल के करीबियों को किनारे किए जाने की चर्चा भी जोरों पर है। लेकिन, राहुल से करीबी होने की कीमत क्या होती है, रणदीप सिंह सुरजेवाला से बेहतर कॉन्ग्रेस में शायद ही कोई जानता हो।

कभी ​हरियाणा के भावी मुख्यमंत्री के तौर पर देखे जाने वाले ‘जाइंट किलर’ सुरजेवाला 10 महीनों के भीतर दूसरी बार चुनाव हारे हैं। जनवरी में जींद उपचुनाव में वे तीसरे नंबर पर रहे तो अब कैथल की विधायकी हाथ ​से निकल गई है। चुनावी मैदान में उनका ग्राफ कॉन्ग्रेस प्रवक्ता बनने के बाद से गिरा है। यह जिम्मेदारी दिसंबर 2017 में पार्टी का अध्यक्ष बनते ही राहुल गॉंधी ने उन्हें थमाई थी। पार्टी के कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट का मुखिया भी बनाया। लेकिन, इससे सुरजेवाला की वो जमीन ही गायब हो गई जिसकी वजह से वे राहुल की नजरों में चढ़े थे। जिससे राहुल के करीबी होने का सुख मिला था।

सुरजेवाला को राजनीति विरासत में मिली है। पिता शमशेर सिंह सुरजेवाला हरियाणा में मंत्री और कॉन्ग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष थे। इसलिए, उन्होंने राजनीति के गुर तेजी से सीखे। 17 साल की उम्र में रणदीप हरियाणा प्रदेश युवा कॉन्ग्रेस के महासचिव बन गए थे। 21 की उम्र में बतौर वकील प्रैक्टिस शुरू की। 1987 से 1990 के बीच पिता के साथ रह सांगठनिक काम सीखा, जो उस समय हरियाणा कॉन्ग्रेस के मुखिया थे। मार्च 2000 में वे युवक कॉन्ग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। इस पद पर पहुॅंचने वाले वे हरियाणा से पहले शख्स थे। वे फरवरी 2005 तक युवक कॉन्ग्रेस के अध्यक्ष रहे। यह इसके इतिहास का सबसे लंबा कार्यकाल है।

दिसंबर 2004 में रणदीप सुरजेवाला हरियाणा कॉन्ग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए। अगले साल हुए विधानसभा चुनाव में कॉन्ग्रेस ने 67 सीटें हासिल कर राज्य की सत्ता में वापसी की। इसके बाद सुरजेवाला भी करीब 10 साल तक हुड्डा के कैबिनेट में बने रहे। 2014 के विधानसभा चुनाव में कॉन्ग्रेस की करारी शिकस्त के बावजूद सुरजेवाला नहीं हारे।

राष्ट्रीय स्तर पर सुरजेवाला को सुर्खी 1996 और 2005 के हरियाणा विधानसभा चुनाव से मिली। दोनों बार उन्होंने ओम प्रकाश चौटाला को पटखनी दी। दिलचस्प ये है कि दोनों बार चौटाला बतौर मुख्यमंत्री चुनाव लड़ रहे थे। इन्हीं नतीजों की वजह से उन्होंने जाइंट किलर के तौर पर सुर्खियॉं बटोरी और राजनीतिक विश्लेषक उनमें भविष्य का सीएम देखने लगे। ऐसे में राहुल गॉंधी ने जब उन्हें अपनी टीम में शामिल किया तो माना गया कि हरियाणा कॉन्ग्रेस के वे ही भविष्य हैं। लेकिन, समय का पहिया ऐसा घूमा कि इस बार सुरजेवाला उस कैथल से हार गए, जिस सीट पर 2005 से ही उनके परिवार का कब्जा था।

रणदीप सुरजेवाला अक्सर बताया करते हैं कि कैसे राजीव गॉंधी ने उनकी जान बचाई थी। बकौल सुरजेवाला- एक बार वे हैपेटाइटिस बी के चलते कोमा जैसी स्थिति में पहुँच गए थे। पीजीआई चंडीगढ़ के डॉक्टरों को एक इंजेक्शन की जरूरत थी जो उस समय इंग्लैड में ही मिलता था। ऐसे वक्त में राजीव गॉंधी ने अपने एक पायलट दोस्त से बात की और इंग्लैंड से इंजेक्शन मॅंगाया गया। सो, इस बात की उम्मीद रखनी भी नहीं चाहिए कि सौम्य और मृदुभाषी सुरजेवाला कभी उस टीस को बयॉं करेंगे जो उन्होंने राहुल गॉंधी की नजदीकियों से हासिल किया। भले ही वे चुप रहें, लेकिन सोशल मीडिया में ऐसी प्रतिक्रियाओं की भरमार है, जिनमें कहा गया है कि महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनाव से राहुल गॉंधी के दूर रहने के कारण ही कॉन्ग्रेस की स्थिति थोड़ी बेहतर हुई है। अब देखना है कि सुरजेवाला अपनी मुक्ति का मार्ग कैसे तलाशते हैं!

पाक अधिकृत कश्मीर में घुसकर फहराएँगे तिरंगा: केंद्रीय मंत्री का बयान

जम्मू-कश्मीर में बनी चेनानी-नाश्री सुरंग का नाम कश्मीर में बलिदान देने वाले जनसंघ के बड़े नेता रहे श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर रख दिया गया। इस कार्यक्रम में अध्यक्ष के तौर पर पहुँचे केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने शिरकत की। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में कहा, “हमें प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। वह दिन दूर नहीं जब पीओके में भी तिरंगा (या निशान) फहराया जाएगा, वही निशान जिसके चलते श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपनी जान दी थी।”

चेनानी से नाश्री तक के बीच बनी जिस सुरंग के कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह शामिल हुए, पीएम मोदी ने उसका उद्घाटन साल 2017 में ही कर दिया था। केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि उस वक़्त किन्ही कारणों के चलते इसका नामकरण श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर नहीं हो पाया था। मोदी सरकार में सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को इसका श्रेय देते हुए उन्होंने कहा, “सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी जी ने हमारे इस प्रस्ताव पर बिना समय गँवाए मंज़ूरी दे दी, जिसके लिए हम उनके कृतज्ञ हैं।”

उन्होंने इस टनल का नाम श्यामा प्रसाद मुखेर्जी के नाम पर रखने को लेकर बताया बताया कि आज से 66 साल पहले, 11 मई 1953 को लखनपुर में बिना किसी एफआईआर, चार्जशीट या फिर चेतावनी के बगैर श्यामा प्रसाद मुख़र्जी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें इसी चेनानी-नाश्री रोड के ज़रिये ले जाया गया। 23 जून 1953 को उनकी मृत्यु के बाद उनकी माँ ने प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरु को पत्र लिखा मगर उन्होंने इस पर कोई ध्यान तक नहीं दिया।

“न ही इस मामले में कोई इन्क्वायरी हुई। मगर अब नया दौर है, तब नेहरुजी की सरकार थी, आज मोदीजी की सरकार है। यद्यपि उस जाँच की भरपाई तो नहीं हो सकती मगर आने वाली पीढ़ी के लिए यह श्रद्धांजलि उनकी विरासत को संरक्षित करने का काम करेगी। पंडित नेहरु की सरकार द्वारा की गई गलतियों का प्रायश्चित अब मोदी सरकार कर रही है।” बता दें कि इस टनल को मुखर्जी के नाम पर करने का फैसला कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के दो महीने बाद आया है।

हाल ही में पीओके में तिरंगा फहराने वाला केन्द्रीय मंत्री का बयान इस बात की पुष्टि करता है कि पीओके पर कही गई अपनी बातों पर वे पहले की ही तरह पूर्णतः अडिग हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर के महाराज हरि सिंह के भारत में विलय होने के फैसले के बाद वहाँ यथास्थिति बनाए रखने के लिए अनुच्छेद 370 को संविधान में जोड़ा गया था।
महाराजा हरि सिंह की जन्मजयन्ती पर एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि अनुच्छेद 370 को हटा देने से राज्य के आम नागरिकों को काफी फायदा होगा। उन्होंने यह भी कहा था कि अब वह दिन दूर नहीं जब पीओके यानी पाक अधिकृत कश्मीर भी भारत का अभिन्न अंग होगा।

बता दें कि 2600 करोड़ रूपए की लागत से बनकर तैयार हुई 9 किलोमीटर लम्बी श्यामा प्रसाद मुख़र्जी टनल में 9.35 मीटर कैरेजवे है और इसमें दोनो ओर 5 मीटर की चढ़ाई वाली निकासी है। इस टनल के समनान्तार एक और टनल आपात स्थति के लिए बनाई गई है जिसे हर 300 मीटर पर इसके साथ जोड़ा गया है। इस टनल के होने से सबसे बड़ी सुविधा होगी कि जम्मू और उधमपुर से रामबान, बानिहाल और श्रीनगर की और जाने वाले लोग अपने सफ़र में अब तकरीबन दो घंटे का समय बचा सकेंगे। यह टनल सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस है जहाँ सर्विलांस, अग्नि-शमन से लेकर प्रसारण प्रणाली और यातायात नियंत्रण तक की सुविधा दी गई है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस टनल में हर 150 मीटर की दूरी पर SOS की सुविधा दी गई है।

UP में BJP की साजिश और हरियाणा में कॉन्ग्रेस के दुष्प्रचार से बसपा एक भी सीट नहीं जीती: मायावती

उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। बीजेपी ने 11 में से 8 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं समाजवादी पार्टी ने 3 सीटों पर जीत हासिल की है। बसपा और कॉन्ग्रेस का खाता भी नहीं खुला। बसपा को इस चुनाव में करारी हार मिली है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने इस हार का ठीकरा भारतीय जनता पार्टी के सिर पर फोड़ा। मायावती ने यूपी में अपनी पार्टी की हार को छिपाने के लिए BJP पर आरोप लगाते हुए ट्वीट किया।

उन्होंने ट्वीट में लिखा कि यूपी विधानसभा आमचुनाव से पहले बीएसपी के लोगों का मनोबल गिराने के षडयंत्र के तहत बीजेपी द्वारा इस उपचुनाव में सपा की कुछ सीटें जिताने और बीएसपी को एक भी सीट नहीं जीतने देने को पार्टी के लोग अच्छी तरह से समझ रहे हैं। वे इनके इस षडयंत्र को फेल करने के लिए पूरे जी-जान से जरूर जुटेंगे। मायावती ने इसे बीजेपी की साजिश बताई है।

वहीं बसपा सुप्रीमो ने हरियाणा में मिली शिकस्त का इल्जाम कॉन्ग्रेस पर लगाते हुए कहा कि कॉन्ग्रेस ने अपने स्वार्थ के लिए मत विभाजन के भय का खूब प्रचार किया जिससे बसपा के परम्परागत वोटरों पर कोई फर्क नहीं पड़ा, लेकिन अन्य मतदाता जरूर भ्रमित हो गए। मायावती ने ट्वीट कर यह कहने की कोशिश की कि कॉन्ग्रेस के झूठे प्रचार करके लोगों को बरगलाया इसीलिए कॉन्ग्रेस का प्रदर्शन पिछली बार से अच्छा रहा।

उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “हरियाणा की जनता भी बीजेपी सरकार के कुशासन से काफी दुःखी व त्रस्त थी और इनसे मुक्ति चाहती थी। लेकिन कॉन्ग्रेस पार्टी ने अपने स्वार्थ के लिए जनता में वोटों के बँटने के भय को खूब प्रचारित किया। इससे बीएसपी के समर्पित वोटर तो कतई नहीं डिगे परन्तु अन्य वोटर जरूर भ्रमित हो गए। इसका परिणाम यह हुआ कि बीएसपी इस बार हरियाणा विधानसभा आमचुनाव में सीट जीतने में सफल नहीं हो सकी, हालाँकि बीएसपी को पिछली बार से ज्यादा वोट मिले हैं।”

गौरतलब है कि हरियाणा चुनाव में हरियाणा विधानसभा चुनाव में किसी की पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। लेकिन 40 सीटें जीतकर बीजेपी राज्य की सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी है। कॉन्ग्रेस को 31 सीटों पर सफलता हासिल हुई। 

महाराष्ट्र नतीजे: शिव सेना दिखा रही तेवर, गठबंधन पर बादल, बागी समर्थन तलाश रहे फडणवीस

कल (गुरुवार, 24 अक्टूबर, 2019 को) पहले रुझान आने पर बैकफुट पर जाते दिख रहे हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर जहाँ 24 घंटे बाद सरकार बनाने को लेकर लगभग आश्वस्त दिख रहे हैं, वहीं महाराष्ट्र में आसान लगने वाली राज्य के निवर्तमान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की राह रातों-रात मुश्किल हो गई है।

कल ही महाराष्ट्र में भाजपा सरकार के लिए मुश्किलें तब दिखनीं शुरू हो गईं थीं जब पता चला कि कद्दावर भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री रहे गोपीनाथ मुंडे की विरासत और विधानसभा सीट फडणवीस सरकार की मंत्री रहीं पंकजा मुंडे के हाथ से छिटक कर उनके चचेरे भाई धनंजय मुंडे के हाथ में चली गई है। राज्य की फडणवीस सरकार के कुल 8 मंत्री विधानसभा लौटने का जनादेश पाने में नाकाम रहे हैं। इसके अलावा फडणवीस के खुद के ‘घर’ और गढ़, और भाजपा के पितृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दुर्ग, नागपुर में भी भाजपा को लगभग आधी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था।

हालाँकि, अगर आँकड़ों में देखें तो अभी भी भाजपा और शिवसेना का गठबंधन बड़े आराम से बहुमत के लिए ज़रूरी 145 के आँकड़े के पार दिख रहा है, लेकिन शिवसेना ने साफ़ कर दिया है कि वह भाजपा से और दबने वाली नहीं है।

शिव सेना के मुखपत्र सामना में आज के सम्पादकीय में विधानसभा नतीजों की जो समीक्षा है, उससे दिवंगत बाला साहेब ठाकरे और उद्धव ठाकरे की भगवा पार्टी का रुख स्पष्ट है। सामना के मुताबिक यह जनादेश कोई “महा जनादेश” नहीं है। यह उनके लिए सबक है जो “सत्ता की मद में चूर” हैं। सामना में शिव सेना ने यह भी कहा है कि इस जनादेश ने वह ग़लतफ़हमी भी दूर कर दी कि चुनाव जीतने का रास्ता दल बदल की इंजीनियरिंग करना और विपक्षी पार्टियों को तोड़ना है।

एक तरफ उद्धव ठाकरे भाजपा पर दूसरे दलों में दल बदल कराने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर देवेंद्र फडणवीस चुनावी नतीजों का ठीकरा भाजपा के ही बागियों के सर फोड़ने में जुटे हैं। टाइम्स ऑफ़ इंडिया ने उनके हवाले से दावा किया है कि भाजपा और गठबंधन को नुकसान कॉन्ग्रेस और राष्ट्रवादी कॉन्ग्रेस पार्टी के विपक्षी गठबंधन यूपीए से कम हुआ है, अपने बागियों के चलते अधिक हुआ है।

उनका दावा है कि 15 बागियों से वह बातचीत कर रहे हैं, और उन्हें वे जल्दी ही भगवा खेमे में लौटा लाएँगे। अगर वे ऐसा कर ले जाते हैं, तो न केवल भाजपा की शिव सेना पर निर्भरता घट जाएगी, बल्कि शिव सेना के लिए उस समय गठबंधन छोड़ने का औचित्य समझाना मुश्किल हो जाएगा जब बागी भी भाजपा में लौटने लगे हैं।

हत्यारे अशफाक का ऑडियो सुनिए, क़त्ल के बाद भी बाप-बीवी को गम नहीं, कहा ‘अल्लाह अच्छा करेगा तेरा’

कमलेश तिवारी हत्याकांड में हत्यारोपित अशफाक का उसकी बीवी के साथ बात करते हुए ऑडियो वायरल हुआ है। हालाँकि, इस ऑडियो वायरल की खबर पहले भी मीडिया में आ चुकी है, लेकिन उस समय इसकी सत्यता की पुष्टि नहीं हो पाई थी।

इस ऑडियो में अशफाक को उसकी बीवी और पिता से बात करते हुए स्पष्ट सुना जा सकता है। जिससे पता चलता है कि मामले की पूरी जानकारी होने के बाद भी अशफाक की बीवी और पिता उसका साथ देने को हर तरह से तैयार थे।

इस ऑडियो में हत्यारे के पिता-बीवी दोनों लगातार अशफाक से गुजरात आने की गुजारिश करते सुनाई पड़ रहे हैं। लेकिन अशफाक कह रहा है कि गुजरात आना उसके लिए पॉसिबल नहीं हैं।

ऑडियो में हुई बातचीत के अंश-

अशफाक की पत्नी- हेलो
अशफाक- अस्सलाम वालेकुम!
पत्नी- वालेकुम अस्सलाम….कहाँ हो मेरी जान कहाँ हो?
अशफाक- हम लोग कल लखनऊ पहुँच जाएँगे…पापा को बोल दो।
पत्नी- लेकिन तुम वहाँ क्यों जा रहे हो? यहाँ आ जाओ न।
अशफाक- वहाँ जाना पड़ेगा।
बीवी- हाँ तो ठीक है न हम यहाँ से प्रोसेस करेंगे तुम्हारे लिए, तुम प्लीज यहाँ आ जाओ न
अशफाक- पॉसिबल ही नहीं है… पापा है?
बीवी- क्यों नहीं है पॉसिबल? हाँ है पापा… बात करोगे? लो बात करो।
पिता- अस्सलाम वालेकुम बेटा!
अशफाक-वालेकुम अस्सलाम!
पिता- बेटा तू यहाँ कुछ भी करके आजा… अल्लाह अच्छा करेगा, तेरा भी अच्छा करेगा, तू नहीं आ सकता तो हमे बोल दे… हम आकर ले जाएँगे तुझे।
अशफाक- हाँ तो, हम लोग अभी शाहजहाँपुर जा रहे हैं, वहाँ से कल हम लोग लखनऊ जाएँगे।
पिता- न बेटा, वहाँ मत जाओ बेटा। इस तरफ आ जाओ। उन लोगों ने हमको बोला है बेटा। हम अहमदाबाद उनके यहाँ हो आए हैं। खाली उन्होंने बोला तू यहाँ आजा।
अशफाक- किसके यहाँ?
पिता- एसटी… एटी… (लड़खड़ाते हुए… पीछे से बीवी बोलती है एटीएस)… हाँ बेटा सब प्रोसिजर कर आए। तू चालू रख।
बीवी- हेलो
अशफाक-बाद में फोन करता हूँ, ये दूसरे का फोन है।
बीवी- करोगे न फोन?
अशफाक- हाँ
बीवी- तुम अच्छे हो न?

अशफाक- हाँ, अल्लाह का शुक्र है।

यहाँ बता दें कि हत्या को अंजाम देने के बाद अशफाक का ये ऑडियो उसके और उसकी बीवी के बीच हुई बातचीत का एक छोटा-सा अंश है। हत्याकांड की जाँच में जुटे पुलिस अधिकारियों ने खुलासा किया है कि अशफाक लगातार अपने घरवालों से अलग-अलग नंबरों से बात कर रहा था। जिसके कारण ही गुजरात एटीएस ने उसकी पत्नी का फोन सर्विलांस पर लगवा दिया था और लगातार उसकी कॉल डिटेल्स चेक की जा रही थी। अशफाक के घरवालों को मुठभेड़ के नाम से डराया गया था। जिसके बाद उसके पिता और बीवी ने अशफाक का फोन आते ही उससे गुजरात आने की गुजारिश की।

ऑडियो में कई बार ‘प्लीज’ शब्द को सुना जा सकता है, जिससे पता चलता है कि अशफाक की करतूत सामने आने के बाद भी उसके पिता-बीवी का मोह उससे नहीं छूटा था। वे उसे सब ठीक कर देने के नाम का लगातार आश्वासन दे रहे थे और बता रहे थे कि उन दोनों को यूपी में खतरा है।

इस पूरी ऑडियो को आप नीचे यूट्यूब लिंक पर क्लिक करके सुन सकते हैं:


मस्जिद में महिलाओं के प्रवेश को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया नोटिस, सुनवाई 5 नवम्बर को

समाज सुधार की श्रृंखला में एक नया अध्याय जुड़े इसके लिए इस्लामिक बेड़ियों में जकड़ी महिलाओं को उनके मस्जिद जाने जैसे सामान्य अधिकार के लिए शुक्रवार को उच्चतम न्यायलय ने मुस्लिम महिलाओं के मस्जिद में प्रवेश सम्बन्धी जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार से जवाब माँगा है। इस याचिका की सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायधीश रंजन गोगोई और न्यायमूर्ति एस ए नज़ीर की पीठ ने मस्जिदों में महिलाओं को प्रवेश देने के अनुरोध पर केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय तथा अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय को नोटिस जारी किया है।

बता दें कि रूढ़िवादी इस्लामिक मान्यता को चुनौती देने वाली इस याचिका को दायर करने वाले यास्मीन जुबैर अहमद पीरजाद खुद भी इस्लाम समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। जुबैर ने मौलिक अधिकारों के हनन की बात को आधार बताते हुए अपनी याचिका दायर की है। इसमें जुबैर अहमद ने सरकारी अधिकारियों और वक्फ बोर्ड जैसे मुस्लिम निकायों को मस्जिदों में महिलाओं के प्रवेश की अनुमति देने का अनुरोध किया है। इस मामले में अगली सुनवाई अब 5 नवम्बर को होनी है।

भारत में महिलाओं की स्थिति को लेकर लम्बे समय से गंम्भीर विमर्श होता रहा है। उनकी स्थिति को सुधारने के लिए कभी सरकार, तो कभी समाज ने आगे आकर अपने दायित्व को निभाया है। मगर महिलाओं में भी एक बहुत बड़ा वर्ग ऐसा है जो शरीयत जैसी मान्यताओं के बंधन की वजह से अपने मूल अधिकारों से पूर्णतः वंचित हैं, यह आबादी दरअसल उन मुस्लिम महिलाओं की है जिन्हें इस्लामिक मान्यताओं तले हमेशा शोषित और पीड़ित बनाकर ही रखा गया है। देश में अक्सर यह बहस उठती है कि महिलाओं को मस्जिदों में प्रवेश की अनुमति देकर उन्हें उनका उचित सम्मान क्यों नहीं दिया जाता जिसकी वह हकदार हैं।

बता दें कि इस्लाम में शरीयत के हिसाब से कोई भी महिला दरगाह, कब्र या मस्जिद में प्रवेश नहीं कर सकती। मुंबई के हाजी-अली दरगाह मामले में इस मुद्दे को लेकर देश पहले ही काफी बहस देख चुका है।

‘आदिवासियों की जमीनें गलत तरीके से खरीदी’ – पूर्व CM सोरेन और परिवार के खिलाफ जाँच आदेश

पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, हेमंत सोरेन और उनके परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा अवैध तरीके से सीएनटी एक्ट के दायरे में आने वाली जमीन की खरीदारी के मामले की अब जाँच होगी। भाजपा के राज्यसभा सदस्य समीर उरांव समेत अन्य नेताओं की ओर से दिए गए शिकायती पत्र के बाद मुख्य सचिव ने राजस्व विभाग को कार्रवाई के लिए निर्देश दिया है। गुरुवार (अक्टूबर 24, 2019) को राज्य सरकार ने इस संबंध में राँची, जमशेदपुर और बोकारो के उपायुक्तों को आदेश दिया।

झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले भाजपा की रघुवर दास सरकार ने सोरेन परिवार पर शिकंजा कस दिया है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पूर्व भाजपा के राज्यसभा सदस्य समीर उरांव ने मुख्य सचिव से मिलकर इस संबंध में शिकायत की थी। शिकायत में उन्‍होंने सोरेन परिवार द्वारा आदिवासियों की जमीनें गलत तरीके से खरीदने की बात कही थी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी कई बार खुले मंच से सीएनटी और एसपीटी एक्ट का उल्लंघन कर आदिवासियों की जमीन खरीदने के आरोप सोरेन परिवार पर लगाए हैं। रघुवर दास ने शनिवार (12 अक्टूबर) को जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पर प्रदेश को लूटने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता अफ़वाह फैलाकर आदिवासी समाज को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता भी लगातार इस मामले को लेकर झामुमो अध्यक्ष और उनके परिवार पर तीखे बयान देते रहे हैं।

वहीं, सरकार द्वारा दिए गए जाँच के आदेश पर झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य का कहना है कि जाँच के आदेश निंदनीय हैं। उन्होंने कहा, “यह भाजपा के विरोधियों को डराने के लिए है। उन्होंने देश भर में ऐसा ही किया है। हालाँकि, हम डरने वाले नहीं हैं और इससे हमारी चुनावी संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा।”

AAP सदस्य जसलीन कौर का सर्वजीत पर छेड़छाड़, अश्लीलता का आरोप झूठा, कोर्ट ने किया बरी

2015 में AAP सदस्य जसलीन कौर द्वारा दिल्ली ट्रैफिक सिग्नल पर उत्पीड़न, अश्लील टिप्पणी और छेड़छाड़ के आरोपित सर्वजीत सिंह को आखिरकार अदालत ने बरी कर दिया है। सिंह ने एक फेसबुक पोस्ट के माध्यम से यह ख़बर शेयर की और उन लोगों को धन्यवाद दिया, जिन्होंने उस पर विश्वास किया और उसके साथ खड़े रहे, जब पूरे सोशल मीडिया ने उसे कौर के शब्दों के आधार पर अपराधी घोषित कर दिया था।

एक्टिविस्ट दीपिका भारद्वाज ने सर्वजीत सिंह के पोस्ट को शेयर किया और कहा कि सर्वजीत को अदालत ने चार साल की लंबी सुनवाई के बाद सभी आरोपों से बरी कर दिया है।

सर्वजीत सिंह पिछले चार साल से ट्रायल कोर्ट में पेश हो रहे थे। जसलीन कौर तीन साल तक ट्रायल में पेश नहीं हुईं। जसलीन ने 14 मुक़दमों की तारीखों के बाद पिछले साल दिसंबर में कोर्ट में अपनी पहली उपस्थिति दर्ज कराई। इसके लिए उन्होंने तर्क दिया था कि वह कनाडा में ‘अकादमिक ज़िम्मेदारियों’ के चलते कोर्ट में हाज़िर नहीं हो सकीं।

क्या था मामला

23 अगस्त, 2015 को दिल्ली के सेंट स्टीफन कॉलेज की छात्रा और AAP सदस्य जसलीन कौर ने ट्रैफिक सिग्नल पर सिंह की एक तस्वीर पोस्ट की थी और दावा किया था कि सिंह ने उन पर अश्लील टिप्पणी करने के साथ-साथ फ़ोटों न क्लिक करने की धमकी दी थी।

कौर का यह फेसबुक पोस्ट कुछ ही घंटों के भीतर वायरल हो गया। हालाँकि, सर्वजीत सिंह ने कौर की फ़ोटो पर वायरल पोस्ट में ख़ुद की पहचान बताने वाली टिप्पणी की थी और कहा था कि वह निर्दोष है क्योंकि धमकी देने वाली ख़ुद जसलीन थी जिसने उसे तब धमकी दी थी जब उसने ट्रैफिक सिग्नल को पार करने के लिए जसलीन के निर्देशों का पालन करने से इनकार कर दिया था।

इस मामले में सिंह को जल्द ही पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया। इस मामले को एक उदाहरण के तौर पर यह कहकर ख़ूब उछाला गया कि दिल्ली की लड़कियों को हर दिन कितनी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जसलीन के इस कारनामे पर सेलिब्रिटी और राजनेताओं ने एक बहादुर युवा महिला के रूप में उन्हें ख़ूब बधाइयाँ दी। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी जसलीन की सराहना की थी।

अरविंद केजरीवाल का ट्वीट, साभार: इंडिया टुडे

रातों-रात कौर एक सेलिब्रिटी बन गईं। इंडिया टुडे की ख़बर के अनुसार, दिल्ली पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी ने कौर को उनकी ‘बहादुरी’ के लिए इनाम देने की घोषणा की थी।

चश्मदीद का दावा

सर्वजीत की गिरफ़्तारी और चश्मदीद गवाहों की जाँच के तुरंत बाद, मामला ठंडा होने लगा। घटना-स्थल पर मौजूद विश्वजीत सिंह ने बताया कि सर्वजीत निर्दोष था और वास्तव में, जसलीन जिसने सर्वजीत के साथ मौखिक रूप से दुर्व्यवहार और ग़लत व्यवहार किया था। कौर ने फिर से सोशल मीडिया पर दावा किया कि वह सही थीं और चश्मदीद गवाह झूठ बोल रहा है।

परीक्षण

लंबे समय से सर्वजीत सिंह ने उत्पीड़न का शिकार रहा। 2016 में, उन्होंने सोशल मीडिया फिर से एक पोस्ट के माध्यम से लोगों से अपील की। इसमें उन्होंने विवरण देते हुए कि लिखा कि किसी व्यक्ति पर उत्पीड़न का झूठा आरोप लगाना कितना आसान होता है और एक व्यक्ति दोषी न होते हुए भी दोषी बन जाता है। दूसरे व्यक्ति का सिर्फ़ उसके लिंग के आधार पर किसी का उत्पीड़ित करना ग़लत है।

अपने विवरण में सिंह ने यह तक लिखा कि इस उत्पीड़न मामले में उनका चेहरा इतना बदनाम हो गया था कि उन्हें कई नौकरियाँ तक गँवानी पड़ीं। साथ ही एक यह मानसिक प्रताड़ना थी कि वो पुलिस को बिना बताए दिल्ली से बाहर नहीं जा सकते थे।

मीडिया प्रचार और परिणाम

लगभग सभी मीडिया चैनल ने एक विकृत और अपराधी के रूप में सर्वजीत को दिखाया। सोशल मीडिया यूज़र्स ने भी जसलीन के पोस्ट और अन्य संबंधित पोस्ट को बड़े धड़ल्ले से शेयर किया, इससे लोगों के मन में सर्वजीत की ख़राब छवि बन गई। जैसे-जैसे सच्चाई सामने आने लगी, वैसे-वैसे उन मीडिया चैनल्स की भी सच्चाई सामने आने लगी, जिन्होंने सर्वजीत सिंह का ग़लत चित्रण किया। टाइम्स नाउ को भी आदेश दिया गया था कि वह एनबीएसए द्वारा अदालतों के समक्ष दोषी के रूप में सर्वजीत को ग़लत तरीके से पेश करने के मामले में लगातार कवरेज के लिए माफी माँगे और ज़ुर्माना अदा करे।

सेब ले जाने आए दो ट्रक ड्राइवरों की आतंकियों ने की नृशंस हत्या: प्रतिबन्ध हटते ही कश्मीर में जिहाद जारी

जम्मू कश्मीर में संचार माध्यमों की बहाली के बाद से जारी दहशत और खूँरेजी का दौर बदस्तूर जारी है। जिहादी आतंकियों ने कश्मीर के शोपियाँ इलाके में कश्मीर से सेबों का ट्रांसपोर्टेशन करने आए दो ट्रक ड्राइवरों की गोली मारकर नृशंस हत्या कर दी है। यही नहीं, उनके ट्रकों को भी आग के हवाले कर दिया गया है। एक तीसरा ड्राइवर भी उसी हमले में घायल हो गया है।

यह ताज़ा हमला तीन दिनों के अंदर कश्मीर में हत्या की तीसरी घटना है। इस्लामी आतंकवादियों ने इसके पहले एक फल बागान से ट्रक लेकर जा रहे राजस्थान के आदमी और एक मजदूर की भी हत्या की थी। इसके अलावा शोपियाँ में ही पिछले हफ्ते जिहादियों ने एक सेब विक्रेता की भी गोली मारकर जान ले ली थी।

जम्मू कश्मीर पुलिस का कहना है कि ये हत्याएँ जिहादियों की हताशा से उपजीं हैं। वे कश्मीर घाटी में फलों के ट्रांसपोर्टेशन के ज़ोर पकड़ने से बौखला गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा, “यह (दो ट्रक ड्राइवरों की हत्या का मामला) एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। वे ट्रक ड्राइवर इलाके के अंदरूनी हिस्से में बिना सुरक्षा बलों को सूचना किए चले गए थे।” पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि मारे गए ड्राइवरों की लाशें पुलिस ने बरामद कर लीं हैं, और एक अन्य घायल को इलाज के लिए श्रीनगर के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस टीमें आरोपितों की गिरफ़्तारी के लिए कोशिशों में लगा दी गईं हैं।

मारे गए ड्राइवरों में से एक की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी मोहम्मद इलियास के रूप में हुई है। दूसरे मृत ड्राइवर की पहचान पता करने की कोशिश हो रही है। इसके अलावा घायल ड्राइवर की शिनाख्त पंजाब के होशियारपुर के रहने वाले जीवन के रूप में हुई है।

पुलिस के सूत्रों के अनुसार जिहादी जम्मू कश्मीर में राज्य के बाहर से आने वाले प्रवासी मजदूरों को निशाना इसलिए बना रहे हैं ताकि उनमें डर बिठाया जा सके। इससे वे राज्य की व्यापर व्यवस्था को नुकसान पहुँचाना चाहते हैं।

जम्मू कश्मीर में केंद्र सरकार ने 5 अगस्त 2019 से अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निरस्त कर दिया था। साथ ही राज्य का पूर्ण राज्य का दर्जा खत्म कर उसे विधानसभा युक्त केंद्र शासित प्रदेश बना दिया गया था। लेकिन उससे लद्दाख को अलग कर दशकों पुरानी माँग के मुताबिक उसे केंद्र शासित प्रदेश बना दिया गया था। उसके बाद इसी तरह के जान माल के नुकसान से बचने के लिए सरकार ने मोबाइल व्यवस्था बंद कर रखी थी जिसे हाल ही में पोस्टपेड उपभोक्ताओं के लिए चालू किया गया था।