कल्पना कीजिए कि आप किसी ऊँचे पहाड़, घने जंगल, समुद्र के बीच या ऐसी जगह पर हैं, जहाँ मोबाइल नेटवर्क का नामोनिशान तक नहीं है। ऐसे में अगर किसी से संपर्क करना हो या अचानक कोई आपात स्थिति आ जाए तो क्या होगा? इसी समस्या का समाधान लेकर सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने भारत में अपना नया सैटेलाइट फोन लॉन्च किया है।
यह फोन सामान्य स्मार्टफोन की तरह मोबाइल टावर पर निर्भर नहीं रहता, बल्कि सीधे सैटेलाइट के जरिए काम करता है। इसकी कीमत 1,34,166 रुपए (टैक्स सहित) रखी गई है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसे कोई भी व्यक्ति सीधे खरीदकर इस्तेमाल नहीं कर सकता। बल्कि इसके लिए भी कुछ शर्तें हैं।
क्या है BSNL का नया सैटेलाइट फोन?
BSNL का यह नया फोन खास तौर पर उन लोगों और संस्थाओं के लिए तैयार किया गया है, जिन्हें ऐसे इलाकों में काम करना पड़ता है जहाँ मोबाइल नेटवर्क नहीं होता। यह डिवाइस ग्लोबल सैटेलाइट कम्युनिकेशन कंपनी इनमारसैट की मदद से बनाया गया है।
जब कोई यूजर इस फोन से कॉल करता है तो सिग्नल पहले सीधे सैटेलाइट तक पहुँचता है। इसके बाद सैटेलाइट उस सिग्नल को ग्राउंड स्टेशन के जरिए टेलीकॉम नेटवर्क तक भेजता है। यही वजह है कि यह फोन बिना मोबाइल टावर के भी काम करता है।
आखिर यह फोन किन लोगों के लिए है?
BSNL का यह सैटेलाइट फोन आम स्मार्टफोन यूजर्स के लिए नहीं बनाया गया है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से उन क्षेत्रों में किया जाएगा, जहाँ सामान्य मोबाइल नेटवर्क मौजूद नहीं होता।
When conventional mobile networks can’t reach, the BSNL Satellite Phone keeps you connected.
— BSNL India (@BSNLCorporate) July 9, 2026
Designed for challenging environments, making it an ideal solution for Defence, Maritime, Disaster Response, Mining, Remote Operations and Adventure Travel.
Why Choose BSNL Satellite… pic.twitter.com/Fc6vsahxRn
यह फोन रक्षा सेवाओं, समुद्री क्षेत्र में काम करने वालों, आपदा राहत टीमों, खनन परियोजनाओं, दूर-दराज के इलाकों में काम करने वाली कंपनियों, तीर्थयात्रियों और एडवेंचर ट्रैवल करने वालों के लिए काफी उपयोगी माना जा रहा है। प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़, भूकंप या चक्रवात के दौरान जब मोबाइल टावर बंद हो जाते हैं, तब भी यह फोन संपर्क बनाए रखने में मदद कर सकता है।
खरीदने से पहले जान लें सबसे जरूरी नियम
अगर आप सोच रहे हैं कि इसे किसी मोबाइल शॉप या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से खरीद सकते हैं, तो ऐसा संभव नहीं है। भारत में सैटेलाइट फोन को लेकर सुरक्षा कारणों से कड़े नियम बनाए गए हैं।
कोई भी व्यक्ति या संस्था इस फोन को तभी खरीद या इस्तेमाल कर सकती है, जब उसे दूरसंचार विभाग (DoT) से अनुमति या ऑथराइजेशन मिल जाए। बिना सरकारी मंजूरी के सैटेलाइट फोन रखना या उसका इस्तेमाल करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। यही वजह है कि यह डिवाइस आम स्मार्टफोन की तरह खुले बाजार में नहीं मिलता है।
फोन की खासियतें क्या हैं?
BSNL ने इस सैटेलाइट फोन को कठिन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया है। इसमें मजबूत और टिकाऊ बॉडी दी गई है, जिससे यह धूल, पानी और खराब मौसम में भी बेहतर तरीके से काम कर सके।
फोन में लंबी बैटरी दी गई है, जिससे ऐसे इलाकों में भी लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है, जहाँ बिजली की सुविधा नहीं होती। इसके अलावा इसमें SOS यानी इमरजेंसी अलर्ट फीचर भी दिया गया है, जिससे संकट की स्थिति में तुरंत मदद के लिए सिग्नल भेजा जा सकता है। साफ आवाज में वॉयस कॉलिंग भी इसकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है।
कीमत कितनी है और कौन-कौन से प्लान मिलेंगे?
BSNL ने इस सैटेलाइट फोन की कीमत 1,34,166 रुपए (टैक्स के साथ) तय की है। कंपनी के मुताबिक अधिक जानकारी के लिए ग्राहक अपने नजदीकी BSNL कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या दिए गए हेल्पलाइन नंबर (+91 94651 01323) पर जानकारी मिल सकती हैं।
फोन के साथ सरकारी और कमर्शियल दोनों तरह के यूजर्स के लिए अलग-अलग पोस्टपेड और प्रीपेड प्लान भी उपलब्ध हैं। पोस्टपेड प्लान 3500 रुपए प्रति माह से शुरू होते हैं, जबकि कमर्शियल प्लान की शुरुआती कीमत 5835 रुपए और उससे अधिक है।
फ्री मिनट या SMS खत्म होने के बाद अलग से प्रति मिनट और प्रति SMS शुल्क देना होगा। प्रीपेड ग्राहकों के लिए टॉप-अप रिचार्ज की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
क्या यह स्मार्टफोन की जगह ले सकता है?
इस सवाल का जवाब है, नहीं। BSNL का सैटेलाइट फोन सामान्य स्मार्टफोन का विकल्प नहीं है। इसका उद्देश्य सोशल मीडिया चलाना या रोजमर्रा की मोबाइल जरूरतों को पूरा करना नहीं बल्कि उन परिस्थितियों में भरोसेमंद संचार उपलब्ध कराना है जहाँ मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह नाकाम हो जाता है।
यही वजह है कि यह डिवाइस मिशन-क्रिटिकल कम्युनिकेशन के लिए तैयार किया गया है। रक्षा सेवाएँ, राहत एवं बचाव अभियान, समुद्री ऑपरेशन और दूरदराज के क्षेत्रों में काम करने वाली एजेंसियाँ इसका सबसे अधिक लाभ उठा सकती हैं। आम लोगों के लिए यह फोन न तो आसानी से उपलब्ध होगा और न ही बिना सरकारी अनुमति इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा।


