विकास दुबे के गुर्गे शशिकांत की पत्नी का ऑडियो: सुनिए फोन पर रिश्तेदार को बता रही पूरी घटना, छीने गए हथियार बरामद

शशिकांत की पत्नी का ऑडियो

यूपी के कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या का गुनहगार विकास दुबे भले ही पुलिस एनकाउंटर में मारा गया हो लेकिन उस केस की एक-एक परते अब खुलने लगी है। मंगलवार (जुलाई 14, 2020) को पुलिस ने विकास दुबे के सहयोगी, फरार अपराधी और 50 हजार के इनामी शशिकांत उर्फ सोनू पांडेय को गिरफ्तार किया।

उसकी निशानदेही पर वारदात में लूटी गई INSAS व AK 47 रायफल और कारतूस बरामद किए गए। अब घटना वाली रात का ऑडियो वायरल हो रहा है। कानपुर कांड में पकड़े गए शशिकांत की पत्नी का ऑडियो वायरल हो रहा हैं। ऑडियो में शशिकांत की पत्नी रिश्तेदार को फोन करके पूरी घटना के बारे में बता रही है।

पढ़िए शशिकांत की पत्नी का आडियो जिसमें वो घटना के बारे में अपने किसी रिश्तेदार को बता रही है : 

शशिकांत की पत्नी – हैलो भाभी…

दूसरी तरफ से – हाँ…

शशिकांत की पत्नी –  भाभी, बाहर दो आदमी मरे पड़े हैं मेरे दरवाजे पर, आँगन में एक आदमी मरा पड़ा है मेरे दरवाजे पर। ये सब लोग भाग गए हैं, क्या कहेंगे जब पुलिस आएगी। 

दूसरी तरफ से – वे लोग हैं कौन? 

शशिकांत की पत्नी – भाभी वो सब पुलिस वाले हैं, विकास भैया ने मारा है। इन सब लोगों ने मारा है। पुलिस वाले हैं।

इतने में फोन के पीछे से आवाज आती है कि सबसे पहले फोन नंबर डिलीट कर दो।

दूसरी तरफ से – हाँ, नंबर डिलिट कर दो सारे। 

शशिकांत की पत्नी : हाँ, सब मोबाइल स्वीच ऑफ करके छुपा दे रहे हैं।  

दूसरी तरफ से – नंबर सारे डिलिट कर दो, कह देना हमको कुछ नहीं पता और अंदर बैठी रहना।  

शशिकांत की पत्नी – भाभी बताइए, वो पूछेंगे तुम्हारा आदमी कहाँ गया, दिन में ड्यूटी करके आया था तो क्या बताएँगे, पापा भी भाग गए हैं।  

दूसरी तरफ से – तो कह देना आया ही नहीं वहाँ से उसकी डबल शिफ्ट थी।  

शशिकांत की पत्नी : तो वहाँ से पता चल ही जाएगा। 

दूसरी तरफ से -कह देना हमको क्या पता,  हमको बताया ही नहीं। हमको क्या पता, आप बता रहे हैं तो पता चला 

शशिकांत की पत्नी – ये बताइए अगर हम मोबाइल स्वीच ऑफ कर दें तो मोबाइल की लोकेशन नहीं पता चलेगी, ये अपना भी मोबाइल यही छोड़ गए हैं। 

दूसरी तरफ से – तुम अंदर ही बैठी रहो।

शशिकांत की पत्नी : हम स्विच आफ कर रहे हैं।

दूसरी तरफ से – तुम पहले इस नंबर को डिलीट कर दो, मेरा वाला भी सोनू वाला भी डिलीट कर देना, तुम ऐसे ही रख दो फोन। स्विच आफ मत करो।

शशिकांत की पत्नी – वो कहेंगे तुम्हारे आँगन में आदमी मारा गया तुमने पुलिस को फोन क्यों नहीं किया। हम फोन ही हटा देते हैं। कहेंगे मेरे पास फोन ही नहीं था। 

दूसरी तरफ से -हाँ हाँ, ये ठीक रहेगा। पुलिस पूछे तो बता देना हमको कुछ नहीं पता। हम तो घर के अंदर थे।

शशिकांत की पत्नी – भाभी अब क्या होगा, हम बहुत परेशान हैं।  

दूसरी तरफ से – तुम चिंता ना करो, भगवान सब ठीक करेगा, शांत रहो।

शशिकांत की पत्नी -ठीक है। 

दूसरी तरफ से – मौका मिले तो निकल जाओ।

शशिकांत की पत्नी – अब इस समय रात में कहाँ निकले। 

जानकारी के मुताबिक शशिकांत ने गिरफ्तारी के बाद कैमरे के सामने स्वीकार किया है कि गोली जबरदस्ती विकास दुबे ने चलवाई थी। शशिकांत ने बताया, “घटना को अंजाम देने वालों में मैं, अमर दुबे, विकास दुबे, प्रभात मिश्रा, बउवा, अतुल दुबे शामिल थे। विकास ने हमारे ऊपर दबाव बनाया कि तुम गोली नहीं चलाओगे तो तुम्हे मार डालेंगे।”

शशिकांत ने आगे बताया, “गोली इसलिए चलाई क्योंकि ये तय कर लिया था कि हमें पुलिसवालों को बस मारना है। पुलिस के जरिए हमें पहले ही सूचना मिल गई थी। पुलिस से ही सूचना आई थी कि हमें पुलिस वालों को मारना है। हमारे सामने 3 पुलिस वालों की हत्या हुई थी। सीओ साहब और 2 दारोगा की हत्या हुई थी। हथियार विकास ने मँगवाए थे। विकास दुबे ने फोन करके बुलवाया था। विकास ने कहा था कि आज गोली चलनी है। बंदूक राइफल सब थी।”

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश को दहला देने वाले कानपुर के चौबेपुर के बिकरू गाँव कांड में पुलिस की कार्रवाई गति पकड़ चुकी है। विकास दुबे के गैंग ने दो व तीन जुलाई की रात में सीओ सहित आठ पुलिसकर्मियों की हत्या की। इसके बाद पुलिस तत्काल एक्शन में आ गई। इस केस में नामजद 21 में से 12 के खिलाफ कार्रवाई हो गई है।

शशिकांत के पिता प्रेम कुमार पांडेय को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार का कहना है कि लूटी गई रायफलें शशिकांत ने ही विकास के घर और अपने घर मे छिपाई थीं। एडीजी ने बताया कि विकास दुबे के घर से सर्च के दौरान पुलिस से लूटी गई एक- 47, रायफल, 17 कारतूस और शशिकांत के घर से इंसास रायफल और 20 कारतूस बरामद हुए हैं। 

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया