भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के मौके पर बुधवार (17 सितंबर 2025) को दुबई में स्थित दुनिया की सबसे ऊँची इमारत बुर्ज खलीफा को उनकी तस्वीरों और शुभकामनाओं से रोशन किया गया।
इस खास मौके पर बुर्ज खलीफा पर ‘Happy Birthday’, ‘75 Years’, ‘सेवा ही संकल्प और ‘India First – The Inspiration’ जैसे संदेश दिखाई दिए। ये नजारा दुबई के आसमान में दूर-दूर तक दिखा और बहुत से लोगों ने इसे अपने कैमरों में कैद किया।
#WATCH | Dubai's Burj Khalifa illuminated tonight with the images of PM Narendra Modi, on the occasion of his 75th birthday. pic.twitter.com/gamw6cRaoq
— ANI (@ANI) September 17, 2025
पीएम मोदी को उनके जन्मदिन पर दुनिया भर से बधाइयाँ मिलीं, जिससे भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय छवि भी झलकती है। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने हिंदी, अरबी और अंग्रेजी में बधाई देते हुए लिखा, “नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। आपके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और भारत की तरक्की में निरंतर सफलता की कामना करता हूँ।”
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फोन कर पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की कोशिशों में समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। वहीं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी व्यक्तिगत रूप से फोन कर जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “उनकी ताकत, संकल्प और नेतृत्व क्षमता लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है। उनके अच्छे स्वास्थ्य और ऊर्जा की कामना करती हूँ।” यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डर लेयन ने भी पीएम मोदी को बधाई दी और भारत-यूरोप साझेदारी को और मजबूत करने की बात कही।
इस खास मौके पर साउथ अफ्रिका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे, मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक सहित तमाम वैश्विक हस्तियों ने पीएम को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दी।
इसके अलावा साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस, केन्या के पूर्व प्रधानमंत्री रैलाओडिंगा, त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वाँ जन्मदिन देश और दुनिया में श्रद्धा, उत्सव और शुभकामनाओं के साथ मनाया गया। भारत ही नहीं, विदेशों में भी उनके लिए प्रार्थनाएँ की गईं और शुभकामनाएँ भेजी गईं।
कोलंबो में बोहरा मुस्लिम समुदाय की विशेष प्रार्थना
श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में बोहरा मुस्लिम समुदाय ने अपने मस्जिद में पीएम मोदी के लिए विशेष दुआ की। एक वीडियो में दिखा कि लोग एक साथ उनके अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और देश सेवा के लिए प्रार्थना कर रहे थे।
On PM @narendramodi's 75th birthday, special prayers were held at the Bohra Mosque in Colombo with community members wishing him health, long life, and continued success in serving India.#SevaParv #ModiBirthday #PMModiBirthday #SewaPakhwada #75thBirthday pic.twitter.com/fl6P2nwZcQ
— DD News (@DDNewslive) September 17, 2025
वाराणसी में धार्मिक अनुष्ठान
पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में दिनभर धार्मिक और सामाजिक गतिविधियाँ होती रहीं। दशाश्वमेध घाट पर सिटी साउथ विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने 108 वैदिक आचार्यों के साथ मिलकर दुग्धाभिषेक किया। वैदिक मंत्रों के साथ यह प्रार्थना प्रधानमंत्री की लंबी उम्र और देश की समृद्धि के लिए की गई।
वहीं शाम को नमो घाट पर विशेष गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिससे आध्यात्मिक वातावरण और भी भव्य हो गया। जयापुर गाँव, जिसे पीएम मोदी ने 2014 में सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत अपनाया था, वहाँ ग्रामीणों ने पंचायत भवन में उनकी तस्वीर पर माला चढ़ाई और केक काटकर जन्मदिन मनाया।
इस अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर में साधु-संतों ने सहस्रार्चन (1,100 कमल पुष्पों से पूजा) और महरुद्राभिषेक किया। इस पूजा में पीएम मोदी के स्वास्थ्य, देश की एकता और वैश्विक शांति के लिए प्रार्थनाएँ की गईं। इसके अलावा अस्पतालों, अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में फलों का वितरण कर जरूरतमंदों के बीच खुशियाँ बाँटी गईं।
पेंटिंग्स से लेकर मूर्तियों तक, ऑनलाइन खरीदें प्रधानमंत्री को मिले अनमोल उपहार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मिले उपहारों की ई-नीलामी भी शुरू हो गई है। यह ई-नीलामी 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगी, जिसमें लोग PMMementos नाम की वेबसाइट पर जाकर इन उपहारों के लिए बोली लगा सकते हैं। इस बार इस ई-नीलामी का सातवाँ संस्करण है, जिसमें 1300 से अधिक उपहार नीलामी के लिए रखे गए हैं।
इनमें पेंटिंग्स, कलाकृतियाँ, मूर्तियाँ, देवी-देवताओं की मूर्तियाँ और खेल से जुड़ी चीजें शामिल हैं। इस नीलामी से जो भी पैसा मिलेगा, वह नमामि गंगे परियोजना को दिया जाएगा, जो गंगा नदी की सफाई और संरक्षण के लिए चलाई जा रही है।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय (NGMA) में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पहल पहली बार जनवरी 2019 में शुरू हुई थी। तब से अब तक हजारों उपहारों की नीलामी हो चुकी है और 50 करोड़ रुपये से अधिक की राशि नमामि गंगे परियोजना के लिए जुटाई गई है।
गजेन्द्र सिंह शेखावत ने यह भी बताया कि नरेन्द्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने अपने सभी उपहार इस सामाजिक कार्य के लिए समर्पित कर दिए हैं।


