Home Blog Page 489

किसी की ऊँगलियाँ गायब, किसी को घसीटते हुए ले गए आतंकी… 15 महीने बाद हमास की कैद से मुक्त हुईं इजरायल की बहादुर बेटियाँ रोमी, डोरोन और इमीली: परिवार देख कभी रोईं… कभी हँसी

हमास-इजरायल के बीच सीजफायर ऐलान के बाद रविवार (20 जनवरी 2025) को गाजापट्टी से इजरायल की तीन लड़कियों को रिहा किया गया। 24 साल की रोमी गोनेन, 28 साल की इमीली डामरी और 31 साल की डोरोन।

15 महीने हमास की कैद में रहने वाली तीनों लड़कियों को सबसे पहले प्रारंभिक चिकित्सा जाँच के लिए आईडीएफ द्वारा तैयार बेस कैंप में रखा गया। बाद में उन्हें हाशोमर अस्पताल ले जाया गया।

लड़कियों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए सैंकड़ों इजरायली जुटे। वहीं अपने बच्चियों को वापस पाकर जहाँ उनके परिजन भावुक हो उठे, तो वहीं उन लड़कियों को अपने घर वापस लौटने का यकीन नहीं हो पाया कि वो लोग आजाद हैं।

अस्पताल ने उन्हें अच्छा महसूस कराने के लिए दवाइयों के लिए प्रसाधन सामग्री और मेकअप के सामान दिए। वहीं अस्पताल के बाहर खड़े लोगों ने उनका उत्साह बढ़ाने के लिए खूब गाने गए। सरजमीं पर वापस लौटने के बाद लड़कियाँ कभी तो हमास की कैद को याद कर रोती दिखीं तो कभी वापस लौटने की बात सोचकर खिलखिलाती।

इजरायली पीएम के कार्यालय से तीनों की तस्वीर और वीडियोज साझा किया गया है। इनमें एक फोटो इमीली की भी है जिसमें वो हाथ दिखाकर सबका अभिवादन कर रही थीं, लेकिन उनकी तस्वीर में सिर्फ दो उंगलियाँ दिख रही है।

फोटो साभार: टाइम्स ऑफ इजरायल

सवाल करने पर पता चला कि 7 अक्तूबर 2023 को जब इजरायल पर हमास ने हमला किया था तब आतंकियों ने उनके घर में घुसकर कुत्ते को गोली मारी थी। वहीं जब वह कुत्ते के पास झुकीं तो उनके भी हाथ में गोली लगी। इसके बाद उन्हें कैद कर लिया गया।

इसी तरह रोमी ने भी अपने घर लौट सभी का धन्यवाद दिया जिन्होंने उन्होंने छुड़ाने में मदद की। रोमी की माँ ने भी अपनी और अपनी बेटी की आखिरी बातचीत के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी झाड़ियों के पीछे छिपकर उन्हें कॉल करके कह रही थी- “मम्मी मुझे गोली मार दी गई है। मैं बच नहीं पाऊँगी।” इसके बाद कॉल पर कुछ सुनाई नहीं पड़ा क्योंकि गोलियों की तड़तड़ाहट शुरू हो गई थी।

डोरोन को भी 7 अक्तूबर को ही हमास ने अपना बंधक बनाया था। आखिरी बार डोरोन ने अपने घरवालों को वॉयस मैसेज भेज कहा था- “उन्होंने मुझे पकड़ लिया है।” इसके बाद वह कैद कर ली गईं। परिवार को पता तब चला जब उन्होंने एक वीडियो देखी जिसमें अन्य कैदियों के साथ वह दिख रही थीं।

हमास का हमला और बंधक बने लोग

गौरतलब है कि इजरायल और हमास के बीच 41 दिन युद्धविराम का समझौता हुआ है। यह समझौता 19 जनवरी से 1 मार्च तक के लिए लागू होगा। इस दौरान इजरायल 735 फिलिस्तीनियों को रिहा करेगा। वहीं हमास भी अपनी कैद से अमेरिकी नागरिक समेत इजरायली बंधकों को छोड़ेगा। अनुमान है कि हमास ने 7 अक्टूबर 2023 को 251 लोगों को बंधक बनाया था जिसमें 91 को अब भी हमास ने बंधक बना रखा है।

उत्तराखंड में UCC लागू करने की सारी तैयारियाँ पूरी, पूर्व CJI रंजन गोगोई ने बताया राष्ट्रीय एकता के लिए महत्वपूर्ण: कहा- समान नागरिक संहिता का मजहब से कोई लेना-देना नहीं

उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की तैयारियाँ पूरी हो गईं हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जल्द ही UCC लागू करने की तारीखों का ऐलान करने की बात कही है। वहीं देश पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) और राज्यसभा MP ने UCC कानून को देश की एकता के लिए जरूरी है। उन्होंने इसे लागू किए जाने से पहले देश में आम सहमति बनाने जाने की अपील की है। जस्टिस गोगोई ने यह UCC के समर्थन की यह बातें सूरत लिटरेचर फेस्टिवल में कही हैं।

जस्टिस गोगोई ने संघ के मुखपत्र ऑर्गनाइजर के सम्पादक प्रफुल्ल केतकर के साथ बातचीत में UCC पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा, “UCC को मैं एक प्रगतिशील कानून मानता हूँ। इससे तमाम उन परंपराओं में बदलाव होगा जो अब कानून बन चुकी हैं। इस बात में कोई दोराय नहीं है कि यह संविधान में निहित लक्ष्य है और हमें इसे प्राप्त करना है।”

जस्टिस गोगोई ने कहा, “मैं समझता हूँ कि यह (UCC) देश की एकता के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे सामाजिक न्याय मिलेगा। यह बात साफ़ कर दी जानी चाहिए कि UCC संविधान के अनुच्छेद 25 एवं 26 (धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार) का उल्लंघन नहीं करता। यह शादी, तलाक और विरासत जैसे मामलों से जुड़ा होगा। यह गोवा में बढ़िया तरीके से काम कर रहा है।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं समझता हूँ कि इस कानून के लिए आम सहमति बनाना और गलत जानकारी को फैलने से रोकना जरूरी है। सुप्रीम कोर्ट ने शाहबानों मामले में समेत 5 मौकों पर पूछा है कि केंद्र UCC के मुद्दे पर क्या कर रहा। सुप्रीम कोर्ट इस मामले में आदेश जारी नहीं करेगा।”

जस्टिस गोगोई ने आगे बताया, “मैं इस देश के सांसदों और सरकार से एक बात कहना चाहता हूँ कि इस क़ानून के लिए जल्दबाजी ना करें। आम सहमति बनाएँ, इस देश के लोगों को बताए कि असल में UCC क्या है। समाज का एक तबका हमेशा ये कहेगा कि उसे समझ नहीं आएगा, वह ऐसा नाटक करेगा, उन्हें छोड़ दें।” जस्टिस गोगोई की यह बातचीत आप नीचे लगे वीडियो में 4 घंटा 2 मिनट से लेकर 5 घंटा 3 मिनट तक सुन सकते हैं।

UCC को लेकर जस्टिस गोगोई के अलावा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी ही में एक बयान दिया है। उन्होंने कहा, “2022 के चुनाव में हमारा वादा था कि जीत पर हम UCC कानून लाएँगे। जीतने के बाद हमने 2022 में उत्तराखंड की जनता से वादा किया था कि हमारी सरकार बनते ही हम UCC बिल लाएँगे।”

उन्होंने कहा, “हम इसे लेकर आए। कमेटी ने इसका मसौदा तैयार किया, इसे विधानसभा में पास किया गया, राष्ट्रपति ने इसे मंजूरी दी और यह कानून भी बन गया। ट्रेनिंग की प्रक्रिया भी लगभग पूरी हो चुकी है। सब कुछ विश्लेषण करने के बाद हम जल्द ही इसे लागू करने की तारीखों का ऐलान करेंगे।”

गौरतलब है कि फरवरी, 2024 में उत्तराखंड विधानसभा में UCC क़ानून को मंजूरी मिली थी। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी मंजूर कर लिया था। इसकी ट्रेनिंग और नियम की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।

किसी ने खींचा हाथ, किसी ने दबोचा, कोई उतारने लगा कपड़े… 19 साल की लड़की को नोंचने लगा 30 बांग्लादेशियों का ग्रुप: पीड़ित ब्रिटिश छात्रा ने सुनाई यौन उत्पीड़न की भयावह कहानी

इटली के मिलान में ब्रिटिश यूनिवर्सिटी की 19 वर्षीय छात्रा के साथ 30 बांग्लादेशियों द्वारा यौन उत्पीड़न किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए मीडिया के सामने खुद आपबीती बताई है। पीड़िता के अनुसार, घटना मिलान के पियाजा डेल दुओमो में पर चर्च के पास तब हुई जब वो अपने दोस्तों के साथ नए साल का जश्न मना रही थीं।

पीड़िता के अनुसार, उसपर हमला करने वालों ने न केवल भीड़ में उसके साथ छेड़छाड़ की बल्कि उसे अकेले में ले जाकर उसके कपड़े उतारने का भी प्रयास किया। ये सब तब किया गया जब नए साल शुरू होने में दो मिनट थे और सब लोग आतिशबाजी देखने बाहर निकलते थे।

इसी बीच भीड़ में पीड़िता की बांह खींची गई और फिर हाथ पकड़ लिया गया। इसके बाद वो लोग उसे गलत ढंग से छूने लगा। थोड़ी देर में उन लोगों ने पीड़िता को उसके दोस्तों से अलग खींच लिया और अलग ले जाकर उसके कपड़े उतारने का प्रयास करने लगे।

लड़की ने इस बीच खुद को छुड़ाने के लिए विरोध किया तो आरोपित उसे छोड़ने की बजाय और तेजी से छेड़छाड़ करने लगे। उन्होंने पीड़िता पर एक लिक्विड फेंका जिससे उसकी आँख और नाक जलने लगी। उसने अपने आपको इतना छुड़ाने का प्रयास किया कि उसके खून तक निकल आया।

पीड़िता बताती है कि उस समूह में उसे जितने पुरुषों के पास फेंका गया सब करीबन 40 के आसपास थे, जो कभी उसे दबा रहे थे, कभी कपड़े उतार रहे थे। पीड़िता कहती है कि एक ने हाथ से उसका यौन उत्पीड़न किया जबकि दूसरे ने उसका रेप किया।

मीडिया को आपबीती सुनाते हुए लड़की ने कहा कि जब वो चंगुल से छूटी तब उसे एक और महिला की आवाज सुनाई पड़ी थी जिसके साथ वही हो रहा था जो उसके साथ हुआ। पीड़िता ने इतने के बावजूद उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तभी उसे दोबारा पकड़ लिया और गंदी हँसी हँसते हुए उसके शरीर से छेड़खानी करने लगे।

पीड़िता कहती है कि जब उसने और उसके दोस्तों ने इस संबंध को पुलिस को बताया तो उन्होंने पहले यकीन नहीं किया, मगर बाद में खून दिखने पर पुलिस गंभीर हुई। जाँच के बाद सामने आया वो आरोपित बांग्लादेशी थी। महिला पुलिस अधिकारी ने लड़की को बताया भी बांग्लादेशी पुरुषों की ये समस्या जानी-मानी है।

पूरे लंदन में 4 बार बिछाई जा सकती है 50 पाउंड के नोटों की दरी… इतना पैसा भारत से लूटकर ले गए अंग्रेज: ‘गुलाम बनाकर ब्रिटेन ने किया विकास’ नैरेटिव भी आँकड़ों से ध्वस्त

अंग्रेजों ने भारत में अपने राज के दौरान इतना पैसा लूटा, जिससे लंदन शहर में 4 बार 50 पाउंड के नोटों से कालीन बिछाई जा सकती है। अंग्रेज भारत से 135 साल के भीतर ही इतना पैसा लूट चुके थे, जितना वर्तमान में विश्व के 10 शीर्ष देशों की मिला कर अर्थव्यवस्था है। इसमें से अधिकांश पैसा ब्रिटेन के अमीरों के पास गया। अंग्रेजों ने भारत की अर्थव्यवस्था को इस कदर निचोड़ा कि वह साल 1900 आते-आते बेदम हो गई।

यह सारी बातें एक हालिया रिपोर्ट में बताई गई हैं। यह रिपोर्ट ऑक्सफैम ने जारी की है। ऑक्सफैम एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है जो विश्व में गरीबी और अन्याय के खिलाफ काम करने का दावा करती है। यह इससे सम्बन्धित रिपोर्ट भी समय-समय पर प्रकाशित करती है। रिपोर्ट ‘टेकर्स, नॉट मेकर्स’ (लूटने वाले, ना कि बनाने वाले) नाम से प्रकाशित हुई है। इस रिपोर्ट में इतिहास में उपनिवेशवाद और वर्तमान में वैसे ही प्रयासों का गरीब देशों पर पर क्या असर हुआ, इसकी बात की गई है। इस रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले तथ्य बताए गए हैं।

भारत से लूट के ले गए 65 ट्रिलियन डॉलर

रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 1765 और 1900 के बीच, भारत से इंग्लैंड में $64.82 ट्रिलियन (लगभग ₹5525 लाख करोड़) खींचे गए। इसी रिपोर्ट में बताया गया कि इस $64.82 ट्रिलियन में से $33.8 ट्रिलियन (लगभग ₹2873 लाख करोड़) उस समय के 10% अमीर अंग्रेजों के पास गए। यह अमीर अंग्रेज भारत से लूटी गई दौलत का 52% पाए।

रिपोर्ट में बताया गया कि यह पैसा इतना है जिससे लंदन शहर में 50 पाउंड के नोटों की 4 कालीन बिछाई जा सकती हैं। लंदन का क्षेत्रफल 1572 स्क्वायर किलोमीटर है। अमीरों के अलावा इंग्लैंड के नए बने मिडल क्लास को 32% लूटी हुई दौलत मिली। इन सबके वंशज भी इस पैसे का मजा लूट रहे हैं।

इसी रिपोर्ट में बताया गया है कि अंग्रेजों ने भारत से इतना पैसा लूटा कि दुनिया की औद्योगिक पैदावार (GIP) में इसका हिस्सा 25% से घट कर 2% पर आ गया। रिपोर्ट के अनुसार, “1750 में, भारतीय उपमहाद्वीप में विश्व GIP का लगभग 25% हिस्सा था। हालाँकि, 1900 तक यह आँकड़ा तेज़ी से घटकर मात्र 2% रह गया।”

लूटे पैसे ही बनाए रखा गुलाम

अंग्रेजों ने अपनी लूट को छुपाने के लिए लगातार यह मिथ फैला रखा है कि उन्होंने भारत को अपने शासन के दौरान विकसित किया। अंग्रेजी राज के समर्थक यह दावा करते हैं कि उन्होंने भारत में अपनी राज के दौरान ट्रेन लाइन, रोड, स्वास्थ्य और शिक्षा पर काम किया और इस पर निवेश किया। लेकिन ऑक्सफैम की रिपोर्ट में इस बात की सच्चाई भी सामने रख दी गई है।

इस रिपोर्ट के अनुसार, बड़ी सैन्य शक्ति से ही भारत में अंग्रेजों का राज कायम हो सका। भारत में ईस्ट इंडिया कंपनी के शासन काल में सेना पर खर्च, कुल खर्च का लगभग 75% था। रिपोर्ट में बताया गया कि जनता की समस्याओं पर मात्र केवल 3% हिस्सा खर्च किया गया।

रिपोर्ट में बताया गया कि ईस्ट इंडिया कंपनी के अधिकारी सिंचाई व्यवस्था की मरम्मत करने में विफल रहे, इसके चलते खेती में समस्याएँ आईं। रिपोर्ट में बताया गया कि इस सब के चलते भारत में अकाल पड़े और समस्या गंभीर होती गई।

ऑक्सफैम की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जब गुलाम बनाए गए देशों को आजादी भी मिली तो सत्ता ऐसे लोगों को सौंप दी गई, जो कि उन्हीं के चुने हुए कुछ अभिजात्य वर्ग के थे। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि वर्ण व्यवस्था को अंग्रेजों ने कानूनी रूप दिया और इसे और भी विकृत बना दिया।

फर्जी भारतीय पहचान पत्र बनवाने का था प्लान, लेकिन डांस बार में मुंबई के रईसजादों को पैसे लूटाते देख बदला इरादा: बांग्लादेश भागना चाहता था सैफ अली खान को चाकू मारने वाला शहजाद

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करने वाले आरोपित मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद से पूछताछ में नई बातें सामने आई है। पड़ताल के दौरान उसने पुलिस को बताया है कि पहले उसे फर्जी भारतीय पहचान पत्र बनवाने के लिए पैसे चाहिए थे, लेकिन बाद में जब उसने मुंबई में अमीर लोग देखे, उन्हें पैसे उड़ाते देखा, तो उसका इरादा बदल गया। उसने सोचा कि अगर किसी अमीर व्यक्ति के घर चोरी करके ज्यादा रुपए हाथ लग जाएँ तो वो भागकर बांग्लादेश वापस चला जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स में जहाँ जानकारी आई थी कि वो हाउकीपिंग का काम करता था वहीं अब बताया जा रहा है कि शरीफुल ने मुंबई के डांस बार में भी काम किया था। यहीं उसने अमीर लोगों को जगह-जगह पैसे उड़ाते देखा और सोचा कि उसे भी इतने पैसे कमाने हैं। इसके बाद जल्दी में ज्यादा पैसे पाने की चाह में उसने बांद्रा इलाके को टारगेट पर लिया और सैफ अली खान के घर को चोरी के लिए चुना।

बताया जा रहा है कि शरीफुल का मकसद सैफ के घर में पहले चोरी करना था। इसके लिए वो सीढ़ियों के रास्ते 7वें फ्लोर तक चढ़ा और फिर शाफ्ट एरिया में जाकर पाइप के जरिए 12वीं मंजिल तक पहुँचा। उसे लगा था कि जिस टाइम में वो घर में घुस रहा है तब तक सब सो गए होंगे और वो चोरी करके निकल जाएगा।

हालाँकि, मेड की नजर उस पर पड़ते ही वो चिल्ला पड़ीं और सैफ-करीना अपने कमरे से बाहर आ गए। शहजाद ने खुद को चारों ओर से घिरा पाकर 1 करोड़ रुपए की माँग की। जब सैफ उसे पकड़ने आगे बढ़े तो उसने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और फिर फरार हो गया।

खबरों के मुताबिक, शहजाद न्यूज में पुलिस एक्शन देख देखकर अपने कदम आगे बढ़ा रहा था। उसे पकड़ने में पुलिस को 72 घंटे का समय लग गया। अब पुलिस पूरे क्राइम सीन को दोबारा से रीक्रिएट करवाएगी ताकि समझा जा सके कि उस दिन शहजाद ने क्या-क्या किया था। वहीं सैफ अली खान की बात करें तो पता हो कि सैफ डॉक्टर की निगरानी में हैं।

मुल्ला अफरोज ने की थी संभल हिंसा में बिलाल-अयान की हत्या, दुबई में रहने वाले गाड़ी चोर शारिक साठा का है गुर्गा: पुलिस पर फायरिंग का आरोप लगाने वालों के मुँह सिले, 9 पत्थरबाज भी पकड़ाए

संभल में नवम्बर में माह में हुई हिंसा में दो लोगों की हत्या करने के आरोपित मुल्ला अफरोज को पुलिस ने पकड़ा है। मुल्ला अफरोज ने पुलिस को निशाना बनाकर गोली चलाई थी लेकिन यह दो मुस्लिम युवकों के लगी, जिससे वह मारे गए। अफरोज शारिक साठा गैंग का गुर्गा है। पुलिस ने उसके पास से हथियार भी बरामद किए हैं।

यूपी पुलिस ने रविवार (19 नवम्बर, 2025) को मुल्ला अफरोज को पकड़ा है। वह संभल शहर का ही रहने वाला है। उसके पास से पुलिस को 32 बोर की एक पिस्टल और पुलिस से लूटे गए कारतूस भी बरामद हुए हैं। मुल्ला अफरोज दुबई में रहने वाले ऑटोलिफ्टर गैंग के सरगना शारिक साठा का गुर्गा है।

उसने पुलिस पूछताछ में बताया है कि शारिक साठा ने ही उन लोगों को हथियार मुहैया करवाए थे और हिंसा की साजिश रची थी। मुल्ला अफरोज ने बताया है कि शारिक साठा ने एक साथी के जरिए हिंसा का पूरा प्लान खींचा था और 24 नवम्बर, 2024 को मस्जिद के बाहर नेताओं द्वारा इकट्ठा भीड़ को निशाना बनाने की बात कही थी।

मुल्ला अफरोज ने बताया है कि इस साजिश के तहत 10-20 लोगों की हत्या की जानी थी, जिसमें आमलोगों और पुलिस को निशाना बनाया जाना था। मुल्ला अफरोज के अलावा और भी लोगों को इस काम के लिए हथियार मिले थे। जब 24 नवम्बर, 2024 को मस्जिद के बाहर मुस्लिम भीड़ ने हिंसा चालू की तो इसी में शामिल अफरोज फायरिंग करने लगा।

अफरोज ने पुलिस को निशाना बनाया लेकिन भगदड़ मचने के कारण यह गोली बिलाल और अयान को लग गई और वह मौके पर ही मारे गए। इस हत्या के लिए उसने 32 बोर का एक हथियार उपयोग किया था। इसके बाद वह छिप गया था। पुलिस ने अब उसे ढूंढ निकाला है।

मुल्ला अफरोज की गिरफ्तारी के बाद इस हिंसा में हुई मौतों के लिए पुलिस को जिम्मेदार बताने वालों के भी मुँह सिल गए हैं। पुलिस पहले ही बता चुकी है कि आपसी फायरिंग में ही इस हिंसा में 4 लोग मारे गए थे। हालाँकि, मृतकों के परिवार समेत बाकी कॉन्ग्रेस के नेताओं ने पुलिस वालों पर ही मुकदमा दर्ज करने की बात कही थी।

पुलिस शारिक साठा गैंग की भी संलिप्तता भी बता चुकी है। शारिक साठा संभल का रहने वाला है और देश के कुख्यात ऑटोलिफ्टर में से एक है। वह भारत से लक्ज़री गाड़ियाँ चुरा कर नेपाल और बाकी जगह भेजता था। उसे पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था लेकिन बाद में वह फर्जी पासपोर्ट के सहारे दुबई भाग गया था।

पुलिस ने संभल हिंसा मामले में मुल्ला अफरोज के अलावा 9 पत्थरबाज भी पकड़े हैं। इन सभी को पुलिस ने जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया है कि अब तक वह हिंसा मामले में 70 उपद्रवी पकड़ चुकी है। पुलिस इस हिंसा के बाकी आरोपितों की भी पहचान कर दबिश दे रही है।

प्रयागराज महाकुंभ में जिस गीता प्रेस के 180 टेंट हुए राख, उसके ट्रस्टी बोले- पश्चिम दिशा से किसी ने फेंकी आग: पुलिस बता रही गैस रिसाव, साजिश का अंदेशा गहराया

प्रयागराज महाकुंभ मेला क्षेत्र के सेक्टर-19 में रविवार (19 जनवरी 2025) को भीषण आग लग गई, जिसमें करीब 250 टेंट जलकर खाक हो गए। यह आग गीता प्रेस गोरखपुर और अखिल भारतीय धर्म संघ करपात्र धाम वाराणसी के संयुक्त शिविर में लगी। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन करोड़ों रुपये का सामान नष्ट हो गया। आग लगने की वजह को लेकर गीता प्रेस के ट्रस्टी और पुलिस के बीच बयान अलग-अलग हैं, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, गीता प्रेस के ट्रस्टी कृष्ण कुमार खेमकर ने इस घटना को बाहरी साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि पश्चिम दिशा की ओर से किसी ने आग की कोई चीज फेंकी, जिससे शिविर में चिंगारी उठी और यह धीरे-धीरे बड़ी आग में तब्दील हो गई। उनका दावा है कि शिविर में आग से बचाव के लिए सभी प्रकार की सावधानियाँ बरती गई थीं। उन्होंने कहा कि शिविर के अंदर आग से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सख्त मनाही थी, फिर भी आग ने इतना बड़ा रूप ले लिया। खेमकर के अनुसार, यह शिविर 180 टेंटों का एक बड़ा क्षेत्र था, जिसमें से अब कुछ भी नहीं बचा।

वहीं, पुलिस ने आग लगने का कारण सिलेंडर में गैस रिसाव को बताया है। पुलिस के मुताबिक, एक टेंट में गैस लीक होने के बाद आग लगी, जो तेज हवा के कारण तेजी से फैल गई। आग की चपेट में आने से सिलेंडरों में एक के बाद एक कई विस्फोट हुए, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। डीआईजी महाकुंभ वैभव कृष्ण ने कहा कि घटना के दौरान फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। फिलहाल घटना की विस्तृत जाँच की जा रही है।

इस आगजनी के दौरान मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। श्रद्धालु अपने सामान और टेंट छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। चश्मदीदों ने बताया कि आग की लपटें इतनी ऊँची थीं कि दूर से ही धुआँ और आग का गुबार देखा जा सकता था। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू में लाया गया, लेकिन तब तक 250 से अधिक टेंट पूरी तरह जल चुके थे।

खुद मौके पर पहुँचे सीएम योगी, पीएम मोदी ने भी ली जानकारी

घटना के समय समय मेला क्षेत्र में मौनी अमावस्या की तैयारियों की समीक्षा कर रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद घटनास्थल पर पहुँचे और अधिकारियों को पीड़ित श्रद्धालुओं की हरसंभव मदद करने का निर्देश दिया। उन्होंने आग से प्रभावित लोगों के पुनर्वास और उनके लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री से हादसे की जानकारी ली और स्थिति पर नजर बनाए रखने को कहा।

फिलहाल की शुरुआती जाँच के अनुसार, यह आग सिलेंडर में गैस रिसाव के कारण लगी, लेकिन गीता प्रेस ट्रस्टी के दावे ने इस घटना को लेकर साजिश की आशंका खड़ी कर दी है। घटना के बाद पूरे मेला क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है और प्रशासन ने सभी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।

‘अम्मी ने मुझे पैदा किया, इसलिए उन्हें हँसिये से काट डाला’: केरल में नशेड़ी बेटे ने सुबैदा को उतारा मौत के घाट, पकड़े जाने के बाद पुलिस को वजह बताई

केरल के कोझिकोड में एक ड्रग एडिक्ट युवक ने अपनी अम्मी की हत्या कर दी। वह लगातार अपनी अम्मी से झगड़ता रहता था। उसकी अम्मी ब्रेन ट्यूमर की सर्जरी के बाद आराम कर रही थी। उसने अपनी अम्मी की हत्या एक हँसिये से की। आरोपित युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना कोझिकोड के थमारास्सेरी में हुई। यहाँ शनिवार को अपनी बहन शकीला के घर में रह रही सुबैदा को उसके 25 वर्षीय बेटे आशिक ने मार दिया। आशिक दिन में ही अपने पड़ोसी के घर से एक हँसिया माँग कर लाया और अम्मी की उससे हत्या कर दी। पड़ोसी जब घटनास्थल पर पहुँचे तो उन्हें खून से लथपथ आशिक दिखाई पड़ा।

आरोपित आशिक अपनी अम्मी सुबैदा से लगातार झगड़ता रहता था। आशिक एक ड्रग एडिक्ट है और वह इसी के लिए पैसे माँगा करता था। सुबैदा कई बार आशिक को नशामुक्ति केंद्र में भेज चुकी थी और इस पर लाखों रूपए भी खर्च कर चुकी थी लेकिन आशिक पर इसका कोई असर नहीं हुआ।

आशिक अपनी अम्मी सुबैदा की सम्पत्ति भी बेचना चाहता था। उसकी अम्मी सुबैदा का हाल ही में ब्रेन ट्यूमर के चलते ऑपरेशन हुआ था और वह वर्तमान में आराम कर रही थी। इसी बीच दोनों के बीच झगड़ा हुआ और उसने अपनी माँ को मार दिया। हालाँकि, यह सामने आया है कि हत्या करने के समय आशिक नशे में नहीं था।

सुबैदा को कुछ साल पहले उसके पति ने छोड़ दिया था और वह खुद काम करके अपने परिवार का गुजारा करती थी। मामले में घटना के बाद पुलिस ने हत्यारे बेटे आशिक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके पूछताछ कर रहे हैं।

पुलिस पूछताछ में उसने अपनी अम्मी की हत्या का कारण ‘उसे जन्म देना’ बताया है। आशिक ने पुलिस से कहा कि वह अपनी माँ को जन्म देने के लिए सजा देना चाहता था, इसीलिए हँसिये से उसकी हत्या कर दी। आशिक सुबैदा का अकेला लड़का था। पुलिस ने मृतका की नमाज ए जनाजा करवा दी है।

लंदन में ‘इमरजेंसी’ की स्क्रीनिंग रुकवाने हॉल में घुसे खालिस्तानी, जमकर मचा हंगामा: दर्शकों से की मुँह-जोरी, भारत सरकार के खिलाफ लगाए नारे

लंदन के हरो सिनेमा हॉल ( Harrow cinema London ) में कंगना रनौत की फिल्म इमरजेंसी की स्क्रीनिंग के दौरान खालिस्तानी कट्टरपंथियों ने जमकर हंगामा किया। जानकारी के मुताबिक, यूके की राजधानी लंदन में खालिस्तानी कट्टरपंथियों का ग्रुप अचानक सिनेमा हॉल में घुस आया और ‘इमरजेंसी’ फिल्म का विरोध करते हुए ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने लगा। इस हंगामे से सिनेमा हॉल में अफरा-तफरी मच गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हंगामा कर रहे खालिस्तानी समर्थक फिल्म को तुरंत रुकवाने की माँग कर रहे थे। उनका आरोप था कि यह फिल्म सिख समुदाय को गलत तरीके से पेश करती है। इस दौरान सिनेमा हॉल में मौजूद दर्शकों के साथ उनकी तीखी बहस भी हुई। कट्टरपंथी समर्थक फिल्म को रोकने के लिए दबाव बना रहे थे, जबकि दर्शकों ने उनका विरोध किया और फिल्म को जारी रखने की माँग की।

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिनमें यह स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि खालिस्तानी समर्थक सिनेमा हॉल के अंदर नारे लगा रहे हैं और दर्शकों से उलझ रहे हैं। इस हंगामे के बावजूद सिनेमा हॉल प्रशासन ने अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। हालाँकि सिनेमा हॉल प्रशासन ने घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएँ न दोहराई जाएँ, इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी।

घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और सिनेमा हॉल के सीसीटीवी फुटेज की जाँच शुरू कर दी है। हालाँकि, अब तक किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए जाँच जारी है। इस बीच यूके में कम से कम 3 जगहों पर ‘इमरजेंसी’ फिल्म की स्क्रीनिंग रोके जाने की भी रिपोर्ट्स आ रही हैं।

बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और 1970 के दशक में लगाए गए आपातकाल की सच्ची घटनाओं पर आधारित फिल्म इमरजेंसी शुरू से ही विवादों में रही है। फिल्म की कहानी को लेकर सिख संगठनों ने विरोध जताया था। उनका कहना था कि फिल्म में सिख समुदाय को नकारात्मक रूप में दिखाया गया है। इसी वजह से पंजाब में कई सिनेमा हॉल ने इस फिल्म को रिलीज करने से मना कर दिया।

फिल्म की रिलीज पहले सितंबर 2024 में होने वाली थी, लेकिन सेंसर बोर्ड ने इसे प्रमाण पत्र देने से इनकार कर दिया। इसके बाद, फिल्म के निर्माताओं को कुछ बदलाव करने और कट्स लगाने के बाद इसे दोबारा सेंसर बोर्ड के पास जमा करना पड़ा। अंततः फिल्म 17 जनवरी 2025 को रिलीज हुई।

IIT मद्रास के डायरेक्टर ने ‘गौमूत्र’ में बताए औषधीय गुण… कॉन्ग्रेस-DMK नेताओं से नहीं हुआ बर्दाश्त: माफी मँगवाने पर अड़े, प्रदर्शन की भी धमकी; BJP नेता अन्नामलाई समर्थन में उतरे

IIT मद्रास के डायरेक्टर प्रोफ़ेसर वी कामकोटी ने गौमूत्र के औषधीय गुणों के की तारीफ़ की है। उन्होंने गौमूत्र से एक साधु का बुखार ठीक होने की घटना भी बताई है। उनके इस बयान के बाद कॉन्ग्रेस और DMK के नेता भड़क गए हैं। उनके इस बयान का तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष के अन्नामलाई ने बचाव किया है।

प्रोफ़ेसर वी कामकोटी ने गौमूत्र की यह तारीफ़ चेन्नई में एक कार्यक्रम में की। यह कार्यक्रम पोंगल के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि गौमूत्र में एंटी बैक्टीरियल, एंटी फंगल और पाचक गुण होते हैं। उन्होंने कहा कि गौमूत्र पेट की समस्याओं के लिए भी अच्छी दवा है। उन्होंने इसके बाकी औषधीय गुण भी बताए।

प्रोफ़ेसर कामकोटी ने गौमूत्र की विशेषता बताए हुए कहा इससे बुखार कम होने की बात कही। उन्होंने इस बीच एक सन्यासी का नाम भी लिया। प्रोफ़ेसर कामकोटी ने गौमूत्र के यह गुण आर्गेनिक फार्मिंग के फायदे बताते हुए गिनाए।

उन्होंने कहा, “अगर हम उर्वरकों का खाद का करेंगे तो हम भूमि माता को भूल जाएँगे। जितनी जल्दी हम जैविक, प्राकृतिक खेती की ओर रुख करेंगे, हमारे लिए उतना ही बेहतर होगा।” उन्होंने गोवंश की देशी नस्लों की वकालत भी की और। उन्होंने इसके अर्थव्यवस्था और खेती में महत्व पर भी बात की।

प्रोफ़ेसर कामकोटी के इस बयान पर DMK और कॉन्ग्रेस नेता भड़क गए। कॉन्ग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने इसे झूठा विज्ञान और गलत करार दिया। DMK के एक नेता ने इसे देश में शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने का प्रयास बताया। तमिलनाडु के बाकी पेरियार समर्थक संगठनों ने इस बयान पर माफी की माँग की। उन्होंने प्रदर्शन की भी धमकी दी।

प्रोफ़ेसर कामकोटी के बयान का तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई ने बचाव किया है और इसके राजनीतिकरण ना किए जाने की अपील की है। उन्होंने कहा, “IIT मद्रास के डायरेक्टर क्वांटम फिजिक्स के विशेषज्ञ हैं और वे शीर्ष सरकारी एजेंसियों के सदस्य भी रहे हैं। वह अपनी धार्मिक मान्यताओं और गाय के प्रति सम्मान में दृढ़ हैं, जो कहीं से गलत नहीं है।”

अन्नामलाई ने आगे कहा, “उन्होंने किसी को गाय का मूत्र पीने के लिए मजबूर नहीं किया और केवल अपनी मान्यताओं को व्यक्त किया। हमें ऐसे बयानों का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। IIT-M के डायरेक्टर तमिलनाडु से हैं, जो हमारे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। मैं उन्हें जानता हूँ और मैं इसका राजनीतिकरण नहीं करना चाहता।”