Home Blog Page 2022

अडानी इंटरप्राइजेज को ₹820 करोड़ का मुनाफा, रेवेन्यू 42% बढ़ा: मॉरीशस ने भी दी क्लीनचिट, कहा- सभी डील नियम के त​हत

हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद विवादों में घिरी अडानी ग्रुप को दोतरफा राहत मिली है। एक तरफ मॉरीशस ने उसे क्लीनचिट दे दी है। दूसरी तरफ ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी इंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) सालाना बेसिस पर घाटे से निकल गई है। वित्त वर्ष 2022-23 की आखिरी तिमाही में कंपनी को 820 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है।

रिपोर्टों के अनुसार अडानी इंटरप्राइजेज को एक साल पहले इसी तिमाही में 11.63 करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़ा था। कंपनी का रेवेन्यू 42 फीसदी बढ़ा है। दिसंबर तिमाही में अडानी इंटरप्राइजेज का रेवेन्यू बढ़कर 26,612.2 करोड़ हो गया है। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 18,757.9 करोड़ रुपए था।

कंपनी का EBIDTA बढ़कर 1968 करोड़ हो गया है। कुल खर्च बढ़कर 26,171 करोड़ हो गया है। यह एक साल पहले समान तिमाही में 19,047.7 करोड़ रुपए था। मुनाफे का असर अडानी इंटरप्राइजेज के शेयरों में तेजी के तौर पर भी दिखा है।

गौतम अडानी ने क्या कहा

अडानी इंटरप्राइजेज के इस मुनाफे को लेकर अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने कहा है, “हमारी सबसे बड़ी मजबूती बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर काम करने की क्षमता है। इसके साथ ही, हमारा संगठनात्मक विकास और असाधारण O&M मैनेजमेंट दुनिया में सबसे बेहतर है। हमारी सफलता की वजह मजबूत शासन, नियमों का सख्ती से पालन और लगातार बेहतर प्रदर्शन है।”

नहीं हुई गड़बड़ी

वहीं हिंडनबर्ग द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर मॉरीशस के नियामक वित्तीय सेवा आयोग ने कहा है कि अडानी समूह की किसी कंपनियों द्वारा कानून का उल्लंघन नहीं किया गया है। मॉरीशस के नियामक वित्तीय सेवा आयोग (FSC) ने अडानी ग्रुप को क्लीनचिट देते हुए कहा है कि समूह से जुड़ी 38 कंपनियों और 11 ग्रुप के फंडों में किसी भी प्रकार के कानून का उल्लंघन नहीं मिला है। बता दें कि अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग ने 24 जनवरी को जारी अपनी रिपोर्ट में दावा किया था अडानी समूह ने अपनी कंपनियों के शेयरों की कीमतों में हेरफेर करने के लिए मॉरीशस की शेल कंपनियों का इस्तेमाल किया है।

एफएससी के सीईओ धनेश्वरनाथ विकास ठाकुर ने कहा है, “मॉरीशस में अडानी समूह से जुड़ी सभी कंपनियों के शुरुआती आकलन और जमा की गई जानकारी के आधार पर किसी भी प्रकार के नियम का उल्लंघन नहीं मिला है।”

बता दें कि अडानी ग्रुप की कमाई के आँकड़े और मॉरीशस के नियामक वित्तीय सेवा आयोग की रिपोर्ट सामने आने के बाद अडानी इंटरप्राइजेज के शेयर में तेजी देखी गई है। अडानी इंटरप्राइजेज के शेयर में बीते 5 दिनों में 11.76% की गिरावट हुई थी। वहीं, इन रिपोर्ट्स के बाद मंगलवार (14 फरवरी 2023) को कंपनी के शेयर में 1.87% की तेजी देखी गई।

पुलवामा हमले में शामिल थे 19 आतंकी, 8 मार गिराए गए-7 जेल में हैं बंद; जानिए कहाँ हैं शेष 4 दहशतगर्द: चौथी बरसी पर J&K पुलिस ने सब कुछ बताया

पुलवामा में 2019 में हुए जवानों पर आतंकी हमला हुआ था। इसमें 19 आतंकवादी शामिल थे। इनमें से 8 मार गिराए जा चुके हैं। यह जानकारी पुलवामा हमले (Pulwama Attack) की चौथी बरसी पर एडीजीपी कश्मीर जोन विजय कुमार ने दी।

उन्होंने मंगलवार (14 फरवरी 2023) को पुलवामा आतंकी हमले में वीरगति को प्राप्त हुए सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि देने के बाद मीडियाकर्मियों को बताया, “2019 के पुलवामा हमले में 19 आतंकवादी शामिल थे, जिनमें से 8 मारे गए। 7 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और चार अन्य अब भी फरार हैं, जो पाकिस्तान में हैं।”

एडीजीपी कुमार ने कहा कि जैश-ए-मोहम्मद के 7-8 स्थानीय आतंकी अभी भी बचे हुए हैं। पुलवामा में सक्रिय मूसा सुलेमानी सहित 5-6 पाकिस्तानी आतंकवादी जल्द ही मार गिराए जाएँगे। जैश-ए-मोहम्मद (JeM) ने पिछले 6 महीनों से भर्ती बढ़ा दी है। मगर अब उनको जम्मू-कश्मीर में फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस समय कश्मीर में 37 सक्रिय आतंकवादी हैं। इनमें से केवल फारूक नल्ली और रियाज छत्री ही पुराने हैं। बाकी हाल ही में शामिल हुए हैं। वहीं, श्रीनगर में अभी तक कोई नया आतंकवादी भर्ती नहीं हुआ है। सुरक्षा बल जैश-ए-मोहम्मद के पीछे पड़े हैं। उसके लगभग सभी टॉप कमांडरों का सफाया कर दिया गया है।

कश्मीर जोन के एडीजीपी ने यह भी बताया कि सुरक्षा एजेंसियाँ आतंकवादी मॉड्यूल का तेजी से भंडाफोड़ कर रही हैं। नार्को-टेररिज्म और टेररिस्ट फंडिंग को ​खासतौर पर निशाना बनाया जा रहा है। हम 41 लाख रुपए बरामद करने में सफल रहे हैं। हाल ही में बारामूला में 26 लाख रुपए पकड़े गए। इस तरह की गतिविधियों की संख्या पिछले साल अक्टूबर में 1600 से घटकर इस समय 950 रह गई है और अब तक 13 दोषियों को सजा भी हो चुकी है।

बता दें कि 14 फरवरी, 2019 को आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (Jaish-e-Mohammad) ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में CRPF के काफिले पर हमला किया था। इस भीषण आतंकी हमले में 40 जवान वीरगति को प्राप्त हो गए थे। हमले के कुछ दिन बाद 26 फरवरी 2019 को भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में घुसकर एयर स्ट्राइक की थी। इस एयर स्ट्राइक में जैश-ए-मोहम्मद के 350 से अधिक आतंकी मारे गए थे।

‘दिग्विजय सिंह की बुद्धि फेल’: पुलवामा हमले को ‘खुफिया नाकामी’ बता घिरे कॉन्ग्रेस नेता, BJP ने कहा- पाकिस्तान की भाषा बोल रहे

पुलवामा हमले (Pulwama Attack) की बरसी पर पूरा देश वीर जवानों के बलिदान को याद कर रहा है। दूसरी ओर कॉन्ग्रेस राजनीतिक रोटियाँ सेकने में जुटी हुई है। कॉन्ग्रेस नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने कहा है कि पुलवामा हमला खुफिया एजेंसियों की नाकामी के कारण हुआ था। उनके इस बयान को लेकर भाजपा ने कहा है कि दिग्विजय सिंह की बुद्धि फेल हो गई है।

पुलवामा हमले को लेकर दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा है, “आज हम CRPF के उन 40 जवानों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं, जो पुलवामा में खुफिया एजेंसियों की विफलता के कारण बलिदान हो गए। मुझे उम्मीद है कि बलिदान हुए जवानों के परिवारों का अच्छी तरह से पुनर्वास किया गया है।”

दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनकी दिमागी विफलता करार दिया है। उन्होंने कहा है, “मुझे लगता है कि दिग्विजय सिंह की बुद्धि फेल हो गई है। वे सेना का अपमान कर रहे हैं। पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं और आर्मी को हतोत्साहित करने की कोशिश करते हैं। दिग्विजय सिंह की जाँच होनी चाहिए। देश और सेना के खिलाफ बोलने का बीज उनके दिमाग में डालता कौन है?”

उन्होंने यह भी कहा है, “यह कॉन्ग्रेस पार्टी का डीएनए है। इसकी जाँच होनी चाहिए। ‘भारत जोड़ो’ के नाम पर वो भारत तोड़ने वालों के साथ चलते हैं। पार्टी नेता पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं और भारतीय सेना की देशभक्ति पर सवाल खड़े करते हैं। सोनिया गाँधी और राहुल गाँधी को इसका जवाब देना चाहिए।”

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय सिंह को लताड़ लगाते हुए कहा है,” दिग्विजय सिंह श्रद्धांजलि में भी तंज कस रहे हैं। ट्वीट देखकर ऐसा लग रहा है जैसे ISI से किसी ने ट्वीट किया हो। भारत माता की प्राण पण से सेवा कर अपने प्राणों का बलिदान देने वालों पर तंज कसने से वे नहीं चूकते। मुझे लगता है कि सेना के ऊपर इस तरह के बयान देना और उनके मनोबल को तोड़ना कॉन्ग्रेस की आदत हो गई है।”

वहीं भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा है, “जिस दिन भारत पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहा है, उसी दिन दिग्विजय सिंह और कॉन्ग्रेस ने पाकिस्तान को क्लीनचिट दी है। दिग्विजय सिंह हाल ही में सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठा रहे थे। यह एक व्यक्तिगत बयान नहीं, बल्कि पाकिस्तान को कवर करने के लिए कॉन्ग्रेस पार्टी का बयान है।”

या अल्लाह… बाबर आजम से दोगुने से भी ज्यादा पैसे स्मृति मंधाना को: WPL ऑक्शन के बाद ट्रॉल हुए पाकिस्तानी, मार्च में 22 दिन चलेगा महिला IPL

देश में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तर्ज पर अब वूमेन प्रीमियर लीग (WPL) आयोजित की जा रही है। इसके लिए खिलाड़ियों की निलामी भी हो चुकी है। 13 फरवरी, 2023 को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में हुई खिलाड़ियों की नीलामी में बल्लेबाज स्मृति मंधाना सबसे महँगी खिलाड़ी रहीं। स्मृति को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने 3.40 करोड़ रुपए में खरीदा। इसके बाद नेटिजन्स ने पाकिस्तान के बल्लेबाज और कप्तान बाबर आजम को ट्रॉल करना शुरू कर दिया।

देश में पहली बार आयोजित हो रहे महिला प्रीमियर लीग का उद्घाटन 4 मार्च, 2023 को हो रहा है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 26 मार्च, 2023 को खेला जाएगा। 22 दिनों तक चलने वाले क्रिकेट के महासंग्राम के लिए खिलाड़ियों की नीलामी की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसमें भारतीय क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना सबसे महँगी खिलाड़ी रहीं। उन्हें आरसीबी ने ₹3.40 करोड़ में खरीदा है। मंधाना का बेस प्राइस 50 लाख रुपए था।

पाकिस्तानी पीएसएल और खिलाड़ी हुए ट्रोल

महिला प्रीमियर लीग के लिए हुई इस नीलामी के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर WPL और पाकिस्तान की क्रिकेट लीग (PSL) की तुलना करते हुए बाबर आजम को ट्रॉल करना शुरू कर दिया। दरअसल, पीएसएल 2023 में बाबर आजम ‘पेशावर जाल्मी’ के लिए खेल रहे हैं जिन्हें उनकी टीम ने ₹1.38 करोड़ में खरीदा है। ये स्मृति मंधाना को मिली रकम से आधी से भी कम है। सुशांत मेहता ने ट्विटर पर 7 भारतीय महिला खिलाड़ियों को मिले रकम की लिस्ट के आखिर में बाबर आजम का नाम भी शामिल किया।

जय उपाध्याय नाम के यूजर ने मीम शेयर किया। उन्होंने लिखा, “पाकिस्तानी WPL ऑक्शन देखते हुए।” पोस्ट में जो तस्वीर शेयर किया गया उसमें लिखा था, “या अल्लाह इतने पैसे भी होते हैं क्या?”

इसी तरह #WPLAuction और #WomensIPL घंटो ट्रेंड करते रहे और पाकिस्तानी खिलाड़ियों को जमकर ट्रॉल किया गया। कई यूजर्स ने भारतीय आईपीएल से पीएसएल की तुलना पर पाकिस्तानियों की क्लास लगाई तो कुछ ने पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति को लेकर खिलाड़ियों पर व्यंग किया।

करोड़ो में बिकीं कईं खिलाड़ी

WPL के पहले सीजन में दूसरी सबसे महँगी खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया की ऑल राउंडर ऐश्ली गार्डनर रहीं। उन्हें गुजरात जायंट्स ने ₹3.20 करोड़ रुपये में खरीदा। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर रहीं नताली साइवर को मुंबई इंडियंस ने 3.20 करोड़ में खरीदा। भारत की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को यूपी वॉरियर्स ने 2.60 करोड़ में अपनी टीम में शामिल किया महिला आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (Royal Challengers Bangalore), दिल्ली कैपिटल्स (Delhi capitls), मुंबई इंडियन्स (Mumbai Indians),गुजरात जायंट्स (Gujarat Giants),यूपी वॉरियर्स (UP warriors) समेत कुल 5 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

‘BBC ने PM मोदी के बारे में बढ़ा-चढ़ा कर पेश किया, ये स्तरहीन पत्रकारिता’: ब्रिटिश सांसद ने अपने ही देश के मीडिया संस्थान को लताड़ा, कहा – ठीक से नहीं किया रिसर्च

ब्रिटिश सांसद बॉब ब्लैकमैन (UK MP Bob Blackman) ने बीबीसी (BBC) की प्रोपेगेंडा डॉक्यूमेंट्री को लेकर बड़ा बयान दिया है। ब्लैकमैन ने मंगलवार (14 फरवरी, 2023) को कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) पर बनी बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री में तथ्यों को पूरी तरह से बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है।

ब्रिटिश सांसद ने News18 से बात करते हुए कहा, “बीबीसी ब्रिटिश सरकार के विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करता है। पीएम मोदी को लेकर ‘इंडिया : द मोदी क्वेश्चन’ शीर्षक से दो पार्ट में बनाई गई डॉक्यूमेंट्री स्तरहीन पत्रकारिता का परिणाम है। इस पर उचित शोध नहीं किया गया है। ये पूरी तरह से अनुचित है।”

इससे पहले कश्मीरी पंडितों के नरसंहार के 33 वर्ष पूरे होने पर 27 जनवरी, 2023 को ट्वीट कर हैरो ईस्ट के कंजरवेटिव सांसद बॉब ब्लैकमैन ने उन पर (कश्मीरी पंडितों) हुए अत्याचार के बारे में अपने देश के लोगों को शिक्षित करने की कसम खाई थी। उन्होंने कहा था कि घाटी में 1990 में कश्मीरी पंडितों का नरसंहार हुआ, जिसके कारण उन्हें अपने घरों को छोड़कर पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ा था।

मालूम हो कि बीबीसी की विवादित डॉक्यूमेंट्री पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। गृहमंत्री ने कहा, “हजारों साजिशें सच्चाई को नुकसान नहीं पहुँचा सकतीं। सच्चाई सूरज की तरह चमकता है। साल 2002 से लेकर अब तक वे लोग नरेंद्र मोदी के खिलाफ ऐसा कर रहे हैं। हर बार हम मजबूत और सच्चाई के साथ लोगों के बीच अधिक लोकप्रियता हासिल करके उभरे हैं।”

उल्लेखनीय है बीबीसी ने ‘इंडिया : द मोदी क्वेश्चन’ शीर्षक से दो पार्ट में बनाई गई विवादित डॉक्यूमेंट्री सीरीज में गुजरात दंगों को लेकर नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री के कार्यकाल पर हमला किया है। इसको लेकर केंद्र सरकार ने ट्विटर और यूट्यूब से डॉक्यूमेंट्री से संबंधित लिंक हटाने का आदेश जारी किया था। एक रिपोर्ट के मुताबिक, यूट्यूब वीडियो के लिंक वाले 50 से ज्यादा ट्वीट्स को ब्लॉक किया गया था। विदेश मंत्रालय ने इसे भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करने की कोशिश करार दिया था।

इस डॉक्यूमेंट्री में गोधरा कांड में इस्लामवादियों की भूमिका पर पर्दा डालने की कोशिश की गई है। गोधरा कांड में 59 हिंदू मारे गए थे। यही नहीं, BBC की विवादित डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी और जेएनयू (JNU) में काफी बवाल भी हुआ था।

जिस ऑपरेटर के विमान में सवार थे राहुल गाँधी, उसने ही कैंसल किया था वाराणसी ट्रिप: कॉन्ग्रेस के आरोपों को एयरपोर्ट ने किया खारिज

वाराणसी एयरपोर्ट पर राहुल गाँधी (Rahul Gandhi) के विमान को लैंड करने की इजाजत नहीं दिए जाने का कॉन्ग्रेस का दावा झूठा निकला है। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट (Laal Bahadur Shashtri Airport) ने बताया है कि ऑपरेटर की तरफ से फ्लाइट कैंसिल किया गया था। कॉन्ग्रेस का आरोप था कि सोमवार (13 फरवरी 2023) देर रात राहुल गाँधी के विमान को एयरपोर्ट पर नहीं उतरने दिया गया।

वाराणसी एयरपोर्ट ने एक ट्वीट में कहा है, “13 फरवरी 2013 की रात नौ बजकर 16 मिनट पर एआर एयरवेज ने ईमेल भेजकर फ्लाइट कैंसल करने की सूचना दी थी।” कॉन्ग्रेस नेता अजय राय ने एयरपोर्ट अथॉरिटी पर इस मामले में गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था,”राहुल गाँधी यहाँ (वाराणसी) आने के बाद प्रयागराज जाने वाले थे। लेकिन एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सरकार के दबाव के चलते उनके विमान को यहाँ लैंड नहीं करने दिया। उन्होंने कहा कि यहाँ ट्रैफिक जाम है और जानबूझकर अनुमति नहीं दी।”

कॉन्ग्रेस नेता राय अपने समर्थकों के साथ वाराणसी एयरपोर्ट पर राहुल गाँधी के स्वागत के लिए मौजूद थे। अजय राय का कहना था कि फ्लाइट लैंड नहीं करने देने को लेकर जब उन्होंने जिला प्रशासन से संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शहर में थींं और उनके जाने के बाद यहाँ जाम की स्थिति बनी हुई है।

पहले कहा जा रहा था कि कॉन्ग्रेस नेता राहुल गाँधी का लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर उतरने और फिर काशी विश्वनाथ में दर्शन करने का कार्यक्रम था। उसके बाद उन्हें प्रयागराज जाना था। कॉन्ग्रेस ने आरोप लगाया था कि राहुल का विमान आसमान में ही घूमता रहा और उसे लैंडिंग की इजाजत ही नहीं मिली। लेकिन एयरपोर्ट अथॉरिटी के बयान से जाहिर है कि वाराणसी आने से पहले ही राहुल गाँधी जिस विमान में सवार थे, उसके ऑपरेटर ने ट्रिप कैंसल कर दी थी।

अपनी सभी कंपनियों की स्वतंत्र जाँच खुद कराएगा अडानी समूह, ऑडिट के लिए अमेरिकी थिंक टैंक को लगाया: रिपोर्ट

शॉर्ट सेलर कंपनी हिंडनबर्ग द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद अडानी समूह ने बड़ा कदम उठाया है। दरअसल, अडानी समूह ने अपनी कुछ कंपनियों की स्वतंत्र रूप से जाँच कराने के लिए अमेरिकी कंपनी अकाउंटेंसी कंपनी ग्रांट थॉर्नटन की नियुक्ति की है। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद से अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयर में लगातार गिरावट देखी गई है। बीते 3 सप्ताह में अडानी ग्रुप को करीब 120 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अडानी समूह की ओर से बीते सप्ताह कहा गया था कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद उसकी कंपनियों के वित्तीय लेनदेन और आंतरिक कामकाज ठीक है या नहीं इसके लिए स्वतंत्र जाँच कराने पर विचार किया जा रहा है। इसके बाद अब यह खबर सामने आई है। हालाँकि, इस जाँच को लेकर न तो अडानी समूह ने पुष्टि की है और न ही ग्रांट थॉर्नटन ने इसको लेकर कोई भी बयान जारी किया है।

बता दें कि कंपनी के शेयरों में जारी लगातार गिरावट को लेकर अडानी समूह ने निवेशकों को आश्वस्त करते हुए कहा था कि व्यापार करने के लिए उनके पास पर्याप्त योजनाएँ और पूँजी है। अडानी समूह की ओर से कंपनी के पोर्टफोलियो के आधार पर शेयर धारकों को आकर्षक रिटर्न देने के लिए भी आश्वस्त किया गया था।

गौरतलब है कि भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) हिंडनबर्ग द्वारा अडानी ग्रुप पर लगाए गए आरोपों की जाँच कर रहा है। यही नहीं, सेबी पहले से ही अडानी इंटरप्राइजेज के 20 हजार करोड़ रुपए के एफपीओ मामले की भी जाँच कर रहा है। बता दें कि अडानी ग्रुप ने इस एफपीओ को पूरी तरह से भरने के बाद रिटर्न कर दिया था।

उल्लेखनीय है कि हिंडनबर्ग ने गत 24 जनवरी को 88 सवालों की एक रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट में अडानी समूह पर कॉरपोरेट जगत की सबसे बड़ी धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया था। इस रिपोर्ट में अडानी समूह पर शेयरों को मनिप्यूलैशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का भी आरोप लगाया गया था।

इन आरोपों के जवाब में अडानी समूह ने हिंडनबर्ग को 413 पन्नों का जवाब दिया था। इस जवाब में अडानी समूह ने दावा किया था कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट स्पष्ट तौर पर मुनाफाखोरी करने के लिए तैयार की गई है। यह रिपोर्ट न तो स्वतंत्र है और न ही उद्देश्यपूर्ण है। अडानी समूह के निवेशकों की संख्या बहुत अधिक है। इन निवेशकों को नुकसान पहुँचाते हुए शॉर्ट सेलिंग कर मोटा मुनाफा कमाने के लिए हिंडनबर्ग ने झूठा बाजार (फाल्स मार्केट) बनाने का प्रयास कर रहा है। बता दें कि शॉर्ट सेलिंग में किसी भी कंपनी के शेयरों की गिरावट में पैसा लगाया जाता है।

अडानी समूह ने यह भी कहा था कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में दी गई जानकारी खासतौर से चुनी गई हैं। इसमें ऐसी बातें कहीं गईं हैं जो वर्षों से सार्वजनिक हैं। यानी पब्लिक डोमेन में उपलब्ध हैं। यह रिपोर्ट सिर्फ एक कंपनी पर एक हमला नहीं है। बल्कि भारत, भारतीय संस्थाओं की स्वतंत्रता, अखंडता और गुणवत्ता तथा भारत की विकास गाथा और महत्वाकांक्षाओं पर एक सुनियोजित हमला है।

HAL ने लड़ाकू विमान पर से हटाई बजरंग बली की तस्वीर, कहा – ये साधारण बात, लेकिन हो गया विवाद: बेंगलुरु में चल रहा एयरो शो

बेंगलुरु में एशिया के सबसे बड़े एयर शो के दौरान हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के सुपरसोनिक ट्रेनर विमान (HLFT-42) पर लगे हनुमान जी के चित्र पर विवाद बढ़ने के बाद उसे हटा दिया गया है। सोमवार (13 फरवरी 2023) को बेंगलुरु में पाँच दिवसीय एयर शो के उद्घाटन समारोह के दौरान हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड द्वारा एचएलएफटी-42 (हिंदुस्तान लीड फाइटर ट्रेनर) विमान के स्केल मॉडल को लॉन्च किया गया था।

इस विमान के पीछे के हिस्से में हनुमान जी का चित्र उकेरा गया था। साथ ही इस पर ‘The Strom is Coming’ लिखा गया था। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने जमकर इसकी फोटो और वीडियो शेयर की और इसे हिंदुओं का अपमान बताया। अदिति नाम की यूजर ने हनुमान भगवान की फोटो लगाने पर सवाल उठाया और पूछा, “आपने अल्लाह की फोटो लगाई?”

सोशल मीडिया पर भगवान हनुमान की फोटो लगाए जाने पर हुए विवाद पर एचएएल के चीफ मैनेजिंग डायरेक्टर ने अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा, “हमने भगवान हनुमान की तस्वीर सिर्फ विमान की शक्ति को दर्शाने के लिए लगाई थी, लेकिन इस पर चर्चा करने के बाद हमने इसे हटाने का फैसला किया। यह एक साधारण सी बात थी और पिछले ट्रेनर एयरक्राफ्ट ‘मारुत’ पर आधारित थी, लेकिन हमने इस पर विवाद होते हुए देखा। परियोजना अभी भी प्रारंभिक चरण में है। हम केवल इस पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं।”

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (13 फरवरी, 2023) को बेंगलुरु में Aero India के 14वें एडिशन का उद्घाटन किया। उन्होंने इस दौरान कहा कि एयरो इंडिया सिर्फ एक शो नहीं है, बल्कि यह भारत की ताकत है।

बता दें कि 13 फरवरी से शुरू हुआ यह शो शुक्रवार (17 फरवरी, 2023) तक चलेगा। एयर शो, हवाई क्षेत्र में भारत की बढ़ती ताकत का प्रदर्शन करेगा। साथ ही एक मजबूत और आत्मनिर्भर नए भारत के उदय को भी दर्शाएगा। एयरो शो 2023 का मुख्य उद्देश्य मेक इन इंडिया को आगे बढ़ाते हुए घरेलू हवाई उद्योग को बढ़ावा देना है। बेंगलुरु एयर शो में 731 कंपनियों ने अपने हथियारों के प्रदर्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें 633 भारतीय और 98 विदेशी कंपनियाँ शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि 17 फरवरी को Aero India शो 2023 में 80 से ज्यादा देशों की भागीदारी देखी जाएगी। इसमें लगभग 30 देशों के रक्षा मंत्री और रक्षा उत्पाद से जुड़े लोगों के शामिल होने की संभावना है।

कंगाल पाकिस्तान में एक तरफ खाने को लाले, दूसरी ओर विदेशी ब्रांड की कॉफी पीने को लगी लंबी लाइन: यूजर बोले- यही जिन्ना की टू नेशन थ्योरी

पाकिस्तान के आर्थिक हालात बदतर हैं। देश दिवालिया होने की कगार पर है। फॉरेक्स रिजर्व (Forex Reserves) 9 फरवरी 2023 को नौ साल के निचले स्तर पर पहुँच गया। पाकिस्तानी रुपया भी रिकॉर्ड निचले स्तर पर है। एक तरफ लोग खाने की वस्तुओं के लिए मोहताज हैं। दूसरी ओर एक वर्ग ऐसा भी है जो कनाडा की वैश्विक ब्रांड टिम हॉर्टन्स (Tim Hortons) की कॉफी पीने के लिए कतार लगा रहे हैं।

महँगी काफी पीने की दीवानगी में पाकिस्तान के इस वर्ग ने रिकॉर्ड ही बना डाला है। 1964 में टिम हॉर्टन्स की ओपनिंग के बाद से अब तक की सबसे ज्यादा शुरुआती बिक्री पाकिस्तान में दर्ज की गई है। कनाडाई ब्रांड की पाकिस्तानी फ्रेंचाइजी ने दुनिया भर में कंपनी के सभी 5,352 आउटलेट्स को पहले दिन की बिक्री के मामले में पीछे छोड़ दिया है।

टिम हॉर्टन्स ने लाहौर में अपना पहला आउटलेट खोला है। वीकेंड में इस आउटलेट के बाहर लंबी कतार देखी गई। इस भीड़ को देखकर सोशल मीडिया में लोग आश्चर्य जता रहे हैं। एक यूजर ने इसे जिन्ना की ‘टू नेशन थ्योरी’ बताया है। यूजर ने कहा, “यह जिन्ना की ‘टू नेशन थ्योरी’ है। यही हकीकत है। ‘टू नेशन थ्योरी’ हिंदुओं और मुसलमानों के बारे में नहीं, बल्कि एलीट और गरीब, फौज और अवाम, शासक और प्रजा, राजा और रंक के बारे में था। भारत को सामंतवाद से छुटकारा मिला और पाकिस्तान में इसके 1000 जीवन और लाखों चेहरे हैं। आटा के लिए गरीब लाइनों में खड़े हैं और टिम हॉर्टन्स के लिए एलीट।”

पाकिस्तान के सिंगर, एक्टर फरहान सईद ने ट्वीट कर कहा है, “यह दो पाकिस्तान है। एक आटा और घी के लिए कतार में हैं और दूसरा टिम हॉर्टन्स के बाहर खड़ा है। यह मुझे डरा रहा है। यह मुझे डरा रहा है, क्योंकि मिडिल में कुछ भी नहीं है।”

एक यूजर ने स्टोर के बाहर लंबी कतार का वीडियो शेयर करते हुए कहा है, “टिम हॉर्टन्स ने आज (12 फरवरी 2023) लाहौर में अपना पहला स्टोर खोला। छोटा कॉफी कप की कीमत 650 पाकिस्तानी रुपए (2.40 डॉलर) है और स्टोर के बाहर लाइन देखें। फिर भी हम कहते हैं कि पैसा नहीं है और हम दुनिया से पैसा देने की भीख माँगते हैं। धिक्कार है निकम्मी सरकार और उसकी स्थापना पर। बहुत दुख की बात है।”

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान नकदी की तंगी का सामना कर रहा है। दूध, चिकन, रेड मीट आदि जैसी दैनिक आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में पिछले कुछ दिनों में भारी वृद्धि देखी गई है। दूध 210 रुपए लीटर तो चिकन 700 रुपए पाकिस्तानी में मिल रहा है।

इंस्टाग्राम पर 7 लाख लाखों फॉलोवर वाली कॉमेडियन, जिन्हें देखते बोले PM मोदी – ‘अय्यो’: लिबरल गिरोह को लगी मिर्ची, कह रहे भला-बुरा

पिछले दिनों अपने कर्नाटक दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेताओं, पूर्व क्रिकेटरों समेत कई जानी मानी हस्तियों से मुलाकात की। पीएम मोदी अइय्यो श्रद्धा के नाम से मशहूर सोशल मीडिया स्टार श्रद्धा जैन से भी मिले। 13 फरवरी, 2023 को श्रद्धा ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की तस्वीरें पोस्ट करते हुए अपने अनुभव साझा किए।

श्रद्धा ने ट्विटर पर लिखा, “नमस्कार हाँ, मैं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिली। मिलते ही उन्होंने सबसे पहले “अय्यो” कहा। पीएम के मुँह से यह शब्द सुनकर मैं हक्का-बक्का कह गई। कुछ देर तक तो यकीन ही नहीं हो रहा था कि ऐसा सचमुच हो रहा है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।

इस मुलाकात के बाद डीडी न्यूज ने भी श्रद्धा से उनके और पीएम के बीच हुई मुलाकात का अनुभव पूछा। उन्होंने डीडी न्यूज के पत्रकार से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के अनुभल को इतनी जल्दी शब्दों में बयाँ करना थोड़ा मुश्किल है। श्रद्धा ने कहा कि कमरे में दाखिल होते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाथ मिलाया। फिर उन्होंने श्रद्धा को अय्यो कह कर पुकारा। श्रद्धा ने कहा, “सबसे महत्वपूर्ण यह है कि उन्हें मेरा चेहरा और नाम पता है। मुझे इसकी उम्मीद नहीं थी।”

श्रद्धा ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी से कई अच्छी बातचीत हुई। इस दौरान उन्होंने दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग की सराहना की। पीएम ने कहा कि दक्षिण भारतीय फिल्में हमारे देश की सुंदरता और समृद्धि को दिखाती हैं।

तथाकथित लिबरल गैंग को लगी मिर्ची

एक तरफ श्रद्धा प्रधानमंत्री से अपनी मुलाकात को लेकर खुश हैं। श्रद्धा के प्रशंसक उन्हें बधाई दे रहे हैं तो कई लोग ऐसे भी हैं जिन्हें श्रद्धा का प्रधानमंत्री से मिलना अच्छा नहीं लगा। कॉन्ग्रेस कार्यकर्ता अरमान ने ट्विटर पर श्रद्धा के पोस्ट पर कमेंट किया। उन्होंने लिखा “वाह, तो अब आप प्रोपगेंडा फैलाना शुरू करेंगी और 40% कमीशन को सही ठहराएँगीं?”

सचिन पवार नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, “तो श्रद्धा… क्या आपने इस मुलाकात के दौरान बेरोजगारी, अर्थ व्यवस्था और चीनी घुसपैठ संबंधी मुद्दों पर बात की? या उन्होंने आपको बेहतर कॉमेडियन बनने के टिप्स दिए?”

ह्यूमेन राइट्स गाय नाम के यूजर ने लिखा, “आपको गर्व हो रहा होगा। उनसे पूछिए कि कोरोना काल में जब लाखों लोगों की मौतें हो रही थीं, तब अपने लिए विमान खरीदने के लिए 8000 करोड़ रुपए खर्च करने पर कैसा महसूस हो रहा था।” बता दें कि इस झूठ का पहले भी कई बार भंडाफोड़ हो चुका है।

नीता कुमार नाम की यूजर ने लिखा, “मैं श्रद्धा के कुछ वीडियो देखा करती थी जिनमें वो सामाजिक मुद्दों पर बात करती हैं। मैंने महसूस किया कि वह ऐसी टॉपिक्स पर बात नहीं करती जो मोदी एंड कंपनी के खिलाफ हों। फिर मैंने श्रद्धा को देखना बंद कर दिया। आज मेरा फैसला सही साबित हुआ।” श्रद्धा को कंपनियों में ‘Lay Off’ पर रील बनाने के लिए भी जाना जाता है, जो खासा वायरल हुआ था।

कौन हैं अय्यो श्रद्धा?

दरअसल श्रद्धा जैन सोशल मीडिया पर अय्यो श्रद्धा (Aiyyo shraddha) के नाम से जानी जाती हैं। इंस्टाग्राम, ट्विटर और यूट्यूब पर उनकी तगड़ी फैन फोलोविंग है। श्रद्धा एक्टर और कॉमेडियन हैं। श्रद्धा अलग-अलग सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर अपने वीडियो साझा करती रहती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 6.9 लाख फॉलोअर्स हैं। ट्विटर पर उनके 80 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वहीं, यूट्यूब पर भी उनका चैनल काफी हिट है।