Home Blog Page 6164

परीक्षाओं के दौर में आत्महत्या की ख़बरें आएँगी और बतौर समाज हम कुछ नहीं करेंगे

जनवरी बीत रही है और हर साल की तरह थोड़े ही दिनों में इस साल भी परीक्षाओं की तारीख़ों का शोर होगा। इसके साथ ही अख़बारों में दिखने लगेंगे, कम नंबर आने के डर से या फिर परीक्षा खराब जाने की वजह से आत्महत्या करने वाले बच्चों की दर्दनाक कहानियाँ। पसंद हो या न हो, ये होता तो हर साल है! सवाल है कि माँ-बाप का, समाज का, अच्छी यूनिवर्सिटी में जाने, एक मोटी तनख़्वाह वाली नौकरी की संभावनाएँ बनाने का कैसा दबाव है जो अख़बारी भाषा में बच्चों को ये ‘अंतिम विकल्प’ चुनने पर मजबूर करता है? बतौर एक समाज हमने किया क्या है इस दिशा में?

कोई फाँसी के फंदे पर बस इसलिए झूल जाना चाहता है क्योंकि उसे अंग्रेज़ी नहीं आती या फिर वो गणित में कमज़ोर है? हाल में ही पटना के एक इंजीनियरिंग के छात्र ने हॉस्टल की छत से सिर्फ इसलिए छलाँग लगा ली क्योंकि उसे छह लाख सालाना का पैकेज मिला था। ‘सूरत में एक छात्र ने फाँसी लगा ली’ या ‘इलाहाबाद में कोई ट्रेन के आगे कूद गया’ जैसी ख़बरें अब अजीब नहीं लगती। परीक्षाओं का आना, छात्रों के आत्महत्या की घटनाओं के अख़बार में न्यूज़ चैनल पर आने का मौसम भी हो गया है। ऐसा ही चलता रहा तो हो सकता है इसे दूसरी राष्ट्रीय आपदाओं की श्रेणी में डाला जाए – बाढ़, भूकंप जैसा ही परीक्षा भी हो!

अख़बारों के ज़रिए ही 2006 का सरकारी आँकड़ा भी मिल जाता है, जब 5,857 छात्रों ने आत्महत्या की, 2016 तक ये गिनती 9,500 हो गई। इतने पर ये हिसाब हर घंटे एक मौत का हिसाब बनता है। जहाँ देश की आबादी क़रीब आधी ही युवाओं की हो, वहाँ इतनी बड़ी संख्या पर ध्यान कैसे नहीं गया? ये भी एक आश्चर्य है। बच्चों को कैसी प्रतिस्पर्धा झेलनी पड़ती है, वो आम आदमी को पता न हो ऐसा भी नहीं। दिल्ली के ज्यादातर नामी-गिरामी कॉलेज 98% से ऊपर नंबर पर एडमिशन ले रहे हैं, ये भी एक ख़बर है जो हर साल सब ने सुनी भी होती है।

आई.आई.टी. और आई.आई.एम. जैसे दर्जन भर के लगभग संस्थान और सभी नामचीन कॉलेज एक साथ मिला लें तो वो पचास हज़ार बच्चों का भी दाख़िला नहीं ले सकते। इस से दस गुना बच्चे तो हर साल स्कूल से ही निकलते हैं। कस्बों के छोटे कॉलेज जोड़ लें तो गिनती और बढ़ जाएगी। दस साल पहले तक जहाँ बोर्ड की परीक्षा में 80-85% पर राज्य भर के टॉपर होते थे, आज 90-95% बड़ी ही आम बात लगती है। 90 फीसदी लाने वाले बच्चे के माँ-बाप सकुचाते हुए बताएँगे कि फलाँ विषय में बच्चे ने कम मेहनत की, बस वहीं मार खा गया। ‘थोड़ी मेहनत की होती तो और आते जी’!

इस से अपराधों को भी बढ़ावा मिलता है। केन्द्रीय बोर्ड (सी.बी.एस.सी. या आई.सी.एस.सी.) जहाँ बड़े आराम से 90% देते हैं, वहीं राज्य के बोर्ड में 65% पार करना भी मुश्किल है। आश्चर्य नहीं कि हरियाणा से लेकर यू.पी. और बिहार तक अभिभावक खिड़कियों से लटक-लटक कर छात्रों को चोरी-नक़ल करने में सहयोग करते पाए जाते हैं। बिहार का पिछले वर्षों का टॉपर घोटाला अभी याद से गया नहीं होगा। जिस लड़की के पास लाखों की रकम देने के ना तो आर्थिक स्रोत थे, न जान-पहचान, वो जेल में है। कदाचार और भ्रष्ट व्यवस्था के पोषक अभी फिर मोटा माल कमाने का मौसम आने पर मुदित हो रहे होंगे।

बिहार टॉपर काण्ड की रूबी

प्रोफ़ेसर यशपाल की समिति की पतली-दुबली 25-30 पन्नों की रिपोर्ट धरी रह गई और छात्रों की आत्महत्या की घटनाएँ बढ़ती रही। हम आखिर कब ध्यान देंगे इसपर? ध्यान देने लायक है कि कम नंबर आने पर आत्महत्या करने वाली छात्राओं की गिनती लड़कों से कहीं ज़्यादा है। कौन-से शिक्षाविद और मनोचिकित्सक ये मान लेंगे कि लड़कियों पर कम नंबर लाने पर शादी कर दिए जाने का दबाव भी रहता है? पढ़ने में अच्छी नहीं तो शादी करवा दो, जैसे शादी कोई जेल हो, सज़ा सुनाई गई हो। बिहार के मुख्यमंत्री जो बाल विवाह के ख़िलाफ़ अभियान चला रहे हैं उनका बाल विवाह के इस अनोखे कारण पर ध्यान गया या नहीं, पता नहीं।

कम नंबर लाने वाले छात्र-छात्राओं को अक्सर प्राइवेट संस्थानों से पढ़ाई करनी पड़ती है जो कि महँगे भी है और कई बार मान्यता प्राप्त नहीं होते। अच्छे नंबर ना हुए और आर्थिक रूप से कमज़ोर हैं तो ‘पढ़ाई छूट जाएगी’ का डर, या फिर दो-चार साल पढ़ने के बाद पता चलना कि उनकी डिग्री का नौकरी के बाज़ार में कोई मोल ही नहीं। यह भी बच्चों के आत्महत्या का एक बड़ा कारण होता है। हाल के दौर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार जैसे नेता, राजनीति से इतर, सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा करने लगे हैं। अच्छा है कि उनके बोलने से सामाजिक सरोकार, अख़बार के पहले पन्ने पर आ गए।

पिछले साल (फ़रवरी 3, 2018) को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक किताब, जो कि परीक्षाओं से सम्बंधित बच्चों के तनाव पर है, आई थी। उम्मीद है कि जो बच्चे आज वोट नहीं देते और नेताओं के लिए या व्यापार, समाज की दृष्टि से उतने मूल्यवान नहीं दिखते थे, उनकी बात भी अब होगी। हमारे बच्चे हमारा भविष्य हैं, उनकी चर्चा हमारी पहली चर्चा होनी भी चाहिए।

हिंसा फैलाने वाले नेताओं को आग लगा दोः ओपी राजभर

बीते कुछ दिनों से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का विवादों से नाता गहरा होता जा रहा है। इस बार राजभर ने साम्प्रदायिक दंगों को लेकर कहा कि दंगे के दौरान किसी नेता की मौत क्यों नहीं होती है ? कभी आपने ये नहीं सुना या देखा होगा कि दंगों में किसी बड़े नेता की मौत हुई है।

उन्होंने नेताओं के लिए कड़े शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि जो नेता तुम्हें मजहब के नाम पर लड़ाने का काम करें, उन्हें वहीं आग लगाकर जला दो, ताकि वो समझ जाएँ कि हम एक-दूसरे को नहीं जलाने देंगे। उन्होंने कहा, “राजनेता वोट के लिए हिंदुओं और मुस्लिमों को विभाजित करने की कोशिश करते हैं। उन्हें एक बार सोचना चाहिए कि भारत का संविधान देश के सभी नागरिकों को मतदान का अधिकार देता है। वो देश के ही नागरिक हैं, उन्हें आपस में मत लड़ाओ।”

बीते कुछ दिनों से बदले हैं राजभर के स्वर

ओम प्रकाश राजभर, भले ही यूपी सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री हैं, लेकिन बीते कुछ दिनों से वो लगातार राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए निशाना साधते रहे हैं। बीते दिनों उन्होंने कहा था कि भाजपा को 100 दिन का समय दिया है। अगर वो हमारे साथ चुनाव लड़ना चाहती है तो उनका स्वागत है। अगर इतने दिनों में उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आता है तो फिर मेरी पार्टी सभी 80 सीटों पर लोकसभा का चुनाव लड़ेगी।

निजी सचिव के भ्रष्टाचार में लिप्त होने से झेलनी पड़ी थी शर्मिंदगी

कुछ दिनों पहले एक टीवी चैनल के स्टिंग ऑपरेशन में तीन राज्यमंत्रियों के निजी सचिव तबादले, ठेका-पट्टा दिलाने के नाम पर भ्रष्टाचार करते हुए रिकॉर्ड हुए थे। इनमें ओपी राजभर के निजी सचिव ओमप्रकाश कश्यप भी शामिल थे। इस स्टिंग के बाद राज्य सरकार ने तीनों को निलंबित करते हुए एसआईटी जाँच के आदेश दिए थे। बता दें कि एसआईटी जाँच में तीनों सचिवों को दोषी पाया गया था, जिसके बाद उन्हें जेल भेजा गया।

Uri: साल 2019 में बॉलीवुड को मिली पहली हिट फ़िल्म

शुक्रवार (जनवरी 11, 2019) को रिलीज़ हुई फ़िल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ (URI: The Surgical Strike) इस वर्ष की पहली हिट फ़िल्म बन गई है। फ़िल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ने वीकेंड्स पर तीन दिनों में क़रीब ₹36 करोड़ की कमाई की है। फ़िल्म समीक्षक तरण आदर्श ने इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए ट्विटर पर बताया कि 2019 ‘हाई जोश (High Josh)’ के साथ शुरू हुआ है क्योंकि उरी इस साल की पहली हिट फ़िल्म साबित हुई है। बता दें कि उरी फ़िल्म का डायलाग ‘हाउ इज़ द जोश? (How is the Josh?)’ आम लोगों और सेलेब्रिटीज़ के बाच काफ़ी लोकप्रिय हो रहा है।

अगर नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को देखें तो फ़िल्म ने पहले दिन यानी शुक्रवार को ₹8.20 करोड़ की कमाई की। दूसरे दिन फ़िल्म ने अपने कलेक्शंस में 50 प्रतिशत से भी अधिक की उछाल के साथ ₹12.43 करोड़ बटोरे। तीसरे दिन यानी रविवार को साप्ताहिक छुट्टियाँ होने के कारण उरी दर्शकों की पहली पसंद रही और इसने ₹15.10 करोड़ बटोरे। कुल मिला कर विकी कौशल अभिनीत फ़िल्म ने तीन दिनों में ₹35.73 करोड़ की कमाई की है।

ज्ञात हो कि फ़िल्म का बजट ₹25 करोड़ के आसपास है जिसके कारण फ़िल्म अभी ही प्रॉफ़िट ज़ोन में प्रवेश कर गई है। 25 जनवरी तक बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ी फ़िल्म रिलीज़ नहीं होने वाली है, जिस से उरी के ₹100 करोड़ के जादुई आँकड़े को पार करने से इनकार नहीं किया जा सकता। 25 जनवरी को नवाज़ुद्दीन सिद्दीक़ी की ठाकरे और कंगना राणावत की मणिकर्णिका के रूप में दो बड़ी फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस पर दस्तक देने वाली है। ठाकरे शिवसेना संस्थापक बालासाहब ठाकरे की बायोपिक है जबकि मणिकर्णिका झाँसी की रानी लाक्षीबाई की शौर्य गाथा है।

हाल ही में प्रधानमंत्री ने फ़िल्म के मुख्य अभिनेता विक्की कौशल से भी मुलाक़ात की।

रोनी स्क्रूवाला द्वारा बनाई गई फ़िल्म उरी में भारतीय सेना द्वारा सितम्बर 2016 में पाकिस्तान में घुसकर सफल सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम देने की कहानी का चित्रण किया गया है। उस अभियान में भारतीय सेना ने लाइन ऑफ़ कण्ट्रोल को पार कर एक रात में क़रीब 70 आतंकियों को मार गिराया था और उनके बेस कैम्प तबाह कर दिए थे। इसके बाद भारतीय सेना की ख़ूब वाहवाही हुई थी। वहीं कॉन्ग्रेस नेता संजय निरुपम और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल सहित कुछ विपक्षी नेताओं ने भारत सरकार और सेना से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत माँगे थे।

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फ़िल्म के मुख्य अभिनेता विक्की कौशल सहित बॉलीवुड के कई प्रसिद्ध शख़्सियतों से मुलाक़ात की थी और उनकी समस्याओं को सुना था।

कुम्भ के पहले शाही स्नान से पूर्व लापरवाही से लगी आग, कोई हताहत नहीं

संगम नगरी में मंगलवार से हो रहे पहले शाही स्नान से पूर्व आज सोमवार (जनवरी 14, 2019) को टेंट सिटी के सेक्टर-16 में आग लग गई। आग सबसे पहले दिगंबर अखाड़े के टेंट में लगी। आग इतनी बड़ी थी कि अचानक ही आस-पास के दर्जनभर टेंटों में फैल गई। जिससे कई टेंट जल कर ख़ाक हो गए। अधिकारियों के अनुसार मौक़े पर खड़ी दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है।

ये हादसा टेंट के बाहर खाना बनाने के रखे सिलिंडर में लापरवाही से आग लगने की वज़ह से हुआ। बता दें कि टेंट के बाहर संतो और निवासियों को खाना बनाने की छूट होती है।

कुम्भ में सम्मिलित होने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए, सुरक्षा के लिहाज़ से ये एक बड़ी भूल है। हालाँकि, राहत की बात यह है कि प्रशासन के तुरन्त एक्शन में आ जाने से इसमें किसी भी साधु-संत या अन्‍य व्यक्ति के हताहत होने की कोई ख़बर नहीं है।

कुम्भ प्रशासन के सूचना निदेशक शिशिर ने कहा कि टेंट के बाहर खाना बनाने की आज्ञा रहती है और वहीं पर सिलिंडर था, जिसके कारण आग लग गई। उन्होंने कहा कि हमने सभी को सुरक्षा से जुड़ी जानकारियाँ दी हैं। लेकिन कुछ लोगों की लापरवाही की वजह से इस प्रकार का हादसा हुआ है। इस हादसे के बाद से प्रशासन हाई एलर्ट पर है ताकि आगे ऐसा कोई अन्य हादसा न हो।

लोकसभा चुनावों में BJP को हराना कॉन्ग्रेस के वश की बात नहीं है: एके एंटनी

अपनी पार्टी की अक्षमता को पहचानते हुए कॉन्ग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटनी ने बयान दिया है, कि भाजपा को हराने के लिए कॉन्ग्रेस को किसी विपक्षी पार्टी का हाथ थामना ही पड़ेगा। उनका मानना है कि भाजपा को लोकसभा चुनावों में हराना कॉन्ग्रेस के वश की बात नहीं है।

केरल प्रदेश कॉन्ग्रेस कमेटी की बैठक में शुक्रवार को पूर्व रक्षा मंत्री ने बताया है कि कॉन्ग्रेस को ये एहसास हो चुका है कि वो बीजेपी को अकेले चुनावों में हराने में समर्थ नहीं हैं। उन्होंने अपनी बात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हराने के लिए महागठबंधन की ज़रूरत पर जोर दिया।

तिरुवनंतपुरम में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एके एंटोनी ने कहा कि कॉन्ग्रेस अकेले नरेंद्र मोदी को सत्ता से नहीं हटा सकती है। लेकिन फिर भी मोदी को सत्ता से बाहर करने के लिए चलाए जा रहे अभियानों में कॉन्ग्रेस बेहद महत्वपूर्ण ताक़त है। इसलिए बीजेपी को हराने के लिए कॉन्ग्रेस को गठबंधन की तरफ रुख़ करना पड़ेगा।

उनके अनुसार कॉन्ग्रेस ही एक ऐसी राजनैतिक ताकत है, जो मोदी शासन के ख़िलाफ़ लड़ाई को लड़ सकती है। आने वाले समय में कॉन्ग्रेस को अलग-अलग राज्यों में उन सभी पार्टियों के साथ गठबंधन की पहल करनी चाहिए जो उनके इस कदम में उनका साथ देना चाहें।

एके एंटनी जो कि कॉन्ग्रेस कार्य कमेटी के अध्यक्ष भी हैं, उनका ऐसा मानना है कि राहुल गाँधी ही ऐसे व्यक्ति हैं, जिनसे नरेंद्र मोदी को लोकसभा के चुनावों में डर है। उन्होंने अपनी पुरानी बात को दोहराते हुए कहा कि सोनिया गाँधी के 48 साल के बेटे राहुल गाँधी, अब उस उम्र में आ चुके हैं कि वो कॉन्ग्रेस का नेतृत्व कर सकें। उनका कहना है कि राहुल गाँधी एक सशक्त नेता के रूप में उभर कर आए हैं, जो अब नरेंद्र मोदी से लड़ने के लिए बिल्कुल तैयार हैं।

लोकसभा चुनावों को कुरूक्षेत्र की लड़ाई बताते हुए कॉन्ग्रेस लीडर ने कहा कि देश को बचाने के लिए साम्प्रदायिक ताक़तों को सत्ता से हटाना बेहद ज़रूरी है। उन्होंने आगामी आम चुनावों के लिए टिकट वितरण में देरी के ख़िलाफ़ राज्य के कॉन्ग्रेस नेताओं को आगाह किया। उन्होंने कहा- “निर्णय को ज़िला कमेटी द्वारा आना चाहिए, टिकट के चुनावों को लोकतांत्रिक तरह से किया जाना चाहिए, न कि कुछ लोगों द्वारा इसका फ़ैसला किया जाना चाहिए।”

एक तरफ़ जहाँ कॉन्ग्रेस के वरिष्ठ नेता दूसरी पार्टियों से हाथ मिलाना चाहते हैं, वहीं पर ऐसा लगता है जैसे दूसरी पार्टियाँ कॉन्ग्रेस से जुड़ने में असमंजस की स्थिति में हैं। अभी हाल ही में हमना देखा है कि किस तरह भाजपा को हराने के लिए उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा ने कॉन्ग्रेस को सरासर नज़रअंदाज़ करते हुए गठबंधन किया । इस तरह उपेक्षित होने पर कॉन्ग्रेस ने अकेले लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश की 80 सीटों पर लड़ने का निर्णय किया है।

अब देखना ये है कि कौन-सा गठबंधन मोदी को सत्ता से हटाने में सफल हो पाता है। क्योंकि, राजनीति के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि एक शख़्स को हराने के लिए पूरा विपक्ष एक दूसरे से हाथ मिलाने को तैयार हो। साथ ही, इससे ज़्यादा कन्फ़्यूज़्ड गठबंधन कभी दिखा भी नहीं।

मकर संक्रान्ति: देश एक, परम्परा व उत्सव के रूप अनेक

मकर संक्रान्ति का त्योहार आज पूरा देश बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मना रहा है। इस त्योहार को मनाने के पीछे शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक पक्ष तो शामिल हैं ही, इनके अलावा वैज्ञानिक पक्ष भी शामिल है।

शास्त्रीय मत के अनुसार, प्रकाश में अपना शरीर छोड़ने वाले व्यक्ति का पुनर्जन्म नहीं होता जबकि अँधकार में मृत्यु को प्राप्त करने वाले का पुनर्जन्म होता है। यहाँ प्रकाश और अंधकार का मतलब सूर्य की उत्तरायण एवं दक्षिणायन स्थिति से है। सूर्य के उत्तरायण के इस वैज्ञानिक महत्व के कारण ही भीष्म ने अपने प्राण तब तक नहीं छोड़े थे, जब तक मकर संक्रान्ति यानि सूर्य की उत्तरायन स्थिति नहीं आ गई थी। इसके अलावा सूर्य के उत्तरायण की स्थिति के महत्व के बारे में छांदोग्य उपनिषद में भी वर्णन किया गया है।

मकर संक्रान्ति का महत्व हम भारतवासियों के लिए बहुत है और इसके मनाने का तरीका विविध। वैज्ञानिक महत्व को जानने के बाद आइए अब हम आपको बताते हैं कि यह त्योहार देश के अलग-अलग हिस्सों में किस नाम से और कैसे मनाया जाता है।

पंजाब की लोहड़ी

पंजाब में रहने वालों के लिए मकर संक्रान्ति या लोहड़ी सर्दियों के आख़िरी दिन का प्रतीक होता है। इसके अलावा यह फसलों से संबंधित एक त्योहार होता है, जिसे पंजाब के लोग बड़े ही धूमधाम से मनाते हैं। महिलाएँ एक दिन पहले ही ‘सरसों दा साग’, ‘खिचड़ी’ और ‘गन्ने के रस से बनी खीर’ बनाना शुरू कर देती हैं। यही इनके अगले दिन का भोजन होता है।

एक दिन पहले बनने वाली ये सभी खाद्य सामग्री ही त्योहार के पूरे दिन खाते हैं। सुबह गुरुद्वारा में जाने के अलावा, दावत खाने का भरपूर आनंद लिया जाता है और फिर परिवार के साथ समय बिताया जाता है। रात में एक अलाव (आग) का आयोजन होता है, जो वास्तव में पारंपरिक लोहड़ी है। इस अलाव में कुछ पके हुए चावल, तिल के बीज, लड्डू, गुड़, मक्के का लावा (पॉपकॉर्न) के साथ अपनी सर्वश्रेष्ठ फसल अग्नि देव को समर्पित की जाती है और आग के चारों ओर घूमकर खुशहाल और समृद्ध खेती की प्रार्थना की जाती है। इस त्योहार की समाप्ति अपने पसंदीदा भाँगड़ा नाच, ताश खेलने, ‘साग’ और ‘मक्के दी रोटी’ के साथ ‘गुड़’ और ‘घी’ खाने के साथ होती है।

गुजरात की पतंग वाली संक्रान्ति

गुजरात में भी मकर संक्रान्ति का काफी महत्व है। सूर्य की उत्तरायण स्थिति गुजरात के लोगों के लिए और पूरे राज्य के गुजराती परिवारों के एक साथ मिल जाने जैसा होता है। इस ख़ास दिन की तैयारी लोग एक महीने पहले से ही शुरू कर देते हैं। दरअसल यहाँ के लोग यह योजना बनाते हैं कि वे अपने दिन को विशेष कैसे बनाएंगे क्योंकि यह पूरे सप्ताह मनाया जाता है।

हर साल गुजरात में इस ख़ास दिन पर अलग-अलग छटा बिखरी देखी जा सकती है। यहाँ आपको विभिन्न प्रकार की पतंगें, भोजन और अद्भुत सामान देखने को मिलेंगे। पतंग उड़ाने के लिए लोग दुकानदार के पास खड़े होते हैं, जब वे उनके लिए धागा (मांझा) बुन रहे होते हैं। भोजन का मेन्यू हमेशा पहले से तय कर लिया जाता है। त्योहार के लिए ‘जलेबी के साथ तिल गुड़ चिक्की,  उधिंयू पुरी (Undhiyu Puri) और फ़रसाण (Farsaan)’ यहाँ के लोगों की पसंदीदा खाद्य सामग्री होती है। युवा वर्ग महीने की शुरुआत से ही पतंग उड़ाना शुरू कर देते हैं। महिलाएँ विभिन्न भोजन-पकवान बनाना शुरू कर देती हैं।

रात में, परिवार और दोस्त अलाव के लिए इकट्ठे होते हैं। म्यूजिक स्पीकर्स या डीजे की व्यवस्था छत पर की जाती है और विभिन्न प्रकार के खेल खेले जाते हैं। चायनीज़ लालटेन (उच्च न्यायालय द्वारा प्रतिबंधित किए जाने से पहले) को आकाश में उड़ाया जाता था, जिसके बाद आसमान का नज़ारा देखते ही बनता था।

बिहार का तिलकुट

बिहार में मकर संक्रान्ति का त्योहार काफ़ी मायने रखता है। इसमें दान आदि किए जाने का भी विशेष महत्व होता है। मकर संक्रान्ति के दिन, सभी सुबह जल्दी उठकर स्नान (नहाए बिना बिहार में कुछ भी खाने की परम्परा नहीं इस दिन) करते हैं। फिर मंदिर के पंडितों को और कुछ ज़रूरतमंदों को भोजन व अन्य चीजें दान की जाती हैं। उसके बाद, दिन की ‘पूजा’ में शामिल होने की परंपरा है।

‘तिलकुट’ (तिल के साथ चीनी या गुड़ से बना) खाने के साथ दिन की शुरुआत की जाती है। दिन का मुख्य भोजन दही, दूध और गुड़ के साथ ‘चूड़ा’ (चिड़वा – जिससे पोहा बनता है) ही होता है। इसके साथ पारंपरिक सब्ज़ियों के साथ आलू, गाजर, मटर और फूलगोभी वाली तरकारी खाई जाती है। मुख्य रूप से केवल यही एक खाद्य सामग्री होती है, जिसे दिन भर खाया जाता है। दिन के समय घर में और कोई खाना नहीं बनता। यहाँ ‘पतंग उड़ाना’ इस त्योहार का सबसे मनोरंजक पहलू है। पूरा आसमान ढेरों रंग-बिरंगी पतंगों से सज जाता है। शाम तक, घर की महिलाएँ खिचड़ी तैयार करना शुरू कर देती हैं, जिसे चोखे (मैश किए हुए आलू), टमाटर की चटनी, बैंगन का भर्ता और पापड़ के साथ रात के खाने में परोसा जाता है।

ओडिशा-झारखण्ड-बंगाल में टुसू

मकर संक्रान्ति को टुसू पर्व के रूप में भी मनाए जाने की परंपरा है। टुसू पर्व ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के ग्रामीण इलाकों में मनाया जाने वाला फसलों से संबंधित एक उत्सव है। लोग देवी टुसू की मूर्तियाँ बनाते हैं और उनकी पूजा करते हैं। एक महीने तक चलने वाला यह मेला मकर संक्रान्ति के दिन टुसू देवी की मूर्तियों के विसर्जन के साथ समाप्त हो जाता है। महिलाएँ चमकीले रंग के कपड़े पहनती हैं और कलाकृतियों और कपड़ों से सजे बाँस के फ्रेम को उठाकर देवी से प्रार्थना करती हैं और टूसू गीत गाते हुए नदी तक जाती हैं।

यह फसल से संबंधित एक उत्सव है, इसलिए युवा लड़कियाँ अपनी प्रजनन क्षमता और अच्छे पति की भी प्रार्थना करती हैं। पूरा नदी तट एक ऐसी जगह में बदल जाता है, जहाँ लड़के अपने समुदाय की समृद्धियों की कामना करते हैं, उसे और विकसित करने की प्रार्थना करते हैं।

पश्चिम बंगाल में इस दिन परंपरागत रूप से लोग स्नान करते थे और सूर्य देव की प्रार्थना के लिए गंगा तट पर जाते थे, लेकिन अब यह प्रक्रिया अपने घरों में ही की जाती है। धार्मिक समारोहों के बाद, लोग ‘दही और चूरा’ (चिड़वा, जिससे पोहा बनता है) के साथ ‘पेठा’ (चावल, नारियल और दूध से बने) खाते हैं। इस दिन घर आए लोगों का स्वागत पेठा खिलाकर किया जाता है।

पश्चिम बंगाल के बोलपुर में शांतिनिकेतन रोड में, पौष मेला (मेला) आयोजित किया जाता है, जिसमें बहुत सारे लोग आते हैं। बड़ी संख्या में लोग हर साल इस मेले में शिरक़त करते हैं, जिसे रंग-बिरंगे तरीक़े से सजाया जाता है। यहाँ हस्तनिर्मित उत्पादों जिनमें खाद्य, बैग, आभूषणों की काफ़ी क़िस्में देखने को मिलती है। यह सभी वस्तुएँ ज़्यादातर स्थानीय कारीगरों और निवासियों द्वारा बनाई जाती हैं।

तमिलनाडु में पोंगल

तमिलनाडु में पोंगल नाम से विख्यात त्योहार असल में मकर संक्रान्ति का ही रूप है। पोंगल तमिलनाडु के लोगों के लिए चार दिन तक मनाया जाने वाला त्योहार है। चार दिन तक मनाए जाने वाले इस त्योहार को वो एक उत्सव की तरह मनाते हैं। पहला दिन, ‘भोगी पोंगल’ मनाए जाने का होता है, जिसमें पुराना सामान जलाने की परंपरा है। दूसरे दिन, पोंगल का वास्तविक त्योहार ‘सककारई पोंगल’ होता है, जिसे घर पर ही मनाया जाता है।

इस दूसरे दिन मीठे ‘पोंगल’ को सात या नौ सब्ज़ियों से बनी कढ़ी के साथ परोसा जाता है। तमिलवासी इस दिन सूर्य देव को धन्यवाद देते हैं और उन्हें ये खाद्य सामग्री प्रसाद स्वरूप भेंट करते हैं।

तीसरे दिन ‘मट्टू (गाय) पोंगल’ का होता है। चूंकि इस त्योहार का संबंध फसलों से होता है, तो किसानों को जिन उपयोगी उपकरणों की मदद से अच्छी फसल प्राप्त होती है, उनका भी विशेष महत्व होता है। अच्छी फसल प्राप्त करने के लिए गायों के योगदान को भी नहीं भूला जा सकता। इसलिए इस दिन गायों के सींग को रंगा जाता है। मुख्य द्वार पर सजे हुए तोरण लगाए जाते हैं। गाड़ियों के पहिए सजाए जाते हैं और गाँव में जल्लीकट्टू व अन्य खेल आयोजित किए जाते हैं।

फिर चौथे दिन, ‘कन्नम (देखते हुए) पोंगल’ का होता है। परंपरागत रूप से इस दिन लोग अपने परिवार के साथ पर्यटन स्थलों का भ्रमण करते हैं।

जाधवपुर यूनिवर्सिटी के प्रोफ़ेसर ने वर्जिन लड़कियों को बताया ‘सील्ड बोतल’

जाधवपुर यूनिवर्सिटी एक बार फिर सुर्ख़ियों में है। दरअसल, यहाँ के एक प्रोफ़ेसर ने लड़कियों की वर्जिनिटी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनका विरोध हो रहा है। यूनिवर्सिटी में इंटरनेशनल रिलेशन्स के प्राध्यापक कनक सरकार ने लड़कियों की तुलना कोल्ड ड्रिंक की बोतल और बिस्किट के पैकेट से की है। उन्होंने लड़कों को ‘वर्जिनिटी का महत्त्व’ समझाते हुए अपने फ़ेसबुक पोस्ट में कहा कि क्या आप टूटी सील के साथ कोल्ड ड्रिंक की बोतल या बिस्किट के पैकेट खरीदना चाहेंगे? बाद में तीखी आलोचना का सामना करने के बाद उन्होंने ‘अभिव्यक्ति की आज़ादी’ का रोना शुरू कर दिया।

अपने आपत्तिजनक फ़ेसबुक पोस्ट में प्रोफ़ेसर कनक सरकार ने ‘वैल्यू बेस्ड काउन्सलिंग फ़ॉर एडुकेटेड यूथ’ के अंतर्गत लिखा:

“कई लड़के मूर्ख ही रह जाते हैं। वो पत्नी के रूप में वर्जिन लड़की को लेकर जागरूक नहीं होते। वर्जिन लड़कियाँ सील्ड बोतल या बंद पैकेट की तरह होती हैं। क्या आप कोल्ड ड्रिंक या बिस्किट के पैकेट को टूटे सील के साथ ख़रीदना चाहेंगे? आपकी पत्नी के मामले में भी यही होता है। एक लड़की जन्म से ही बायोलॉजिकली सील्ड होती है जब तक कि उसका सील खोला नहीं जाए। एक वर्जिन लड़की का अर्थ हुआ आप उसके साथ बहुत कुछ पा रहे हैं, जैसे महत्व, संस्कृति और सेक्सुअल हाइजीन। अधिकतर लड़कों के मामले में वर्जिन लड़की एक परी की तरह होती है।”

प्रोफेसर का आपत्तिजनक फ़ेसबुक पोस्ट जिसे उन्होंने डिलीट कर दिया (फोटो साभार: एनबीटी)

प्रोफ़ेसर के इस आपत्तिजनक बयान के बाद उन्हें काफ़ी विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों के विरोध को देखते हुए उन्होंने अपने फ़ेसबुक पोस्ट को डिलीट कर दिया। इसके बाद माफ़ी माँगने की बजाए वो अपने पोस्ट के बचाव में उतर आए। अपने पूर्व के पोस्ट का बचाव करते हुए उन्होंने अभिव्यक्ति की आज़ादी की दुहाई देते हुए एक दूसरा पोस्ट लिखा। दूसरे फ़ेसबुक पोस्ट में प्रोफ़ेसर कनक ने इसे अपनी व्यक्तिगत राय बताते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने आईटी एक्ट की धारा 66 ए को निरस्त कर दिया है और सोशल मीडिया में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता दी है।

साथ ही उन्होंने बांग्लादेशी लेखिका तस्लीमा नसरीन का ज़िक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने एक धर्म विशेष के ख़िलाफ़ लिखा तब उनका समर्थन किया गया। उन्होंने कहा कि हम हिन्दू देवी-देवताओं के बारे में लिखने वाले बंगाली कवि श्रीजातो का भी समर्थन कर रहे हैं। अपने आपत्तिजनक बयान का बचाव करते हुए प्रोफ़ेसर सरकार ने लिखा:


पूर्व के पोस्ट का बचाव करते हुए नई पोस्ट

“अपने विचारों को व्यक्त करना हर किसी का अधिकार है। मैंने किसी भी व्यक्ति,या किसी के खिलाफ बिना किसी सबूत या सबूत या किसी संदर्भ के कुछ भी नहीं लिखा है। मैं सोसाइटी के अच्छे और भलाई के लिए सामाजिक शोध और लेखन कर रहा हूं।”

बाद में उन्होने टाइम्स ऑफ़ इंडिया को बताया कि ये उनका व्यक्तिगत विचार है और जाधवपुर यूनिवर्सिटी का इस से कुछ भी लेना-देना नहीं है। बता दें कि प्रोफ़ेसर कनक सरकार कई वर्षों से जाधवपुर यूनिवर्सिटी में शैक्षणिक कार्य कर रहे हैं। टीचर्स एसोसिएशन ने भी उनके इस पोस्ट से ख़ुद को अलग कर लिया है। राज्य की महिला आयोग ने भी उनके इस बयान के लिए उनकी निंदा की है।

वैसे ये पहली बार नहीं है जब जाधवपुर यूनिवर्सिटी गलत कारणों से सुर्ख़ियों में आया हो। इस से पहले भी कई विवादित वजहों से जाधवपुर यूनिवर्सिटी ख़बरों में आता रहा है। पिछले वर्ष जनवरी में यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की एक फोटो में उनके चेहरे को विकृत कर दिया गया था। उसके बाद यूनिवर्सिटी के कुलपति ने इस घटना की निंदा की थी। सत्तर के दशक में यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर ही तत्कालीन कुलपति को मार डाला गया था। ऐसा इसीलिए, क्योंकि उन्होंने लेफ़्ट संगठन के छात्रों द्वारा परीक्षा बहिष्कार के ख़िलाफ़ स्टैंड लिया था।

मुलायम के समधी के बाग़ी तेवर; कहा ‘अखिलेश ने माया के सामने घुटने टेके’

समाजवादी पार्टी के विधायक हरिओम यादव ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर मायावती के सामने घुटने टेकने का आरोप लगाया है। साथ ही, उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन का भी विरोध किया है। यादव ने चेतावनी दी है कि फ़िरोज़ाबाद में ये गठबंधन नहीं चलेगा। सिरसागंज से तीसरी बार विधायक बने हरिओम यादव ने कहा कि जब तक अखिलेश यादव बसपा सुप्रीमो मायावती के सामने घुटने टेकते रहेंगे तभी तक ये गठबंधन चलेगा। सिरसागंज उत्तरप्रदेश के फ़िरोज़ाबाद ज़िले में स्थित विधानसभा क्षेत्र है। हरिओम यादव ने रविवार (जनवरी 13, 2019) को एक प्रेस वार्ता में महागठबंधन का विरोध करते हुए कहा:

“सपा-बसपा गठबंधन फ़िरोज़ाबाद में नहीं चल पाएगा। ये यहाँ नहीं सफल होगा। ये गठबंधन तभी तक चल सकता है जब तक हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष (अखिलेश यादव) जी ‘बहन जी’ (मायावती) की हाँ में हाँ मिलाते रहेंगे और घुटने टेकते रहेंगे।”

बता दें कि हरिओम यादव फ़िरोज़ाबाद लोकसभा क्षेत्र से आने वाले एकमात्र सपा विधायक हैं। सिरसागंज के अलावे फ़िरोज़ाबाद के बाक़ी चारों विधानसभा क्षेत्रों पर भारतीय जनता पार्टी का कब्ज़ा है। ऐसे में यादव के बागी तेवर से उस क्षेत्र में सपा-बसपा की मुश्किलें बढ़ सकती है। यही नहीं, उन्होंने 22 जनवरी को शिकोहाबाद में पोल-खोलो सम्मलेन भी बुलाया है जिसमे वो सपा कार्यकर्ताओं को ये बताएंगे कि कैसे पार्टी ने उन सब के साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया है।

इसके साथ ही यादव ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव और उनके बेटे अक्षय यादव पर भाजपा से मिले होने का आरोप लगाया। रामगोपाल राज्यसभा में समाजवादी पार्टी संसदीय दल के नेता हैं जबकि अक्षय यादव फ़िरोज़ाबाद से संसद हैं। महागठबंधन के खिलाफ बोलते हुए हरिओम यादव ने आगे कहा:

“नेताजी (मुलायम सिंह यादव) जैसे विशाल हृदय वाले व्यक्ति के साथ गठबंधन नहीं चला तो इनके साथ कैसे चलेगा?”

हरिओम यादव ने कहा कि उन्होंने अखिलेश यादव के सहयोग से अपने विधानसभा क्षेत्र का ख़ूब विकास कराया लेकिन सांसद (अक्षय यादव) और उनके पिता क्षेत्र की जनता को गुमराह कर रहे हैं। रामगोपाल यादव पर आरोपों की बौछाड़ करते हुए हरिओम कहा कि वो उनके बेटे विजय प्रताप के ख़िलाफ़ साज़िश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि अबकी फ़िरोज़ाबाद लोकसभा क्षेत्र से शिवपाल सिंह यादव चुनाव लड़ेंगे और अगर ऐसा नहीं होता है तो जनता जो फ़ैसला लेगी वही होगा।

बता दें कि हरिओम यादव के बेटे विजय प्रताप यादव उर्फ़ छोटू को सपा से पहले ही निष्काषित किया जा चुका है। फ़िरोज़ाबाद के जिला पंचायत अध्यक्ष रहे विजय ने अपने निष्कासन के पीछे भी प्रोफ़ेसर रामगोपाल का हाथ बताया था। दोनों पिता-पुत्र के ख़िलाफ़ 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती की सरकार ने हिस्ट्रीशीट खोली थी और उन पर कई मुक़दमे दर्ज हुए थे लेकिन सपा की सरकार बदलते ही पास पलट गया था। दोनों पर तत्कालीन अधिकारियों से साँठ-गाँठ कर हिस्ट्रीशीट को नष्ट करवाने का भी आरोप है।

गुजरात ने रचा इतिहास: सामान्य वर्ग के लिए 10% आरक्षण लागू करने वाला पहला राज्य

सामान्य वर्ग (आर्थिक रूप से कमजोर) आरक्षण बिल के तहत शिक्षा और रोज़गार के क्षेत्र में मिलने वाले आरक्षण को गुजरात सरकार ने लागू कर दिया है। इस फैसले के साथ ही गुजरात देश का पहला राज्य बन गया है, जहाँ पर सामान्य वर्ग आरक्षण बिल को सबसे पहले लागू किया गया हो।

राज्य के मुख्यमंत्री विजय रुपानी ने रविवार (जनवरी 13, 2019) को ट्वीट के जरिए इस बात की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि 14 जनवरी 2019 को मकर संक्रांति के अवसर पर आर्थिक रूप से कमज़ोर सामान्य वर्ग के लोगों के लिए लाए गए आरक्षण बिल को सभी सरकारी नौकरियों में और उच्च शिक्षा में लागू कर दिया जाएगा।

सीएम रूपानी ने कहा है कि आने वाली सभी सरकारी नियुक्तियों में और शिक्षा के क्षेत्र में 10 प्रतिशत आरक्षण को लेकर फायदा उठाया जा सकेगा।

आरक्षण की नई व्यवस्था उन दाखिलों और नौकरियों पर भी लागू की जाएगी, जिनका विज्ञापन 14 जनवरी से पहले जारी तो हुआ हो, लेकिन उसकी वास्तविक प्रक्रिया शुरू नहीं हुई हो। जिन मामलों में वास्तविक प्रक्रिया (परीक्षा के अलावा) शुरू हो चुकी होगी, वहाँ पर दाखिला प्रक्रिया और नौकरियों के लिए दोबारा से घोषणा की जाएगी।

सीएम द्वारा दी गई इस जानकारी के बाद राज्य लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष दिनेश दास ने ट्वीट के ज़रिए बताया कि इस घोषणा के बाद 20 जनवरी को होने वाली प्रारंभिक परीक्षाओं को आगे बढ़ा दिया गया है। नए आरक्षण मापदंडों को जल्द ही गुजरात राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा सूचित किया जाएगा।

बता दें कि आर्थिक रूप से कमज़ोर सामान्य वर्ग की सूची में आने वाले लोगों के लिए आरक्षण पर केंद्रीय मंत्रीमंडल ने 7 जनवरी को मुहर लगाई गई थी। लोकसभा व राज्यसभा में चली लंबी बहस के बाद यह विधेयक दोनों सदनों में बहुमत से पास हुआ। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के हस्ताक्षर के बाद यह अब कानून बन गया है।

संक्रान्ति उत्सव पर पतंगबाजी हैदराबाद में बैन, पुलिस ने दिया ‘सुरक्षा’ कारणों का हवाला

पूरे देश में जहाँ 14-15 जनवरी को मकर संक्रान्ति का पर्व खुशियाँ लेकर आया, वहीं हैदराबाद की पुलिस ने पतंग-प्रेमियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। ‘सुरक्षा’ कारणों का हवाला देते हुए शहर स्थित धार्मिक स्थलों के आस-पास और आने-जाने वाली सड़कों पर पतंग उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

पुलिस आयुक्त अंजनी कुमार ने लोगों को पतंग न उड़ाने का आदेश दिया। आदेश के साथ उन्होंने लोगों को सलाह भी दी कि वे अपने बच्चों को पतंगों को इकट्ठा करने के लिए सड़कों पर दौड़ने से या बिजली के खंभों पर चढ़ने की अनुमति न दें।

अपने आदेश में पुलिस आयुक्त ने कहा, “कानून और व्यवस्था के लिए, शांति बनाए रखने के लिए और शांति भंग करने लायक घटनाओं को रोकने के लिए, हैदराबाद में 14-15 जनवरी को संक्रांति त्योहार के दौरान पतंगबाजी को रेगुलेट (स्थान विशेष पर प्रतिबंधित) किया जाएगा।”

पुलिस आयुक्त ने हालाँकि एक अच्छी सलाह यह भी दी कि माता-पिता अपने बच्चों को उन छतों से पतंग न उड़ाने दें, जिनके छज्जे बिना घेरे वाले हैं ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो।

पुलिस का नागरिक हितों में सलाह देना एक आम प्रशासनिक प्रक्रिया है। लेकिन ऐसे तमाम ‘सलाह’ समय-समय पर सिर्फ और सिर्फ हिन्दू प्रतीकों को ही टारगेट कर दिए जाते हैं। आपको याद होगा कैसे होली पर – वॉटरलेस होली – शब्द गढ़ लिया जाता है। दिवाली पर प्रदूषण का आलम कुछ ऐसा होता है कि क्रैकरलेस दिवाली के लिए पूरा ‘तंत्र’ काम करने लगता है – बाकी के दिनों में आसमान नीला दिखता है। मूर्ति-विसर्जन से प्रदूषित होती नदियों को बचाने के लिए लोग लंबे-लंबे लेख लिख मारते हैं और ‘तंत्र’ उनके साथ जी-जान से इसे लागू करवाता है। दही-हाँडी पर लोगों को चोट लगने की ‘फ़िक्र’ पूरे देश की भावना में बदल जाती है।

लेकिन-लेकिन-लेकिन… ये तमाम फ़िक्र तब धुआं-धुआं हो जाता है जब हर हफ़्ते शुक्रवार की नमाज़ के लिए देश के लगभग हर जिले में कहीं-न-कहीं, कोई-न-कोई सड़क जाम कर दी जाती है। दही-हाँडी पर मगरमच्छी आँसू बहाने वाले मुहर्रम पर चाकू-तलवारों से पीठ-सीना छलनी करने वाली प्रथा पर मुँह में लेमनचूस डाल लेते हैं। शब-ए-बरात पर बाइक से स्टंट करते लड़के जब ट्रैफिक पुलिस के लिए आफ़त बन जाते हैं, तब यही तंत्र और इनका ‘प्रशासन’ धार्मिक सौहार्द्र की चादर ताने सोया रहता है।