भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से पाकिस्तान को काफी नुकसान हुआ है। भारत ने पहले भी इस बात की पुष्टि सैटेलाइट तस्वीरों के जरिए की थी। अब न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में भी खुलकर ये बात लिख दी गई है।
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले की जवाबी कार्रवाई में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च किया था। 7 मई 2025 को शरू हुए इस मिशन में भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर के 9 आतंकी ठिकाने धवस्त कर दिए थे।
इससे तिलमिलाए पाकिस्तान ने जब ड्रोन और मिसाइल से भारत के शहरों पर हमला करने की कोशिश की तो भारतीय सेना ने उसे नाकाम कर दिया। लेकिन इसके बाद चार दिन तक यह सैन्य संघर्ष जारी रहा।
भारत के हमलों से पस्त हुआ पाक
इस संघर्ष के दौरान भारत हमेशा से ही पाकिस्तान पर हावी रहा। भारतीय सेना ने कराची से 100 मील यानी लगभग 160 किलोमीटर दूर भोलारी एयरबेस, पाकिस्तानी फौज के मुख्यालय और प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ के कार्यालय से लगभग 25 किमी की दूरी पर स्थित नूर खान एयरबेस, रहीम यार खान एयरफील्ड, सरगोधा एयरबेस, पसरूर और सियालकोट स्थित एयरबेस के रडार स्थलों समेत कई मुख्य जगहों पर हमला किया था।
देश के कई बड़े और महत्वपूर्ण जगहों पर एयर स्ट्राइक से हुए हमलों में पाकिस्तान को नुकसान भी हुआ लेकिन आतंकी मुल्क ने हमेशा से इस बात को नकारा कि पाकिस्तान में कोई भी नुकसान हुआ है।
अब न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में सैटेलाइट तस्वीरों के बिनाह पर यह बताया गया है कि पाकिस्तान को इस सैन्य संघर्ष में काफी नुकसान पहुंचा है। तस्वीरों में पहले और बाद की स्थिति को साफ तौर पर इसे दिखाया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है, “सैटेलाइट तस्वीरों से साफ पता चलता है कि हमले काफी व्यापक थे। ज्यादातर नुकसान भारत ने पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर पहुंचाया है।”

रिपोर्ट में यह भी लिखा गया कि दोनों पक्षों का किए गए हमले सटीक और टारगेटेड थे जो कि हाईटेक युग के युद्ध की तस्वीर बयां करता है। हालाँकि पाक ने भारत में नुकसान के जितने दावे किए, उतने नहीं हुए हैं।
पाकिस्तान में 10 मई को एक नोटिस जारी कर कहा था कि रहीम यार खान हवाई अड्डे का रनवे क्रियाशील नहीं है पर इसका कोई कारण नहीं बताया था। सैटेलाइट तस्वीरों से हुए नुकसान से ये कारण भी साफ तौर पर सामने आ गया।
इसी तरह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में सरगोधा एयरबेस के रनवे के दो हिस्सों पर भारत ने हमला किया। सैटेलाइट से प्राप्त तस्वीरों में भी यह हमले से पहले और बाद की स्थिति साफ नजर आ रही है।
पाकिस्तान के झूठे दावों की खुली पोल
अपने नुकसान से बौखलाए पाकिस्तान के अधिकारियों ने यह झूठ फैलाने की कोशिश की कि पाकिस्तानी फौज ने भारत के उधमपुर एयरबेस को हमले से तबाह कर दिया है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि 12 मई की सैटेलाइट की तस्वीरों में किसी तरह का नुकसान नहीं दिख रहा है।

सैटेलाइट तस्वीरों का हवाला देते हुए न्यूयॉर्क टाइम्स में साफ तौर पर लिखा गया है कि चार दिनों तक चले इस टकराव के दौरान भारत ने पाकिस्तान की सैन्य सुविधाओं और हवाई अड्डों को काफी नुकसान पहुँचाया है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत और पाकिस्तान के बीच चली सैन्य संघर्ष परमाणु सशस्त्र दो देशों के बीच आधी सदी में सबसे व्यापक लड़ाई रही। दोनों देशों ने एक दूसरे की हवाई सुरक्षा का परीक्षण करने और सैन्य सुविधाओं पर हमले के लिए मिसाइल और ड्रोन्स का उपयोग किया और इसीलिए उन्होंने एक दूसरे पर गंभीर नुकसान पहुंचने का दावा भी किया।
वाशिंगटन पोस्ट ने भी बताया भारत को बताया विजेता
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के बाद वाशिंगटन पोस्ट की भी एक रिपोर्ट सामने आई। उसने रिपोर्ट में लिखा कि भारत ने पाकिस्तान के 6 एयरबेस पर हमला कर उन्हें ध्वस्त कर दिया है। सैटेलाइट तस्वीरों का हवाला देते हुए उसने भी लिखा है कि भारत ने पाक हवाई इड्डों के तीन हैंगर्स, दो रनवे और एयरफोर्स के 4 मोबाइल टावरों को तबाह कर दिया है। दो दर्जन सैटेलाइट तस्वीरों और वीडियों की समीक्षा के बाद इस नतीजों को साफ तौर पर लिखा गया है।
पाक के हमले बेअसर
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने रफीकी, मुरीदके, चकलाला, रहीम यार खान, सुक्कुर और चुनियन समेत कई पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर भी गंभीर हमले किए।
पाकिस्तान के पक्ष पर न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा, “पाक ने जिन जगहों पर हमला करने का दावा किया है, उनकी सैटेलाइट तस्वीरें सीमित हैं। यह तस्वीर पाकिस्तानी हमलों से हुए नुकसान को स्पष्ट तौर पर नहीं दिखाती हैं। यहाँ तक कि जिन जगहों पर सैन्य कार्रवाई के पुष्ट सबूत हैं, उनकी भी तस्वीर पूरी तरह नहीं मिली है।”
यह बताता है कि पाकिस्तान की ओर से की गई कार्रवाई में भारत को हल्का-फुल्का नुकसान ही पहुंचा है। चार दिनों तक चले हमलों के बाद 10 मई 2025 को संघर्ष को समाप्त करने के लिए दोनों देशों के बीच सीजफायर का समझौता किया गया।


