कई वर्षों से ऑपइंडिया यह बात उठाता रहा है कि खुद को ‘मुक्त ज्ञानकोश’ (free encyclopedia) कहने वाला विकिपीडिया न तो पूरी तरह निष्पक्ष है और न ही पूरी तरह स्वतंत्र। विकिपीडिया भारत और हिंदुओं के खिलाफ पक्षपात करने वाले संपादकों (Editors) को मंच देता है जो लोगों और संस्थाओं के बारे में भ्रामक और एकतरफा जानकारी डालते हैं। अब नैचुरल पॉइंट ऑफ व्यू (NPOV) मीडिया की नई शोध रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कुछ हिंदू विरोधी संपादक अमेरिका स्थित ‘हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन’ (HAF) के खिलाफ विकिपीडिया पर प्रोपेगेंडा फैला रहे हैं।

कुछ विकिपीडिया संपादकों ने हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन की कई गतिविधियों को ‘हिंदुत्व’ से जोड़ने की कोशिश की। इसका उद्देश्य यह नैरेटिव बनाना है कि HAF एक हिंदू समर्थक राजनीतिक एजेंडा को आगे बढ़ाने वाला संगठन है।
HAF के विकिपीडिया पेज के अनुसार, यह हिंदू अधिकार संगठन ‘हिंदू अधिकारों’ के नाम पर हिंदुत्व को नए रूप में प्रस्तुत कर रहा है। इसमें कहा गया है कि संगठन अमेरिका में हिंदुओं पर होने वाले अत्याचारों का मुद्दा उठाता है, योग जैसी हिंदू परंपराओं के सांस्कृतिक दुरुपयोग का विरोध करता है और ऐसे कानूनों का विरोध करता है जिनका इस्तेमाल कथित जातिगत भेदभाव के नाम पर हिंदुओं को निशाना बनाने के लिए किया जाता है।
विकिपीडिया पर HAF के पेज पर लिखा है, “यह संगठन दावा करता है कि उसका काम अमेरिका में हिंदुओं के अधिकारों की रक्षा करना, विदेशों में हिंदुओं पर होने वाले अत्याचारों की ओर ध्यान दिलाना, योग के सांस्कृतिक दुरुपयोग का विरोध करना और जाति आधारित भेदभाव को रोकने वाले कानूनों का विरोध करना है। हालाँकि, इन प्रयासों को हिंदुत्व को ‘हिंदू अधिकार’ के रूप में पेश करने की कोशिश माना जाता है ताकि इसे अमेरिका की मुख्यधारा की बहुसांस्कृतिक (Multiculturalism) राजनीति में आसानी से स्वीकार किया जा सके।”

3 जून को प्रकाशित अपनी रिपोर्ट में एशले रिंड्सबर्ग के नेतृत्व वाले NPOV Media ने दावा किया कि कुछ गिने-चुने गुमनाम संपादकों ने HAF के विकिपीडिया पेज के 80% से अधिक हिस्से को नियंत्रित किया हुआ है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि HAF के विकिपीडिया पेज पर दिखाई देने वाली लगभग 80% पक्षपातपूर्ण जानकारी के पीछे केवल चार एडिटर्स की भूमिका है। ये एडिटर्स TrangaBellam, Kautilya3, Llightex और Shahinshah121 हैं। इसके अलावा Vanamonde93 नाम का एक हिंदू विरोधी एडिटर भी इन लोगों का समर्थन करता है।
NPOV की रिपोर्ट ‘Wikipedia’s India War’ में कहा गया है, “HAF की छवि बदलने की कोशिश 2021 की शुरुआत में शुरू हुई थी। उसी समय विकिपीडिया के कुछ अत्यधिक सक्रिय एडिटर्स ने HAF, उसके आलोचकों और उससे जुड़े संगठनों के चारों ओर आपस में जुड़े पृष्ठों का एक तंत्र तैयार करना शुरू किया। इनमें TrangaBellam, Kautilya3, Llightex और Shahinshah121 शामिल हैं। वहीं, वेबसाइट के सबसे प्रभावशाली प्रशासकों में शामिल Vanamonde93 कई बार ऐसे हस्तक्षेप करता दिखाई दिया जिससे इस समूह को लाभ होता नजर आया।”
यह भी याद रखने वाली बात है कि वर्ष 2021 में ही हिंदू विरोधी ‘इतिहासकार’ ऑड्रे ट्रुश्के (Audrey Truschke) ने HAF के खिलाफ बड़ा ऑनलाइन अभियान शुरू किया था। उन्होंने HAF पर अमेरिका में ‘हिंदू राष्ट्रवाद’ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था। मई 2021 में HAF ने ट्रुश्के के खिलाफ मुकदमा भी दायर किया था।
इसी दौरान HAF के विकिपीडिया पृष्ठ पर कथित रूप से कई हिंदू विरोधी एडिटर्स द्वारा नकारात्मक और पक्षपातपूर्ण जानकारी जोड़ी जा रही थी। साथ ही संगठन के खिलाफ नए-नए लेख और सामग्री भी लगातार जोड़ी जा रही थी।
NPOV की रिसर्च में यह भी सामने आया है कि HAF द्वारा ऑड्रे ट्रुश्के, जॉर्ज सोरोस से फंडेड ‘हिंदूज फोर ह्यूमन राइट्स’ (Hindus for Human Rights) और इस्लामी संगठन इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल के खिलाफ मुकदमा दायर करने से लगभग दो महीने पहले ‘TrangaBellam’ ने ट्रुश्के का विकिपीडिया पेज बनाया था। आज भी उस पृष्ठ पर सबसे अधिक योगदान (57% से अधिक) उसी एडिटर का है।
एक ओर HAF के विकिपीडिया पेज पर संगठन के खिलाफ कथित रूप से पक्षपातपूर्ण जानकारी डाली जा रही थी तो वहीं दूसरी ओर ट्रुश्के के विकिपीडिया पेज पर उनके खुद को पीड़ित बताने वाले दावों को प्रमुखता दी जा रही थी। ट्रुश्के X पर अपने पोस्ट में लगातार यह दावा करती रही हैं कि उन्हें ‘हिंदू राष्ट्रवादियों’ से धमकियाँ मिल रही हैं।
दिलचस्प बात यह रही कि विकिपीडिया के संपादकों ने ट्रुश्के द्वारा लिखे गए वाशिंगटन पोस्ट के एक ओपिनियन पोस्ट को इस दावे के ‘स्रोत’ के रूप में इस्तेमाल किया कि ट्रुश्के को ‘हिंदुत्व से जुड़े लोगों’ द्वारा परेशान किया जा रहा था। दूसरा स्रोत ‘हिंदुत्व उत्पीड़न फील्ड मैनुअल’ था जिसे साउथ एशिया स्कॉलर एक्टिविस्ट कलेक्टिव (SASAC) ने तैयार किया था। इस ग्रुप के सह-संस्थापक खुद ट्रुश्के थीं।
यानी ट्रुश्के ने दावा किया कि HAF जैसे हिंदू अधिकार संगठनों द्वारा उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने अपने लेखों और ‘मैनुअल’ में भी यही बातें दोहराईं। इसके बाद विकिपीडिया संपादकों ने उन्हीं दावों को उठाकर उनके विकिपीडिया पेज पर जोड़ दिया। TrangaBellam और अन्य हिंदू विरोधी एडिटर्स ने मूल रूप से ऐसा माहौल तैयार किया कि पेज पढ़ने वाले लोग या तो इन दावों के स्रोत को नजरअंदाज कर दें या यह मान लें कि अगर ट्रुश्के कह रही हैं कि हिंदू उन्हें परेशान कर रहे हैं तो यह सच ही होगा।
NPOV रिपोर्ट के अनुसार, “कुछ ही हफ्तों में Truschke के विकिपीडिया पेज की शुरुआती पंक्तियों में ही लिखा गया कि ‘ट्रुश्के अक्सर हिंदुत्व समर्थकों द्वारा परेशान की जाती रही हैं जो उन पर हिंदू धर्म के प्रति पक्षपातपूर्ण सोच और आपत्तिजनक बयान देने का आरोप लगाते हैं जबकि विद्वान इन आरोपों को खारिज करते हैं।” विकिपीडिया पर ट्रुश्के को हिंदू ‘चरमपंथियों’ द्वारा परेशान किए जाने वाला विवरण 10 जुलाई 2021 को TrangaBellam द्वारा जोड़ा गया था।
रिपोर्ट में आगे बताया गया कि कुछ ही दिनों बाद TrangaBellam ने HAF के पेज पर अपना पहला और सबसे महत्वपूर्ण बदलाव किया। TrangaBellam ने दावा जोड़ा कि HAF द्वारा दायर मुकदमा अकादमिक स्वतंत्रता पर हमला था। इस एडिटर ने HAF के विकिपीडिया पेज पर HAF के खिलाफ कई दावे जोड़े और मंच के नियमों का उल्लंघन करते हुए Hindus for Human Rights की वेबसाइट का हवाला दिया जबकि यह संस्था HAF द्वारा दायर मुकदमे में पक्षकार थी।
TrangaBellam के अलावा Shahinshah121 नाम के एक एडिटर ने ट्रुश्के की नई SASAC वेबसाइट के कई लिंक जोड़े और HAF के पृष्ठ को संपादित करते हुए यह दावे भी जोड़े कि संगठन के कुछ सदस्यों में मुस्लिम विरोधी भावना मौजूद है। इससे पहले 8 जुलाई 2021 को Shahinshah121 ने ट्रुश्के के SASAC के लिए विकिपीडिया पेज बनाने की कोशिश की थी। यह प्रयास SASAC का डोमेन पंजीकृत होने के केवल दो दिन बाद किया गया था। Shahinshah121 ने ऐसे तीन और असफल प्रयास किए।
Shahinshah121 ने HAF के पेज पर 24 बदलाव किए और उसके बाद सबसे अधिक एडिटिड पेज ‘हिंदुत्व’ पर 6 बदलाव किए। इस संपादक के कुल बदलावों का लगभग आधा हिस्सा HAF के पेज पर था जबकि दूसरे नंबर पर ‘हिंदुत्व’ का पेज था। बाकी कामों में Shahinshah121 ने केवल एक-एक बदलाव किए। NPOV विश्लेषण के अनुसार, TrangaBellam, Shahinshah121 और इस समूह के अन्य एडिटर द्वारा किए गए बदलावों ने यह नैरेटिव स्थापित किया कि HAF, RSS से जुड़ा और BJP समर्थक ‘हिंदुत्ववादी चरमपंथी’ संगठन है जो खुद को केवल हिंदू अधिकारों के लिए काम करने वाला संगठन बताता है।
रिपोर्ट में 2025 की एक घटना का जिक्र करते हुए बताया गया कि विकिपीडिया एडिटर्स ने अस्पष्ट पत्रों और सामान्य समाचार रिपोर्टों के आधार पर यह संकेत देने की कोशिश की कि HAF अमेरिकी न्याय विभाग की निगरानी में था। HAF के विकिपीडिया पेज पर लिखा गया, ‘2025 में HAF का नाम न्याय विभाग में की गई एक शिकायत में शामिल किया गया, जिसमें आरोप लगाया गया कि HAF भारत की BJP के बिना पंजीकरण वाले विदेशी एजेंट की तरह काम करता है।”
हालाँकि, असल में खालिस्तान समर्थक ‘फ्रेमोंट गुरुद्वारा साहिब’ ने अमेरिकी न्याय विभाग के माध्यम से एक लॉ फर्म को एक पत्र भेजा था जिसमें ‘विदेशी एजेंट’ वाले दावे किए गए थे। इस घटना को मदर जोन्स, बाज न्यूज और ब्रिटेन के द गार्जियन जैसे प्रोपेगेंडा मीडिया संस्थानों ने भी प्रकाशित किया था।

Shahinshah121 ने इस घटना का जिक्र HAF के विकिपीडिया पेज पर किया लेकिन यह जानकारी नहीं जोड़ी कि अमेरिकी न्याय विभाग ने HAF के खिलाफ किसी जाँच की घोषणा नहीं की थी।
HAF के विकिपीडिया पेज को इस तरह बदलने वाला एक और प्रमुख हिंदू विरोधी एडिटर Kautilya 3 था, जिसने हिंदू अधिकार संगठन को एक भ्रामक राष्ट्रवादी चरमपंथी संगठन की तरह दिखाने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए।
Kautilya3 द्वारा HAF के विकिपीडिया पेज पर लिखा गया, “इस संगठन की नींव हिंदू राष्ट्रवादी संगठन विश्व हिंदू परिषद अमेरिका और उसकी छात्र शाखा हिंदू छात्र परिषद से जुड़ी हुई हैं। इसके आलोचकों के अनुसार, HAF ने ‘हिंदू अधिकारों’ की भाषा में हिंदू राष्ट्रवादी एजेंडे को दोबारा प्रस्तुत किया है ताकि वह अमेरिकी मुख्यधारा की राजनीति में आसानी से फिट हो सके।”
HAF पृष्ठ पर योगदान देने के अलावा Kautilya 3 ने ‘भारतीय अमेरिकी मुस्लिम परिषद’ के विकिपीडिया पेज पर 25.3% लेखन योगदान दिया है। इसके साथ ही, अमेरिका में जातिगत भेदभाव (caste discrimination in the US) वाले विकिपीडिया पृष्ठ का 41.4 प्रतिशत योगदान भी Kautilya 3 के पास है।
Kautilya 3 ब्रिटेन का विकिपीडिया एडिटर उदय रेड्डी है जिसके खिलाफ 2024 में मणिपुर पुलिस ने विभिन्न समुदायों के बीच दुश्मनी फैलाने और मैतेई समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने के आरोप में मामला दर्ज किया था।
2024 में ऑपइंडिया ने एक विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित की थी जिसमें बताया गया था कि विकिपीडिया विचारधारा मुक्त और समर्थित हस्तक्षेप से मुक्त ज्ञानकोश नहीं है जैसा कि विकिमीडिया फाउंडेशन का दावा है कि यह दुनिया भर में हजारों स्वतंत्र और उत्साही स्वयंसेवकों की सहायता सेवा है। ऑपइंडिया ने बताया था कि विकिपीडिया के ‘NPOV’ (तटस्थ दृष्टिकोण) दिशा-निर्देशों का मतलब यह नहीं है कि किसी भी लेख में हर तरह के विचारों को समान स्थान मिलेगा।
TrangaBellam, Shahinshah121 और Kautilya 3 के अलावा, हिंदू विरोधी विकिपीडिया एडिटर्स के इस समूह में Vanamonde93 नाम का एक एडिटर भी शामिल है। अन्य हिंदू विरोधी विकिपीडिया बदलावों के अलावा, इसने HAF के पेज पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए थे। खास बात यह है कि Vanamonde93 विकिपीडिया के उन केवल 32 प्रशासकों में शामिल है, जिनके पास एक साथ जाँचकर्ता (checkuser) और निरीक्षणकर्ता (oversighter) दोनों अधिकार मौजूद हैं।

NPOV रिपोर्ट के अनुसार, “16 सितंबर को Vanamonde93 ने एक ऐसा बदलाव किया जो देखने में छोटा था लेकिन उसका असर दूरगामी था। इस एडिटर ने पेज के एक सेक्शन का शीर्षक ‘Alleged Hindu Nationalist Ties’ (कथित हिंदू राष्ट्रवादी संबंध) से बदलकर केवल ‘Hindu nationalist ties’ (हिंदू राष्ट्रवादी संबंध) कर दिया। केवल एक मिनट में यह दावा आरोप से बदलकर स्थापित तथ्य की तरह दिखने लगा।”
साल 2018 में ट्रुश्के ने एक ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने भगवान राम को ‘misogynist pig’ (स्त्री द्वेषी सुअर) कहा था। उन्होंने वाल्मीकि रामायण के एक हिस्से का अपने तरीके से अनुवाद करते हुए दावा किया था कि अग्निपरीक्षा वाले प्रसंग में माता सीता ने भगवान राम को ‘misogynist pig’ कहा था।

विवाद बढ़ने के बाद ट्रुश्के ने सफाई दी थी कि उन्होंने केवल बर्कले के संस्कृत विद्वान रॉबर्ट गोल्डमैन द्वारा किए गए अनुवाद का हवाला दिया था। हालाँकि, गोल्डमैन ने ट्रुश्के के इस वर्णन को खारिज करते हुए कड़ा बयान जारी किया था। उन्होंने कहा था, “ट्रुश्के ने ‘किसी भी तरह से हमारे अनुवाद का हवाला नहीं दिया’, और उनकी भाषा ‘अत्यंत अनुचित’ थी।”
सितंबर 2021 में Vanamonde93 ने इस विवाद से जुड़े हिस्से में बदलाव किया। NPOV रिपोर्ट के अनुसार, “उन्होंने गोल्डमैन की प्रतिक्रिया से जुड़े संदर्भ हटा दिए जिसमें ‘चौंकाने वाली और बेहद अनुचित’ भाषा वाला हिस्सा और पूरे विवाद का संदर्भ शामिल था। अपने बदलाव के सारांश में उसने लिखा:- ‘BLP में बिना स्रोत बताए विवादास्पद दावों के लिए यह स्रोत किसी भी तरह से स्वीकार्य कैसे हो सकता है’?”
हाल ही में 23 फरवरी 2026 को Vanamonde93 ने HAF के पेज पर कई बदलाव किए। इस दौरान उसने HAF की कार्यकारी निदेशक सुहाग शुक्ला का वह सार्वजनिक बयान हटा दिया जो ट्रुश्के, H4HR और IAMC के खिलाफ मुकदमे को लेकर दिया गया था। बदलाव के लिए विकिपीडिया की प्राथमिक स्रोतों (primary sources) से जुड़ी नीति का हवाला दिया गया।
NPOV रिपोर्ट में कहा गया, “जनवरी 2021 में Kautilya3 ने इसी नियम का इस्तेमाल करते हुए HAF की सफाई को हटा दिया था। अपने ही मुकदमे पर HAF का खुद का बयान स्वीकार नहीं किया गया लेकिन मुकदमे को अकादमिक स्वतंत्रता पर हमला बताने वाले कार्यकर्ता स्रोत और राय लेख बने रहे।”
NPOV Media की रिपोर्ट में एक अन्य विकिपीडिया एडिटर Llightex की करतूतों का भी खुलासा हुआ है। Llightex ने सुनीता विश्वनाथ के नेतृत्व वाले हिंदू विरोधी संगठन, हिंदू फॉर ह्यूमन राइट्स (H4HR) का पेज बनाया था और पहले वहीं काम करता था। Llightex ने केवल H4HR का ही नहीं बल्कि IAMC के पेज को भी एडिट किया। HAF मुकदमे के दौरान सुनीता विश्वनाथ का अलग विकिपीडिया पेज भी बनाया गया। मुकदमा खत्म होने के बाद Llightex ने HAF के पृष्ठ में भी बदलाव किए जिससे हिंदू अधिकार संगठन को और अधिक नकारात्मक रूप में दिखाया गया।
HAF की कार्यकारी निदेशक ने विकिपीडिया पेज में बदलाव को बताया ‘अंदरूनी साजिश’
HAF की कार्यकारी निदेशक सुहाग शुक्ला ने HAF के विकिपीडिया पेज में की गई एडिटिंग और बदलावों को ‘अंदरूनी साजिश’ बताया है। NPOV Media की रिपोर्ट सामने आने के बाद प्रतिक्रिया देते हुए सुहाग शुक्ला ने कहा कि संगठन के विकिपीडिया पेज को खराब करने और उसकी पहचान बदलने का काम ‘भीतर’ से किया गया।
सुहाग शुक्ला ने X पर लिखा, “यह एक ‘अंदरूनी काम’ था। हमने पिछले 5 वर्षों से अपने विकिपिडया पृष्ठ को पूरी तरह खराब होते देखा है जिससे संगठन की असली पहचान ही बदल गई। एशले रिंड्सबर्ग और NPOV Media की यह जाँच उस चीज का पर्दाफाश करती है जो HAF पर 4 एडिटर्स के एक समूह द्वारा सुनियोजित हमला लगता है, जिनमें से दो का संबंध ट्रुश्के और ‘हिंदूज फोर ह्यूमन राइट्स’ जैसे संगठन से जुड़ा दिखाई देता है।”
HAF के विकिपीडिया पृष्ठ को खराब करने में चार एडिटर्स की भूमिका को लेकर शुक्ला ने लिखा, “Trangabellam, Kautilya3, Lightex और Shainshah121 HAF के विकिपीडिया पेज की 80% सामग्री के लिए जिम्मेदार हैं। ये लोग कौन हैं? Trangabellam ने ट्रुश्के का विकिपीडिया पृष्ठ बनाया, उसे प्रोटेक्ट किया और उसे आकार दिया जबकि HAF के पेज पर बिना प्रमाण वाले आरोप जोड़े। Lightex ने खुद स्वीकार किया कि वह पहले ‘हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स” के साथ काम कर चुका है, उस समूह का विकिपीडिया पृष्ठ बनाया (जो विकिपीडिया के अपने नियमों के खिलाफ था) और फिर HAF के पृष्ठ को बदलते हुए उसे ‘अति राष्ट्रवादी संगठन’के रूप में दिखाने की कोशिश की।”
शुक्ला ने आगे लिखा, “Shahinshah121 ने HAF के खिलाफ यह आरोप जोड़े कि यह ‘हिंदुत्व’ से जुड़ा है और ‘विदेशी एजेंट के रूप में काम करने के मामले में अमेरिकी न्याय विभाग की जाँच के दायरे में है।’ साथ ही, साउथ एशियन स्कॉलर्स कलेक्टिव बनने के कुछ ही घंटों के भीतर ट्रुश्के के इस समूह को बढ़ावा दिया गया। HAF पेज के दूसरे सबसे सक्रिय संपादक Kautilya3 ने उन सभी जानकारियों को हटा दिया जो आरोपों पर HAF का पक्ष दिखाती थीं जिनमें यह बात भी शामिल थी कि ‘HAF का विभिन्न विदेशी संगठनों से कोई संबंध नहीं है’। इसके बाद उसने जोड़ा कि ‘HAF ने अमेरिकी मुख्यधारा की राजनीति के अनुरूप खुद को ढालने के लिए हिंदू राष्ट्रवादी एजेंडे को हिंदू अधिकारों की भाषा में दोबारा पेश किया है’।”
It was an inside job!
— Suhag A. Shukla (@SuhagAShukla) June 3, 2026
We’ve watched our @Wikipedia page completely defaced & vandalized for 5 years that rendered @HinduAmerican unrecognizable.
This investigation by @AshleyRindsberg @npovmedia blows the cover off of what appears to be a concerted attack on HAF by a cabal of… https://t.co/LdSfu7KH1v
Wikipedia निष्पक्ष नहीं बल्कि पक्षपातपूर्ण है: OpIndia की रिसर्च में क्या सामने आया?
साल 2024 में ऑपइंडिया ने एक विस्तृत दस्तावेज जारी किया था जिसमें बताया गया था कि विकिपीडिया वैसा मुक्त और संपादकीय हस्तक्षेप से मुक्त ज्ञानकोश नहीं है, जैसा विकिमीडिया फाउंडेशन दावा करता है। विकिमीडिया फाउंडेशन का कहना रहा है कि विकिपीडिया दुनिया भर के हजारों निःशुल्क और उत्साही स्वयंसेवकों के योगदान से चलता है।
ऑपइंडिया की शोध रिपोर्ट में सामने आया कि विकिपीडिया की संरचना ही ऐसी है जिसमें कुछ गिने-चुने लोगों को अत्यधिक अधिकार दिए गए हैं। इन लोगों को ‘administrators’ कहा जाता है। पूरी दुनिया में केवल 435 सक्रिय administrators हैं जिनके पास एडिटर्स को प्रतिबंधित करने, स्रोतों को ब्लैकलिस्ट करने, योगदानकर्ताओं को रोकने और किसी लेख में क्या बदलाव किए जाएँ या हटाए जाएँ, यह तय करने की शक्ति होती है।
ऑपइंडिया द्वारा यह दस्तावेज जारी किए जाने के कुछ समय बाद फेसबुक ने भी इस रिपोर्ट को प्रतिबंधित कर दिया। फेसबुक पर पहले भी अमेरिका में चुनावी हस्तक्षेप और एक खास विचारधारा के राजनीतिक हितों को आगे बढ़ाने के आरोप लगते रहे हैं।
विकिपीडिया एक ऐसा बिचौलिया होने का दावा करता है जो बिना किसी कंटेंट दखल और एडिटोरियल लाइन के लोगों की समझ पर निर्भर करता है, ‘भरोसेमंद सोर्स’ पर आधारित है और न्यूट्रल नज़रिया बनाए रखता है। हालांकि, यह सच से बहुत दूर है, जैसा कि ऑपइंडिया रिसर्च में साबित हुआ है। विकिपीडिया पब्लिशर्स के सभी स्टैंडर्ड को पूरा करता है। वे मौजूदा और ऐतिहासिक घटनाओं पर जानकारी इकट्ठा करते हैं, वे अपने एडिटर्स और एडमिनिस्ट्रेटर्स को पेमेंट करते हैं और इंटरनेट पर आम लोग उन्हें आसानी से एक्सेस कर सकते हैं।
ऑपइंडिया की एडिटर-इन-चीफ नूपुर जे शर्मा के द्वारा किए गए रिसर्च पेपर के नतीजों से पता चलता है कि भारत में ऑफिस या मौजूदगी न होने के बावजूद, विकिपीडिया देश में अपने बिजनेस और सोच के फायदे के लिए भारत विरोधी सोच वाली संस्थाओं और लोगों को फंडिंग कर रहा है और यहाँ तक कि इस्लामिस्ट और खालिस्तानियों से भी जुड़ा है। विकिपीडिया न सिर्फ भारत से डोनेशन के रूप में फंड इकट्ठा करता है बल्कि भारत में लाखों डॉलर खर्च भी करता है और पूरी तरह से एकतरफा और सख्त एडिटोरियल लाइन पर चलता है जबकि यह सब एक बिचौलिया होने का दावा करता है पब्लिशर नहीं ताकि भारतीय कानून के सामने किसी भी जवाबदेही से बच सके।
विकिपीडिया को पब्लिशर घोषित करने के अलावा, ऑपइंडिया ने यह भी सिफारिश की कि विकिपीडिया के फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन की जाँच की जाए। ऑपइंडिया का ‘भारत पर विकिपीडिया का युद्ध’ (Wikipedia’s War on India) डोजियर यहाँ पढ़ा जा सकता है।
विकिपीडिया के सह-संस्थापक जिम्मी वेल्स ने एक बार कहा था कि विकिपीडिया का उद्देश्य ‘मानव ज्ञान के पूरे संग्रह को सभी लोगों के लिए उपलब्ध कराना’ है। लेकिन आज यह उद्देश्य शर्तों वाला दिखाई देता है क्योंकि ज्ञान को तभी जगह मिलती है, जब वह किसी खास राजनीतिक विचारधारा के अनुरूप हो। ‘Neutral Point of View’ यानी निष्पक्ष दृष्टिकोण का नियम भी कमजोर पड़ गया है क्योंकि निष्पक्षता अब इस बात पर निर्भर दिखती है कि चर्चा में किन स्रोतों को शामिल होने की अनुमति मिलती है।
जैसा कि ऑपइंडिया के डॉसियर में कहा गया, “यदि विश्वसनीय स्रोतों का समूह ही वैचारिक पक्षपात से प्रभावित हो, तो ‘न्यूट्रल पॉइंट ऑफ व्यू’ सिर्फ एक जरूरत रह जाती है जिसमें वामपंथी विचारधारा के अलग-अलग रूपों को प्रमुखता मिलती है।”
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन के पेज से लेकर बंगाल फाइल्स, द कश्मीर फाइल्स, द केरल स्टोरी, धुरंधर, ऑपइंडिया और हाल में बने कॉकरोच जनता पार्टी जैसे ऑनलाइन अभियान तक विकिपीडिया ऐसे हिंदू विरोधी और भारत विरोधी इस्लामो-वामपंथी समूहों को मंच दे रहा है जो अपनी वैचारिक सोच के आधार पर व्यक्तियों और संस्थाओं के पेज बना रहे हैं, बदल रहे हैं या उन्हें एक खास रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं जबकि विकिपीडिया खुद को बिना संपादकीय हस्तक्षेप वाला ज्ञानकोश बताता है।
(यह खबर मूल रूप से अंग्रेजी में लिखी गई है जिसे इस लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं)


