प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर 2025 से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान शुरू होने जा रहा है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ देकर उन्हें सशक्त बनाना है। प्रधानमंत्री खुद इस अभियान की शुरुआत करेंगे।
पीएम इस कार्यक्रम की शुरुआत बिहार से करेंगे। इसके लिए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने अभियान की सफलता के लिए सभी तैयारियों की समीक्षा की। मंत्री ने बैठक में कहा कि अभियान 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2025 तक पीएम के जन्मदिन के मौके पर आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत शुरू किया जाएगा। इसके तहत कई जनकल्याणकारी कार्यक्रम होंगे।
शिविर में महिलाओं और बच्चों की होगी स्वास्थ्य जाँच
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बताया कि स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के दौरान महिला स्वास्थ्य जाँच, मातृ और शिशु देखभाल, जागरूरकता और व्यवहार परिवर्तन, निक्षय मित्र अभियान, रक्तदान के करीब 75,000 शिविर आयोजित किए जाएँगे। ये शिविर सदर अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में लगाए जाएँगे।
इन शिविरों में महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को विशेष टीकाकरण के साथ-साथ स्त्री रोग, बाल रोग और अन्य बीमारियों की जाँच और उपचार से जुड़ी सेवाएँ प्रदान की जाएँगी। साथ ही ENT, दाँत और आँखों की जाँच की सुविधा भी उपलब्ध होगी और जरूरतमंदों को चश्मा भी दिया जाएगा। शिविरों में आने वाले सभी मरीजों का आभा ID से ऑनलाइन पंजीकरण कराया जाएगा।
इसके अलावा 9 से 14 साल की बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए HPV टीका भी लगाया जाएगा। इसके साथ 591 स्थलों पर आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए समर्पित स्टॉल लगाए जाएँगे, जहां लाभार्थी आसानी से अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकेंगे।
आँगनवाड़ी में मनाया जाएगा पोषण माह
स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत देशभर के आँगनवाड़ी केंद्रों में पोषण माह भी मनाया जाएगा, जिसमें महिलाओं और बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता पर ध्यान दिया जाएगा। इस दौरान महिलाओं और बच्चों को संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
इनमें महिलाओं को जागरूक किए जाएगा कि कैसे चीनी और खाद्य तेलों में 10 प्रतिशत की कमी के साथ मोटापा कम कर सकते हैं। इसके अलावा छोटे बच्चों की देशखभाल और शिशु के आहार से संबंधित आचरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता और पोषण की जानकारी दी जाएगी। साथ टेक होम राशन (THR) वितरित किया जाएगा।
BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा की अभियान से जुड़ने की अपील
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक्स पर पोस्ट में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान से जुड़ने की अपील की। जेपी नड्डा ने निजी अस्पतालों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों और अन्य स्टेक होल्डर्स से भी इस राष्ट्रव्यापी अभियान में भाग लेने की अपील की है।
Hon’ble Prime Minister Shri @NarendraModi ji will launch the Swasth Nari Sashakt Parivar Abhiyaan on 17th September 2025. This initiative aims to strengthen healthcare services for women and children across India, ensuring better access, quality care, and awareness.
— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) September 8, 2025
As part of… pic.twitter.com/IkmMtlW3NE
उन्होंने कहा, “विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। भारत को सर्वोपरि मानते हुए, आइए हम इस सामूहिक प्रयास का हिस्सा बनें।”


