Home Blog Page 1650

‘ये छोटी घटना है’: कॉलेज में छात्राओं का वीडियो बनाए जाने पर बोले कर्नाटक के गृह मंत्री, छानबीन के लिए उडुपी पहुँचा महिला आयोग

कर्नाटक के उडुपी स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज की हिंदू छात्राओं का बाथरूम में अश्लील वीडियो बनाने के मामले में पुलिस ने तीन मुस्लिम छात्राओं पर FIR दर्ज की है। वहीं, अब इस मामले की जाँच के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की सदस्य खुशबू सुंदर गुरुवार (27 जुलाई 2023) को उडुपी पहुँचेंगी।

इस मामले का पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर दो एफआईआर दर्ज की है। एक मामला टॉयलेट में छात्रा के बनाए गए वीडियो को डिलीट करने को लेकर तीन छात्राओं और कॉलेज प्रशासन से जुड़ा है। दूसरा मामला यूट्यूब चैनलों पर हिडन कैमरे वाला वीडियो अपलोड करने से जुड़ा है। मामले में अलीमतुल शैफ़ा, शबानाज़ और आलिया को आरोपित बनाने के साथ-साथ कॉलेज प्रशासन को भी नामजद किया गया है।

उडुपी पहुँचने के बाद NCW की सदस्य खुशबू सुंदर ने कहा, “मैं राष्ट्रीय महिला आयोग के सदस्य के रूप में यहाँ के लिए आई हूँ। मैं सबसे पहले पुलिस के साथ बैठक करूँगी। मैं देखूँगी कि FIR में क्या कहा गया है।”

उन्होंने आगे कहा, “क्या हुआ था… इस बात की जानकारी के लिए मैं इस घटना में शामिल लड़कियों से मिलूँगी। इसके साथ ही कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों से भी मिलूँगी। कॉलेज प्रशासन से मिलकर उनसे बात करूँगी और उनका पक्ष जानने की कोशिश करूँगी कि उनका क्या कहना है।”

उधर, कॉन्ग्रेस शासित कर्नाटक सरकार में गृहमंत्री डॉक्टर जी परमेश्वर ने कहा कि उडुपी की घटना बहुत छोटी है और इसे राजनीतिक रंग देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कॉलेजों में ऐसी चीजें होती रहती हैं। भाजपा को ऐसे छोटे-छोटे मुद्दों पर राजनीति करने से बचना चाहिए।

‘ये लव जिहाद और ड्रग्स का मामला, ओपन एन्ड शट केस’: नज़ीबुर ने हिन्दू पत्नी और उसके माँ-बाप को मार डाला, CM सरमा बोले – 15 दिन में फाइल करो चार्जशीट

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्य के गोलाघाट में सामने आई तिहरे हत्याकांड की घटना को ‘लव जिहाद’ का दुष्परिणाम करार दिया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि इस मामले में असम पुलिस 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दायर करेगी। उन्होंने कहा कि ये पूरी तरह ‘लव जिहाद’ का मामला है। जहाँ मृतक हत्यारा समुदाय से था, वहीं तीनों मृतक हिन्दू परिवार के थे। CM सरमा ने बताया कि फेसबुक पर नजीबुर रहमान ने खुद को हिन्दू बता कर संघमित्रा घोष से जान-पहचान की थी।

‘ये ओपन एन्ड शट केस, ड्रग्स का मामला’: CM सरमा

उन्होंने ये जानकारी दी कि जब नजीबुर रहमान और संघमित्रा घोष कोलकाता भागे थे, तब उसने महिला को भी ड्रग्स का इस्तेमाल करना सिखा दिया। उन्होंने बताया कि नजीबुर रहमान बोरा ड्रग्स का आदी था और प्रतिबंधित पदार्थों की तस्करी भी करता था। उन्होंने बताया कि महिला को ड्रग्स इंजेक्ट किया गया था, जिसके प्रभाव में आकर बेसुध हालत में महिला को गर्भवती कर दिया गया। मुख्यमंत्री ये जानकारी भी दी कि महिला जब उसके पास रहने गई थी, तब उसे प्रताड़ित भी किया गया था।

असम के सीएम ने मृतकों के परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने इस पर भी चिंता जताई कि नाम बदल कर प्यार में फँस जाने के बाद महिला जब वापस लौटती है तो समाज में उसे स्वीकार्यता नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि मज़बूरी में ऐसी स्थिति में लड़कियाँ धर्मांतरण कर लेती हैं, सब कुछ का त्याग कर देती हैं और एक दूसरे ही जीवन में घुस जाती है। सीएम सरमा ने कड़ी से कड़ी सज़ा सुनिश्चित करने का आश्वासन देते हुए इसे एक ‘ओपन एन्ड शट केस’ करार दिया।

नजीबुर ने हिन्दू बीवी और उसके माता-पिता को कुल्हाड़ी से काट डाला

जानकारी देते चलें कि असम में नजीबुर रहमान नामक एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी संघमित्रा और पत्नी के माता-पिता को मार डाला। इसके बाद वो 9 महीने के बच्चे को लेकर पुलिस थाने पहुँच गया। राज्य में इस ट्रिपल मर्डर की घटना सामने आने के बाद सनसनी मच गई है। नजीबुर रहमान ने इस वारदात को अंजाम देने के बाद आत्मसमर्पण कर दिया है। संघमित्रा की उम्र 24 साल थी। हत्यारा नजीबुर रहमान पेशे से मेकेनिकल इंजीनियर है। मामला ‘लव जिहाद’ का भी लग रहा है।

इसकी शुरुआत जून 2020 में हुई, जब नजीबुर रहमान ने फेसबुक के माध्यम से संघमित्रा से दोस्ती की। ये वो समय था, जब कोरोना संक्रमण अपने शिखर पर था और देश भर में लॉकडाउन लगा हुआ था। अक्टूबर 2020 आते-आते दोनों एक-दूसरे से प्रेम करने लगे और कोलकाता भाग कर उन्होंने शादी तक कर ली। हालाँकि, संघमित्रा के परिजनों को ये रिश्ता बिल्कुल भी पसंद नहीं था। इसके बावजूद उसने नजीबुर रहमान से कोर्ट में शादी कर ली थी।

माता-पिता ने बेटी के खिलाफ चोरी का मामला भी दर्ज कराया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और एक महीने उसे न्यायिक हिरासत में गुजारने पड़े। इसके बाद संघमित्रा घर लौट आई थी और अपने माता-पिता के साथ रहने लगी थी। लेकिन, जनवरी 2022 में दोनों एक बार फिर से भाग गए थे। जब अगस्त में दोनों लौटे तब संघमित्रा गर्भवती थी। दोनों 5 महीने चेन्नई में रहे थे। नवंबर में नजीबुर रहमान के घर में ही संघमित्रा ने एक बेटे को जन्म दिया।

मार्च 2020 में दोनों में फिर से झगड़ा हुआ और संघमित्रा अपने बेटे के साथ माँ-बाप के पास रहने चली गई। नजीबुर रहमान पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए उसके विरुद्ध FIR भी दर्ज की गई थी। 28 दिन बाद आखिरकार उसे जमानत मिली और वो बाहर निकला था। जेल से निकलने के बाद वो बार-बार बच्चे से मिलने की जिद कर रहा था, लेकिन संघमित्रा के माता-पिता ने मना कर दिया। 29 अप्रैल को नजीबुर रहमान के भाई ने संघमित्रा के परिजनों पर मारपीट का आरोप लगाया।

सोमवार (24 जुलाई, 2023) को दोनों पक्ष एक बार फिर से भिड़े। नजीबुर ने न सिर्फ संघमित्रा, बल्कि अपने ससुर संजीव घोष और सास जुनू घोष का भी क़त्ल कर डाला। फिर वो अपने 9 महीने के बच्चे को लेकर भाग गया। अंततः उसे थाने में सरेंडर करना पड़ा। कुल्हाड़ी से काट कर इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। तीनों के शव खून से लथपथ अवस्था में मिले। नजीबुर रहमान ने काफी निर्ममता से तीनों को कुल्हाड़ी से काट डाला था। तीनों के शरीर पर कई जख्म मिले हैं।

रिलेशनशिप, फिर रेप-धर्मांतरण का केस… ‘पूजा शर्मा’ बन कइयों को ठगने वाली महिला निकली जमीला खातून, फर्जी आधार कार्ड मिला

फर्जी हिंदू महिला बनकर कई लोगों के साथ ठगने वाली जमीला खातून और उसके दो साथियों को उत्तर प्रदेश की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जमीला ने पूजा शर्मा के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवाया था। वह मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ रिलेशनशिप में जाती और फिर बलात्कार एवं जबरन धर्मांतरण का मुकदमा करने की धमकी देकर उनसे पैसे वसूलती थी।

जमीला खातून मूल रूप से असम की रहने वाली है। वह यूपी के बिजनौर के कोतवाली देहात इलाके में पूजा शर्मा बनकर रह रही थी। पुलिस ने जमीला खान के साथ-साथ उसके दो साथियों- मोहम्मद जहीर और आसिफ को भी गिरफ्तार किया है। वहीं, उसके अन्य साथी- सलमान, अमजद और खालिद पुलिस के चंगुल से बाहर हैं। ये सभी बिजनौर के रहने वाले हैं।

इस मामले का खुलासा पूजा शर्मा बनी जमीला खातून के एक तहरीर से हुआ। जमीला ने 6 जुलाई 2023 को कोतवाली देहात में एक तहरीर दी। इस तहरीर में उसने अपना नाम पूजा शर्मा, पिता का नाम स्वर्गीय राजू शर्मा और निवासी महावीर कॉलोनी तिलक नगर दिल्ली बताया था।

तहरीर में जमीला खातून ने कहा था कि 29 मई 2023 को उसका निकाह जिले के अकबराबाद गाँव के रहने वाले एहतेशाम पुत्र मोहम्मद फरीद के साथ हुआ था। पूजा शर्मा ने आरोप लगाया था कि उसका शौहर उसे छोड़कर चला गया है और उसके सास-ससुर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।

महिला की शिकायत के बाद यूपी पुलिस ने मामला दर्ज करके जाँच शुरू कर दी। जाँच के दौरान पता चला कि जो महिला खुद को पूजा शर्मा बता रही है, उसका असली नाम जमीला खातून है। वह दिल्ली की नहीं, बल्कि असम के जिला दर्रांग के थाना डलगाँव के अंतर्गत आने वाले कस्बा लालबरी सीलबोरी की रहने वाली है।

जमीला के अब्बू का नाम रजब अली और अम्मी का खालीदा बेगम है। रजब अली और खालीदा बेगम ने जमीला खातून की पहचान अपनी बेटी के रूप में की है। यूपी पुलिस को जमीला के पास से उसका आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी और बैंक खाता मिला है।

पुलिस ने पाया कि जमीला ने आधार कार्ड पूजा शर्मा के नाम से बनवा रखा है। वहीं, पैन कार्ड, वोटर आईडी और बैंक खाता पासबुक जमीला खातून के नाम से ही हैं। पुलिस ने इन सारे कागजातों की जाँच कराई तो ये सही पाए गए, जबकि पूजा नाम का आधार कार्ड फर्जी मिला।

पुलिस जाँच में यह बात भी पता चला कि जमीला ने उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पटेल नगर थाने में जहीर अहमद नाम के एक व्यक्ति के खिलाफ साल 2019 में मुकदमा दर्ज करा रखा है। उसने साल 2023 में ही देहरादून के रहने वाले के नौशाद कुरैशी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करा रखा है। दोनों अभी जेल में हैं।

पुलिस ने पाया कि जमीला ने इस साल जनवरी में नौशाद कुरैशी नाम के एक व्यक्ति के खिलाफ जबरन धर्मांतरण का मामला दर्ज कराया था। उसने अपने बयान में कहा था कि वह डेढ़ साल से नौशाद के साथ रह रही थी और उसने निकाह का झूठा आश्वासन देकर उसके साथ रेप किया। जमीला ने आगे कहा था कि नौशाद ने उसका जबरन गर्भपात करा दिया।

पूजा शर्मा बनीं जमीला ने कहा कि जब भी वह इसका विरोध करती थी तो नौशाद अपने भाई और अब्बू के साथ मिलकर उसकी पिटाई करता था। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने नौशाद, उसके भाई शाहनवाज और उनके अब्बू जहीर पर बलात्कार, मारपीट और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का मामला दर्ज किया था।

बिजनौर के पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने कहा कि पूछताछ के दौरान जमीला ने खुलासा किया कि जहीर अहमद से पहले उसने दो बार निकाह किया था। उसने मोइदुल हसन इस्लाम और इनाम-उल-हक के साथ निकाह किया था। जमीला ने दोनों को छोड़ दिया था। उसने यह भी खुलासा किया कि एहतेशाम के साथ निकाह के लिए उसने अपना नाम पूजा शर्मा से बदलकर जैनब परवीन रख दिया गया।

स्कूलों में 60 लाख बच्चे बढ़े, 1.84 करोड़ मुफ्त पुस्तकें… दिव्यांग छात्रों से लेकर स्कूलों में सुविधाओं तक, 7 पॉइंट्स में समझें योगी सरकार ने कैसे बदल दी यूपी की शिक्षा व्यवस्था

यदि सामाजिक बदलाव लाना है तो सर्वप्रथम समाज को शिक्षित करना पड़ेगा। भारत के पास विश्व की सबसे बड़ी युवा शक्ति है जिसे एक बेहतर मानव संसाधन के रूप में तैयार करने के लिए बेहतर शिक्षा देनी पड़ेगी। उत्तर प्रदेश की मौजूदा सरकार ने पिछले 6 वर्षों में शिक्षा के हर क्षेत्र में बुनियादी स्तर से बदलाव लाने का सार्थक प्रयास किया। शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी बदलाव बुनियाद को मज़बूत करके ही लाया जा सकता है।

इस सरकार ने न केवल प्राथमिक शिक्षा के सुधार हेतु कई कदम उठाए, अपितु शिक्षा व्यवस्था की कार्य शैली में हर स्तर पर बड़े बदलाव देखने को मिले। ‘बीमारू राज्य’ की संज्ञा से नवाज़ा गया उत्तर प्रदेश सरकारी शिक्षा व्यवस्था के ख़स्ताहाल हो जाने का दंश झेल रहा था। प्राथमिक विद्यालयों की छवि एक दिन में ख़राब नहीं हुई थी, इसके पीछे वर्षों की सरकारी अकर्मण्यता शामिल थी।

परिणामस्वरूप निजी विद्यालयों का धंधा खूब फला-फूला। प्राथमिक पाठशालाओं में शिक्षकों के साथ-साथ कमरों, कुर्सी -मेज़, बिजली-पानी और शौचालय जैसी बुनियादी व्यवस्थाएँ न होने से विद्यालय होने की श्रेणी में ही लोग इन्हें नहीं शामिल करते थे ।इस सरकार ने बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त कर सर्वप्रथम लोगों को यह एहसास कराया कि ये पठन-पाठन का प्राथमिक केंद्र है। 

शिक्षकों की कमी दूर की गई

कोई भी शिक्षा का केंद्र केवल अपने भवन की वजह से नहीं जाना जाता है, उसको बेहतर बनाने का कार्य वहाँ के शिक्षक करते हैं। उत्तर प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी थी। अपने कार्यकाल में लगभग एक लाख बीस हज़ार शिक्षकों की भर्ती कर इस सरकार ने एक बड़ी चुनौती को ख़त्म किया। शिक्षक भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष रही, अभ्यर्थी पहले की तरह सालों-साल न्यायालय के दरवाज़े नहीं खटखटा रहे थे। अपितु निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से हुई नियुक्तियों ने एक बार फिर से लोगों में विश्वास पैदा किया। 

विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान   

विद्यालयों में शिक्षकों की कमियों को दूर करने के साथ-साथ लगभग 93,000 प्राथमिक विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को सही किया गया। प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर, प्राथमिक विद्यालय मोहरिकला, प्राथमिक विद्यालय नरही, प्राथमिक विद्यालय मिर्ज़ापुर जैसे विद्यालय प्राइवेट विद्यालयों से हर क्षेत्र में बेहतर साबित हो रहे थे जिस वजह से ये काफ़ी चर्चित भी रहे।

जून 2018 में माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने भारत के सबसे बड़े अन्तर्विभागीय कनवर्जन्स प्रोग्राम में से एक ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ की शुरुआत की थी। इसके अन्तर्गत केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा विभिन्न मदों जैसे समग्र शिक्षा अभियान, ग्राम पंचायत निधि, जिला खनिज निधि, नगरीय क्षेत्र की विभिन्न निधियां, जल जीवन मिशन, मनरेगा इत्यादि में विशेष रूप से धनराशि उपलब्ध कराई गई है जिसमें अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित कर प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों की मूलभूत अवस्थापनात्मक सुविधाओं को कायाकल्पित किया जा रहा है।

‘ऑपरेशन कायाकल्प‘ को शुरू हुए अभी लगभग 4 वर्ष हुए हैं मगर इस अल्प अवधि में ही प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय में चरण बद्ध रूप से कायाकल्प का कार्य प्रारम्भ हो चुका है । प्रत्येक जनपद में बड़े पैमाने पर स्कूलों का कायाकल्प किया जा चुका है। इसकी प्रमाणिकता एवं पारदर्शिता हेतु विद्यालय की फोटो प्रोटोकॉल के तहत जीओ टैगिंग करवाई जा रही है। प्रेरणा पोर्टल के माध्यम से निरंतर इन कार्यों के सन्तृप्तिकरण का रियल टाइम अनुश्रवण भी किया जा रहा है।

इन विद्यालयों में गेट, चारदीवारी, फर्श पर टाइल्स, खेलने के लिए पार्क और लाइब्रेरी के साथ डिजिटल क्लास रूम्स, बालक और बालिकाओं के लिए अलग अलग शौचालय, पीने के पानी और हाथ धोने के लिए हैण्डवॉश सिस्टम, क्लास रूम में बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बेसिक शिक्षा के महत्व को देखते हुए वित्त वर्ष 2016-17 में 55,176 हजार करोड़ से बढ़ाकर वित्त वर्ष 2021-22 में 63,455 तक पहुँचाया है। इसे प्रति वित्त वर्ष लगातार बढ़ाया ही जा रहा है ताकि हमारे भविष्य के लिए नींव को मज़बूत किया जा सके। 

लगातार विद्यार्थियों के पंजीकरण में इज़ाफ़ा 

सरकारी विद्यालय कहने पर ही हमारे मन-मस्तिष्क में वह छवि आती थी जहाँ टूटी दीवारें, जर्जर इमारत और बिना शिक्षक के शोर मचाते बच्चे। उनकी इतनी ख़राब छवि के कारण ही गरीब से गरीब व्यक्ति भी अपने बच्चों को निजी विद्यालयों में भेजने को मजबूर होने लगे थे। इस सरकार के आने  के बाद, अर्थात् 2017 से अब तक लगभग 60 लाख बच्चे प्राथमिक विद्यालयों में बढ़े हैं। यदि लोगों का विश्वास सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में बढ़ा न होता तो इतनी बड़ी मात्रा में बच्चे इन सरकारी विद्यालयों में दाख़िला न लेते।

उत्तर प्रदेश में ग़रीबों की संख्या अधिक है इसलिए वहाँ अतिरिक्त प्रयास करने पड़ते हैं। चूँकि प्राथमिक शिक्षा सबका मौलिक अधिकार है इसलिए बच्चों के भविष्य निर्माण हेतु 1.84 करोड़ पाठ्य पुस्तकें, 1.83 करोड़ बस्ते, 1.61 करोड़ विद्यालय की पोशाकें मुफ़्त में वितरित की गईं। इस व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के लिए डी.बी.टी. के माध्यम से छात्र-छात्राओं को यूनीफार्म, स्वेटर जूते-मोजे एवं स्कूल बैग खरीदने के लिए अभिभावकों के बैंक खातों में 1100 रुपए की धनराशि उपलब्ध कराई जाती है।

परिषदीय प्राथमिक, परिषदीय उच्च प्राथमिक, कस्तूरबा गाँधी बालिका विद्यालय एवं राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत् समस्त बालिकाओं (के0जी0बी0वी0 बालिकाओं सहित), अनुसूचित जाति के बालकों, अनुसूचित जनजाति के बालकों एवं गरीबी रेखा के नीचे के परिवार के प्रत्येक छात्र-छात्रा को दो जोड़ी यूनीफार्म हेतु 600 रुपए, स्वेटर हेतु 200 रुपए, जूता-मोजा हेतु रू0 125, स्कूल बैग हेतु 175 रुपए – अर्थात् कुल 1100 रुपए प्रदान किए जा रहे हैं।

समग्र शिक्षा के अन्तर्गत प्रदेश के सभी जनपदों में संचालित परिषदीय प्राथमिक/उच्च प्राथमिक विद्यालयों, राजकीय विद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त प्राथमिक/उच्च प्राथमिक एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों तथा सहायता प्राप्त मदरसों में अध्ययनरत् कक्षा 01 से 08 तक के समस्त छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन के रूप में निःशुल्क पाठ्य-पुस्तक वितरित की जाती हैं। राज्य में पाठ्य पुस्तकों का विकास हिन्दी के अतिरिक्त अंग्रेजी, उर्दू भाषा एवं ब्रेल लिपि में भी किया जाता है। ये सब उपाय सरकार द्वारा इसलिए किए जा रहे हैं ताकि कोई भी बच्चा किसी भी प्रकार के संसाधन के न रह पाने के कारण शिक्षा से वंचित न रह जाए।

प्राथमिक शिक्षा यदि बेहतर है तो आगे की शिक्षा के बेहतर होने की सम्भावना बढ़ जाती है इसलिए सर्वाधिक कार्य आधार पर किया जाना चाहिए जो कि अनवरत किया जा रहा है। इनमें भी कुछ व्यावहारिक समस्याएँ हैं। केवल शिक्षक नियुक्ति या आधारभूत सुविधा बाधा देने से शिक्षा व्यवस्था सुधर नहीं जाती। औचक निरीक्षण में विद्यालयों में नदारद शिक्षकों के लिए सरकार बायोमैट्रिक प्रणाली को अपनाने की बात कर रही है। शिक्षकों की उपस्थिति को ऑनलाइन बनाने की ओर कदम बढ़ाया गया । छोटे-छोटे प्रशासनिक सुधार का समाज पर व्यापक असर पड़ता है। कुल मिलाकर कह सकते हैं कि इस सरकार ने लोगों के मानस पटल पर विद्यालयों की छवि को सुधार दिया है।

आधार की मजबूती के बाद सरकार ने उसके ऊपर होने वाले भवन निर्माण पर भी पूरा ध्यान दिया। माध्यमिक विद्यालयों में भी प्राथमिक विद्यालयों की तरह ही बेहतर आधारभूत सुविधाओं को सुनिश्चित किया गया। सीबीएसई के पाठ्यक्रम को अधिक श्रेष्ठ व आगे की प्रतियोगी परीक्षा के लिए अधिक उपयोगी मानने के कारण तथा देश में एक ही तरह का पाठ्यक्रम लागू करने की बहस को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अपने यहाँ यही पाठ्यक्रम लागू किया।

प्रतियोगी परीक्षाओं के दौर में शहरी छात्र ग्रामीण छात्रों से आगे निकल ही जाते हैं क्योंकि उनके पास अतिरिक्त सुविधाएँ हैं। इस हेतु वर्तमान सरकार ने अभ्युदय कोचिंग निःशुल्क प्रारम्भ की ताकि छात्र किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में अपनी बेहतर तैयारी कर सकें। 70,000 से अधिक ई-पेज का कंटेंट ऑनलाइन पोर्टल पर चढ़ाया जा चुका है जिससे छात्र किसी भी समय इसको आराम से पढ़ सकें।

दिव्यांग विद्यार्थियों हेतु कई सार्थक प्रयास 

विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों को पर्याप्त उपकरण उपलब्ध किया जाता है। मापन एवं वितरण शिविर में एलिम्को कानपुर के सहयोग से दिव्यांग बच्चों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण यथा- ब्रेल किट्स, मोबिलिटी केन, स्मार्ट केन, डेजीप्लेयर, ट्राईसाइकिल, व्हील चेयर, क्रचेज, कैलीपर्स, रोलेटर्स वाकिंग स्टिक, सी0पी0 चेयर, मल्टी सेन्सरी एजुकेशन किट एवं हियरिंग एड उपलब्ध कराये जाने की व्यवस्था है।

गम्भीर एवं बहु-दिव्यांग बच्चों हेतु होम बेस्ड एजूकेशन राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के टास्क संख्या 186 के क्रम में गम्भीर एवं बहु दिव्यांग बच्चों को उनकी शैक्षिक आवश्यकताओं के अनुरूप लर्निंग मटेरियल उपलब्ध कराते हुए होम बेस्ड एजुकेशन की व्यवस्था की गई है। विद्यालयों में अध्ययनरत पूर्ण दृष्टि दिव्यांग बच्चों को ब्रेल पाठ्य पुस्तकें एवं ब्रेल स्टेशनरी मटेरियल यथा- ब्रेल पेपर, स्टाइलस, अबेकस, अल्फाबेट ट्रेनर प्लेट आदि उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था की गई है।

अल्प दृष्टि दिव्यांग बच्चों को उनके शैक्षिक पुनर्वसन हेतु इनलार्ज प्रिंट की पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था की गई है। अल्प दृष्टि दिव्यांग बच्चों को उनकी शैक्षिक आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु लो-विजन किट सामग्री यथा- LED मैग्नीफायर लेंस, फुल पेज फ्रेन्सल लेंस, व्हाइट पेपर, बोल्ड मार्कर आदि सामग्री उपलब्ध कराए जाने हेतु व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही दिव्यांग छात्राओं की सम्प्राप्ति स्तर को बढ़ाने तथा उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से दिव्यांग छात्राओं को स्टाइपेण्ड उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था है।

अन्य शैक्षणिक कार्यक्रमों का विस्तार 

भारत सरकार द्वारा केन्द्र पुरोनिधानित “नव भारत साक्षरता कार्यक्रम” नामक एक नवीन योजना का संचालन दिनांक 01 अप्रैल, 2022 से 31 मार्च, 2027 (कुल 5 वर्ष) तक संचालन किए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत 15+ वयवर्ग के निरक्षरों विशेषकर महिलाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यकों, दिव्यांगजनों  आदि को संबंधित जनपदों के खण्ड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से 15+ वयवर्ग के निरक्षरों को चिह्नित करने के उपरान्त साक्षर किया जाएगा। उक्त हेतु वित्तीय वर्ष 2022-23 में योजना के सफल संचालन के लिए भारत सरकार द्वारा लगभग 34 करोड़ रुपए धनराशि का प्रावधान किया गया है।

निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 के अन्तर्गत 06-14 आयु वर्ग के ऐसे बच्चे जिन्हें किसी विद्यालय में नामांकित नहीं किया गया है अथवा नामांकन के उपरान्त वे अपनी प्रारम्भिक शिक्षा पूर्ण नहीं कर सके हैं उनका चिह्नीकरण करते हुए उनका नामांकन आयुसंगत कक्षा में कराया जाए और अन्य विद्यार्थियों के समकक्ष लाने हेतु उन बच्चों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।

उक्त प्रावधान को प्रभावी रूप में क्रियान्वित करने हेतु कार्यक्रम ’शारदा’ संचालित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त विद्यालय में अनेक शिविर व शिक्षकों हेतु अनेक कार्यशालाएँ जैसे निजी विद्यालयों के शिक्षकों की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए किए जाते हैं, उसी प्रकार यहाँ भी 24220 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में रानी लक्ष्मी बाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम, यूनिसेफ तथा निमहान्स के सहयोग से 20500 शिक्षक/शिक्षिकाओं का जेण्डर संवेदीकरण प्रशिक्षण, आत्मरक्षा प्रशिक्षण के अन्तर्गत मॉड्यूल का निर्माण,

यूनिसेफ के सहयोग से 150 मास्टर ट्रेनर्स का जीवन कौशल शिक्षा पर आधारित कार्यशाला, निमहान्स बंगलौर के सहयोग से स्पेशल फोकस जनपदों के 50 एस0आर0जी0 की बाल अधिकार, तनाव प्रबन्धन आदि मुद्दों पर 25 दिवसीय कार्यशाला, निमहान्स बंगलौर के सहयोग से स्पेशल फोकस जनपदों के समस्त जनपदों से 100 शिक्षकों की बाल अधिकार, तनाव प्रबन्धन आदि मुद्दों पर 25 दिवसीय कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।

उच्च शिक्षा का बदलता स्वरूप   

वर्तमान सरकार इक्यावन राजकीय महाविद्यालयों की स्थापना कर रही है, 28 नए निजी विश्वविद्यालय खोले जाने पर मुहर लग ही गई है। इसके साथ ही साथ खेल विश्वविद्यालय, पुनर्वास विश्वविद्यालय, फ़ोरेंसिक विश्वविद्यालय, आयुष विश्वविद्यालय भी खोले जा रहे हैं। सरकार ने प्राविधिक शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए कॉलेज को मंज़ूरी दी है। पूरे राज्य में वर्तमान समय में 1417 पॉलीटेक्निक कॉलेज हैं जो पहले के दोगुने से भी ज़्यादा हैं

7 लाख से अधिक लोगों को कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षित किया गया। ये ऐसे आँकड़े हैं जो यह दर्शाते हैं कि राज्य में शिक्षा के हर क्षेत्र में प्रयास किए जा रहे हैं जो सबके समक्ष हैं। 14 नए मेडिकल कॉलेज के लिए 2491 करोड़ का बजट पास किया गया है।

नए विद्यालय-कॉलेज का निर्माण तो बेहतर है परंतु उनके उचित क्रियान्वयन के अभाव में सब व्यर्थ हो जाता है।उत्तर प्रदेश में परीक्षा व्यवस्था नक़ल माफिया का पर्याय हो चुकी थी। अपनी प्रतिभा से अंक लाने वाले छात्रों को बाहर के लोग संदेह की नज़र से देखते थे। नक़ल माफ़ियाओं और उनके राजनीतिक रसूख़ ने इन सब कार्यों को पनपने में बड़ी मदद की। परंतु वर्तमान सरकार ने इस पर बड़ी नकेल कसी। इस तरह के कार्यों में लिप्त परीक्षा केंद्रों को काली सूची में डालकर सरकार ने साफ़-सुथरी परीक्षा को संचालित कर पाने में सफलता पाई है। इससे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को एक आत्मविश्वास मिला। 

मदरसों पर भी समुचित ध्यान 

शिक्षा का मूल उद्देश्य सभी नागरिकों को बेहतर मानव संसाधन के रूप में विकसित करने से है। शिक्षित समाज ही बेहतर समाज को साकार करता है। शिक्षा व्यक्ति को तार्किक बनाती है, वैज्ञानिक सोच का विकास करती है। उत्तर प्रदेश के मदरसों में जो पाठ्यक्रम चल रहे थे वे धार्मिक थे परंतु उनमें वैज्ञानिकता का अभाव था, अतः वहाँ भी पाठ्यक्रम को बदल कर सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया जा रहा है। वहाँ भी पढ़ने वाले बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सकेगा क्योंकि अब वे केवल मजहब से जुड़े मात्र पाठ्यक्रम नहीं अपितु एक पूर्ण पाठ्यक्रम पढ़ेंगे जो उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में सहायक होगा। 

कई स्तरों पर योगी सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने और उसके  समावेशी रूप को लगातार बेहतर करने का जो बीड़ा उठाया है वह आने वाले वर्षों में फलित होता हुआ दिखाई देगा। बीमारु और पिछड़े राज्यों की संज्ञा वाले राज्यों को इनसे एक सीख अवश्य लेनी चाहिए। समाज के पिछड़े, दलित-शोषित और वंचित वर्ग के बच्चे जो किसी भी कारण शिक्षा से वंचित रहे, उन्हें शिक्षित करने का प्रयास हो रहा है।

गरीबी के कारण कुपोषित भविष्य न तैयार हो, इसलिए उन्हें मिड डे मील के माध्यम से भरपूर पोषण के साथ-साथ अन्य सभी शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध करा के शिक्षा क्षेत्र को बदलने का भागीरथ प्रयास हो रहा है। इससे यह उम्मीद मजबूत होती है कि हमारे प्रदेश और फिर देश का आने वाला भविष्य बेहतर होगा।

(इस लेख के लेखक लेखक दिग्विजय सिंह दिल्ली विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर एवं ‘होप’ संस्था के संस्थापक हैं। अनुराग सिंह दिल्ली विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर एवं ‘होप’ संस्था में रिसर्च फेलो हैं।)

‘ये बनेगा कॉन्फ्रेंस टूरिज्म का माध्यम, कारीगरों-बुनकरों-कलाकारों को मिलेगा मंच’: PM मोदी ने ‘भारत मंडपम’ का किया उद्घाटन, आमिर खान भी रहे मौजूद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में भव्य और विशाल ‘भारत मंडपम’ के उद्घाटन के दौरान कहा कि उनके तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की शीर्ष 3 अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगा। समारोह में बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान भी मौजूद थे। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि ‘भारत मंडपम’ देखकर हर भारतीय आनंदित है, गौरव से भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि ये भारत के सामर्थ्य और नई ऊर्जा का आह्वान है। उन्होंने इसे भारत की भव्यता और इच्छाशक्ति का दर्शन करार दिया।

देश के कॉन्फ्रेंस टूरिज्म का हब बनेगा ‘भारत मंडपम’

पीएम मोदी इस दौरान मजदूरों को सम्मान देना भी नहीं भूले। उन्होंने कहा कि ‘भारत मंडपम’ के निर्माण से जुड़े हर श्रमिक भाई-बहन की मेहनत देख, पूरा भारत विस्मित है, चकित है। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे जब कोरोना महामारी के दौर में सारे काम रुके हुए थे, तब हमारे श्रमजीवियों ने दिन-रात मेहनत कर के इसका निर्माण पूरा किया है। उन्होंने इसके लिए हर श्रमिक का अभिनंदन किया। वहीं कारगिल युद्ध में अपना बलिदान देने वाले प्रत्येक वीर को भी उन्होंने कृतज्ञ राष्ट्र की तरफ से ‘विजय दिवस’ पर श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने याद किया कि कैसे माँ भारती के बेटे-बेटियों ने अपने पराक्रम से देश के दुश्मनों द्वारा दिखाए गए दुस्साहस को परास्त कर दिया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जब हम आज़ादी के 75 वर्ष होने पर अमृत महोत्सव मना रहे हैं, तो ये ‘भारत मंडपम’ हम भारतीयों द्वारा अपने लोकतंत्र को दिया एक खूबसूरत उपहार है। उन्होंने कहा कि इस नाम के पीछे भगवान बशवेश्वर के ‘अनुभव मंडपम’ की प्रेरणा है। उन्होंने समझाया कि ये वाद-विवाद की एक लोकतांत्रिक पद्धति है, जिसका अर्थ है – अभिव्यक्ति या अभिमत।

पीएम मोदी ने कहा, “आज दुनिया ये स्वीकार कर रही है कि भारत लोकतंत्र की जननी है। तमिलनाडु के उत्तरामेरूर में मिले शिलालेखों से लेकर वैशाली तक, भारत का जीवंत लोकतंत्र सदियों से हमारा गौरव रहा है। 21वीं सदी के भारत में हमें 21वीं सदी की आवश्यकताओं को पूरा करने वाला निर्माण करना ही होगा। ‘भारत मंडपम’ देश-विदेश के बड़े एक्सहिबिटर्स की मदद करेगा। ये देश में कॉन्फ्रेंस टूरिज्म का एक बड़ा जरिया बनेगा। ये हमारे स्टार्टअप्स की शक्ति के शो-केस का माध्यम बनेगा।”

साथ ही उन्होंने ये भी जानकारी दी कि ‘भारत मंडपम’ हमारे सिनेमा जगत और कलाकारों के परफॉर्मेंस का साक्षी भी बनेगा। ये हस्तशिल्पियों, कारीगरों-बुनकरों और परिश्रम को प्लेटफॉर्म भी देगा। प्रधानमंत्री ने बताया कि ये आत्मनिर्भर भारत और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का भी प्रतिबिंब बनेगा। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि कोई भी देश हो, कोई भी समाज हो, वो टुकड़ों में सोचकर, टुकड़ों में काम करके आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने कहा कि विकसित होने के लिए बड़ा सोचना होगा, बड़े सपने सोचने होंगे।

प्रगति मैदान की बदल गई तस्वीर, IECC सेंटर का उद्घाटन

बता दें कि इससे पहले हवन और पूजा-पाठ के साथ विधिवत हिन्दू परंपराओं के तहत प्रक्रियाएँ पूरी की गईं। साथ ही प्रधानमंत्री ने श्रमजीवियों को भी सम्मानित किया। बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में नए ‘इंटरनेशनल एक्सहिबिशन कम कन्वेंशन सेंटर (IECC)’ का निर्माण हुआ है। G20 समिट का भी उद्घाटन किया गया है। बुधवार (26 जुलाई, 2023) की सुबह पीएम मोदी यहाँ पहुँचे।

हवन पूजा में हिस्सा लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो भी सामने आया है। ‘इंडियन ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO)’ के अंतर्गत ही IECC कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया गया है। इस कॉम्प्लेक्स को 2700 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया गया है। पीएम मोदी का लक्ष्य था कि बड़ी बैठकों, कॉन्फ्रेंस और एक्सहिबिशन जैसे कार्यक्रमों के लिए विश्व स्तर का एक इंफ्रास्ट्रक्चर हो, उसी आधार पर इस नए IECC कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया गया है।

प्रगति मैदान में सुविधाएँ अब बीते जमाने की हो गई थीं और नए जमाने की तकनीकों का वहाँ अभाव था। इसीलिए, इसे एक राष्ट्रीय परियोजना के रूप में विकसित किया गया है। इसका कैम्पस 123 एकड़ का होगा। ये भारत का सबसे बड़ा ‘MICE (मीटिंग्स, इन्सेन्टिव्स, कॉन्फरेंसेज एवं एक्सहिबिशंस)’ डेस्टिनेशन होगा। विश्व के सबसे उत्कृष्ट प्लेटफॉर्म्स में इसका स्थान आएगा। ये प्रगति मैदान में मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा। इसके आर्किटेक्चर की भव्यता पर विशेष ध्यान दिया गया है।

यहाँ एक बड़ा लाउंज भी है। व्यापारिक बैठकों के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। जहाँ सुविधाएँ आधुनिक हैं, वहीं आर्किटेक्चर के मामले में भारत कके इतिहास और संस्कृति का ध्यान रखा गया है। इसकी इमारत को शंख का आकार दिया गया है, वहीं इसकी दीवारें ‘सूर्य शक्ति’ (सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भारत का उत्तम प्रदर्शन) का प्रदर्शन करती हैं। भारतीय कलाकृतियों को उकेरा गया है। अंतरिक्ष में भारत की सफलता दिखाने के लिए ‘जीरो टू इसरो’ थीम भी है।

विश्व के निर्माण की सनातन थ्योरी को दिखाने के लिए ‘पंच महाभूत’ को भी दर्शाया गया है। विभिन्न जनजातीय समाज की कलाकृतियों को भी दिखाया गया है। 5G इंटरनेट, 10G इंट्रानेट, 16 कम्प्यूटर भाषाओं में तकनीक, बड़े-बड़े वीडियो वॉल्स के साथ एडवांस AV सिस्टम, एनर्जी-लाइट के लिए अत्याधुनिक सिस्टम और तगड़ा सर्विलांस सिस्टम इसकी पहचान है। इसमें 7 एक्सहिबिशन हॉल्स हैं।

‘गाँव में आएँ पुलिस वाले तो उनके हाथ-पैर तोड़ कर छिद्दी-छिद्दी कर दो’: हरियाणा के मेवात से जुटी भीड़ का ऐलान, कॉन्ग्रेस नेता आफताब अहमद भी सक्रिय

सोशल मीडिया पर हरियाणा के फरीदाबाद का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मुस्लिमों की भीड़ में से एक व्यक्ति पुलिस वालों के हाथ-पैर तोड़ देने के लिए बाकी लोगों को उकसा रहा है। लगभग 3 मिनट लम्बे इस वीडियो में भड़काऊ बयान दे रहे व्यक्ति ने किसी से भी न डरने और पुलिस वालों को अपने हवाले करने जैसी बातें कहीं। यह वीडियो मंगलवार (25 जुलाई, 2023) को DTV न्यूज़ ने अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया है।

भड़काऊ बयान देने वाले व्यक्ति का नाम जाबिर घाटमिका बताया जा रहा है जो मूल रूप से हरियाणा के मेवात का रहने वाला है। वीडियो की शुरुआत में जाबिर ने खुद को किसी से भी न डरने वाला बताते हुए खट्टर सरकार को गोली मारने की चुनौती दी। नेताओं से कोई मतलब न होने की बात कहते हुए जाबिर ने आगे कहा, “मैं जनता से कह रहा हूँ। अगर CIA पुलिस किसी गाँव में बिना इन्फॉर्मेशन के घुसे, आपका मुकामी थाना न रहे। हाथ-पैर तोड़ दो। छिद्दी-छिद्दी कर दो। क्योंकि सेल्फ डिफेन्स के लिए धारा है। कह देना साहब कि गुंडे हैं हमें क्या पता। स्टार थोड़ी लग रही है। माथे पर थोड़े लिखा है। ये हमारी रक्षा करने के लिए आए हैं? क्योंकि ये आतंकी बन चुके हैं मेरे भाई।”

इसी वीडियो के एक अन्य हिस्से में जाबिर ने पुलिस कस्टडी में मेवातियों की लगातार मौतों का आरोप लगाया। सुरक्षा के लिए तैनात जवानों पर सवाल उठाते हुए जाबिर ने वापस लौटने की शर्त पुलिस वालों पर FIR दर्ज करना बताया। जाबिर ने आगे कहा, “नहीं तो जिन पुलिस वालों ने इसे जान से मारा है अगर आपको पता है कि 2 ने मारा है तो उन्हें पकड़ कर हमें दे दीजिए। हम भी उनको मार देते हैं। हम भी मुकदमा दर्ज नहीं करेंगे। कह देंगे कि अटैक से मर गया।”

जाबिर ने यह भी कहा कि न तो उन्हें नौकरियों की जरूरत है और न ही पैसे ही। माँग के तौर पर भीड़ ने ‘302 के मुल्जिम’ (हत्या आरोपित) की डिमांड की। जाबिर ने इसी वीडियो में देश के अंदर मेवातियों की संख्या पौने 3 करोड़ बताई।

ऑपइंडिया से बात करते हुए हरियाणा में हिन्दू संगठन के पदाधिकारी बिट्टू बजरंगी ने बताया कि यह वीडियो 25 जुलाई (मंगलवार) का है। साथ ही उन्होंने वीडियो की जगह के तौर पर फरीदाबाद के सरकारी बी के अस्पताल का नाम लिया। बिट्टू बजरंगी ने भड़काऊ बयान दे रहे जाबिर को मूल रूप से मेवात का रहने वाला और कुछ समय पहले जुनैद-नासिर केस (मुस्लिमों को जलाने का आरोप लगा कर हिन्दुओं के खिलाफ घृणा भड़काई गई थी) में भी सक्रिय बताया।

बिट्टू बजरंगी ने इस बयान पर जाबिर के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस से कार्रवाई की माँग की है। ऑपइंडिया द्वारा जुटाई गई जानकारी के मुताबिक, जाबिर इसी माह धारा 307 के अपराध में जेल से जमानत पर बाहर आया है।

जाबिर घाटमिका मोनू मानेसर के खिलाफ धरना देता हुआ

क्या है पूरा मामला

यह पूरा मामला मेवात के रहने वाले शेकुल खान नाम के व्यक्ति की मौत से जुड़ा हुआ है। हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता सूबे सिंह के मुताबिक, 13 जुलाई 2023 को फरीदाबाद में दर्ज साइबर ठगी की जाँच के दौरान हरियाणा पुलिस ने अलीगढ़ से 4 आरोपित पकड़े थे। चारों ने पूछताछ में शेक़ुल खान का भी नाम लिया था जिसे 20 जुलाई, 2023 को गिरफ्तार किया था। 21 जुलाई को पुलिस ने शेकुल खान को कोर्ट में पेश कर के 10 दिनों का कस्टडी रिमांड लिया था।

इसी दिन 21 जुलाई को शेकुल ने खुद को साँस लेने में दिक्कत और कमजोरी की शिकायत की जिसके बाद उसे पुलिस द्वारा अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, 21 जुलाई को ही अस्पताल में आरोपित को दवा दी गई और फिर से उसे पुलिस वापस अपने साथ ले आई। 22 जुलाई को भी शेकुल को साँस लेने में दिक्कत आई थी जिसका अस्पताल से इलाज करवा कर फिर वापस थाने लाया गया था। 23 जुलाई को शेकुल को फिर साँस लेने में आ रही दिक्कत के चलते अस्पताल ले जाया गया जहाँ उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

आरोपित की मौत के बाद तमाम कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के साथ केस की मजिस्ट्रेट द्वारा जाँच भी करवाई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम भी जज की निगरानी में होगा।

पुलिस वालों पर हत्या की FIR

फ़िलहाल 24 जुलाई, 2023 को मृतक के परिजन साबिर नाम के व्यक्ति की शिकायत पर पुलिसकर्मियों पर IPC की धारा 302 और 34 के तहत FIR भी दर्ज कर ली गई है। एक पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर भी कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है।

FIR कॉपी

कॉन्ग्रेस द्वारा आंदोलन का एलान

इस मामले में राजनेता भी मैदान में कूद पड़े हैं। हरियाणा के नूह से कॉन्ग्रेस विधायक आफ़ताब अहमद खान ने शुरू से ही शेकुल खान की मौत केस में प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार रखा।

उन्होंने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई न होने की दशा में सड़क से विधानसभा तक आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

बिजली माँग रहे थे लोग, बिहार पुलिस की गोली से प्रदर्शनकारी की मौत: 2 की हालत नाजुक, भाजपा ने नीतीश कुमार को बताया ‘जनरल डायर’

RJD और JDU गठबंधन वाली बिहार की नीतीश कुमार सरकार की खीझ बीत रहे हर एक दिन के साथ बढ़ती जा रही है। परीक्षार्थियों और शिक्षकों पर लाठी चार्ज के बाद अब बिजली कटौती को रोकने की माँग कर रहे लोगों पर आफत बनकर टूट पड़ी। कटिहार में पुलिस की फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। इस घटना के बाद भाजपा ने नीतीश कुमार की तुलना जनरल डायर से की है।

दरअसल, भीषण गर्मी में बिजली कटौती से परेशान कटिहार के लोग बिजली विभाग के खिलाफ सड़कों पर उतर आए थे। बिजली कटौती के खिलाफ किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क जाम कर रखा था। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर फायरिंग की, जिसमें 5 लोगों को गोली लगी है। इसमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस ने एक की मौत की पुष्टि की है। मृतक का नाम बासल गाँव निवासी 34 वर्षीय खुर्शीद आलम (34) है। वहीं, बारसोई के चापाखोड़ पंचायत निवासी नियाज आलम (32) की हालत नाजुक है।

कटिहार जिले के बारसोई अनुमंडल में बुधवार (26 जुलाई 2023) की दोपहर स्थानीय लोग बिजली विभाग के दफ्तर का घेराव करने पहुँचे। इस दौरान लोगों ने प्राणपुर के बस्तौल चौक और बारसोई प्रखंड मुख्यालय का मेन रोड जाम कर दिया और प्रदर्शन किया।

मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रदर्शन स्थल पर पुलिस पहुँची। पुलिस को देखते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और वे आक्रोशित होकर पुलिस पर पथराव कर दिए। इसके बाद पुलिस ने उन पर फायरिंग कर दी। कहा जा रहा है कि इसी फायरिंग में खुर्शीद की मौत हुई है।

फायरिंग में मौत क बाद बिहार की राजनीति गर्मा गई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद जयहिंद ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तुलना अंग्रेजी हुकूमत के दौरान जालियाँवाला बाग नरसंहार को अंजाम देने वाले जनरल डायर से की।

शहजाद ने कहा, “बिहार के जनरल डायर ने कटिहार में बिजली आपूर्ति की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर गोलियाँ चलवा दीं। एक की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल हैं। बिहार में युवा, किसान, शिक्षक, आम आदमी… जो भी अपना अधिकार माँगता है, उसे लाठियाँ या गोली मिलती है।”

सीएम नीतीश कुमार को तानाशाह बताते हुए भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा, “हाल ही में एक भाजपा नेता को भी पीटा गया और उनकी मृत्यु हो गई! यह जनरल नीतीश डायर और उनकी तानाशाही सरकार का असली चेहरा है। यह लोकतंत्र का बचाव है या लोकतंत्र की हत्या? क्या यह I.N.D.I.A के लोकतंत्र का यही विचार है? बंगाल से बिहार तक – गोली, बम, विस्फोट?”

कटिहार जिले के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने कहा कि फायरिंग कैसे हुई, इसका आदेश किसने दिया… इसकी जाँच कराई जाएगी। वहीं, इस मामले पर बिहार पुलिस ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

अपने कई ट्वीट में बिहार पुलिस ने कहा, “बिजली विभाग के कार्यालय पर लगभग एक हजार की संख्या में स्थानीय नागरिकों के द्वारा उग्र प्रदर्शन किया गया। उग्र प्रदर्शन के क्रम में भीड़ में सम्मिलित असामाजिक तत्वों के द्वारा बिजलीकर्मियों पर हमला कर दिया गया। सूचना पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु बिजली विभाग के कार्यालय पर पहुँची।”

पुलिस ने आगे कहा, पुलिस टीम पर भी उग्र असामाजिक तत्वों के द्वारा लाठी-डण्डा, ईंट तथा पत्थर से जानलेवा हमला किया गया। पुलिस के द्वारा उपद्रवियों को सर्वप्रथम चेतावनी दी गयी। चेतावनी नहीं मानने पर सीमित बल प्रयोग कर उन्हें नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, किन्तु भीड़ नियंत्रित नहीं हुई तथा हमला करती रही। अनियंत्रित भीड़ के हमलावर होने तथा नियंत्रित नहीं होने की स्थिति में पुलिस बल के द्वारा बिजली कर्मियों के प्राण रक्षा हेतु एवं आत्मरक्षार्थ नियंत्रित एवं सीमित फायरिंग की गयी। उग्र भीड़ मेें सम्मिलित 1 व्यक्ति की मृत्यु होने तथा 2 अन्य के जख्मी होने की सूचना है।”

पुलिस ने कहा कि उग्र भीड़ के हमले में लगभग एक दर्जन पुलिसकर्मी तथा बिजली विभाग के कर्मियों के जख्मी होने की सूचना है। जख्मी लोगों का इलाज अनुमण्डल अस्पताल, बारसोई में चल रहा है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद देने की अपील की है।

भैया, प्लीज कपड़े पहन लेने दो… शाकिर, शोएब और जावेद ने लड़की को नग्न कर घसीटा: 2 साल से हो रहा था बलात्कार, एक्शन में यूपी पुलिस

हाल ही में मणिपुर का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें 2 महिलाओं को नग्न कर उनका जुलूस निकालने जाने की घटना दिखी। बाद में पता चला कि 3 महिलाओं के साथ ऐसा किया गया था, साथ ही गैंगरेप ही हुआ। भले ही घटना के ढाई महीने बाद वीडियो सामने आया, लेकिन आरोपितों की ताबड़तोड़ गिरफ़्तारी इसके बाद ही हुई। अब उत्तर प्रदेश के मेरठ से ऐसी ही हैवानियत का एक मामला सामने आया है।

नाबालिग लड़की के साथ दरिंदगी का जो वीडियो सामने आया है, उसमें देखा जा सकता है कि वो लगातार मिन्नतें कर रही हैं लेकिन उसे निर्वस्त्र कर के उसके साथ अभद्रता की जा रही है। खास बात ये रही कि यूपी पुलिस इस घटना के बाद तुरंत हरकत में आई और 3 आरोपितों को धर दबोचा। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि गाँव के ही एक युवक ने शादी का झाँसा देकर उसके साथ बलात्कार किया और ब्लैकमेल करने के लिए वीडियो भी बना लिया।

वीडियो में लड़की लगातार कह रही है – “भैया, प्लीज कपड़े पहन लेने दो। प्लीज भैया।” ये वीडियो कुछ महीने पुराना बताया जा रहा है। पीड़िता ने बताया कि उसके प्रेमी ने पहले उसे नशीला पदार्थ खिलाया और फिर जंगल में लेकर चला गया। वहाँ 4 लोगों के समूह ने उसकी पिटाई की, फिर नग्न कर वीडियो बना लिया। पुलिस ने इस मामले में 4 को नामजद बताया है, जिसमें से 3 गिरफ्तार हो गए हैं और एक की तलाश जारी है।

इस मामले में जो मुख्य आरोपित है, उसका नाम शाकिर है। पीड़ित परिवार ने बताया कि शाकिर ने झाँसा देकर 2 साल तक नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार किया। लगभग 3 महीने पहले उसे जंगल में ले गए और उसके साथ बलात्कार किया। 3 अन्य आरोपितों के नाम शोएब गद्दी, गुलजार और पप्पू बताया जा रहा है, जिन्होंने पीड़िता के कपड़े उतार कर छीन लिए। वीडियो शोएब गद्दी ने अपने फोन से वायरल किया।

मेरठ (देहात) के एसपी कमलेश बहादुर ने बताया कि किठौर थाना क्षेत्र की महिला की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई है। किशोरी का 164 के तहत बयान दर्ज कराया गया है, साथ ही मेडिकल भी कराया गया है। एक खबर में बताया गया है कि पीड़िता को खींच कर गन्ने के खेत से घसीट कर सड़क पर लाया गया। ज़ाहिद का बेटा शाकिर, पप्पू उर्फ़ जावेद और आलम – इन तीनों को गिरफ्तार किया गया है। एक वीडियो बनाने वाला आरोपित फरार है।

उडुपी: कॉलेज टॉयलेट में कैमरा से गुप्त रिकॉर्डिंग के मामले में 3 मुस्लिम छात्राओं पर FIR, सांप्रदायिक एंगल से कर्नाटक पुलिस का इनकार

कर्नाटक के उडुपी पुलिस ने नेत्र ज्योति कॉलेज के हॉस्टल में हिंदू छात्राओं का अश्लील वीडियो बनाने वाली मुस्लिम छात्राओं के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने दो प्राथमिकी दर्ज की है। एक मामला टॉयलेट में छात्रा के बनाए गए वीडियो को डिलीट करने को लेकर तीन छात्राओं और कॉलेज प्रशासन से जुड़ा है। दूसरा मामला यूट्यूब चैनलों पर हिडन कैमरे वाला वीडियो अपलोड करने से जुड़ा है।

बताते चलें कि कर्नाटक के उडुपी में स्थित प्राइवेट कॉलेज नेत्र ज्योति की महिला हॉस्टल के टॉयलेट में मोबाइल कैमरा मिलने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ था। कॉलेज में पढ़ने अलीमातुल शैफा, शबानाज़ और आलिया नाम की तीन मुस्लिम छात्राओं ने टॉयलेट में मोबाइल कैमरा लगा रखा था। इसमें हिंदू लड़कियों के प्राइवेट वीडियो रिकॉर्ड कर वे मुस्लिम लड़कों को भेजा करती थीं।

आरोप लगे कि उडुपी के नेत्रज्योति कॉलेज के महिला शौचालय में हिंदू लड़कियों के टॉपलेस वीडियो रिकॉर्ड किए गए और बाद में मुस्लिम समूहों के साथ साझा किए गए। कॉलेज प्रबंधन ने मामले की जाँच की और निष्कर्ष निकाला कि वीडियो डिलीट कर दिया गया था। इसके बाद मामला खत्म हो गया। हालाँकि, लोगों के आक्रोश के कारण उडुपी जिले के मालपे पुलिस स्टेशन में मामले का स्वत: संज्ञान लिया FIR दर्ज की।

वीडियो बनाने के लिए ज़िम्मेदार अलीमतुल शैफ़ा, शबानाज़ और आलिया नाम के तीन मुस्लिम छात्रों के साथ-साथ नेत्रज्योति कॉलेज के प्रबंधन बोर्ड पर सबूत नष्ट करने का आरोप है। पुलिस ने IPC की धारा 509, 204, 175 और 34 के तहत मामले दर्ज किए हैं। मामला दर्ज करने का निर्णय राज्य भर में भाजपा नेताओं, विभिन्न हिंदू संगठनों और महिलाओं के विरोध के बीच आया।

उडुपी के टॉयलेट कांड तो संभालने में राज्य सरकार के लापरवाह रवैया के जवाब में राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले की जाँच करने की पहल की है। घटना की गहन जाँच के लिए आयोग उडुपी में एक टीम भेजेगा। राष्ट्रीय महिला आयोग की दक्षिण भारतीय सदस्य खुशबू सुंदर इस जाँच का नेतृत्व करेंगी। इस फैसले का खुलासा पूर्व सदस्य श्यामला कुंदर ने किया है।

एक्टिविस्ट रश्मि सामंत ने मामले को हाईलाइट किया, जुबैर जैसे लोग डाल रहे हैं पर्दा

इस सप्ताह की शुरुआत में हिंदू अधिकार कार्यकर्ता रश्मि सामंत ने ट्विटर पर उडुपी कांड पर फैली आसपास की चुप्पी पर सवाल उठाया। सामंत ने आरोप लगाया कि मामले को दबाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि वीडियो में दिखाई गई कई लड़कियाँ इस हद तक उदास और परेशान थीं कि वे खुद को नुकसान पहुँचाने या आत्महत्या करने के बारे में सोच सकती हैं। उन्होंने लिखा, “फिर भी, इस मुद्दे की उस गंभीरता से निंदा नहीं की जा रही है।”

उन्होंने साल 1992 के अजमेर सामूहिक बलात्कार की घटना से इसकी तुलना करते हुए लिखा, “मैं आपको याद दिला दूँ कि वर्ष 1992 में अजमेर में क्या हुआ था, जहाँ अवैध रूप से ली गईं नग्न तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर सैकड़ों लड़कियों का बलात्कार किया गया था। मैं यह सोचकर डर जाती हूँ कि उडुपी दूसरा अजमेर में बदल सकता था।”

ट्वीट करने पर रश्मि सामंत को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा

उडुपी पुलिस ने 24 जुलाई 2023 को पीड़ित हिंदू महिलाओं की आवाज उठाने वाली हिंदू मानवाधिकार कार्यकर्ता रश्मि सामंत का पता लगाने के लिए एक अभियान शुरू किया। सामंत का प्रतिनिधित्व करने वाले वकील आदित्य श्रीनिवासन ने रश्मि सामंत के परिवार द्वारा सामना की गई विस्तृत पूछताछ को साझा किया।

वकील आदित्य श्रीनिवासन ने कहा कि रात आठ बजे पुलिसकर्मियों का एक समूह रश्मि के आवास पर गया। उस समय वह अपने घर पर नहीं थीं। इसके बाद कर्नाटक पुलिस ने उनके माता-पिता से पूछताछ की। उनसे बार-बार रश्मि के ठिकाने के बारे में पूछा गया।

पुलिस का दावा: इसमें कोई सांप्रदायिक रंग नहीं

द न्यूज मिनट द्वारा प्रकाशित एक रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से कहा गया है कि मामले में कोई सांप्रदायिक कोण नहीं था। यही बात इंडिया टुडे ने एक पैनल डिस्कशन के दौरान बताई। इस पैनल में रश्मि सामंत भी मौजूद थीं। टीएनएम और इंडिया टुडे, दोनों ने कहा कि पुलिस ने मामले में किसी भी सांप्रदायिक कोण से स्पष्ट रूप से इनकार किया है।

टीएनएम ने उडुपी के एएसपी सिद्धलिंगप्पा के हवाले से कहा, “हमने फोन देखा और ऐसा कोई वीडियो नहीं मिला। हमने मामले की गहन जाँच की। इस बात का कोई सबूत नहीं है कि वीडियो साझा किया गया था। यह कॉलेज में एक अनोखी घटना थी और इसका कोई सांप्रदायिक पहलू नहीं था। कथित पीड़िता पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहती।”

आपराधिक इरादे को छिपाने की कोशिश

अपराधी और पीड़िता के अलग-अलग समुदाय होने की बात स्पष्ट रूप से कही जा रही है। इसके बावजूद वामपंथी प्रोपगेंडा पोर्टल ऑल्ट न्यूज़ (AltNews) और उसके सह-संस्थापक मोहम्मद ज़ुबैर ने रश्मि और अन्य लोगों पर गलत सूचना फैलाने और घटना को सांप्रदायिक रंग देने का आरोप लगाया है।

हिंदुओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर पर्दा डालने के लिए कुख्यात मोहम्मद जुबैर ने इस जघन्य घटना के खिलाफ आवाज उठाने वालीं शेफाली वैद्य और रश्मि सामंत सहित तमाम महिला दक्षिणपंथियों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एक क्रूर हमला किया। जब उस पर सवाल उठे तो जुबैर ने विक्टिम कार्ड खेला और कहा कि जब वह फर्जी खबरें उजागर करता है तो लोग उसे टारगेट करते हैं।

दरअसल, जुबैर ने द न्यूज मिनट की रिपोर्ट पर बहुत भरोसा किया, जिसमें पहले पैराग्राफ में ही उल्लेख किया गया था कि तीन मुस्लिम लड़कियों को वॉशरूम में कथित तौर पर गुप्त रूप से हिंदू लड़कियों के वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए निलंबित कर दिया गया था। टीएनएम ने इसे “बदमाशी” का स्पष्ट मामला बताया, लेकिन यह नहीं कहा कि यह अफवाह थी कि मुस्लिम लड़कियों ने एक हिंदू लड़की का वीडियो रिकॉर्ड किया था।

यहाँ टीएनएम की रिपोर्ट का अर्काइव लिंक है। इसके बाद, कई वामपंथी सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं और उनके मीडिया संगठनों ने तीन मुस्लिम छात्रों द्वारा किए गए अपराध को कम बताना शुरू कर दिया और इसे ‘शरारत’ बताया।

नए संसद भवन का हो गया उद्घाटन, फिर भी पुरानी इमारत में ही क्यों चल रहा मॉनसून सत्र? – प्रोपेगंडा में न आएँ, जानें कारण

संसद का मॉनसून सत्र भी जारी है। गुरुवार (20 जुलाई, 2023) से शुरू हुआ ताज़ा सत्र लगातार विपक्ष के हंगामे का शिकार बन रहा है। हालाँकि, इस दौरान कई बिल भी पेश किए जा रहे हैं। अब आपके मन में ये सवाल ज़रूर उठ रहा होगा कि जब 28 मई, 2023 को नए संसद भवन का उद्घाटन को चुका है, फिर भी संसद का मॉनसून सत्र पुरानी वाली इमारत में ही क्यों चल रहा है? ‘सेंगोल’ की स्थापना के कारण नए संसद भवन का उद्घाटन समारोह काफी चर्चा का विषय बना था।

संसद के पुराने वाले भवन का निर्माण ब्रिटिश सरकार ने सन् 1927 में करवाया था। वहीं नए वाले संसद भवन का निर्माण दिसंबर 2020 में शुरू हुआ था। उम्मीद थी कि नया सत्र भी इसी में आयोजित किया जाएगा। हालाँकि, इसके तुरंत पहले केंद्र सरकार ने ऐलान किया कि मॉनसून सत्र 2023 पुरानी वाली इमारत में ही होगा और नए वाले में तब शिफ्ट किया जाएगा जब वहाँ ज़रूरी तैयारियाँ कर ली जाएँगी।

‘इंडियन एक्सप्रेस’ की एक रिपोर्ट में जानकारी दी गई थी कि साउंड और AC से लेकर ऑटोमेटेड सिक्योरिटी तक, नई वाली इमारत में सभी व्यवस्थाओं की जाँच अच्छे से कर ली गई थी। लोकसभा और राज्यसभा में ऑडियो-वीडियो सिस्टम की अच्छी तरह से जाँच की गई। नए संसद भवन में मॉनसून सत्र शिफ्ट नहीं हो पाया, इसके 2 कारण हैं। पहला कारण है – कुछ अंतिम काम हैं जो अभी चल रहे हैं और उन्हें फिनिशिंग टच दिया जा रहा है।

दूसरा कारण है – ज़रूरी चीजों को पुराने संसद भवन से नए संसद भवन में स्थानांतरित करने में पेचीदगियाँ। इस प्रक्रिया में काफी समय और मेहनत लगनी है, ऐसे में निर्णय लिया गया कि मॉनसून सत्र पुरानी वाली बिल्डिंग में ही चलेगा। विपक्षी दलों ने भी इस देरी का इस्तेमाल अपने प्रोपेगंडा के लिए किया। ‘राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP)’ के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने दावा कर डाला कि नए संसद भवन में बाढ़ का पानी घुस गया है, इसीलिए वहाँ सत्र का आयोजन नहीं हो पाया।

संसदीय मामलों के केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने इन दावों को नकार दिया है। उन्होंने इन दावों को पूर्णरूपेण गलत और तथ्यहीन करार दिया। उन्होंने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ही निर्णय लिया कि संसद का मॉनसून सत्र पुरानी इमारत में ही आयोजित किया जाएगा। 11 अगस्त तक चलने वाले मौजूदा सत्र में 23 दिनों में 17 बैठकें होंगी। जल्द ही केंद्र सरकार इसकी घोषणा करेगी कि कब से नई इमारत में संसद सत्र चलेगा।

नए संसद भवन के उद्घाटन का कार्यक्रम खासा चर्चा का विषय बना था। तमिल राजचिह्न ‘सेंगोल’ को लोकसभा अध्यक्ष के आसन के पास स्थापित करने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने राजदंड को सांष्टांग प्रणाम किया था। तमिल अधीनम पुरोहितों की मौजूदगी में प्रक्रियाएँ पूरी की गई थीं। कार्यक्रम स्थल पर हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध सहित विभिन्न धर्मों के आचार्य मौजूद थे। नए संसद भवन के लिए नागपुर से सागौन की लकड़ी, राजस्थान के सरमथुरा से सैंडस्टोन, उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से कालीन, अगरतला से बाँस की लकड़ी और महाराष्ट्र के औरंगाबाद और जयपुर से अशोक प्रतीक को मँगवाया गया था।