Home Blog Page 1756

मुस्लिम युवकों से शादी करना चाहती थीं 2 हिन्दू बहनें, माँ ने मना किया तो कुएँ में कूद कर ली आत्महत्या

तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली (Tiruchirapalli) में अलग समुदाय के लड़के के साथ शादी की अनुमति नहीं देने पर दो सगी बहनों ने आत्महत्या कर ली है। दोनों बहनें मुस्लिम समुदाय के दो लड़कों से शादी करना चाहती थीं। दोनों लड़के भी आपस में सगे भाई हैं। हालाँकि, माता-पिता को अलग धर्म में बेटियों की शादी मंजूर नहीं थी।

तिरुचिरापल्ली पुलिस के अनुसार, 21 साल की विद्या और 23 साल की गायत्री का शव वलनाडु गाँव के एक कुएँ में मिला। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि वह मामले की हर एंगल से जाँच कर रही है।

विद्या और गायत्री के पिता पिचाई और माँ अखिलंदेश्वरी दिहाड़ी मजदूर हैं। दोनों बहनें कोयंबटूर के पास कांगेयम के एक कपड़ा मिल में काम करती थीं। वहीं पर दो मुस्लिम भाई वहीं काम करते थे। कुछ साल पहले दोनों बहनों की उन दोनों लड़कों से दोस्ती हो गई। यह दोस्ती प्यार में बदल गईं।

दोनों बहनें अपने प्रेमियों से घंटों तक फोन पर बातें करती थीं। माँ ने देखा कि उनकी बेटियाँ फोन पर लंबे समय तक बातें करती हैं। इसके बाद दोनों बहनों की माँ ने उनसे इस बारे में पूछा। पूछताछ में दोनों बहनों ने बताया कि उनकी मील में ही काम करने वाले दो भाइयों से वे प्यार करती हैं।

जब दोनों बहनों ने बताया कि दोनों लड़के दूसरे धर्म के हैं तो माता-पिता शादी के लिए तैयार नहीं हुए। माता-पिता ने दोनों बहनों को इस संबंध में उन्हें खूब समझाया, लेकिन वे नहीं मानीं। कुछ देर बाद दोनों बहनें घर से निकल गईं और काफी देर तक नहीं लौटीं।

इसके बाद गाँव वालों ने कुएँ के पास ही दो मोबाइल फोन देखा। जब वे कुएँ में झाँक कर देखा तो दो लड़कियों की लाश तैर रही थी। इसके बाद गाँव वालों ने परिजनों और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुँच गई।

थुवरनकुरिची थाने की पुलिस ने कुएँ से दोनों बहनों के शव निकाले। इस दौरान पता चला कि आत्‍महत्‍या से पहले लडकियों ने अपनी माँ को एक ऑडियो मैसेज भेजा था। वहीं, एक लड़की ने अपने हाथ में अपना नाम लिखा तो दूसरी युवती ने अपने छोटे भाई का मोबाइल नंबर लिखा था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जाँच से पता चलता है कि दोनों बहनें धार्मिक सीमाओं के पार जाकर प्यार और रिश्तों को लेकर दुविधा में थीं। दोनों बहनें रविवार (4 जून 2023) को अपने पैतृक गाँव में एक मंदिर उत्सव में भाग लेने के लिए घर आई थीं। मंगलवार (6 जून 2023) को यह घटना हो गई।

इंडोनेशिया में प्रेमी जोड़े को मिली कार में किस करने की सज़ा: लोगों के सामने दोनों पर बरसाए गए 21-21 कोड़े, दर्द से कराहती युवती जमीन पर गिर पड़ी

इंडोनेशिया में एक अविवाहित जोड़े को कार में एक-दूसरे को किस करना भारी पड़ा। लोगों के सामने उन पर खुलेआम कोड़े बरसाए गए। जब दोनों पर कोड़े बरसाए जा रहे थे, तब लोग इनकी तस्वीरें लेते रहे। जहाँ महिला की उम्र 23 वर्ष बताई जा रही है, वहीं पुरुष की उम्र 24 साल है। इन दोनों को एक कार पार्किंग में एक-दूसरे के करीब जाते हुए देखा गया, जिसके बाद प्रशासन को सतर्क किया गया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

फिर दोनों पर 21-21 कोड़े बरसाए जाने की सज़ा सुनाई गई। ये घटना सुमात्रा द्वीप स्थित बुस्तानल सलातीन कॉम्प्लेक्स की है। कोड़े से पीटे के जाने के दौरान महिला जमीन पर गिर गई और बचाने के लिए चिल्लाने लगी, लेकिन लोग वहाँ फोटो-वीडियो लेते रहे। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी माइक लेकर खड़ा था, जो कोड़े बरसाए जाने वालों को निर्देश दे रहा था और साथ ही वहाँ मौजूद भीड़ को भी कुछ कह रहा था।

इस दौरान महिला एवं पुरुष को एक-एक कर के सज़ा दी गई। पहले तो इस जोड़े को 25-25 बार कोड़े से पीटे जाने की सज़ा सुनाई गई थी, लेकिन अंत में इसे घटा दिया गया। बंदा ऐसेह प्रॉसिक्यूटर ऑफिस के क्रिमिनल इन्वेस्टीगेशन सेक्शन के मुखिया ने कहा कि इन दोनों ने ‘जिनायत कानून’, अर्थात इस्लामी कानून का उल्लंघन किया है। दोनों को उले ली हार्बर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था, जब एक पुलिसकर्मी कार चेकिंग के दौरान वहाँ पहुँचा।

बता दें कि इंडोनेशिया में लगभग 90% लोग इस्लाम का अनुसरण करते हैं। वहाँ के कुछ राज्यों में इस्लामी कानून भी चलता है, जो केंद्रीय कानून को भी बाईपास कर सकता है। इसके तहत किसी जोड़े को सार्वजनिक जगहों पर करीब आना भी मना है। ‘शरिया पुलिस’ इसके बाद कार्रवाई करती है। इससे पहले अफगानिस्तान और सीरिया जैसी जगहों से भी ऐसी तस्वीरें सामने आ चुकी हैं, जिनमें खासकर महिलाओं पर अत्याचार किया जा रहा हो।

कनाडा में खालिस्तानियों ने निकाली इंदिरा गाँधी की हत्या की झाँकी, विदेश मंत्री जयशंकर की चेतावनी – यह कनाडा के लिए बिल्कुल ठीक नहीं

कनाडा में खालिस्तान समर्थकों ने ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी की हत्या की झाँकी निकाली। इस झाँकी में इंदिरा गाँधी की हत्या करते हुए दिखाया गया है। भारत ने इसका सख्त विरोध किया है। भारत के विरोध के बाद कनाडा के राजदूत ने कहा कि कनाडा में नफरत और हिंसा के लिए जगह नहीं है।

बता दें कि पंजाब के अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में छिपे आतंकी जरनैल से भिंडरांवाले के खिलाफ प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी ने ऑपरेशन का आदेश दिया था। इस आदेश के बाद 1 जून 1984 से 8 जून 1984 तक सेना ने ऑपरेशन ब्लू स्टार चलाया था। इसके पाँच महीने बाद 31 अक्टूबर 1984 को इंदिरा गाँधी की हत्या उनके दो सिख अंगरक्षकों ने कर दी थी।

मामला कनाडा के ब्रैम्पटन शहर का है। खालिस्तान समर्थकों ने ऑपरेशन ब्लू स्टार की 39वीं बरसी पर 4 जून को परेड निकाला था। इस दौरान एक झाँकी भी निकाली गई थी, जिसमें ऑपरेश ब्लू स्टार का आदेश देने वाली प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी की हत्या करते हुए दिखाया गया है।

इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में इंदिरा गाँधी खून से सनी सफेद साड़ी में हाथ ऊपर उठाए खड़ी दिख रही हैं। वहीं, पगड़ी बाँधे आदमी उनकी तरफ बंदूक ताने खड़े हैं। इस झाँकी के पोस्टर के पीछे लिखा था, ‘बदला’। इस वीडियो को ट्वीट करते हुए कॉन्ग्रेस के नेता मिलिंद देवड़ा ने भी कनाडा सरकार पर सवाल उठाया है।

वीडियो सामने आने के बाद लोग सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वहीं, भारत का विदेश मंत्रालय ने भी कनाडा को लताड़ लगाई है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि कनाडा में इस तरह की घटना दोनों देशों के लिए सही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कनाडा की जमीन का इस्तेमाल भारत विरोध के लिए नहीं होना चाहिए।

जयशंकर ने कहा, “मुझे लगता है कि इसमें एक बड़ा मुद्दा शामिल है। हमें वोट बैंक की राजनीति से ऊपर उठना होगा। ये बड़ा मुद्दा है कि क्या कनाडा अपनी जमीन अलगाववादियों, चरमपंथियों, हिंसा की वकालत करने वाले लोगों को दे रहा है। मुझे लगता है कि यह रिश्तों के लिए अच्छा नहीं है और विशेषकर कनाडा के लिए तो बिल्कुल सही नहीं है।”

दोनों देशों के बीच तल्खी की झलक कनाडा के NSA के बयान से मिलता है। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की सरकार में राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉडी थॉमस ने एक बयान में कहा था कि भारत उनके देश के आंतरिक मामलों में हस्‍तक्षेप करता है। इसके बाद जयशंकर ने कहा, ‘उल्टा चोर कोतवाल को डाँटे’।

हालाँकि, इंदिरा गाँधी की झाँकी वाले मसले पर विरोध के बाद भारत में कनाडा के राजदूत कैमरून मैके ने इसकी निंदा की है। उन्होंने कहा कि कनाडा में भारतीय प्रधानमंत्री की हत्या का जश्न मनाने की खबरों से वह हैरान हैं। उन्होंने कहा, “कनाडा में नफरत या हिंसा के महिमामंडन के लिए कोई जगह नहीं है। मैं इन गतिविधियों की कड़ी निंदा करता हूँ।”

इसके पहले ट्रुडो सरकार ने कनाडा में पढ़ाई करने वाले 700 छात्रों को वापस भेजने की बात कही थी। कनाडा की सरकार ने इन सभी छात्रों पर फर्जी ऑफर लेटर के माध्यम से एडमिशन लेने का आरोप लगा है। अब इन छात्रों पर वापस भेजने का खतरा मंडरा रहा है। खालिस्तानियों को लेकर दोनों देशों के बीच उत्पन्न हुई कड़वाहट का नया शिकार ये छात्र बनते दिख रहे हैं।

कनाडा में पंजाब से जाकर बसने वालों सिखों की अच्छी-खासी आबादी है। वहाँ की वर्तमान सरकार वोट बैंक की राजनीति के चलते खालिस्तानियों पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं करती। इस कारण खालिस्तान समर्थक कनाडा में खुलेआम भारत विरोधी कार्यों में लगे रहते हैं। वहाँ हाल के दिनों में हिंदू मंदिरों पर हमलों में भी वृद्धि हुई है।

झूठा SC/ST आरोप लगाने वाली प्रोफेसर के खिलाफ सड़क पर BHU के छात्र: 65 प्राध्यापकों के समूह ने भी की थी शिकायत, गाली-गलौच और जूता उठाने के वीडियो भी

वाराणसी में स्थित ‘बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU)’ के छात्र एक बार फिर से धरने पर है। छात्रों के विरोध प्रदर्शन का कारण है प्रोफेसर शोभना नार्लीकर, जो बात-बात में SC/ST एक्ट लगाने की धमकी देती रहती है। उनके कई वीडियोज भी वायरल हुए हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि स्थानीय पत्रकारों से लेकर मेनस्ट्रीम मीडिया तक उनके मुद्दे को नहीं उठा रहे। हालाँकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

प्रोफेसर शोभना नार्लीकर को BHU के पत्रकारिता विभाग का अध्यक्ष (HOD) बनाया गया है। कुछ छात्र ‘प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया’ में इंटर्नशिप के लिए चयनित हो गए थे। जब वो प्रोफेसर शोभना नार्लीकर के पास हस्ताक्षर के लिए गए, तो उन्होंने बिना कारण मना कर दिया। छात्रों का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ न सिर्फ गाली-गलौच की गई, बल्कि उन पर झूठा मुकदमा भी दायर कर दिया गया।

इसके बाद BHU पत्रकारिता विभाग के दर्जनों छात्र विश्वनाथ मंदिर की तरफ जाने वाली सड़क को अवरुद्ध कर के डिपार्टमेंट के सामने ही धरने पर बैठ गए। लगभग 15 दिनों तक चले इस धरने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जाँच का आश्वासन दिया, तब जाकर धरना रुका। लेकिन, छात्रों का यह विरोध प्रदर्शन जल्द फिर से शुरू हो सकता है। छात्रों की माँग थी कि न सिर्फ एक समिति बना कर शोभा नार्लीकर पर लगे आरोपों की जाँच हो, बल्कि तब तक उन्हें पदमुक्त कर के भी रखा जाए।

ऑपइंडिया से बात करते हुए प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि उनके खिलाफ अमानवीय हरकतें कर उलटा साजिश रचे जाने की करतूतों को अब वो बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस दरम्यान धरने पर बैठे छात्रो से चीफ प्रॉक्टर समेत विश्वविद्यालय के आला अधिकारियों ने कई राउंड बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्रों का गुस्सा कम नहीं हुआ। बता दें कि BHU के कला संकाय के अंतर्गत आने वाले पत्रकारिता के छात्र अब भी आक्रोशित हैं।

हमने इन छात्रों से पूछा कि आखिर उनके प्रदर्शन का कारण क्या है? इस पर उन्होंने बताया कि छात्रों, प्राध्यापकों और कर्मचारियों के साथ विभागाध्यक्ष का रवैया अच्छा नहीं है। छात्रों ने बताया कि पूर्व में कई प्राध्यापकों पर प्रोफेसर शोभना नार्लीकर द्वारा SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दायर किया जा चुका है, लेकिन इनमें से अधिकतर निर्दोष साबित हो चुके हैं। स्कॉलरशिप, इंटर्नशिप या खेल के अलावा हॉस्टल वगैरह से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने आए छात्रों से वो दुर्व्यवहार करती हैं।

BHU के 65 शिक्षकों ने प्रोफेसर शोभना नार्लीकर के खिलाफ कुलपति को दी थी शिकायत

छात्रों का कहना है कि उन्हें मना कर के वापस भेज दिया जाता है, जिससे उनके करियर पर भी प्रश्नचिह्न लग जाता है। एक छात्र ने बताया कि जब वो विभाग में अव्यवस्था को लेकर शिकायत लेकर गया तो प्रोफेसर शोभना नार्लीकर ने उसका करियर खा जाने की धमकी दी। परीक्षा की कॉपियाँ अपने अंतर्गत लेकर छात्रों के प्राप्तांकों से मनमाने छेड़छाड़ का भी आरोप है। एक छात्रा ने बताया कि उसे अपशब्द कह कर प्रोफेसर शोभना नार्लीकर ने अपने दफ्तर से भगा दिया।

सिर्फ छात्र ही नहीं, बल्कि कुछ प्रोफेसर भी उनके खिलाफ हैं। पठन-पाठन के कार्य में इस प्रकरण के कारण बाधा आने की बात कही जा रही है। आरोप है कि वो हर बात पर अपने पद व अपनी कुर्सी की धमक दिखाती है। छात्रों का कहना है कि उनकी माँगों पर अमल नहीं किया गया तो वो भविष्य में आमरण अनशन भी करेंगे। खास बात ये है कि पूर्व में कई प्रोफेसरों ने भी उनके खिलाफ सड़क पर विरोध प्रदर्शन का रुख अख्तियार किया था।

उसी विभाग में एक प्रोफेसर पंकज कुमार हैं, जिन पर SC/ST एक्ट के तहत शोभना नार्लीकर ने मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद 65 शिक्षकों का एक समूह कुलपति के समक्ष शिकायत लेकर पहुँचा था। तब भी कुलपति ने दोनों तरफ के आरोपों की न्यायिक जाँच का भरोसा दिया था। रिटायर्ड जस्टिस कलीमुल्लाह के नेतृत्व में एक समिति बनी भी थी। ऑपइंडिया के पास वो FIR कॉपी भी मौजूद है, जिसमें प्रोफेसर पंकज पर शोभना नार्लीकर ने मामला दर्ज कराया है।

इसी तरह एक हैं प्रोफेसर शिशिर बसु, जिन पर SC/ST एक्ट के तहत शोभना ने मुकदमा दायर किया था। लेकिन, वाराणसी की ही एक कोर्ट ने उन्हें लगभग 10 साल बाद 2022 में निर्दोष करार दिया। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि पीड़िता ने 2003 से ही प्रताड़ना की बात कही थी, लेकिन शिकायत दर्ज कराने में एक दशक लगा दिया गया। अदालत ने इसे शैक्षणिक विवाद करार देते हुए कहा कि अभियोजन घटना या इसकी दिन-तारीख़ को साबित करने में नाकाम रहा।

SC/ST एक्ट के मामले में कोर्ट का आदेश, नहीं साबित हुआ मामला

वहीं पंकज कुमार के खिलाफ लगाए गए आरोप में शोभना नार्लीकर ने कहा था कि उन्हें जातिसूचक शब्द कह कर गंदी-गंदी गालियाँ दी गईं। ऑपइंडिया के पास अदालत के इस आदेश की भी प्रति मौजूद है, जिसमें लिखा है कि पीड़िता BHU के कामकाज से विक्षुब्ध रही है और उसने इसमें यौन शोषण का आरोप लगा दिया। शोभना नार्लीकर ने प्रोफेसर बसु द्वारा उनके खिलाफ छात्रों से अश्लील हरकत कराए जाने का आरोप लगाया था, लेकिन कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इसका कोई गवाह-सबूत नहीं मिला।

कोर्ट ने ये भी पाया कि FIR और अन्य बयानों में अंतर था। एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें प्रोफेसर शोभना नार्लीकर एक अन्य प्रोफेसर के लिए अपशब्दों का प्रयोग कर रही हैं। एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें उनके कपड़े फटे हुए हैं। छात्रों का कहना है कि वो खुद ये सब कर के ताने पहुँच जाती है, ताकि शिकायत दर्ज करा सके। एक वीडियो में व जूता निकाल कर मारने की बात करती दिख रही हैं। वहीं उनके सामने वीडियो बनाते हुए एक अन्य छात्र ने आरोप लगाया कि उन्हें माँ-बहन तक की गाली दी जाती है।

फ्रांस में चाकू से हमला: पार्क में खेल रहे छोटी उम्र के बच्चों को बनाया निशाना, सीरिया से आया शरणार्थी है हमलावर

फ्रांस में बच्चों पर चाकू से हमले की खबर है। हमलावर सीरिया से आया शरणार्थी बताया जा रहा है। घटना फ्रांस के फ्रैंच आल्प्स के एनेसी कस्बे की है। निशाना बने बच्चे एक पार्क में खेल रहे थे। बच्चों का इलाज चल रहा है। वहीं हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सीएनएन के अनुसार हमले में एक वयस्क सहित आठ जख्मी हुए हैं। इनमें चार बच्चों को गहरे घाव हैं। हमला गुरुवार (8 जून 2023) की सुबह किया गया। फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने ट्वीट कर कहा है कि इस कायराना हमले से उनके देश को गहरा आघात लगा है।

रिपोर्ट के अनुसार सुबह के करीब 9 बजकर 45 मिनट पर हमलावर चाकू के साथ उस पार्क में घुसा जिसमें बच्चे खेल रहे थे। हमले के शिकार बने बच्चों की उम्र तीन साल के आसपास है। एनेसी झीलों और अपनी प्राकृति खूबसूरती के कारण प्रसिद्ध है। फ्रांस के गृह मंत्री गेराल्ड डर्मैनिन ने हमलावर के गिरफ्तारी की पुष्टि की है। लेकिन उसकी पहचान का खुलासा नहीं किया गया है। द मिरर ने सूत्रों के हवाले से हमलावर की पहचान अब्देल मसीह एच के तौर पर बताई है।

हमले के बाद फ्रांस के संसद में एक मिनट का मौन रखा गया। हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रधानमंत्री के भी एनेसी जाने की सूचना है। गार्डियन के अनुसार 32 साल के हमलावर के पास से सीरियाई पहचान पत्र मिले हैं। बीएफएमटीवी के अनुसार उसे शरणार्थी का दर्जा हासिल था। रिपोर्टों में प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कहा गया है कि शुरुआत में उन्हें लगा कि यह छोटे बच्चों का डराने का कोई ड्रामा है। लेकिन जब बच्चों के चीखने चिल्लाने की आवाज आने लगी तो आसपास के लोगों को वास्तविकता का एहसास हुआ। इसके बाद हमलावर वहाँ से निकल गया, लेकिन पुलिस ने बाद में उसे पकड़ लिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार हमलावर झील के आसपास के इलाकों में कई दिनों से भटक रहा था। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार बच्चों पर चाकू से वार करने से पहले हमलावर अंग्रेजी में बात कर रहा था। वहीं एक महिला ने स्थानीय रेडियो स्टेशन को बताया कि बाड़ से छलांग लगाकर हमलावर पार्क में घुसा और उसने एक छोटी लड़की तथा एक बच्चे को चाकू मार दिया।

15 दिन में ही ₹2000 के 50% नोट लौटे, फेल हुआ कॉन्ग्रेस का ‘2.5 करोड़ घंटे’ वाला गणित: जानिए 1000 रुपए के नोट को लेकर क्या बोले RBI गवर्नर

19 मई 2023 को भारतीय रिजर्व बैंक ने 2000 रुपए के नोट वापस लेने की घोषणा की थी। 23 मई से इन नोटों को बैंक में जमा करने या बदलने की अनुमति दी गई थी। एक बार में 20 हजार रुपए तक के ऐसे नोट बदलने की अनुमति है। गुरुवार (8 जून 2023) को आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने बताया कि अब तक ऐसे 50 प्रतिशत नोट वापस आ चुके हैं।

यानी चलन में जितने 2000 रुपए के नोट थे उनमें से आधे 15 दिन के भीतर ही सरकार के पास लौट चुके हैं। दास ने बताया, “3.62 लाख करोड़ के दो हजार रुपए के नोट 31 मार्च 2023 तक चलन में थे। घोषणा के बाद 1.8 लाख करोड़ रुपए के नोट बैंकिंग प्रणाली में वापस आ गए हैं। 2000 रुपए के करीब 85 फीसदी नोट बैंक खातों में जमा किए जा रहे है और यह हमारी उम्मीदों के अनुसार है।”

आरबीआई ने 2000 के नोट बैंकों में जमा करने या बदलने के लिए 30 सितंबर तक का समय दे रखा है। मौद्रिक नीति समिति की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए आरबीआई गवर्नर ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि दो हजार के नोट अभी लेन-देन में मान्य हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि 500 रुपए के नोट वापस लेने या 1000 रुपए के नोट फिर से चलन में लेने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने लोगों से भी इस तरह की अटकलें नहीं लगाने का अनुरोध किया।

उल्लेखनीय है कि 2000 रुपए के नोट वापस लेने के आरबीआई के ऐलान के बाद कॉन्ग्रेस ने एक अलग तरह का गणित पेश किया था। कॉन्ग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ (Gaurav Vallabh) ने इन नोटों को बदलने में लगने वाले समय का अनुमान रखते हुए कहा था कि इसके लिए बैंकों को अगले चार महीने तक अन्य जरूरी काम बंद करने होंगे।

उन्होंने कहा था, “देश में करीब 181 करोड़ 2000 रुपए के नोट बाजार में मौजूद हैं। यदि एक बार में कोई व्यक्ति 10 के बजाय सिर्फ 5 नोट भी बदलता है, तो बैंकों को अगले चार महीने में 36 करोड़ से ज्यादा ट्रांजेक्शंस करने होंगे। मान लीजिए एक ट्रांजेक्शन में बैंक चार मिनट का समय लगाता है तो इन 36 करोड़ ट्रांजेक्शंस में 144 करोड़ मिनट खर्च होंगे। अगले 4 महीने में नोट बदलने में बैंकों के लगभग 2.5 करोड़ घंटे लगेंगे। यानी अगले 4 महीनों में बैंक की शाखाएँ सिर्फ एक्सचेंज में व्यस्त रहेंगी।”

जी-20 बैठक को यादगार बनाएगी योगी सरकार: अतिथि देख सकेंगे अतुल्य काशी मॉडल, जैन तीर्थंकर गंगा घाट को भी हरी झंडी

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जी-20 के मंत्री समूह की बैठक की तैयारियाँ जोरों पर है। यूपी की योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) की सरकार चाहती है कि जब विदेशी मेहमान काशी की धरती पर आएँ तो उन्हें अतुल्य काशी की झलक मिले और जब वे यहाँ से जाएँ तो काशी की परंपरा की छवि अपने साथ लेकर जाएँ।

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि काशी में जी-20 सम्मेलन की यह दूसरी बैठक होने जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछली बैठक में आए मेहमान यहाँ की संस्कृति से प्रभावित होकर लौटे हैं। बैठक में शामिल होने आने वाले अतिथियों का एयरपोर्ट पर चंदन लगाकर और अंगवस्त्रम देकर स्वागत किया जाएगा।  

उधर सरकार ने जैन तीर्थंकर चंद्र महाप्रभु की जन्मस्थली चंद्रावती को भी पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए सरकार ने 20 करोड़ रुपए की परियोजना की स्वीकृति दे दी है। इसके साथ इसकी पहली किस्त के रूप में 1.50 करोड़ रुपए भी जारी कर दी है।

चंद्रावती में गंगा तट पर पक्के घाट का निर्माण किया जाएगा और पर्यटन की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि इससे गंगा किनारे पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

जैन तीर्थंकर चंद्र महाप्रभु की जन्मस्थली चंद्रावती जैन धर्मावलंबियों के लिए एक पवित्र स्थल है। यह गंगा तट पर बसा है और लंबे समय से इस तीर्थ क्षेत्र में पक्के घाट के निर्माण की माँग की जा रही थी। पर्यटन मंत्रालय की ओर से इस परियोजना को स्वीकृति दे दी गई है।

वृद्धाश्रमों-अनाथालयों को ‘आदिपुरुष’ के 10000 टिकट बाँटेंगे अभिषेक अग्रवाल: उधर रणबीर-आलिया को लेकर बनेगी नई रामायण, रावण के किरदार में दिख सकते हैं यश

रामायण पर आधारित फिल्म ‘आदिपुरुष’ शुक्रवार (16 जून, 2023) को रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म में जहाँ प्रभास भगवान श्रीराम के किरदार में दिखाई देंगे, वहीं कृति सेनन उनकी पत्नी सीता के किरदार में दिखेंगी। सैफ अली खान ने रावण का किरदार अदा किया है। अब इस फिल्म को लेकर ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘कार्तिकेय 2’ के निर्माता अभिषेक अग्रवाल ने बड़ा ऐलान किया है। अभिषेक अग्रवाल फ़िलहाल ‘टाइगर नागेश्वर राव’ में भी व्यस्त हैं, जो ‘मास महाराजा’ रवि तेजा की पहली पैन-इंडिया फिल्म होगी।

‘आदिपुरुष’ के 10000 फ्री टिकट्स अपनी तरफ से देंगे अभिषेक अग्रवाल

कंपनी ‘अभिषेक अग्रवाल आर्ट्स’ ने आगे बढ़ कर ‘आदिपुरुष’ फिल्म को लेकर बड़ा ऐलान किया है। प्रोडक्शन हाउस ने कहा है कि तेलंगाना के सभी सरकारी स्कूलों, अनाथालयों और वृद्धाश्रमों को ‘आदिपुरुष’ के 10,000 फिल्म टिकट्स फ्री में दिए जाएँगे। इन टिकट्स का खर्च अभिषेक अग्रवाल वहन करेंगे। इसके लिए एक गूगल फॉर्म लाया गया है, जिसे भर कर रजिस्टर करने के बाद कंपनी टिकट्स को बताए गए पत्र पर पहुँचा देगी।

अभिषेक अग्रवाल की कंपनी ने कहा, “आइए, इस जून हम सबसे महान व्यक्ति का जश्न मनाएँ। आइए, मर्यादा पुरुषोत्तम को मनाएँ। ‘आदिपुरुष’ को मनाएँ। भगवान श्रीराम का हर अध्याय मानव जाति के लिए एक बड़ी सीख है। इस पीढ़ी को उनके बारे में जानने और उनके पदचिह्नों पर चलने की ज़रूरत है। आइए, ऐसे ही एक महान अनुभव में डूब जाएँ।” अभिषेक अग्रवाल भारतीय स्वतंत्राता क्रांतिकारियों पर आधारित फिल्म ‘द इंडिया हाउस’ का भी निर्माण कर रहे हैं।

उधर बॉलीवुड में एक और ‘रामायण’ को लेकर चल रही चर्चा

उधर बॉलीवुड में एक और ‘रामायण’ को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इसमें रणबीर कपूर और उनकी पत्नी आलिया भट्ट को राम और सीता के किरदार में दिखेंगे, वहीं ‘KGF’ से धूम मचाने वाले यश को दर्शक रावण के किरदार में दिखेंगे। कन्नड़ अभिनेता यश से इस संबंध में बातचीत ‘एडवांस लेवल’ पर है, ये भी जानकारी दी गई है। नितेश तिवारी रामायण पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन करेंगे।

बता दें कि नितेश तिवारी को ‘दंगल (2016)’ और ‘छिछोड़े (2019)’ के अलावा ‘चिल्लर पार्टी (2011)’ और ‘भूतनाथ रिटर्न्स (2014)’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। रणबीर कपूर लुक टेस्ट के लिए कई बार एक प्रोडक्शन हाउस के दफ्तर में जा चुके हैं। सब सही रहता है तो इसके बाद वो शारीरिक बदलाव की शुरुआत करेंगे। अल्लू अरविंद, मधु मंतेना और नामित मल्होत्रा रामायण वाली इस नई फिल्म का निर्माण करेंगे।

बिहार में 2 दिन से लापता 11 साल का बच्चा पुल के पिलर में फँसा मिला, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी: बाँस से दिया जा रहा खाना, पाइप से ऑक्सीजन

बिहार के पुल इन दिनों चर्चा में हैं। पिछले दिनों भागलपुर में गंगा नदी पर बन रहा पुल भरभरा कर गिर गया था। अब रोहतास में सोन नदी पर बने पुल के पिलर में एक बच्चे के फँसे होने की खबर आई है। करीब 24 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। लेकिन बच्चे को अभी तक बाहर निकालने में कामयाबी नहीं मिली है।

यह पुल नासरीगंज दाऊदनगर में है। बच्चे की पहचान खिरियाव गाँव के रंजन कुमार के तौर पर हुई है। वह पुल के पिलर नंबर 1 और स्लैब के बीच की गहराई में फँसा हुआ है। एक महिला ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी उसके बाद यह घटना सामने आई। इसके बाद बुधवार (7 जून 2022) की दोपहर बचाव दल मौके पर पहुँचा और बच्चे को बाहर निकालने के प्रयास शुरू हुए।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार यह बच्चा दो दिन से लापता था। बच्चे के मानसिक तौर पर विक्षिप्त होने की बात उसके पिता शत्रुघ्न प्रसाद ने कही है। रेस्क्यू ऑपरेशन बुधवार दोपहर को शुरू किया गया था। बाँस से बच्चे को भोजन और पाइप से ऑक्सीजन दिया जा रहा है। अब तक 35 ऑक्सीजन सिलेंडर खत्म हो चुके है। मौके से जो वीडियो आ रहे हैं उसमें घटनास्थल पर भारी भीड़ देखी जा सकती है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में बताया गया है कि बच्चे को निकालने के लिए गुरुवार दोपहर पिलर में तीन फीट चौड़ा छेद किया गया है। पिलर को आठ से 10 फीट काटा जा रहा है। रेस्क्यू टीम के हवाले से कहा गया है कि बच्चा स्वस्थ है और प्रतिक्रिया दे रहा है।

गौरतलब है कि 4 जून 2023 को भागलपुर में गंगा नदी पर बन रहा पुल गिर गया था। 1700 करोड़ की लागत से बन रहा यह पुल एक साल के भीतर दूसरी बार गिरा था। भागलपुर और खगड़िया जिलों को जोड़ने के लिए अगुवानी व सुल्तानगंज के बीच यह पुल बनाया जा रहा है। बीते एक साल में राज्य में 7 बार पुल गिरने की घटनाएँ हो चुकीं हैं।

CM योगी ने किया कानपुर टर्मिनल का उद्घाटन, अब मुंबई-बंगलुरु के लिए उड़ान शुरू, वाटर कैनन से स्वागत: आजमगढ़ से राजधानी बस सेवा भी शुरू

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार राज्य में आधारभूत ढाँचा के विकास विशेष रूप से ध्यान दे रही है। यूपी के कानपुर में बनाए गए नए टर्मिनल से हवाई जहाजों का संचालन शुरू हो गया। वहीं, आजमगढ़ जिले से राजधानी दिल्ली के लिए यूपी परिवहन निगम ने राजधानी एक्सप्रेस सेवा शुरू की है।

बुधवार (7 जून 2023) से कानपुर में नए टर्मिनल से हवाई जहाजों का संचालन शुरू हो गया। इस मौके पर उड़ान भरने वाले यात्रियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। वहीं, आने वाले विमानों का पानी की बौछार कर स्वागत किया गया। 

कानपुर से उड़ान

कानपुर से मुंबई और बंगलुरु के लिए सीधा उड़ान शुरू होने पर यात्रियों ने खुशी जताई और साथ ही यह भी उम्मीद भी जताई कि देश के दूसरे प्रमुख शहरों के लिए भी यहाँ से उड़ान सेवा जल्दी ही शुरू होगी।

नए टर्मिनल पर बुधवार को बंगलुुरु और मुंबई की फ्लाइट जैसे ही आई, वैसे ही रन-वे पर दोनों तरफ खड़ीं फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने वाटर कैनन से पानी फेंक कर सलामी दी। इस दौरान यात्री बेहद खुश नजर आए और टर्मिनल पर इधर-उधर घूम कर उसका आनंद उठाया।

नए टर्मिनल पर मुंबई और बंगलुरु से कुल 345 यात्री आए, जबकि कानपुर से 236 यात्री दोनों शहरों के लिए गए। इस दौरान यात्री बेहद खुश नजर आए। उन्होंने भाजपा की सरकार के कार्यों की तारीफ की।

बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने 26 मई 2023 को कानपुर के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया था। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और जनरल वीके सिंह भी मौजूद थे। टर्मिनल को विभिन्न कलाकृतियों से सजाने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जमकर तारीफ की थी।

एयरपोर्ट से IIT तक ई बस सेवा

नए टर्मिनल से उड़ानों का संचालन शुरू होने के साथ ही यात्रियों को एयरपोर्ट तक ले जाने और लाने के लिए कल्याणपुर में स्थित IIT तक दो ई-बसें चलाई गई हैं। 28 सीटर इस ई-बस का किराया 150 रुपए रखा गया है। यह बस रामादेवी, टाटमिल, झकरकटी होते हुए आईआईटी तक चलेगी।

दिल्ली के बस सेवा

यूपी परिवहन निगम ने राजधानी दिल्ली के लिए सेवाओं की शुरुआत की है। इसके लिए फिलहाल निगम को दो बसें मिली हैं। इन बसों का मंगलवार (6 जून 2023) से शुरू हो गया। ये बसें आजमगढ़ से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे एवं यमुना एक्सप्रेस-वे होते हुए दिल्ली के लिए गईं।

इन बसों का किराया अन्य बसों की तुलना में 10 प्रतिशत अधिक होगा। ये बसें करीब 12 घंटे का सफर पूूरा करके दिल्ली के आनंद विहार पहुँचेगी। यह बस सेवा यात्रियों के लिए प्रतिदिन उपलब्ध होंगी। आजमगढ़ से ये बसे सुबह 10 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी, जबकि दिल्ली के आनंद विहार से आजमगढ़ के लिए 11 बजे बसे खुलेंगी।