दिल्ली नगर निगम के मेयर, डिप्टी मेयर और स्टैंडिंग कमेटी का चुनाव लगातार तीसरी बार टल गया है। इस चुनाव के लिए सोमवार (6 फरवरी, 2023) को बुलाई गई बैठक अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई। भाजपा ने मेयर पद के लिए रेखा गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, ‘आम आदमी पार्टी (AAP)’ की ओर से शैली ओबरॉय मैदान में हैं।
दरअसल, दिल्ली नगर निगम (MCD) के महापौर चुनाव के लिए नियुक्त पीठासीन अधिकारी ने ‘आम आदमी पार्टी’ के दो पार्षदों का वोटिंग करने का अधिकार रद्द कर दिया। इसके चलते सदन में AAP के पार्षदों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। यही नहीं, पीठासीन अधिकारी ने सदन में यह भी कहा कि उप-राज्यपाल ने जिन 10 सदस्यों को मनोनीत किया है, वह भी वोट डाल सकेंगे। इसके बाद सदन में जारी हंगामा और तेज हो गया। इस हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
बता दें कि इससे पहले मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए दो बार सदन की बैठक बुलाई गई थी। पहली बार 6 जनवरी को और दूसरी बार 24 जनवरी को। लेकिन, दोनों पार्टी के नेताओं के हंगामे के चलते पीठासीन अधिकारी ने बिना चुनाव कराए ही कार्यवाही स्थगित कर दी थी। गौरतलब है कि दिल्ली नगर निगम चुनाव में सभी 250 वार्डों में मतदान हुआ था। इसमें आम आदमी पार्टी 134 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई थी। वहीं, भाजपा के खाते में 104 सीटें और कॉन्ग्रेस के खाते में 9 सीटें गईं।
सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई। AAP नेता आतिशी ने कहा है कि बीजेपी की मंशा साफ नजर आ रही है और वह मेयर का चुनाव नहीं करवाना चाहती। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बेईमानी से दिल्ली नगर निगम में सरकार बना कर बैठी है। उन्होंने यह भी कहा है कि पार्टी आज ही सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी, ताकि मेयर का चुनाव अदालत की निगरानी में हो सके।
वहीं, केंद्रीय मंत्री मिनाक्षी लेखी ने पलटवार करते हुए कहा कि दिल्ली को एक भ्रष्ट मुख्यमंत्री मिला है। एक ऐसा मुख्यमंत्री जिसका नाम हर रोज शराब घोटाले में आ रहा है। इसी पैसे का इस्तेमाल कर पहले गोवा में और फिर दिल्ली में मेयर का चुनाव लड़ने की कोशिश की। इन लोगों ने भाजपा के 9 पार्षदों को पद और पैसे का लालच दिया।
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में जफर अली की हत्या में पुलिस ने अशफाक नाम के मौलाना सहित तीन को गिरफ्तार किया है। मौलाना और जफर की बीवी नजमा के बीच अवैध संबंध बताए जा रहे हैं। कत्ल में नजमा ने भी उसका साथ दिया था। तीसरे गिरफ्तारी की पहखन सलीम के तौर पर हुई है। जफर की हत्या 25 जनवरी 2023 को हुई थी।
बलरामपुर पुलिस के मुताबिक मूल रूप से सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र का रहने वाला जफर मुंबई में मजदूरी करता था। उसका अब्बा भी मजदूर था और अम्मी की मौत हो चुकी है। परिवार में उसकी बीवी नाजमा खातून और 3 छोटे बच्चे थे। कुछ समय पहले जफर के घर के बगल में बलरामपुर के तुलसीपुर थाना क्षेत्र के गाँव गदाखौवा मजरे नैकिनिया का रहने वाला मौलाना अशफाक आ कर रहने लगा। यहाँ वह लोगों को दुआ और ताबीज बाँटता था।
पुलिस ने बताया कि जफर की बीवी नाजमा भी मौलाना अशफाक से दुआ और ताबीज ले रही थी। इस दौरान दोनों के बीच संबंध बन गए। इस बीच जफर ने मुंबई से लौटकर अपने जिले में ही काम-धंधे का प्लान बनाया। इसकी जानकारी मिलने के बाद जाफर की बीवी और मौलाना परेशान हो उठे। दोनों ने मिलकर जफर को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।
प्लान के मुताबिक मौलाना ने फोन पर जफर से दोस्ती की। 24 जनवरी को जफर ने मुंबई से ट्रेन पकड़ी। 25 जनवरी को रास्ते में दवा के बहाने जफर ने तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर उसे ट्रेन से उतार लिया। यहाँ से वह जफर को अपने साथ ले गया और सलीम के साथ मिल गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। लाश उसी रात सरयू नहर में फेंक दी। 4 दिनों बाद जफर की लाश 29 जनवरी को सोनपुर धुतकहवा गाँव के पास बरामद हुई थी।
इस मामले की जाँच करते हुए पुलिस ने जफर सहित उसकी बीवी की कॉल डिटेल खँगाली। यहीं से मौलाना अशफाक का नंबर प्रकाश में आया। पुलिस ने पहले नजमा को 31 जनवरी 2023 को गिरफ्तार किया। नाजमा ने पूछताछ में पूरी पोल खोल दी और और रविवार (5 जनवरी 2023) को पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए मौलाना अशफाक के साथ उसके साथी सलीम को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से कत्ल में प्रयोग हुई बाइक, जफर का बैग और कपड़े, बेहोश करने में प्रयोग हुई नशीली दवा बरामद की गई है। सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके साथ ही कॉन्ग्रेस नेताओं की हिंदू घृणा भी सामने आने लगी है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया (Siddaramaiah) ने हिंदुत्व को संविधान के खिलाफ बताया है। वहीं छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा (Kawasi Lakhma) ने कहा है कि आदिवासी हिंदुओं से अलग हैं।
सिद्धारमैया ने कलबुर्गी में रविवार (5 जनवरी 2023) को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए हिंदुओं को अपमानित करने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा, “हिंदुत्व संविधान के खिलाफ है। हिंदुत्व और हिंदू धर्म अलग-अलग हैं। मैं हिंदू धर्म के खिलाफ नहीं हूँ। मैं एक हिंदू हूँ, लेकिन मनुवाद और हिंदुत्व का विरोध करता हूँ। कोई भी धर्म हत्या और हिंसा का समर्थन नहीं करता है, लेकिन हिंदुत्व और मनुवाद हत्या, हिंसा और भेदभाव का समर्थन करता है।”
Hindutva is against Constitution.Hindutva & Hindu dharma are different.I’m not against Hindu religion. I’m a Hindu but oppose Manuvad&Hindutva. No religion supports murder&violence but Hindutva & Manuvad support murder, violence&discrimination: Siddaramaiah, in Kalaburagi (05.02) pic.twitter.com/KsqSotPCAf
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान यह भी कहा कि यह उनका आखिरी विधानसभा चुनाव है। लेकिन रिटायरमेंट के बाद भी वे पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। यह पहली बार नहीं है कि जब सिद्धारमैया ने हिंदू भावनाओं को आहत करने का काम किया है। इससे पहले मई 2022 में उन्होंने बीफ खाने को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था, “मैं हिंदू हूँ और मैंने अभी तक बीफ नहीं खाया है। पर चाहूँ तो बीफ खा सकता हूँ। यह मेरी मर्जी है।”
दूसरी ओर छत्तीसगढ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने जनजातीय लोगों को हिंदू धर्म से अलग बताया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, “आदिवासी हिंदू से अलग होते हैं। हमारा पूजा-पाठ और शादी ब्याह का तरीका अलग-अलग होता है। इसलिए आदिवासी हिंदू नहीं होते हैं। आदिवासी लोग आदिकाल से रहने वाले लोग हैं। हमलोग जंगलों में रहते हैं। पूजा-पाठ करते हैं। हिंदू और आदिवासियों के रीति-रिवाज भी अलग होते हैं।”
बीजापुर से भाजपा के पूर्व विधायक और छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के प्रांतीय उपाध्यक्ष राजाराम तोड़ेम ने कवासा के बयान का विराेध किया है। उन्होंने कहा है कि कवासी लखमा पढ़े-लिखे नहीं हैं इसलिए वह सनातन धर्म के बारे में कुछ नहीं जानते हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी के प्रमुख देवता शिव जी हैं। आदिवासी शिव जी को बुढ़ादेव के नाम से जानते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने तुर्की में आए विनाशकारी भूकंप पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोमवार (6 फरवरी 2023) को ट्वीट किया, “तुर्की में आए भूकंप के कारण जनहानि और संपत्तियों को हुए नुकसान से दुखी हूँ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएँ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है। इस विपत्ति की घड़ी में भारत तुर्की के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है। इस भूकंप की त्रासदी से निपटने में हरसंभव मदद के लिए हम तैयार हैं।”
Anguished by the loss of lives and damage of property due to the Earthquake in Turkey. Condolences to the bereaved families. May the injured recover soon. India stands in solidarity with the people of Turkey and is ready to offer all possible assistance to cope with this tragedy. https://t.co/vYYJWiEjDQ
Horrific news of tonight’s earthquake in #Turkey & northern #Syria — the damage looks extensive.
The epicenter region is home to millions of refugees and IDPs, many of whom live in tents & makeshift structures. This is the absolute nightmare scenario for them. And it’s winter. pic.twitter.com/oACzWYtWb2
दरअसल, तुर्की में स्थानीय समय के मुताबिक आज सुबह 04:17 बजे 7.8 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र गाजियांटेप के पास था, जो सीरिया बॉर्डर से करीब 90 किमी दूर स्थित है। इसके कारण सीरिया के कई शहरों में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। दोनों देशों में सैकड़ों इमारतें रातों रात ढेर गईं। इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में सीरियाई शरणार्थियों का घर है।
तुर्की में भूकंप के बाद चल रहे राहत और बचाव कार्य के दौरान एक इमारत के मलबे के नीचे दबी महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया (फोटो साभार: डेली मेल)
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक तुर्की और सीरिया में आए भूकंप में 640 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि हजारों लोग घायल हुए हैं। तुर्की में भूकंप प्रभावित इलाकों में लोगों को मस्जिदों में शरण दी जा रही है। मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इन दोनों देशों के अलावा मिस्र, लेबनान और साइप्रस में भी भूकंप से झटके महसूस किए गए हैं।
तुर्की के किलिस में भूकंप के कारण इमारत के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालते हुए बचावकर्मी (फोटो साभार: डेली मेल)
बताया जा रहा रहा है कि सीरिया के अलेप्पो और हमा शहर में भी काफी नुकसान हुआ है। सीरिया में तुर्की से सटे इलाकों में कई इमारतें गिर गईं और इसकी राजधानी दमिश्क में भी भूकंप के झटकों के बाद लोग सड़कों पर आ गए हैं।
सीरिया के अलेप्पो में भूकंप के कारण कई घर और वाहनों को पहुँचा नुकसान। (फोटो साभार: Th Guardian)
सीरिया के हामा शहर की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें बचावकर्मी मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालते हुए नजर आ रहे हैं।
सीरिया के हामा शहर में बचावकर्मी मलबे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाल रहे हैं। (फोटो साभार: डेली मेल)
तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन ने भूकंप के बाद ट्वीट किया, “भूकंप से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव दलों को तुरंत भेजा गया है। हमें उम्मीद है कि हम इस आपदा को एक साथ जल्द से जल्द और कम से कम नुकसान के साथ पार कर लेंगे। हमारी प्राथमिकता इमारतों के नीचे फँसे लोगों को बाहर निकालना और उन्हें अस्पतालों में भेजना है।” मालूम हो कि पूरे तुर्की में कम से कम 1000 बचावकर्मी तैनात किए गए हैं।
Multiple apartment buildings have collapsed after a powerful earthquake in southern Turkey pic.twitter.com/wydrBj94RL
बता दें कि तुर्की दुनिया के उन देशों में आता है, जहाँ बार-बार भूकंप आता है। बताया जाता है कि तुर्की का ज्यादातर हिस्सा एनाटोलियन प्लेट पर है। इस प्लेट के पूर्व में ईस्ट एनाटोलियन फॉल्ट है और बाईं तरफ ट्रांसफॉर्म फॉल्ट है, जो अरेबियन प्लेट के साथ जुड़ता है। तुर्की के नीचे मौजूद एनाटोलियन टेक्टोनिक प्लेट एंटीक्लॉकवाइज घूम रहा है। साथ ही इसे अरेबियन प्लेट धक्का दे रही है। घूमती हुई एनाटोलियन प्लेट को जब अरेबियन प्लेट धक्का देती है, तब यह यूरेशियन प्लेट से टकराती है। इसकी वजह से भूकंप के तगड़े झटके लगते हैं।
गुरुद्वारों में धार्मिक गीत (ढाडी जत्थे) गाने के लिए कनाडा गए 3 लोग गायब हो गए। ये सभी पंजाब के रहने वाले हैं। इन गायकों के प्रमुख और मशहूर गायक जसविंदर सिंह शांत ने संदेह जताते हुए कहा है कि तीनों ने फर्जी तरीके से शरणार्थी के रूप में रहने के लिए ‘गायब होने की’ योजना बनाई होगी।
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के रहने वाले हरपाल सिंह, रणजीत सिंह राणा और राजेश सिंह महाय 6 महीने के वीजा पर कनाडा गए थे। उनके साथ ही जसविंदर सिंह शांत भी गए हुए थे। लेकिन तीनों गत 22 जनवरी को कनाडा के कैलगरी शहर से गायब हो गए। कनाडा गए पंजाबी गायकों के गायब होने को जसविंदर सिंह शांत ने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया है। उन्होंने कहा है कि इससे सिख धर्म, पंजाब और भारत का नाम खराब होगा।
उन्होंने यह भी कहा है कि भारत छोड़ने से पहले हरपाल और रंजीत ने शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह मान के साथ फोटो खिंचवाई थी। सिमरजीत सिंह लंबे समय से खालिस्तान का समर्थक रहा है। हालाँकि, जसविंदर सिंह ने स्पष्ट करते हुए कहा है कि उन्हें मान और गायब हुए लोगों के इरादे के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
जसविंदर सिंह शांत ने यह भी कहा है, “मुझे लगता है कि गायब हुए लोगों ने मान के साथ खींची गई फोटो का दुरुपयोग किया होगा। उन लोगों ने फोटो दिखाकर यह दावा किया होगा कि वे सिमरनजीत सिंह मान की पार्टी से जुड़े हुए हैं और भारत में उनकी जान को खतरा है। हरपाल और रंजीत का वीजा 23 फरवरी तक वैध है। उन्होंने वीजा बढ़ाने के लिए पहले आवेदन कर दिया था। लेकिन, अब हमने उनका आवेदन वापस ले लिया।”
उन्होंने यह भी कहा है, “हमारी यात्रा ब्रिटिश कोलंबिया के विक्टोरिया शहर की गुरुद्वारा समिति द्वारा स्पॉन्सर की गई थी। गुरुद्वारे में आयोजित बैसाखी उत्सव में हमें भजन गाना था। इन लोगों के गायब होने पर गुरुद्वारा समिति ने शिकायत कराई है। शिकायत के आधार पर विक्टोरिया पुलिस ने मामला दर्ज किया है।”
गौरतलब है कि पंजाबियों के गायब होने की यह पहली घटना नहीं है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर काम कर रहे खालिस्तानी आतंकवादी हमेशा ही सिखों का गलत उपयोग करते रहे हैं। यहाँ तक कि पाकिस्तान, सिखों के धार्मिक स्थल करतारपुर कॉरिडोर में मत्था टेकने जाने वाले सिखों को फँसाकर भी भारत के खिलाफ इस्तेमाल कर रहा है।
यही नहीं, पाकिस्तान में पहले सिख पुलिस अफसर गुलाब सिंह शाहीन भी गायब हो चुके हैं। अप्रैल 2022 के बाद से वह कहाँ हैं, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। ऐसा कहा जाता है कि गुलाब सिंह शाहीन को अगवा कर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों ने किसी अज्ञात जगह पर रखा है। साल 2018 में उन्हें पत्नी और तीन बच्चों समेत जबरन घर से निकाला गया था। इसके बाद, ट्रैफिक वॉर्डन के पद से बरख़ास्त कर दिया गया था। बरख़ास्तगी से पहले वे 116 दिन नौकरी से भी गायब रहे थे। उन्होंने ही ETPB पर गंभीर आरोप लगाए थे।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक मंदिर में उपद्रवी तत्वों द्वारा तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। चौबेपुर के डुबकियाँ गाँव स्थित हनुमान मंदिर में प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। त्रिशूल उखाड़ दिया गया। पुलिस CCTV व अन्य सबूतों के आधार पर उपद्रवियों की तलाश कर रही है। आक्रोशित लोगों को नई मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा करवाने का भरोसा दिया है। घटना सोमवार (6 फरवरी 2023) रात की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुबकियाँ स्थित खपड़िया बाबा आश्रम में दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर है। इस मंदिर में तमाम देवताओं के साथ हनुमान प्रतिमा भी स्थापित है। सोमवार की रात 3 बजे के करीब उपद्रवी तत्व ने हनुमान प्रतिमा को तोड़ दिया। शिवलिंग गायब है। नंदी को उखाड़ कर फेंक दिया। सुबह सबसे पहले सीताराम यादव नाम का श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने पहुँचा, तब उसे इस घटना की जानकारी हुई।
प्रकरण संज्ञान में है। मौके पर पुलिस बल मौजूद है। आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
कुछ ही देर में बाकी श्रद्धालु मंदिर पर जमा हो गए। सभी लोग मंदिर में तोडफोड़ करने वाले अज्ञात आरोपित पर कड़ी कार्रवाई की माँग करने लगे। मामले की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने मंदिर में नई मूर्तियों और शिवलिंग के स्थापना का आश्वासन दिया। इंस्पेक्टर राजीव सिंह के मुताबिक घटना की जाँच की जा रही। मदिर व आसपास लगे CCTV फुटेज को खँगाला जा रहा है। खबर लिखे जाने तक तोडफोड़ करने वाले की पहचान नहीं हो पाई थी।
बताया जा रहा है कि जनवरी 2023 के अंतिम सप्ताह में इसी इलाके के पास शिवपुर थाना क्षेत्र में डीह बाबा मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया था। तब 10 दानपत्रों को तोड़ कर लाखों रुपए चुरा लिए गए थे। चोर जाते-जाते मंदिर की CCTV से लगा DVR भी उखाड़ ले गए थे।
कर्नाटक के कलबुर्गी में लोगों पर चाकू से हमला करने की धमकी देने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। घटना रविवार (5 फरवरी, 2023) की है। दरअसल, अब्दुल जफर नाम का शख्स सरेआम धारदार चाकू से लोगों को हमले की धमकी दे रहा था। मौके पर पहुँची पुलिस ने जब उसे समझाने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर ही हमला कर दिया। पुलिस को मजबूरन हमलावर पर गोली चलानी पड़ी। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
ಕಲಬುರಗಿ ನಗರದ ಸೂಪರ್ ಮಾರ್ಕೆಟ್ನಲ್ಲಿ ಭಾನುವಾರ ರಾತ್ರಿ ಮಾರಕಾಸ್ತ್ರ ಹಿಡಿದು ಜನರಿಗೆ ಹೆದರಿಸುತ್ತಿದ್ದ ವ್ಯಕ್ತಿಯ ಮೇಲೆ ಪೊಲೀಸರು ಫೈರಿಂಗ್ ಮಾಡಿದ್ದಾರೆ. ಕಾಲಿಗೆ ಗುಂಡು ತಗುಲಿ ಗಾಯಗೊಂಡ ಅಬ್ದುಲ ಜಾಫರ್ ಸಾಬ್ ಎಂಬಾತನನ್ನು ಆಸ್ಪತ್ರೆಗೆ ದಾಖಲಿಸಲಾಗಿದೆ.#kalaburagipic.twitter.com/cXC3woDpYG
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस मौके पर पहुँच कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करती है। हालाँकि, आरोपित पर चाकू फेंकने और सरेंडर करने के पुलिस के अनुरोध का कोई असर नहीं हुआ। पुलिस ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो उसने उन पर हमला कर दिया। मामले को बिगड़ता देख सब इंस्पेक्टर वाहिद कोतवाल आत्मरक्षा और लोगों को बचाने के लिए फायरिंग कर देते हैं। इससे हमलावर का ध्यान भटक जाता है और एक गोली उसके पैर में लगती है।
गोली लगने के बाद वह घटनास्थल पर ही गिर जाता है और पुलिस उसपर कुछ लाठियाँ बरसाती है, और उसे काबू में कर लेती है। घायल जफर को इसके बाद अस्पताल ले जाया जाता है।
कलबुर्गी के पुलिस आयुक्त चेतन ने कहा, “सुपरमार्केट के पास एक बदमाश धारदार हथियार से लोगों पर हमला करने की कोशिश कर रहा था। जब पुलिस ने उसे रोकने और हिरासत में लेने की कोशिश की तो उसने हमारे पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। आत्मरक्षा में और जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस ने बदमाश पर फायरिंग कर दी। उसे अस्पताल ले जाया गया गया है। हमें अभी तक आरोपित का ब्योरा नहीं मिला है। एक बार जब हमें जानकारी मिल जाएगी, तो हम उन्हें साझा करेंगे।”
पुलिस ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि वह हथियार लेकर बाजार में क्यों घूम रहा था और लोगों को क्यो धमका रहा था। कमिश्नर ने कहा, “हमें नहीं पता कि इसके पीछे क्या मंशा है। कंट्रोल रूम से हमें फोन आया। हमें सूचित किया गया था कि एक व्यक्ति आम जनता पर हमला करने की कोशिश कर रहा है और लोगों ने खुद को उससे बचाने के लिए पुलिस से मदद माँगी।”
जफर पर पुलिस ने ‘भारतीय दंड संहिता (IPC)’ की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इलाज के बाद औपचारिक रूप से उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगे की जाँच चल रही है।
RSS प्रमुख मोहन भागवत ने संत रोहिदास की जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में रविवार (5 फरवरी, 2023) को मराठी में भाषण दिया। इसके बाद मीडिया ने बिना उनकी बात को समझे कुछ ऐसा चला दिया, जिससे ऐसा प्रतीत हो कि उन्होंने ब्राह्मणों के विरुद्ध कुछ कहा था। ऐसी गलतियाँ करने वालों में सबसे पहले ANI और ‘आज तक’ शामिल रहे। सरसंघचालक ने ‘पंडित’ शब्द का प्रयोग किया था, जिसका तात्पर्य विद्वान से है।
मोहन भागवत ने ब्राह्मण जाति का नहीं लिया नाम, उनका आशय ‘विद्वानों’ से था
ये एक ऐसा शब्द है, जो अब अंग्रेजी डिक्शनरी में भी जा चुका है और अमेरिका तक के बड़े-बड़े लोग इस शब्द का प्रयोग करते हैं। जैसे, राजनीति की समझ रखने वाले को ‘पॉलिटिकल पंडित’ पश्चिमी जगत में भी कहा जाता है। जैसे, ANI ने पहले मोहन भागवत के हवाले से ये बयान चलाया, “हमारी समाज के प्रति भी जिम्मेदारी है। जब हर काम समाज के लिए है तो कोई ऊँचा, कोई नीचा या कोई अलग कैसे हो गया? भगवान ने हमेशा बोला है कि मेरे लिए सभी एक हैं, उनमें कोई जाति-वर्ण नहीं है। लेकिन, पंडितों ने जो श्रेणी बनाई – वो गलत था।”
बाद में खुद ANI ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि अनुवाद में त्रुटि के कारण ये ट्वीट हटाया जा रहा है। फिर दोबारा अनुवाद कर के उसने मोहन भागवत का ये बयान चलाया, “सत्य ही ईश्वर है, सत्य कहता है मैं सर्वभूति हूँ, रूप कुछ भी रहे योग्यता एक है, ऊँच-नीच नहीं है, शास्त्रों के आधार पर कुछ पंडित जो बताते है वो झूठ है। जाति की श्रेष्ठता की कल्पना में ऊँच-नीच में अटक कर हम गुमराह हो गए, भ्रम दूर करना है।”
CORRECTION|Truth's God,says he's omnipresent.Whatever the name,ability&honor same;no differences.What some Pandits say on basis of Shaastras is lie.We're misled by caste superiority illusion.Illusion has to be set aside: M Bhagwat
स्पष्ट है, सरसंघचालक यहाँ हिन्दुओं को एक करने की बात कर रहे थे और सभी को बराबर की नज़र से देखने व सम्मान करने का सन्देश दे रहे थे। उन्होंने ब्राह्मण जाति का नाम नहीं लिया। RSS के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने वीडियो शेयर कर के बताया कि मोहन भागवत ने असल में कहा क्या था, “सत्य यह है कि मैं सब प्राणियों में हूँ, इसलिए रूप नाम कुछ भी हो लेकिन योग्यता एक है, मान-सम्मान एक है, सबके बारे में अपनापन है। कोई भी ऊँचा-नीचा नहीं है। शास्त्रों का आधार लेकर पंडित (विद्वान) लोग जो (जाति आधारित ऊँच-नीच की बात) कहते हैं – वह झूठ हैं।“
मीडिया ने कुछ इस तरह से RSS प्रमुख मोहन भागवत के बयान को चलाया, अधिकतर नहीं समझ पाए सही अनुवाद
RSS प्रमुख ने आखिर क्या-क्या कहा, जानिए सच
RSS प्रमुख मोहन भागवत ने उक्त कार्यक्रम में कहा कि सब उपेक्षा देखते हुए उनके मन में आया कि जो सत्य है वह मुझे ढूँढना चाहिए। उन्होंने पूछा कि वह जो शाश्वत सुख का मार्ग है, वह क्या है? फिर उन्होंने समझाया कि संत रैदास सोच रहे थे कि वह वास्तव में वैसा है क्या? सुनी-सुनाई बातों पर न जाकर प्रत्यक्ष अनुभव लेने का उन्होंने निर्णय लिया। संत रविदास ने स्वामी रामानंद का सान्निध्य प्राप्त किया। फिर उन्हें ज्ञान हुआ कि सत्य ही ईश्वर है।
मोहन भागवत ने इसके बाद ही कहा, “वह सत्य यह बताता है कि मैं सब प्राणियों में हूँ, इसलिए रूप-नाम कुछ भी हो लेकिन योग्यता एक है, मान सम्मान एक है, सबके बारे में अपनापन है। कोई भी ऊँचा-नीचा नहीं है। शास्त्रों का आधार लेकर पंडित लोग जो कहते हैं वह झूठ है। जाति, जाति की कल्पना में ऊँच-नीचता के भँवर में फँस कर हम भ्रमित हो गए हैं। यह भ्रम दूर करना है। अपनी ज्ञान, परंपरा यह नहीं बताती है यह समाज को बताना चाहिए। वह परंपरा यह बताती है कि सत्य, धर्म और कर्म कभी छोड़ना नहीं चाहिए। मर भी गया तो भी धर्म नहीं छोड़ूँगा। प्रत्यक्ष उनके जीवन में यह प्रसंग आया।”
RSS प्रमुख ने बताया कि कैसे सिकंदर लोदी ने पहले कपट से उनको बुलाया कि हमें समझाइए कि आपका धर्म क्या है? संत रविदास जी ने उसको बताया तो उसने कहा कि तुम्हारा धर्म बेकार है, हमारा इस्लाम इससे श्रेष्ठ है, तुम मुस्लिम बनो। मुस्लिमों के बारे में किसी के मन में द्वेष नहीं था, उनके मन में भी नहीं था। मोहन भागवत ने कहा कि संत रैदास ने यह भी बताया है कि हिन्दू क्या, मुस्लिम क्या – सत्य एक है और सभी परमेश्वर की संतानें हैं। सत्य वही है, परंतु इसका अर्थ यह नहीं कि बदलना चाहिए।
अपनी अपनी श्रद्धा पर ठीक से रहो, सभी मार्ग एक ही जगह जाने वाले हैं, अपनी अपनी प्रकृति के अनुसार जो मार्ग है वह अच्छा है या बुरा है यह विषय नहीं है अपनी प्रकृति का जो है वही मानो – मोहन भागवत यहाँ संत रविदास को उद्धृत कर रहे थे। यही बात संत ने सिकंदर लोदी को बताया और कहा कि मैं धर्म नहीं छोड़ूँगा। बकौल मोहन भागवत, संत रैदास ने सिकंदर लोदी से कहा कि वेदों का धर्म सर्वश्रेष्ठ है, तुम्हारे इस्लाम की तुलना में भी श्रेष्ठ है।
मीडिया ने #MohanBhagwat के बयान का अर्थ का अनर्थ कर दिया। RSS प्रमुख मराठी में बोल रहे थे। गलत अनुवाद किया गया। उन्होंने कहीं ब्राह्मण जाति का नाम नहीं लिया।
"शास्त्रों का आधार लेकर पंडित (विद्वान) लोग जो (जाति आधारित ऊँच-नीच की बात) कहते हैं – वह झूठ हैं।" – ये है असली बयान। pic.twitter.com/8RGtpV0gSK
मोहन भागवत ने कहा, “वाद-विवाद चल रहा था, इसलिए ऐसा तर्क उनको देना ही पड़ा। सिकंदर लोदी ने बेड़ियाँ पहनाकर जेल में डाल दिया। पर जेल में क्या हुआ? उनको सगुण कृष्ण के दर्शन हुए। और वहाँ दिल्ली, फतेहपुर सीकरी के लोगों को और सिकंदर लोदी को हर जगह रविदास जी के दर्शन होने लगे। घबरा गए, शरण में आ गए। सिकंदर लोदी की योजना होती इनको हाथी के पैर के नीचे कुचलवा कर मरवाने की। प्राण संकट में आए तो भी अपने उदाहरण से समाज को बताया कि धर्म नहीं छोड़ो। वह धर्म – शाश्वत धर्म।”
बिहार के भागलपुर में गंगा नदी में एक बच्चे को तैरने वाला पत्थर मिला है। इस पत्थर पर ‘श्रीराम’ लिखा हुआ है। बच्चे के परिजन इसे रामायण काल से जोड़ रहे हैं। यह पत्थर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। लोग इसकी पूजा करने के लिए बच्चे के घर पर पहुँच रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, खंजरपुर निवासी विजय कुमार पासवान के आठ साल के बेटे ब्रिगेडियर पासवान को धोबी घाट के पास यह पत्थर तैरते हुआ दिखा। वह इसे उठाकर वह अपने घर ले आया। अब श्रीराम लिखा हुआ यह पत्थर लोगों की आस्था का केंद्र बन गया है। इसे देखने और इसकी पूजा-अर्चना करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पासवान के घर पहुँच रहे हैं। कोई उसे प्रणाम कर रहा है, तो कोई इसे भगवान श्रीराम का आशीर्वाद समझ रहा है।
बच्चे ब्रिगेडियर पासवान का कहना है कि जब वह दियारा जा रहा था, तभी उसने धोबी घाट के पास इस पत्थर को तैरता देखा। उसने इसे बहुत डूबोने का प्रयास किया, लेकिन यह नहीं डूबा। इस पर श्रीराम लिखा हुआ है। यह पत्थर रामायण काल का बताया जा रहा है। यह वही पत्थर लग रहा है, जिसका इस्तेमाल रामसेतु बनाने में हुआ था। बच्चे के पिता विजय कुमार पासवान ने बताया कि जब बेटा इस पत्थर को घर लेकर आया, तो हम लोगों ने उसे पानी में डाला। लेकिन यह पत्थर पानी में डूबा नहीं, बल्कि तैरने लगा। उस पत्थर पर श्रीराम लिखे होने के कारण लोग इसे पूजने के लिए पहुँच रहे हैं।
वहीं, वैज्ञानिकों की माने तो यह पत्थर एक स्पंज के समान होता है। यह खुरदरा होता है। इसमें बहुत सारे छिद्र होते हैं। इस पत्थर में हवा भरे होने के कारण इसका घनत्व पानी से कम होता है, जिसकी वजह से यह पानी में तैरता है। हालाँकि, अभी इसकी जाँच को लेकर आर्कियोलॉजी या सरकारी विभाग से कोई टीम नहीं पहुँची है।
पहले भी मिल चुका है श्रीराम लिखा हुआ पत्थर
यह पहली बार नहीं है, जब किसी बच्चे को श्रीराम लिखा हुआ पानी में तैरने वाला पत्थर मिला हो। इससे पहले उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में भी इस तरह का मामला सामने आ चुका है। अगस्त 2022 में कुछ बच्चों को ईशान नदी में राम नाम का पत्थर तैरता हुआ मिला था।
बच्चे उस पत्थर को अपने गाँव उठा लाए। ग्रामीण इसे चमत्कारी पत्थर मानकर उसकी पूजा-अर्चना करने लगे। गाँव के प्रधान ने जब पत्थर का वजन कराया, तो यह 5 किलो 700 ग्राम का निकला। इसके बाद यहाँ के लोगों ने इस पत्थर को गाँव के मंदिर में रखने और उसकी पूजा करने का फैसला लिया था।
ईरान में हिजाब विरोधी प्रदर्शन हो रहे हैं। अधिकारों के लिए महिलाएँ बीते 5 महीनों से सड़कों पर हैं। इस बीच ईरान में खेले गए फज्र इंटरनेशनल चैलेंज बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय महिला खिलाड़ी तान्या हेमंत को हिजाब पहनने के लिए मजबूर करने का मामला सामने आया है। तान्या ने टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। लेकिन हिजाब पहनने के बाद ही उन्हें मेडल दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कर्नाटक की रहने वाली तान्या हेमंत ने फज्र इंटरनेशल चैलेंज बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में गत विजेता और हमवतन खिलाड़ी तसनीम मीर को मात दी थी। इस जीत के साथ उन्होंने महिला सिंगल्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। लेकिन स्वर्ण पदक जीतने के बाद आयोजकों ने उन्हें हिजाब पहनने के लिए कहा। इसके बाद ही वह पदक लेने के लिए पोडियम पर जा सकीं। तान्या हेमंत ने यह मैच सीधे सेटों में 21-11, 21-7 से जीता था।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि आयोजकों ने साफ तौर पर यह कहा था कि पदक जीतने वाली महिलाओं को हर हाल में हिजाब पहनना होगा। हालाँकि इस टूर्नामेंट की नियमावली में ड्रेस कोड का कोई जिक्र नहीं था। सूत्रों ने यह भी कहा है, “टूर्नामेंट के नियमों में ड्रेस कोड को लेकर जो बात कही गई थी वह आम कपड़े हैं। दुनिया भर में जहाँ भी बैडमिंटन खेला जाता है, वहाँ विश्व बैडमिंटन महासंघ द्वारा निर्धारित किए गए कपड़े पहने जाते हैं। हालाँकि हम जानते थे कि ईरान में महिलाओं को घर से बाहर निकलने पर हिजाब पहनना जरूरी है। लेकिन इस टूर्नामेंट में हिजाब पहनने को लेकर कोई भी बात नहीं कही गई थी।”
गौरतलब है कि इस टूर्नामेंट में महिला खिलाड़ियों को अपने मैच के दौरान हिजाब पहनने जैसी कोई पाबंदी नहीं थी। लेकिन मैच के दौरान किसी भी पुरुष का स्टेडियम में प्रवेश वर्जित रखा गया था। यानी कोई भी पुरुष महिलाओं को खेलते हुए नहीं देख सकता था।
इसको लेकर स्टेडियम के गेट पर एक स्टीकर भी लगाया गया था। इस स्टीकर में लिखा हुआ था, पुरुषों का प्रवेश वर्जित है। यही नहीं महिला खिलाड़ियों के पुरुष कोच और फिर उनके पिता को भी स्टेडियम में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इन तमाम बातों के बीच एक और दिलचस्प बात यह थी कि टूर्नामेंट में पहली बार मिश्रित युगल (मिक्स डबल) को शामिल किया गया था। इसमें महिला और पुरुष एक टीम की तरह साथ में खेलते हैं।
हालाँकि मिश्रित युगल वाले मैचों में भी दर्शक के तौर पर केवल महिलाओं को ही प्रवेश दिया जा रहा था। यही नहीं, टूर्नामेंट के जिन मैचों में महिलाएँ भाग ले रहीं थीं वहाँ रेफरी से लेकर सभी छोटे-बड़े अधिकारी महिलाएँ ही थीं।